पीएम मोदी का ऑस्ट्रेलिया दौरा समाप्त, न्यूज़ीलैंड के लिए हुए रवाना

इमेज स्रोत, ANI
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपना ऑस्ट्रेलिया दौरा समाप्त कर न्यूज़ीलैंड के लिए रवाना हो गए हैं. वे ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न से ऑकलैंड के लिए रवाना हुए हैं.
यह 40 साल बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की न्यूज़ीलैंड यात्रा है.
पीएम मोदी की यात्रा पर न्यूज़ीलैंड में भारतीय उच्चायुक्त मुआनपुई सैयावी ने एक इंटरव्यू में कहा, "यह निश्चित रूप से बेहद अहम यात्रा है, क्योंकि साझेदार देशों के नेताओं का आमने-सामने मिलना जरूरी होता है."
इससे पहले न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री ने पिछले साल मार्च में भारत की यात्रा की थी.
उन्होंने कहा, "पिछले साल हमने रक्षा सहयोग पर एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए थे और अब हम उसी सहयोग को आगे बढ़ाएंगे. इस यात्रा के दौरान समुद्री सहयोग पर विशेष जोर रहेगा."
"पिछले साल न्यूजीलैंड इंडो-पैसिफिक ओशन्स इनिशिएटिव में शामिल हुआ था और तब से हम कई क्षेत्रों में मिलकर काम कर रहे हैं."
पीएम मोदी ने अपनी ऑस्ट्रेलिया यात्र की समाप्ति पर एक्स पर लिखा, ''मेरी ऑस्ट्रेलिया यात्रा के समाप्ति पर मैं ऑस्ट्रेलिया की सरकार, वहां के लोगों और प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ की ओर से मिले आत्मीय स्वागत के लिए दिल से आभार व्यक्त करता हूं.''
''इस यात्रा के नतीजों ने हमारी साझेदारी को और मजबूत किया है और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसर खोले हैं. आने वाले समय में इस साझेदारी की गति हमारे दोनों देशों के साथ-साथ पूरी दुनिया के लिए भी लाभदायक होगी.''
















