अजित पवार विमान हादसे में डीजीसीए का एक्शन, एयरलाइन के चार विमानों की उड़ान पर लगाई रोक
बारामती विमान हादसे के बाद नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने कड़ा क़दम उठाते हुए 'मेसर्स वीएसआर वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड' कंपनी के चार 'लियरजेट 40/45' विमानों की उड़ान पर रोक लगा दी है.
सारांश
डीजीसीए ने विमान की उड़ानों को लेकर नए सुरक्षा नियमों का एलान किया
पीटीआई ने लिखा है कि संपर्क करने पर स्पाइसजेट के एक प्रवक्ता ने कहा कि मंगलवार को दिल्ली से लेह जा रही एक उड़ान तकनीकी समस्या के कारण दिल्ली लौट आई.
मेघालय के सीएम ने गोरखपुर में पूर्वोत्तर की महिला डॉक्टर के यौन उत्पीड़न पर क्या कहा
इमेज स्रोत, @SangmaConrad
इमेज कैप्शन, कोनार्ड संगमा ने गोरखपुर में पूर्वोत्तर की महिला डॉक्टर पर नस्लीय टिप्पणी और यौन उत्पीड़न की घटना की आलोचना की है
मेघालय के मुख्यमंत्री कोनार्ड संगमा ने पूर्वोत्तर की महिलाओं के साथ नस्लीय भेदभाव और यौन उत्पीड़न की घटनाओं पर प्रतिक्रिया दी है.
संगमा ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, ''उत्तर-पूर्व की महिलाओं के साथ होने वाला नस्लीय भेदभाव और यौन उत्पीड़न केवल एक सुर्ख़ी बनकर नहीं रह जाना चाहिए. ये सनसनीखेज तरीके से पेश किया जाने वाला और ऐसी कोई दूसरी घटना तक भुला दिया जाना वाला मुद्दा नहीं होना चाहिए.''
उन्होंने लिखा, ''नगालैंड की रहने वाली और उत्तर प्रदेश के गोरखपुर स्थित एम्स की एक रेजिडेंट डॉक्टर के साथ हुआ नस्लीय और यौन उत्पीड़न बेहद शर्मनाक है. किसी महिला की मर्यादा भंग करना किसी सभ्य राष्ट्र को स्वीकार नहीं होना चाहिए. वे भी आपकी बहनें और बेटियां हैं.''
''मैं अधिकारियों से आग्रह करता हूं कि दोषियों के खिलाफ सख़्त कार्रवाई की जाए.''
इस बीच गोरखपुर सिटी के एसपी अभिनव त्यागी ने इस मामले में कार्रवाई की जानकारी दी है.
उन्होंने कहा, ''22 फ़रवरी की रात गोरखपुर जिले के एम्स थाना क्षेत्र को सूचना मिली कि एम्स में कार्यरत एक महिला डॉक्टर के साथ कुछ मोटरसाइकिल सवार युवकों ने छेड़छाड़ की. इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है.''
उन्होंने लिखा, ''घटना में शामिल दो अभियुक्तों को हिरासत में ले लिया गया है और घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है. आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.''
गोरखपुर एम्स में काम करने वाली नगालैंड की एक महिला डॉक्टर पर 22 फ़रवरी की रात नस्लीय टिप्पणी करने और यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है.
.
शिखर धवन ने क्यों कहा, ‘मेरे नाम का इस्तेमाल क्लिकबेट के लिए ना करें
इमेज स्रोत, Manoj Verma/Hindustan Times via Getty Images
पूर्व क्रिकेटर शिखर धवन ने अपने निजी जीवन को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही टिप्पणियों पर नाराज़गी ज़ाहिर की है.
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, ''मैंने सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट देखी हैं, जिनमें मेरे निजी जीवन को लेकर एक निराशाजनक बयान मुझसे जोड़कर पेश किया गया है. मैंने कभी भी अतीत का बोझ नहीं ढोया. चाहे मैदान पर हो या मैदान के बाहर. मैं अपने अतीत का सम्मान करते हुए पॉजिटिविटी की ताक़त पर पूरा भरोसा करता हूं.''
इमेज स्रोत, @SDhawan25
उन्होंने लिखा है, ''यह मेरे जीवन का एक नया अध्याय है और मुझे अपने प्रशंसकों, दोस्तों, परिवार, शुभचिंतकों और मीडिया से मिले प्यार और आशीर्वाद के लिए सच्चे दिल से आभार है.''
''मैं सभी से आग्रह करता हूं कि वे मेरे नाम का इस्तेमाल क्लिकबेट,असंवेदनशील और झूठे बयानों के लिए न करें, आइए, प्यार और पॉजिटिविटी और प्यार फैलाएं.''
कुछ सोशल मीडिया पोस्ट में शिखर धवन के बारे में उनकी पूर्व पत्नी के कथित बयान का ज़िक्र किया गया था. इसमें शिखर धवन के बारे में नकारात्मक बातें कही गई थीं.
शिखर धवन ने 21 फ़रवरी को अपने लंबे समय की दोस्त सोफी शाइन से शादी की थी. शिखर धवन ने अगस्त 2024 में अंतरराष्ट्रीय और भारतीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी. धवन ने 2013 में भारत को चैंपियंस ट्रॉफी जिताने में अहम भूमिका निभाई थी.
अमेरिका: तीन फ़ीट तक गिरी बर्फ़, तूफ़ान के कारण हज़ारों उड़ानें रद्द
इमेज स्रोत, Kena Betancur/Getty Images
सोमवार को अमेरिका के पूर्वी तट पर आए एक बड़े तूफ़ान की वजह से रिकॉर्ड तोड़ बर्फबारी हुई. इससे लाखों लोग प्रभावित हुए हैं और हजारों उड़ानें रद्द करनी पड़ी हैं.
अमेरिका की नेशनल वेदर सर्विस के मुताबिक़ रोड आइलैंड और मैसाचुसेट्स के कुछ हिस्सों में लगभग 37 इंच तक बर्फ़ गिरी, जबकि न्यूयॉर्क सिटी के सेंट्रल पार्क में 19 इंच से अधिक बर्फ़बारी दर्ज की गई.
एक स्टेट एजेंसी ने चेतावनी दी है कि न्यूयॉर्क में यात्रा लगभग असंभव है. पूर्वी तट पर छह लाख से अधिक घरों और बिजनेस में बिजली सप्लाई में बाधा आई. इन इलाकों न्यू जर्सी और मैसाचुसेट्स सबसे अधिक प्रभावित रहे.
फ़्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटअवेयर के अनुसार, अमेरिका के भीतर और अमेरिका आने-जाने वाली कुल 5,706 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गईं
बोस्टन के लोगन इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने सोमवार को 92 फ़ीसदी डिपार्चर उड़ानें रद्द कर दी गईं. मंगलवार को भी इस क्षेत्र पर बर्फ़बारी का असर जारी रहेगा. अमेरिका के भीतर या आने-जाने वाली 2,000 से अधिक उड़ानों के रद्द होने की आशंका है, जिनमें बोस्टन और न्यूयॉर्क के एयरपोर्ट सबसे अधिक प्रभावित रहेंगे.
ट्रंप ने कहा, 'अमेरिकी सेना प्रमुख के बारे में फ़ेक न्यूज़ फैला रहे हैं लोग'
इमेज स्रोत, Al Drago/Bloomberg via Getty Images
इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के ख़िलाफ़ सैन्य कार्रवाई को लेकर फ़ेक न्यूज फैलाई जा रही है
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उन रिपोर्टों को ख़ारिज किया है जिनमें कहा गया है कि अमेरिका के सेनाध्यक्ष ने ईरान में अमेरिका की सैन्य कार्रवाई का विरोध किया है. उन्होंने कहा है कि ऐसी ख़बरें 100 फ़ीसदी गलत हैं.
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा है कि वो ईरान से डील करना पसंद करेंगे. लेकिन ईरान से डील नहीं हुई तो वो उस देश (ईरान) के लिए बहुत बुरा होगा.अफ़सोस ये है कि ये उस देश के लिए लोगों के लिए भी बुरा होगा. क्योंकि ये कमाल के लोग हैं. ऐसा कुछ नहीं होना चाहिए.
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, ‘’फेक न्यूज़ मीडिया में कई ख़बरें चल रही हैं, जिनमें कहा जा रहा है कि जनरल डैनियल केन ईरान के ख़िलाफ़ युद्ध के फ़ैसले के विरोध में हैं. इन ख़बरों में इस कथित जानकारी का कोई स्रोत नहीं बताया गया है और यह 100 फ़ीसदी ग़लत है.’’
उन्होंने लिखा, ‘’जनरल केन हम सबकी तरह युद्ध नहीं देखना चाहते. लेकिन यदि ईरान के ख़िलाफ़ सैन्य कार्रवाई का निर्णय लिया जाता है, तो उनकी राय है कि यह आसानी से जीता जाने वाला कदम होगा. वह ईरान को अच्छी तरह जानते हैं, क्योंकि वे “मिडनाइट हैमर” ऑपरेशन के प्रभारी थे, जो ईरान के परमाणु एनरिचमेंट प्रोग्राम पर हमला था.’’
ट्रंप ने लिखा, ‘’ईरान के साथ संभावित युद्ध के बारे में जो कुछ भी लिखा गया है, वह गलत और जानबूझकर फैलाया गया भ्रम है. फै़सला मैं करता हूं. मैं समझौता करना ज्यादा पसंद करूंगा, लेकिन अगर समझौता नहीं हुआ, तो उस देश के लिए और दुर्भाग्य से उसके लोगों के लिए बहुत बुरा दिन होगा. वे लोग कमाल के हैं उनके साथ ऐसा कभी नहीं होना चाहिए.’’
ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत चल रही है. लेकिन अभी तक इसमें कोई पक्की कामयाबी नहीं मिली है. ईरान अमेरिका की अतिरिक्त शर्तों को मानने को तैयार नहीं दिख रहा है.
टी-20 वर्ल्ड कप: वेस्टइंडीज़ के हेटमायर की बल्लेबाज़ी ने ढाया कहर, ज़िम्बाब्वे की 107 रनों से बुरी हार
इमेज स्रोत, Punit PARANJPE / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, शिमरन हेटमायर ज़िम्बॉब्वे के ख़िलाफ़ सिक्सर लगाते हुए
टी-20 के सुपर 8 मुक़ाबले में वेस्टइंडीज़ ने ज़िम्बाब्वे को 107 रनों के भारी अंतर से हरा दिया. वेस्टइंडीज़ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट के नुक़सान पर 254 रन बनाए थे.
इसके जवाब में ज़िम्बाब्वे की टीम 147 रनों पर सिमट गई और उन्हें मैच में 107 रनों से हार का सामना करना पड़ा.
वेस्टइंडीज़ के लिए गुडाकेश मोती ने 4 विकेट हासिल किए.
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मैच में वेस्टइंडीज़ की जीत में शिमरन हेटमायर और रोवमन पावेल के अर्द्धशतक की अहम भूमिका रही. वहीं गेंदबाजी में गुडाकेश मोती ने कमाल दिखाया.
हेटमायर ने मिले दो जीवनदान का फ़ायदा उठाया और ग्रीम क्रेमर का स्वागत लगातार दो सिक्सर के साथ किया और फिर सिकंदर रजा की गेंदों पर 3 सिक्सर के साथ सिर्फ 19 गेंद में अपनी हाफ सेंचुरी पूरी कर ली.
लक्ष्य का पीछा करने उतरे ज़िम्बाब्वे की शुरुआत खराब रही और टीम ने 20 रन के स्कोर तक 3 विकेट गंवा दिए थे.
इस जीत के साथ वेस्टइंडीज़ का नेट रनरेट +5.350 का हो गया है और वह प्वाइंट्स टेबल में पहले स्थान पर मौजूद है.
एपस्टीन फ़ाइल मामले में अमेरिका में ब्रिटेन के राजदूत रहे पीटर मैंडसलन गिरफ़्तार
इमेज स्रोत, Pool/BBC News
इमेज कैप्शन, पीटर मैंडलसन (पुलिसकर्मी के पीछे) को गिरफ़्तार करके ले जाती मेट्रोपॉलिटन पुलिस
ब्रिटिश पुलिस ने अमेरिका में ब्रिटेन के राजदूत रहे पीटर मैंडलसन को सार्वजनिक पद के दुरुपयोग के संदेह में गिरफ़्तार किया है.
उनकी गिरफ़्तारी एपस्टीन फ़ाइल से जुड़ी एक जांच के बाद हुई है.
इससे पहले ब्रिटेन के पूर्व प्रिंस एंड्रयू माउंटबेटन को एपस्टीन फ़ाइल से जुड़े एक मामले में गिरफ़्तार किया गया था. उन पर भी सार्वजनिक पद के दुरुपयोग के आरोप थे.
लंदन मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने बताया कि 72 वर्षीय मैंडलसन को सोमवार को उत्तरी लंदन के कैमडेन स्थित एक पते से गिरफ़्तार किया गया और पूछताछ के लिए पुलिस स्टेशन ले जाया गया.
पुलिस के बयान में कहा गया कि यह गिरफ़्तारी विल्टशायर और कैमडेन के दो ठिकानों पर तलाशी वारंट जारी किए जाने के बाद हुई.
पुलिस ने इस महीने की शुरुआत में उन आरोपों की जांच शुरू की थी, जिनमें कहा गया है कि सरकार में मंत्री रहते हुए मैंडलसन ने मार्केट को प्रभावित करने वाली संवेदनशील सरकारी जानकारी यौन अपराधी जेफ़री एपस्टीन को दी थी.
रांची से दिल्ली जा रही एयर एंबुलेंस क्रैश, क्रू मेंबर समेत सात लोग थे सवार
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, रांची के पास दुर्घटनाग्रस्त एयर एंबुलेंस
रांची से दिल्ली जा रही एक एयर एम्बुलेंस झारखंड के सिमरिया के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई. यह जानकारी रांची एयरपोर्ट के निदेशक ने दी. इसमें सात लोग सवार थे.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ आधिकारिक बयान में कहा गया है कि 23 फ़रवरी को रेडबर्ड एयरवेज प्राइवेट लिमिटेड का बीचक्राफ्ट C90 विमान ‘रांची–दिल्ली’ सेक्टर पर मेडिकल इवैक्यूएशन (एयर एबुंलेंस) उड़ान भर रहा था.लेकिन यह विमान झारखंड के चतरा ज़िले के कसारिया पंचायत में हादसे का शिकार हो गया.
विमान में दो क्रू मेंबर सहित कुल सात लोग सवार थे. विमान ने रांची से शाम 7 बजकर 11 मिनट पर उड़ान भरी थी. कोलकाता से संपर्क स्थापित करने के बाद शाम 7 बजकर 34 मिनट पर विमान का कोलकाता से रडार संपर्क टूट गया. उस समय ये विमान वाराणसी से लगभग 100 नॉटिकल माइल दक्षिण-पूर्व में था.
ज़िला प्रशासन की खोज और बचाव टीम मौके पर पहुंच गई है और दुर्घटना की जांच के लिए एएआईबी की टीम रवाना की जा रही है.
नमस्कार!
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.
कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.