You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ट्रंप ने आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई का नाम लिए बिना कहा- 'तथाकथित सुप्रीम लीडर छिपे हुए हैं'

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ट्रुथ सोशल पर ईरान को लेकर कई पोस्ट किए हैं. उन्होंने अपने ताज़ा पोस्ट में लिखा है- ‘बिना शर्त सरेंडर.’

सारांश

लाइव कवरेज

सुरभि गुप्ता और इफ़्तेख़ार अली

  1. चीन ने अपने नागरिकों से इसराइल छोड़ने को कहा

    इसराइल स्थित चीनी दूतावास ने अपने नागरिकों को जल्द से जल्द इसराइल छोड़ने को कहा है.

    चीनी दूतावास ने अपने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए लैंड बॉर्डर क्रॉसिंग के ज़रिए इसराइल छोड़ दें क्योंकि इसराइली हवाई क्षेत्र बंद हैं.

    सोमवार को जारी किए गए नोटिस में चीनी दूतावास ने चीन के लोगों से अपील की है कि वे जॉर्डन के रास्ते निकलें.

    इसमें कहा गया है कि इसराइल-ईरान संघर्ष बढ़ता जा रहा है, जिससे नागरिक सुविधाओं को नुकसान हो रहा है और नागरिक हताहतों की संख्या बढ़ रही है.

    चीनी न्यूज़पेपर ग्लोबल टाइम्स के मुताबिक़ दूतावास ने बताया कि इसराइल के संबंधित सरकारी विभागों ने पुष्टि की है कि जॉर्डन और मिस्र के साथ इसराइल की सीमा खुली रहेंगी.

  2. पहलगाम पर एफ़एटीएफ़ ने कहा- बिना फ़ंडिंग के मुमकिन नहीं ऐसे हमले

    मनी लॉन्ड्रिंग और आतंकवादी वित्तपोषण पर निगरानी रखने वाली वैश्विक संस्था फ़ाइनेंशियल एक्शन टास्क फ़ोर्स (एफ़एटीएफ़) ने कहा है कि पहलगाम हमला पैसों के बिना संभव नहीं था.

    एफ़एटीएफ़ की ओर से सोमवार को जारी बयान में कहा गया, "एफ़एटीएफ़ ने 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए क्रूर आतंकवादी हमले पर गहरी चिंता जताई है और इसकी कड़ी निंदा की है. यह हमला और हाल ही में हुए अन्य हमले बिना वित्तीय संसाधनों और आतंकी नेटवर्क के भीतर पैसों के लेन-देन के संभव नहीं हो सकते थे."

    बयान में आगे कहा गया, "आतंकवादी वित्तपोषण से निपटने के लिए रूपरेखा तैयार करने के साथ-साथ एफ़एटीएफ़ अब उन उपायों की प्रभावशीलता पर भी ध्यान केंद्रित कर रहा है, जिन्हें विभिन्न देशों ने लागू किया है."

    संस्था ने बताया कि वह जल्द ही अपने ग्लोबल नेटवर्क से प्राप्त मामलों के आधार पर चरमपंथी वित्तपोषण पर एक विस्तृत विश्लेषण रिपोर्ट जारी करेगा.

    गौरतलब है कि 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी. इसके बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ 'ऑपरेशन सिंदूर' नाम से सैन्य कार्रवाई की थी.

  3. इसराइली सेना का दावा: ईरान ने फिर दागीं मिसाइलें, तेहरान में भी हुए धमाके

    इसराइली डिफेंस फोर्स (आईडीएफ) का कहना है कि ईरान ने एक बार फिर इसराइल की ओर मिसाइलें दागी हैं.

    वहीं, ईरानी सरकारी मीडिया ने मंगलवार सुबह तेहरान में कई नए विस्फोट होने की पुष्टि की है.

    आईडीएफ ने लगातार किए गए एक्स पोस्ट में जानकारी दी कि ईरान ने उत्तरी और मध्य इसराइल में मिसाइल हमले किए हैं, जिसके बाद इन इलाकों में एयर सायरन बजने लगे हैं.

    आईडीएफ के अनुसार, मिसाइल हमलों के बाद लाखों इसराइली नागरिकों को सुरक्षित स्थानों में शरण लेनी पड़ी.

    उधर, रॉयटर्स समाचार एजेंसी के मुताबिक, ईरानी मीडिया ने बताया कि तेहरान में कई विस्फोट हुए हैं और हवाई रक्षा प्रणाली ने भारी गोलाबारी की है.

  4. इसराइल-ईरान संघर्ष के बीच ट्रंप बोले- लोगों को तेहरान तुरंत खाली कर देना चाहिए

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसराइल-ईरान संघर्ष के बीच ईरान की राजधानी तेहरान को तुरंत खाली किए जाने की सलाह दी है.

    ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल अकाउंट पर लिखा, "ईरान को उस 'सौदे' पर हस्ताक्षर कर देना चाहिए था, जिस पर मैंने उन्हें हस्ताक्षर करने के लिए कहा था. यह कितनी शर्म की बात है, और मानव जीवन की बर्बादी है."

    "सीधे शब्दों में कहें तो, ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं हो सकता. मैंने ये बार-बार कहा है! सभी को तुरंत तेहरान खाली कर देना चाहिए!"

    जी7 समिट में हिस्सा लेने कनाडा गए ट्रंप एक दिन पहले ही वहां से वापस लौट रहे हैं, उनके जल्दी लौटन की वजह मध्य पूर्व के हालात बताए जा रहे हैं.

  5. जी-7 से जल्दी लौट रहे हैं ट्रंप, व्हाइट हाउस ने बताई वजह

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कनाडा के कानानास्किस में चल रहे जी-7 देशों के शिखर सम्मेलन को बीच में ही छोड़ कर वापस वॉशिंगटन लौट रहे हैं. व्हाइट हाउस ने इसकी जानकारी दी है.

    व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने एक्स पर लिखा, "राष्ट्रपति ट्रंप ने जी-7 में शानदार दिन बिताया, यहाँ तक कि उन्होंने यूनाइटेड किंगडम और प्रधानमंत्री कीएर स्टार्मर के साथ एक प्रमुख व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर भी किए."

    ट्रंप और कीएर स्टार्मर ने जी 7 शिखर सम्मेलन के दौरान एक बैठक में अमेरिका और ब्रिटेन के बीच टैरिफ़ समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं.

    लेविट ने ट्रंप की वापसी की जानकारी देते हुए लिखा, "बहुत कुछ हासिल हुआ, लेकिन मध्य पूर्व में जो कुछ चल रहा है, उसके कारण राष्ट्रपति ट्रंप आज रात राष्ट्राध्यक्षों के साथ डिनर के बाद वापस लौट जाएँगे."

    बता दें कि इसराइल और ईरान के बीच संघर्ष तेज़ हो गया है, इस बीच ट्रंप के जी-7 शिखर सम्मेलन से एक दिन पहले ही सोमवार रात (कनाडा के स्थानीय समयानुसार) लौटने की जानकारी दी गई है.

  6. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगी.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.