You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

पाकिस्तान में पैसेंजर ट्रेन से 300 बंधकों को बचाया गया- सेना का दावा

पाकिस्तानी आर्मी ने कहा है कि बलूचिस्तान प्रांत में पैसेंजर ट्रेन पर चरमपंथी हमले के बाद उसने 300 बंधकों को छुड़ा लिया है.

सारांश

लाइव कवरेज

चंदन कुमार जजवाड़े, कीर्ति रावत

  1. मुकेश अंबानी के जियो और एलन मस्क के स्पेसएक्स के बीच हुआ स्टारलिंक समझौता, जानिए किसे होगा फ़ायदा

    एयरटेल के बाद रिलायंस जियो ने भी अमेरिकी अरबपति कारोबारी एलन मस्क के साथ स्टारलिंक हाई स्पीड इंटरनेट के लिए समझौता कर लिया है.

    स्टारलिंक एक सैटेलाइट ब्रॉडबैंड इंटरनेट सेवा है जो सैटेलाइट कवरेज के अंदर कहीं भी इंटरनेट की सुविधा प्रदान कर सकती है.

    इस ख़ासियत की वजह से दूरदराज या ग्रामीण इलाक़ों में इंटरनेट पहुंच के लिए ये एक बेहतर विकल्प है, जहां पारंपरिक तौर पर इंटरनेट सेवा उपलब्ध नहीं हो पाती है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़ जियो प्लेटफ़ॉर्म्स लिमिटेड ने एक प्रेस रिलीज़ के ज़रिए बताया है कि जियो और स्टारलिंक पूरे भारत को हाई स्पीड इंटरनेट से जोड़ने के लिए एक साथ मिलकर विस्तार कर रहा है और यह समझौता भारत में इंटरनेट कनेक्टिविटी के विकास के लिहाज से मील का पत्थर है.

    जेपीएल ने कहा है, "जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड ने भारतीय उपभोक्ताओं को स्टारलिंक ब्रॉडबैंड इंटरनेट सेवा उपलब्ध कराने के लिए स्पेसएक्स के साथ क़रार किया है. जियो अपने रिटेल आउटलेट और ऑनलाइन के ज़रिए स्टारलिंक की सेवा उपलब्ध कराएगा."

    पिछले साल दुनिया के दो सबसे अमीर शख़्स, स्पेसएक्स के मालिक एलन मस्क और जियो का मालिकाना हक़ रखने वाले मुकेश अंबानी के बीच भारत के सैटेलाइट ब्रॉडबैंड मार्केट के लिए मुक़ाबला देखा गया था.

    बीते अक्तूबर महीने में भारत सरकार ने यह घोषणा की थी कि ब्रॉडबैंड के लिए सैटेलाइट स्पेक्ट्रम का आवंटन नीलामी की जगह प्रशासनिक तरीके से किया जाएगा.

    मस्क पहले भी नीलामी मॉडल की आलोचना करते रहे हैं जबकि अंबानी इसका समर्थक रहे हैं.

  2. ट्रंप ने कनाडा के स्टील और अल्यूमीनियम पर 50 फ़ीसदी टैरिफ़ लगाने की योजना रोकी

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने धमकी देने के बाद फ़िलहाल कनाडा के स्टील,अल्यूमीनियम और अन्य धातुओं पर 50 फ़ीसदी टैरिफ़ लगाने की योजना को रोक दिया है.

    हालांकि कनाडा से आयात होने वाले इन मेटल्स पर 25 फ़ीसदी टैरिफ़ जारी रहेगा, जो 12 मार्च यानी आज से लागू हो रहा है.

    ट्रंप का यह कदम कनाडा के ओंटारियो प्रांत के उस फ़ैसले के बाद आया है जिसमें उसने नॉर्थ अमेरिका के कुछ राज्यों को भेजी जाने वाली बिजली पर 25 फ़ीसदी के नए शुल्क लगाने को रोक दिया है.

    ट्रंप ने बिजली सप्लाई पर इस शुल्क के ख़िलाफ़ कनाडा पर बड़े टैरिफ़ लगाने की धमकी दी थी.

    यह दोनों देशों के बीच चल रहे ट्रेड वॉर के लिहाज़ से एक अहम कदम है, जो अमेरिका और कनाडा दोनों की अर्थव्यवस्था के लिए घातक है.

    अमेरिका जिन देशों से इस्पात का आयात करता है उनमें साल 2024 में कनाडा सबसे आगे रहा है.

  3. अमेरिका के युद्धविराम के इस प्रस्ताव के लिए यूक्रेन हुआ तैयार, जानिए अमेरिका ने क्या कहा

    सऊदी अरब में अमेरिका और यूक्रेन के बीच हुई बातचीत के एक दिन बाद यूक्रेन ने कहा है कि वो रूस के साथ तीस तीनों के तत्काल युद्ध विराम के अमेरिकी प्रस्ताव के लिए तैयार है.

    अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा है कि वो इस प्रस्ताव को रूस के सामने भी रखेंगे और अब 'गेंद रूस के पाले में है.'

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़लेंस्की ने कहा है कि अब यह अमेरिका पर निर्भर है कि वो रूस को इस सकारात्मक प्रस्ताव के लिए तैयार करे.

    अमेरिकी राष्ट्रपति कार्यालय में क़रीब दो हफ़्ते पहले राष्ट्रपति ट्रंप और ज़ेलेंस्की के बीच हुई बहस के बाद मंगलवार को सऊदी अरब में दोनों देशों के बीच पहली बार आधिकारिक बैठक हुई है.

    एक संयुक्त बयान में अमेरिका यह भी कहा है कि वो तुरंत ही यूक्रेन के साथ गोपनीय सूचनाएं और सुरक्षा सहयोग भी शुरू करेगा.

    अमेरिका ने ट्रंप और ज़ेलेंस्की के बीच हुई बहस के बाद इस पर रोक लगा दी थी.

  4. बलूचिस्तान में ट्रेन हाईजैक: छुड़ाए गए सौ से अधिक यात्री, कइयों को बलोच चरमपंथियों ने बनाया बंधक

    पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में मंगलवार को यात्रियों से भरी एक ट्रेन पर हथियारबंद चरमपंथियों ने हमला कर यात्रियों को बंधक बना लिया है.

    हमले की ज़िम्मेदारी अलगाववादी समूह बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने ली है. ये हमला क़्वेटा से पेशावर जा रही जाफ़र एक्सप्रेस पर हुआ है.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक पाकिस्तान के सैन्य सूत्रों ने दावा किया है कि जाफर एक्सप्रेस हमले के बाद अब तक 104 यात्रियों को बचा लिया गया है, जबकि इस अभियान में 16 चरमपंथी मारे गए हैं.

    इस बीच जाफर एक्सप्रेस के 80 यात्री मच्छ रेलवे स्टेशन पहुंच गए हैं, जहां उन्हें प्राथमिक चिकित्सा दी गई है.

    रेलवे अधिकारियों के मुताबिक़ इस ट्रेन में 9 डब्बे थे और इनमें 400 से ज़्यादा मुसाफ़िर सवार थे.

    पाकिस्तान के गृह राज्य मंत्री तलाल चौधरी ने कहा है कि जाफर एक्सप्रेस के कई यात्रियों को ट्रेन से उतारकर चरमपंथी उन्हें पहाड़ी इलाक़े में ले गए हैं.

  5. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.