राजा रघुवंशी हत्या मामले में मेघालय पुलिस ने मंगलवार को क्राइम सीन को फिर से तैयार किया (रीक्रिएट) और मीडिया को इस मामले की जानकारी दी.
ईस्ट खासी हिल्स के सुपरिटेंडेंट ऑफ़ पुलिस (एसपी) विवेक सियेम ने कहा कि क्राइम सीन को दोबारा तैयार करना काफ़ी सफल रहा, क्योंकि अब पुलिस को 'पूरी कहानी स्पष्ट रूप से समझ आ गई है.'
क्राइम सीन को दोबारा बनाने पर एसपी विवेक सियेम ने बताया कि राजा रघुवंशी की हत्या में इस्तेमाल किया गया एक और धारदार हथियार अब भी बरामद किया जाना बाक़ी है.
उन्होंने कहा, "एसआईटी ने आज कई जगहों का दौरा किया ताकि यह दोबारा समझा जा सके कि उन्होंने (अभियुक्तों ने) यह सब कैसे किया था. हमने उस पार्किंग एरिया से शुरुआत की जहां उन्होंने अपनी स्कूटी खड़ी की थी. हम व्यू पॉइंट पर गए और यह तय किया कि हत्या से ठीक पहले कौन कहां खड़ा था."
एसपी ने कहा, "तीन वार किए गए थे – पहला विशाल ने, दूसरा आनंद ने और आख़िरी वार आकाश ने किया था. एक धारदार हथियार अब भी नहीं मिला है.
मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, "हमने यह पता कर लिया है कि राजा के मोबाइल के साथ क्या हुआ. उसे पहले सोनम और फिर विशाल ने तोड़ा था. पूरी घटना को दोबारा दोहराया गया और यह भी बताया गया कि वे घटनास्थल से कैसे भागे."
"इस तरह आज पूरे अपराध के पुनर्निर्माण की प्रक्रिया पूरी हुई. अब हमारे पास पूरी तरह स्पष्ट तस्वीर है. मुझे लगता है यह पुनर्निर्माण बेहद सफल रहा."
दो जून को ईस्ट खासी हिल्स में वेइसाडोंग फ़ॉल्स के पास क़रीब 150 फ़ीट गहरी खाई में राजा रघुवंशी का शव मिला, लेकिन उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी लापता थीं.
राजा रघुवंशी का शव बुधवार 4 जून की शाम मेघालय से उनके घर पहुंचा था.
राजा रघुवंशी और सोनम की शादी 11 मई को हुई थी और वो 20 मई को मेघालय के लिए घर से निकले थे. लेकिन 23 मई को लापता हो गए थे.
पुलिस स्थानीय लोगों और टूरिस्ट गाइडों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही थी लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था.