ग़ाज़ियाबाद: 'बांग्लादेशियों' की पहचान करने गई पुलिस टीम पर सवाल, वीडियो वायरल होने के बाद दी सफ़ाई

वीडियो में दिख रहा है कि कुछ पुलिसकर्मी एक झुग्गी में रहने वाले लोगों से पूछताछ कर रहे हैं और उनके आईडी कार्ड देख रहे हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

अरशद मिसाल, सुमंत सिंह

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. ग़ाज़ियाबाद: 'बांग्लादेशियों' की पहचान करने गई पुलिस टीम पर सवाल, वीडियो वायरल होने के बाद दी सफ़ाई

    लोगों से पूछताछ करते पुलिसकर्मी

    इमेज स्रोत, SOCIAL MEDIA

    इमेज कैप्शन, वीडियो वायरल होने के बाद ग़ाज़ियाबाद पुलिस ने इसका जवाब दिया है.

    सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक यूज़र ने एक वीडियो शेयर करते हुए तंज किया है कि ग़ाज़ियाबाद के एक थाने के एसएचओ के पास एक ऐसी 'मशीन है, जो इंसान की नागरिकता बता देती है.'

    वीडियो में दिख रहा है कि कुछ पुलिसकर्मी एक झुग्गी में रहने वाले लोगों से पूछताछ कर रहे हैं और उनके आईडी कार्ड देख रहे हैं.

    पुलिसकर्मी वीडियो में दिख रहे लोगों से पूछते हैं, “बांग्लादेश से तो नहीं हो?”

    वहां मौजूद एक शख़्स ने कहा- नहीं.

    इसके बाद पुलिसकर्मी यह कहते हुए दिखते हैं कि, "मशीन लगाओ इसकी पीठ पर."

    फिर वह अपना मोबाइल फ़ोन लगाते हुए कहते हैं, "मशीन तो बांग्लादेशी बता रही है."

    वीडियो वायरल होने के बाद ग़ाज़ियाबाद पुलिस ने इस पर सफ़ाई दी है.

    एक पोस्ट में पुलिस ने लिखा है, “अपराध नियंत्रण के प्रयासों के क्रम में अस्थायी बस्तियों, झुग्गियों में संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ और सत्यापन की प्रक्रिया समय-समय पर की जाती है. इसी क्रम में कौशांबी पुलिस ने पूछताछ और सत्यापन की कार्रवाई की, जिसमें सत्यता परीक्षण के लिए लोगों से दस्तावेज़ मांगे गए.”

  3. इंदौर दूषित पानी मामला: पानी के सैंपल की जांच में क्या पाया गया, मंत्री ने बताया

    मंत्री कैलाश विजयवर्गीय

    इमेज स्रोत, ANI

    मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बताया कि जांच में पीने के पानी में नाले का पानी पाया गया है.

    उन्होंने कहा, “जैसी संभावना थी, पानी में नाले का पानी मिला हुआ है और वह दूषित है. इसलिए उसका ट्रीटमेंट पहले से चल रहा था और अभी भी वही ट्रीटमेंट जारी है.”

    उन्होंने बताया कि पूरी कॉलोनी को अच्छे से चेक किया जाएगा, इसमें 8 से 10 दिन लगेंगे. मौत के सवाल पर मंत्री ने कहा कि, “कुल 8 लोगों की मौत हुई है.”

    इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में मंगलवार को दूषित पानी पीने से कई लोगों की मौत होने और सैकड़ों लोगों के गंभीर रूप से बीमार होने का मामला सामने आया था.

  4. वंदे भारत स्लीपर: ट्रायल पूरा, इस रूट पर चलेगी पहली ट्रेन

    रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव

    इमेज स्रोत, ANI

    गुरुवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस की. इस दौरान उन्होंने वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के बारे में जानकारी दी.

    उन्होंने बताया, "वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का ट्रायल, टेस्टिंग और सर्टिफ़िकेशन पूरा हो चुका है. पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन गुवाहाटी से कोलकाता के बीच चलेगी."

    उन्होंने कहा, "कुछ ही दिनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस रूट पर वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे."

    रेल मंत्री ने कहा, "यह देश, रेलवे और यात्रियों के लिए एक बहुत बड़ा माइलस्टोन है."

    उन्होंने कहा, "वंदे भारत स्लीपर ट्रेन रातभर की लंबी दूरी की यात्रा के दौरान यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं, बेहतर सुरक्षा और आधुनिक यात्रा का अनुभव देगी."

  5. कांग्रेस का संघ पर निशाना, 'मोहन भागवत की बात योगी आदित्यनाथ, गिरिराज सिंह जैसे लोग क्यों नहीं सुनते'

    शमा मोहम्मद

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, शमा मोहम्मद ने कहा कि मोहन भागवत की बात उनके ही लोग क्यों नहीं मान रहे

    राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत के एक बयान पर कांग्रेस नेता शमा मोहम्मद ने प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने कहा कि, "जब मोहन भागवत एकता, स्थिरता और सामूहिक शक्ति की बात करते हैं, तो मैं उनसे सहमत हूं. हम सभी को एकजुट होना चाहिए. लेकिन परेशानी यह है कि उनके अपने ही मुख्यमंत्री इसका पालन नहीं करते हैं, क्योंकि आरएसएस ही बीजेपी है और बीजेपी ही आरएसएस है."

    उन्होंने कहा कि, "रोज़ाना सीएम योगी आदित्यनाथ मुसलमानों के ख़िलाफ़ नफ़रत उगलते हैं. बिहार से बीजेपी के सांसद गिरिराज सिंह मुसलमानों को गाली देते हैं. हिमंता बिस्वा शर्मा मुसलमानों को गाली देते हैं. और विश्व हिंदू परिषद के ज़्यादातर कार्यकर्ता ईसाइयों पर हमला करते हैं."

    उन्होंने आगे कहा कि, "वीएचपी आरएसएस का हिस्सा है. इसलिए सबसे पहले उन्हें अपने लोगों को यह बताना चाहिए. इन लोगों से पूछें कि ये मोहन भागवत की बात क्यों नहीं सुन रहे. अगर यह सच है, तो मोहन भागवत की सुनें और वह इन्हें कंट्रोल करें."

    कल यानी बुधवार को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक हिंदू सम्मेलन को संबोधित करते हुए मोहन भागवत ने लोगों से एकजुट रहने की बात कही थी.

    इस दौरान उन्होंने देहरादून में त्रिपुरा के छात्र एंजल चकमा की हत्या का भी ज़िक्र किया था.

    उन्होंने लोगों से दूसरों के साथ धर्म, पैसा, भाषा या क्षेत्र के आधार पर भेदभाव न करने की अपील की थी.

    उन्होंने इस बात पर ज़ोर देते हुए कहा था कि भारत सभी का है और सच्ची एकता भेदभाव को ख़त्म करने से शुरू होती है.

  6. कार्टून: आओ खेद जताएं

    आज का कार्टून
    इमेज कैप्शन, कैलाश विजयर्गीय के आपत्तिजनक बयान पर आज का कार्टून
  7. ईरान: सुरक्षा बलों और प्रदर्शकारियों के बीच झड़प, एक की मौत

    ईरान
    इमेज कैप्शन, प्रदर्शन शुरू होने के बाद से अधिकारियों ने पहली बार किसी की मौत की पुष्टि की है

    ईरान में सुरक्षा बलों और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़पें हुई हैं.

    ईरान के सरकारी मीडिया के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों से हुई झड़पों में एक सुरक्षाकर्मी की मौत हुई है.

    ईरान में पिछले पांच दिनों से बढ़ती महंगाई और डॉलर के मुक़ाबले ईरानी मुद्रा रियाल की गिरती क़ीमत को लेकर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं.

    प्रदर्शन शुरू होने के बाद से अधिकारियों ने पहली बार किसी मौत की पुष्टि की है.

    यह प्रदर्शन तेहरान में शुरू हुआ था, लेकिन अब यह दूसरे शहरों में भी फैल गया है.

  8. नए साल के पहले दिन राज ठाकरे के घर पहुंचे उद्धव ठाकरे

    राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, कुछ दिन पहले ही राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे ने सियासी गठबंधन की घोषणा की थी.

    शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख उद्धव ठाकरे गुरुवार को महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) प्रमुख राज ठाकरे से मिलने उनके घर पहुंचे. इस दौरान राज ठाकरे ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया.

    महाराष्ट्र में नगर निगम चुनावों को लेकर सियासी माहौल गरम होता जा रहा है.

    कुछ दिन पहले ही राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे ने सियासी गठबंधन की घोषणा की थी.इस गठबंधन के बाद राज ठाकरे ने कहा था, “मुंबई का मेयर मराठी होगा और वह हमारा होगा.”

    इस गठबंधन के बाद राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना और उद्धव ठाकरे की शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) मिलकर नगर निगम चुनाव लड़ेंगी.

    ठाकरे बंधुओं के लिए मुंबई नगर निगम चुनाव बेहद अहम है और इसे दोनों के लिए एक तरह से प्रतिष्ठा की लड़ाई माना जा रहा है.

  9. अफ़ग़ान तालिबान ने अपनी 'बढ़ती हुई ताक़त' के बारे में ये बताया

    अफ़ग़ान तालिबान के प्रवक्ता ज़बिहुल्लाह मुजाहिद

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अफ़ग़ान तालिबान के प्रवक्ता ज़बिहुल्लाह मुजाहिद

    अफ़ग़ान तालिबान के प्रवक्ता ज़बिहुल्लाह मुजाहिद ने दावा किया है कि अफ़ग़ानिस्तान में उनके सुरक्षा कर्मियों की संख्या 1 लाख 80 हज़ार से ज़्यादा हो गई है.

    बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर बयान जारी कर ज़बिहुल्लाह मुजाहिद ने बताया कि अफ़ग़ान तालिबान प्रशासन के रक्षा मंत्रालय ने बीते साल अपने सुरक्षा बलों की संख्या में बढ़ोतरी की है.

    उन्होंने कहा कि इस दौरान एक लाख से ज़्यादा पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा, अपराध रोकथाम, लॉजिस्टिक और दूसरे क्षेत्रों में ट्रेनिंग पूरी की है.

    प्रवक्ता ने आगे कहा कि तालिबान प्रशासन ने कूटनीति और विदेश संबंधों में भी अच्छा काम किया है.

    उन्होंने साल 2025 में रूस द्वारा तालिबान प्रशासन को अफ़ग़ानिस्तान के कानूनी प्राधिकरण के रूप में मान्यता दिए जाने का हवाला दिया है. उन्होंने यह भी बताया कि उप प्रधानमंत्री और तालिबान मंत्रिमंडल के सदस्यों ने आर्थिक, व्यापारिक और राजनयिक संबंधों को मज़बूत करने के लिए पिछले साल 99 विदेश यात्राएं कीं.

    प्रवक्ता ने बिजली, पेट्रोलियम उत्पाद, औद्योगिक क्षेत्र, व्यापार, शिक्षा, उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन, कृषि, खनन, सांस्कृतिक क्षेत्र, टीएपीआई गैस पाइपलाइन परियोजना, क्षेत्रीय संपर्क और नशामुक्ति सहित दूसरे क्षेत्रों में उपलब्धियों का भी दावा किया है.

  10. ईसाई पादरी की गिरफ़्तारी को लेकर कांग्रेस और लेफ़्ट का बीजेपी पर हमला, इमरान क़ुरैशी, बीबीसी हिंदी के लिए

    मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने इस गिरफ़्तारी को “बेहद परेशान करने वाला” बताया.

    महाराष्ट्र के अमरावती ज़िले में एक ईसाई पादरी की गिरफ़्तारी को लेकर सीपीएम के नेतृत्व वाले लेफ़्ट डेमोक्रेटिक फ़्रंट (एलडीएफ़) और कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ़्रंट (यूडीएफ़) के नेताओं ने कड़ी आलोचना की है.

    महाराष्ट्र पुलिस ने मंगलवार को अमरावती शहर से करीब 80 किलोमीटर दूर वरुड में पादरी सुधीर विलियम को गिरफ़्तार किया था. उस समय वह एक सभा को संबोधित कर रहे थे. यह कार्रवाई लक्ष्मण शेडे की शिकायत पर की गई, जिसमें वीएचपी और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का भी ज़िक्र है.

    शिकायत के मुताबिक, वीएचपी और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बैठक पर आपत्ति जताई थी, जो रितेश बॉन्ड्रे के घर के सामने लगाए गए टेंट में हो रही थी. वहीं पादरी के समर्थन में आए कई अन्य लोगों को भी पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया गया.

    केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने इस गिरफ़्तारी को “बेहद परेशान करने वाला” बताया.

    उन्होंने कहा, “यह संघ परिवार की उस चिंताजनक प्रवृत्ति का हिस्सा है, जिसमें अल्पसंख्यकों को निशाना बनाकर ध्रुवीकरण बढ़ाने की कोशिश की जाती है, जैसा कि जबलपुर में देखा गया. ऐसी कार्रवाइयां संविधान से मिली आज़ादियों को कमज़ोर करती हैं.”

    बीजेपी पर सबसे तीखा हमला कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने किया.

    उन्होंने कहा, “हफ़्ते दर हफ़्ते, बीजेपी शासित राज्यों में ईसाइयों को सिर्फ़ अपने धर्म का पालन करने के लिए चुन-चुनकर निशाना बनाया जा रहा है. यह साफ़ संकेत है कि जहां-जहां बीजेपी सत्ता में है, वहां वह धर्मांतरण के झूठे बहाने बनाकर राज्य मशीनरी का इस्तेमाल कर ईसाइयों को परेशान करती है.”

    वहीं, केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता वी.डी. सतीशन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है. सतीशन ने कहा कि रात 8 बजे प्रार्थना सभा के दौरान गिरफ़्तारियां की गईं.

    उन्होंने कहा, “यह घटना बेहद परेशान करने वाली है और संविधान द्वारा गारंटी दिए गए मौलिक अधिकारों, ख़ासकर धर्म को मानने, उसका पालन करने और प्रचार करने की आज़ादी के उल्लंघन को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा करती है.”

    पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 299 (धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना) और धारा 302 (धार्मिक भावनाओं को आहत करने के इरादे से शब्द कहना) के तहत मामले दर्ज किए थे. बाद में अदालत ने सभी अभियुक्तों को रिहा कर दिया.

  11. स्विट्ज़रलैंड विस्फोट: दर्जनों लोगों के मारे जाने की आशंका, अधिकारियों ने हमले से इंकार किया

    स्विट्ज़रलैंड

    इमेज स्रोत, Police handout

    इमेज कैप्शन, बचाव कार्य के लिए 10 हेलीकॉप्टर, 40 एंबुलेंस और 150 लोगों को तैनात किया गया है.

    स्विट्ज़रलैंड के एक स्की रिसॉर्ट में हुए विस्फ़ोट के मामले में वहां के अधिकारियों ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर जानकारी साझा की है. एक दौरान किसी भी हमले से इनकार किया गया है.

    पुलिस ने बताया कि “कई दर्जन” लोगों के मारे जाने का अनुमान है, जबकि 100 से ज़्यादा लोग घायल हुए हैं.

    प्रोसिक्यूटर जनरल बीट्रेस पिलौड ने बताया कि,"यह घटना क्यों और किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए जांच की जा रही है."

    उन्होंने कहा कि, "फिलहाल इसे आग लगने की घटना माना जा रहा है और किसी भी तरह के हमले का कोई सवाल नहीं है."

    उन्होंने आगे कहा कि, "पीड़ितों की पहचान की जा रही है और जल्द से जल्द परिवारों को शव सौंपे जाएंगे."

    फिलहाल बचाव कार्य जारी है. इसके लिए 10 हेलीकॉप्टर, 40 एंबुलेंस और 150 लोगों को तैनात किया गया है.

  12. भारत और पाकिस्तान ने एक-दूसरे को अपने परमाणु ठिकानों की जानकारी दी

    भारत और पाकिस्तान के झंडे

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, दोनों देशों ने पहली बार यह सूची 1 जनवरी 1992 को साझा की गई थी.

    आज गुरुवार को भारत और पाकिस्तान ने डिप्लोमेटिक चैनलों के ज़रिए अपने परमाणु प्रतिष्ठानों और सुविधाओं की सूची एक-दूसरे को सौंपी. विदेश मंत्रालय ने एक प्रेस रिलीज़ जारी कर इसकी जानकारी दी है.

    प्रेस रिलीज़ में बताया गया है कि यह सूची भारत और पाकिस्तान के बीच परमाणु प्रतिष्ठानों और सुविधाओं पर हमले के प्रतिबंध से जुड़े समझौते के तहत साझा की गई है.

    यह समझौता 31 दिसंबर 1988 को साइन किया गया था और 27 जनवरी 1991 से लागू हुआ.

    इसके तहत यह प्रावधान है कि भारत और पाकिस्तान हर साल 1 जनवरी को उन परमाणु प्रतिष्ठानों और सुविधाओं की जानकारी एक-दूसरे को देंगे, जो इस समझौते के दायरे में आती हैं.

    दोनों देशों के बीच यह लगातार 35वां ऐसा आदान-प्रदान है. पहली बार यह सूची 1 जनवरी 1992 को साझा की गई थी.

  13. इंदौर दूषित पानी मामला: प्रभावित इलाके में पहुंचे कैलाश विजयवर्गीय को लोगों के ग़ुस्से का सामना करना पड़ा

    कैलाश विजयवर्गीय

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि "एक-एक व्यक्ति की हालत की मॉनिटरिंग की जा रही है"

    इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में मंगलवार को दूषित पानी पीने से कई लोगों की मौत होने और सैकड़ों लोगों के गंभीर रूप से बीमार होने का मामला सामने आया है.

    इस मामले पर मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, “करीब 1400 से 1500 लोग प्रभावित हुए थे, जिनमें से 198 लोग अस्पताल में भर्ती हैं. अभी दो और लोगों को भर्ती कराया गया है. कुछ लोगों को डिस्चार्ज भी किया गया है.”

    उन्होंने कहा, “स्वास्थ्य विभाग, प्रशासन और नगर निगम का पूरा अमला लगा हुआ है. छोटी से छोटी समस्या के समाधान की कोशिश की जा रही है. एक-एक व्यक्ति की हालत की मॉनिटरिंग की जा रही है.”

    मौतों के आंकड़े पर कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, “मेरे पास सरकारी आंकड़ा चार लोगों की मौत का है, लेकिन यहां घूमने के दौरान 8-9 लोगों की मौत की जानकारी मिली है.”

    वहीं, जब कैलाश विजयवर्गीय भागीरथपुरा पहुंचे तो उन्हें स्थानीय लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ा.

    एक स्थानीय महिला ने कहा, “ड्रेनेज लाइन पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है. पीने के पानी की लाइन से इसे जोड़ा जा रहा है, लेकिन इसे देखने वाला कोई नहीं है. पिछले डेढ़ साल से हम परेशान हैं. शिकायत करने पर भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है.”

    महिला ने बताया कि उनके यहां 10-12 लोग बीमार हुए हैं.

  14. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  15. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह दिल्ली स्थित बांग्लादेश उच्चायोग पहुंचे

    राजनाथ सिंह

    इमेज स्रोत, X/@rajnathsingh

    इमेज कैप्शन, राजनाथ सिंह ने ख़ालिदा ज़िया को श्रद्धांजलि दी

    बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और बीएनपी चेयरपर्सन रहीं बेग़म ख़ालिदा ज़िया के अंतिम संस्कार के अगले दिन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह दिल्ली स्थित बांग्लादेश उच्चायोग पहुंचे.

    यहां उन्होंने ख़ालिदा ज़िया के निधन पर शोक जताया और शोक पुस्तिका में हस्ताक्षर किए. इसकी जानकारी खुद राजनाथ सिंह ने दी.

    उन्होंने कहा, "हमारी संवेदनाएं ख़ालिदा ज़िया के परिवार और बांग्लादेश के लोगों के साथ हैं."

    बुधवार को बांग्लादेश के ढाका में ख़ालिदा ज़िया के शव को राजकीय सम्मान के साथ दफ़नाया गया. इस मौक़े पर बड़ी संख्या में लोगों के साथ-साथ बीएनपी के नेता, कार्यकर्ता और समर्थक भी मौजूद रहे.

    ख़ालिदा ज़िया के अंतिम संस्कार में भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर भी शामिल हुए, जहां उन्होंने पाकिस्तान की नेशनल असेंबली के स्पीकर सरदार अयाज़ सादिक़ से भी मुलाक़ात की.

    एस जयशंकर की यह मुलाक़ात चर्चा का विषय रही.

  16. ब्रेकिंग न्यूज़, स्विट्ज़रलैंड: पुलिस ने स्थानीय मीडिया को बताया, धमाके के वक़्त बार में 100 से ज़्यादा लोग थे मौजूद

    स्विट्ज़रलैंड में धमाका

    इमेज स्रोत, Police handout

    इमेज कैप्शन, क्रांस-मोंटाना को नो-फ़्लाई ज़ोन घोषित कर दिया गया है

    स्विट्ज़रलैंड की पुलिस ने स्थानीय मीडिया को बताया है कि क्रांस-मोंटाना के स्की रिसॉर्ट में हुए विस्फोट के दौरान बार में 100 से ज़्यादा लोग मौजूद थे.

    पुलिस ने स्विट्ज़रलैंड के मीडिया आउटलेट 'ब्लिक' को यह जानकारी दी है.

    पुलिस ने एक अपडेट में यह भी बताया कि घटनास्थल पर राहत-बचाव कार्य जारी है और प्रभावितों की मदद के लिए प्रशासन की कई टीमें तैनात हैं.

    पुलिस के मुताबिक़, पूरा इलाक़ा पूरी तरह से सील कर दिया गया है और क्रांस-मोंटाना को नो-फ़्लाई ज़ोन घोषित कर दिया गया है.

    इससे पहले पुलिस ने कहा था कि इस घटना में "कई" लोगों की मौत हुई है, लेकिन अब तक मृतकों का सटीक आंकड़ा सामने नहीं आया है.

    पुलिस ने बीबीसी को बताया कि यह धमाका स्थानीय समयानुसार रात 01:30 बजे कॉन्स्टेलेशन बार में हुआ.

    क्रांस-मोंटाना शहर स्विस आल्प्स माउंटेन रेंज के बीच स्थित एक लग्ज़री स्की रिसॉर्ट शहर है. यह शहर ब्रिटिश पर्यटकों के बीच लोकप्रिय है.

  17. फ़ारूक़ अब्दुल्लाह ने कश्मीरी शॉल सेलर्स पर कथित हमलों पर क्या कहा

    फ़ारूक़ अब्दुल्लाह

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, जम्मू-कश्मीर के नेताओं और संगठनों ने इन कथित हमलों पर चिंता जताई है (फ़ाइल फ़ोटो)

    जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फ़ारूक़ अब्दुल्लाह ने देश के अन्य राज्यों में कश्मीर के शॉल सेलर्स पर कथित हमलों पर प्रतिक्रिया दी है.

    फ़ारूक़ अब्दुल्लाह ने कहा, "ये हमारी किस्मत है. कुछ लोग हैं जिनका मक़सद ही कुछ और है. वो चाहते हैं कि हिटलर का निज़ाम यहां पर शुरू हो. हिटलर ने अपनेआप को गोली मार ली. वहां फ़ासिज़्म ख़त्म हो गया, यहां भी वक़्त आएगा जब ये कट्टरपंथी ख़त्म हो जाएंगे."

    बीते दिनों उत्तर भारत के राज्यों में कश्मीरी शॉल बेचने वालों पर कथित हमलों और उत्पीड़न की घटनाएं सामने आईं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, इन घटनाओं पर चिंता जताते हुए जम्मू-कश्मीर के नेताओं और संगठनों ने बुधवार को प्रवासी व्यापारियों की सुरक्षा और आजीविका सुनिश्चित करने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों से कार्रवाई की मांग की.

    जम्मू और कश्मीर स्टूडेंट्स एसोसिएशन (जेकेएसए) ने बुधवार को पीटीआई को बताया कि हरियाणा के कैथल ज़िले में कश्मीरी शॉल बेचने वाले एक व्यक्ति पर हमले के बाद पुलिस ने एफ़आईआर दर्ज की है और अभियुक्तों की तलाश शुरू कर दी है.

    कैथल की पुलिस अधीक्षक उपासना ने पीटीआई से कहा, "पुलिस ने इस अपराध का स्वतः संज्ञान लिया है और एफ़आईआर दर्ज की है. आगे की जांच जारी है."

  18. ब्रेकिंग न्यूज़, स्विट्ज़रलैंड के एक बार में धमाका, कई लोगों की मौत

    कॉन्स्टेलेशन बार

    इमेज स्रोत, Google Maps

    इमेज कैप्शन, बार में नए साल से पहले वाली शाम को जश्न मनाया जा रहा था

    स्विट्ज़रलैंड की पुलिस ने बताया है कि क्रांस-मोंटाना के स्की रिसॉर्ट में हुए एक विस्फोट में कई लोगों की मौत हो गई है और कई अन्य घायल हुए हैं.

    पुलिस ने बीबीसी को दिए बयान में बताया कि यह धमाका स्थानीय समयानुसार रात 01:30 बजे कॉन्स्टेलेशन बार में हुआ.

    सोशल मीडिया पर सर्कुलेट हो रहे वीडियो में बार में आग जलती दिख रही है. हालांकि, इस वीडियो की पुष्टि नहीं हुई है. इस बार में नए साल से पहले वाली शाम को जश्न मनाया जा रहा था.

    पुलिस ने कहा कि इस धमाके से प्रभावित लोगों के परिवारों के लिए एक हेल्पलाइन भी शुरू की गई है.

    क्रांस-मोंटाना शहर स्विस आल्प्स माउंटेन रेंज के बीच स्थित एक लग्ज़री स्की रिसॉर्ट शहर है. यह स्विट्ज़रलैंड की राजधानी बर्न से लगभग दो घंटे की दूरी पर है.

    यह शहर ब्रिटिश पर्यटकों के बीच लोकप्रिय है.

  19. ज़ेलेंस्की और पुतिन ने नए साल पर दिए भाषण में क्या कहा

    वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की

    इमेज स्रोत, Reuters/Ukrainian Presidential Press Service

    इमेज कैप्शन, ज़ेलेंस्की का संबोधन मुख्य तौर पर रूसी हमले के ख़िलाफ़ केंद्रित रहा

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने नए साल पर दिए अपने संबोधन में कहा कि रूस के साथ युद्ध ख़त्म करने के लिए एक शांति समझौता "90 फ़ीसदी तैयार" है.

    ज़ेलेंस्की का यह संबोधन मुख्य तौर पर रूसी हमले के ख़िलाफ़ केंद्रित रहा.

    ज़ेलेंस्की ने कहा कि लगभग चार साल से जारी जंग को ख़त्म करने वाले समझौते का बाकी 10 फ़ीसदी हिस्सा "शांति का भविष्य, यूक्रेन का भविष्य और यूरोप का भविष्य तय करेगा".

    वहीं, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने नए साल के संबोधन में अपने सैनिकों से कहा, "हमें आप पर और अपनी जीत पर भरोसा है".

    इससे पहले बुधवार को रूस ने दावा किया कि यूक्रेन ने ड्रोन का इस्तेमाल कर उत्तर-पश्चिमी रूस में वाल्दाई झील के पास पुतिन के निजी घर को निशाना बनाया.

    हालांकि, यूक्रेन ने इन आरोपों का सख़्ती से खंडन किया.

  20. ज़ोहरान ममदानी ने न्यूयॉर्क के मेयर पद की शपथ ली

    ज़ोहरान ममदानी

    इमेज स्रोत, Spencer Platt/Getty

    इमेज कैप्शन, ज़ोहरान ममदानी दक्षिण एशियाई मूल के पहले व्यक्ति हैं, जो न्यूयॉर्क के मेयर बने

    अमेरिका के डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता ज़ोहरान ममदानी ने न्यूयॉर्क शहर के मेयर पद की शपथ ले ली है. शपथ ग्रहण समारोह ओल्ड सिटी हॉल स्टेशन पर आयोजित हुआ.

    34 साल के ज़ोहरान ममदानी पिछले 100 साल से भी अधिक समय में न्यूयॉर्क के सबसे युवा और पहले मुसलमान मेयर हैं. वह न्यूयॉर्क के मेयर बनने वाले दक्षिण एशियाई मूल के पहले व्यक्ति भी हैं.

    न्यूयॉर्क में पिछले साल नवंबर महीने में चुनाव हुआ. मेयर पद के लिए मुख्य मुक़ाबला ज़ोहरान ममदानी और एंड्रयू कुओमो के बीच था.

    ममदानी से डेमोक्रेट प्राइमरी में हारने के बाद कुओमो इंडिपेंडेंट उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे थे. वहीं, रिपब्लिकन पार्टी की ओर से कर्टिस स्लिवा उम्मीदवार थे.