इंदौर में दूषित पानी पीने से हुई मौतों के मामले में सीएम मोहन यादव ने नगर निगम के अपर आयुक्त को इंदौर से हटाने और प्रभारी अधीक्षण यंत्री से जल वितरण कार्य विभाग का प्रभार वापस लेने के निर्देश दिए
लाइव कवरेज
सुमंत सिंह और सौरभ यादव
ज़ोहरान ममदानी पर लंदन के मेयर सादिक़ ख़ान ने क्या कहा
इमेज स्रोत, Alishia Abodunde/Getty
इमेज कैप्शन, सादिक़ ख़ान का लंदन के मेयर के तौर पर तीसरा कार्यकाल चल रहा है (फ़ाइल फ़ोटो)
अमेरिका की डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता ज़ोहरान ममदानी न्यूयॉर्क के मेयर पद की शपथ ले चुके हैं. उनकी शपथ के बाद लंदन के मेयर सादिक़ ख़ान ने ममदानी को निशाना बनाए जाने की आलोचना की.
55 साल के सादिक़ ख़ान, किसी भी पश्चिमी देश की राजधानी के मेयर बनने वाले पहले मुस्लिम व्यक्ति थे. वर्तमान में लंदन के मेयर के तौर पर उनका तीसरा कार्यकाल चल रहा है.
सादिक़ ख़ान ने पॉलिटिको को एक इंटरव्यू दिया है. इसे शेयर करते हुए उन्होंने एक्स पर लिखा, "नफ़रत भरे आरोपों, मुस्लिम-विरोधी गालियों और ग़लत जानकारी के बीच भी ज़ोहरान ममदानी ने दृढ़ता और गरिमा बनाए रखी."
उन्होंने कहा, "नफ़रत के सामने उनका जवाब उम्मीद और एकता पर टिका था, जिसने न्यूयॉर्क के लोगों को और उससे कहीं आगे तक कई लोगों को प्रेरित किया. पद संभालते समय मैं उनके लिए हर सफलता की कामना करता हूं."
पॉलिटिको को दिए इंटरव्यू में सादिक़ ने कहा कि यह "दिल तोड़ने वाला" है कि जिस तरह की इस्लाम-विरोधी छवियां कभी उनके ख़िलाफ़ इस्तेमाल की गई थीं, वही अब ममदानी को निशाना बना रही हैं.
हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि ममदानी ने इसे अच्छी तरह से संभाला.
ट्रंप ने अपनी सेहत और उम्र को लेकर क्या कहा?
इमेज स्रोत, Joe Raedle/Getty
इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह नियमित तौर पर कसरत नहीं करते हैं
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक इंटरव्यू में अपनी सेहत को लेकर कहा कि वह डॉक्टरों की सलाह से ज़्यादा एस्पिरिन लेते हैं और अपने हाथों पर पड़ने वाले नीले निशान को छिपाने के लिए मेकअप का इस्तेमाल करते हैं.
उन्होंने कहा कि वह नियमित तौर पर कसरत नहीं करते, क्योंकि उन्हें यह काम "उबाऊ" लगता है.
ट्रंप ने 'द वॉल स्ट्रीट जर्नल' से यह भी कहा कि उन्होंने अक्तूबर में एक सीटी स्कैन कराया था जबकि इससे पहले वह पत्रकारों से ग़लती से कह चुके थे कि उन्होंने ज़्यादा डीटेल्ड एमआरआई स्कैन कराया है.
79 साल के ट्रंप अमेरिकी इतिहास में शपथ लेने वाले सबसे उम्रदराज़ राष्ट्रपति हैं और उनमें उम्र से जुड़े लक्षण दिखने लगे हैं. कई मौकों पर वह बैठकों में सोते हुए नज़र आए हैं और सवाल ठीक से सुन न पाने की स्थिति में भी दिखे हैं.
जर्नल के मुताबिक ट्रंप ने "अपनी सेहत को लेकर हो रही सार्वजनिक बहस पर चिढ़न जताई", जिसे उन्होंने "बिल्कुल सही" बताया.
उन्होंने कहा, "आइए 25वीं बार फिर से सेहत पर बात करते हैं." यह बात ट्रंप ने एक "अचानक किए गए फ़ोन कॉल" की शुरुआत में कही.
उन्होंने आगे कहा, "मेरी सेहत बिल्कुल ठीक है."
जयशंकर की ढाका यात्रा पर बांग्लादेश के विदेश मामलों के सलाहकार क्या बोले
इमेज कैप्शन, तौहीद हुसैन जयशंकर से मुलाक़ात पर भी टिप्पणी की है
बांग्लादेश की अंतरिम सरकार में विदेश मामलों के सलाहकार मोहम्मद तौहीद हुसैन ने कहा है कि भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर की ढाका यात्रा को "द्विपक्षीय संबंधों और राजनीतिक नज़रिए से नहीं देखना चाहिए."
तौहीद हुसैन ने गुरुवार को ढाका स्थित विदेश मंत्रालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बांग्लादेश के साथ-साथ पड़ोसी देशों में भी ख़ालिदा ज़िया की छवि सकारात्मक है. ऐसे में उनके अंतिम संस्कार में सभी का शामिल होना स्वाभाविक है.
उन्होंने कहा, "सभी लोग आए. यह एक सकारात्मक बात है. भारतीय विदेश मंत्री भी आए. उनका दौरा संक्षिप्त था, लेकिन उन्होंने पूरे कार्यक्रम में भाग लिया. फिर वे वापस चले गए. यह एक अच्छा जेस्चर है. हमें इससे ज़्यादा कोई और मतलब नहीं निकालना चाहिए."
जयशंकर से अकेले में मुलाक़ात के सवाल पर विदेश मामलों के सलाहकार ने कहा कि आमने-सामने की चर्चा की कोई गुंजाइश नहीं थी.
उन्होंने कहा, "मेरी उनसे ऐसी कोई बातचीत नहीं हुई, न ही ऐसा कोई अवसर मिला. वहां अन्य विदेशी मेहमान भी थे. पाकिस्तान के स्पीकर भी मौजूद थे. उन्होंने (एस जयशंकर) पाकिस्तान के स्पीकर से हाथ भी मिलाया. यह एक शिष्टाचार है जिसका सभी पालन करते हैं."
तौहीद हुसैन ने कहा, "जो बातचीत हुई वह पूरी तरह से अनौपचारिक थी. सबके सामने हुई. मैंने किसी भी द्विपक्षीय मुद्दे पर चर्चा नहीं की."
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और बीएनपी की चेयरपर्सन ख़ालिदा ज़िया का अंतिम संस्कार बुधवार को ढाका में हुआ. इसमें भारत, पाकिस्तान समेत कई देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए थे.
ईरान में विरोध प्रदर्शन: पांचवें दिन 'तीन लोगों की मौत' की ख़बर, पुलिस ने चलाई गोलियां
इमेज स्रोत, Fararu
इमेज कैप्शन, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस के गोले दागे
ईरान में बढ़ती महंगाई के विरोध में पांचवें दिन भी कई शहरों में विरोध प्रदर्शन हुए. स्थानीय मीडिया के मुताबिक़, अज़ना में प्रदर्शनों के दौरान "तीन लोगों की मौत" हुई है.
लोरेस्तान प्रांत के अज़ना शहर में गुरुवार को हुए विरोध प्रदर्शनों में आगज़नी की तस्वीरें भी सामने आईं.
बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़, तस्वीरों में प्रदर्शनकारियों को अज़ना शहर के केंद्रीय पुलिस स्टेशन के सामने आग लगाते हुए देखा गया.
ईरानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, इन विरोध प्रदर्शनों के दौरान एक पुलिस मुख्यालय पर हमला किया गया, जिसमें "तीन लोग मारे गए और 17 घायल हो गए".
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के ख़िलाफ़ आंसू गैस और गोलियों का इस्तेमाल किया है.
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बीबीसी फ़ारसी को बताया कि उसने "अपने एक परिचित के होंठ के ऊपर गोली का घाव और खून बहते देखा". उसने किसी अन्य व्यक्ति को अपना "पेट पकड़े हुए" देखा और यह कहते हुए सुना कि "उसे गोली लगी है".
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि उसने कई लोगों को लंगड़ाते हुए देखा.
ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ उस्मान ख़्वाजा ने संन्यास का एलान किया, 'नस्ली स्टीरियोटाइप' के लगाए आरोप
इमेज स्रोत, Darrian Traynor/Getty
इमेज कैप्शन, उस्मान ख़्वाजा ने कहा कि उनके साथ अलग तरह से बर्ताव किया जाता है
ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ उस्मान ख़्वाजा ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का एलान कर दिया है. वह रविवार से शुरू होने वाले एशेज़ सिरीज़ के आख़िरी टेस्ट में इंग्लैंड के ख़िलाफ़ अपना 88वां टेस्ट खेलेंगे.
यह मैच सिडनी में खेला जाएगा. यही वह मैदान है, जहां उन्होंने 2011 में इंग्लैंड के ख़िलाफ़ ही अपना डेब्यू किया था.
सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में ख़्वाजा ने संन्यास की घोषणा की. इस दौरान उनकी पत्नी, दो बेटियां और माता-पिता भी मौजूद थे.
39 साल के ख़्वाजा ने अपने करियर में 87 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने 43.4 की औसत से 6206 रन बनाए हैं. टेस्ट में उन्होंने 16 शतकीय पारियां खेली हैं. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए 40 वनडे और 9 टी20 मैच भी खेले हैं.
ख़्वाजा का जन्म पाकिस्तान में हुआ था और वह 15 साल पहले ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलने वाले पहले मुस्लिम खिलाड़ी बने थे.
अपने रिटायरमेंट का एलान करते हुए उस्मान ख़्वाजा ने कहा कि वह अब भी "नस्ली स्टीरियोटाइप्स" से जूझ रहे हैं. उन्होंने कहा, "मैं एक प्राउड मुस्लिम हूं, पाकिस्तान से आया एक लड़का, जिसको लेकर कहा गया था कि वह कभी ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के लिए नहीं खेलेगा. लेकिन, आज मुझे देखिए."
इमेज स्रोत, DAVID GRAY / AFP via Getty
इमेज कैप्शन, उस्मान ख़्वाजा ने टेस्ट क्रिकेट में 43.4 की औसत से 6206 रन बनाए हैं
एशेज़ सिरीज़ की शुरुआत से एक दिन पहले ख़्वाजा ने गोल्फ़ खेला था और इसके बाद पर्थ में उन्हें पीठ में ऐंठन की समस्या हुई थी. इस पर ख़्वाजा ने कहा कि उनकी आलोचना इसलिए हुई क्योंकि उनके साथ "अलग तरह से बर्ताव किया जाता है".
उन्होंने कहा, "मीडिया और पूर्व क्रिकेटरों ने जिस तरह मुझ पर हमला किया, मैं दो दिन तक तो झेल सकता था, लेकिन यह लगातार क़रीब पांच दिनों तक चला."
उन्होंने कहा, "मेरी तैयारी को लेकर जिस तरह सबने मुझ पर हमला किया, वह काफ़ी निजी था. कहा गया कि 'वह टीम के लिए समर्पित नहीं है', 'वह सिर्फ़ अपने बारे में सोचता है', 'उसने मैच से एक दिन पहले गोल्फ़ टूर्नामेंट खेला', 'वह स्वार्थी है', 'वह पूरी मेहनत से ट्रेनिंग नहीं करता', 'उसने मैच से एक दिन पहले ट्रेनिंग नहीं की', 'वह आलसी है'."
उस्मान ख़्वाजा ने कहा, "ये वही स्टीरियोटाइप्स हैं, नस्ली स्टीरियोटाइप्स, जिनके साथ मैं पूरी ज़िंदगी बड़ा हुआ हूं. मुझे लगा था कि मीडिया, पुराने खिलाड़ी और बाकी सभी लोग इन सबसे आगे बढ़ चुके हैं, लेकिन हम अब भी वहां नहीं पहुंचे हैं."
स्विट्ज़रलैंड के बार में आग लगने से 40 लोगों की मौत, घायलों में कइयों की हालत गंभीर
इमेज स्रोत, Valais Cantonal Police handout via Getty Images
इमेज कैप्शन, यह घटना दक्षिण-पश्चिम स्विट्ज़रलैंड के क्रांस-मोंटाना में स्थित बार की है
नए साल की पूर्व संध्या पर स्विट्ज़रलैंड के एक बार में आग लगने से क़रीब 40 लोगों की मौत हो गई और 115 लोग घायल हुए हैं. पुलिस ने एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में यह जानकारी दी.
अधिकारियों ने बताया कि घायलों में से 60 लोगों का इलाज सियोन अस्पताल में चल रहा है जबकि अन्य का इलाज दूसरे अस्पतालों में हो रहा है.
अधिकारियों के मुताबिक़, घायलों में "कई लोगों" की हालत गंभीर बनी हुई है.
यह घटना दक्षिण-पश्चिम स्विट्ज़रलैंड के क्रांस-मोंटाना में स्थित 'ले कॉन्स्टेलेशन बार' की है, जहां जश्न मनाने के लिए लोग आए हुए थे.
स्विट्ज़रलैंड के राष्ट्रपति ने कहा है कि यह आग "उन सबसे बड़ी त्रासदियों में से एक है, जिनका देश ने सामना किया है".
अब तक आग लगने के कारणों की पुष्टि नहीं हो पाई है. हालांकि घटना के कुछ चश्मदीदों का मानना है कि शैंपेन की बोतल के ऊपर लगी "जन्मदिन की मोमबत्तियों" से छत में आग लगी.
वहीं, पत्रकारों के सवाल पर अटॉर्नी जनरल बीट्रिस पिलोड ने इन दावों से इनकार कर दिया.
नमस्कार!
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.