अफ़ग़ानिस्तान ने पाकिस्तान के ख़िलाफ़ संयुक्त राष्ट्र में क्या शिकायत दर्ज करवाई
अफ़ग़ानिस्तान के परमानेंट मिशन ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में पाकिस्तान के हालिया हवाई हमलों की 'औपचारिक शिकायत' दर्ज की है. ये हमले नंगरहार और पकतीका प्रांत में हुए थे.
अब इस लाइव ब्लॉग को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा को दीजिए इजाज़त.
कल एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर हाज़िर होंगे. तब तक आप बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद अहम ख़बरों को उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.
अफ़ग़ानिस्तान ने पाकिस्तान के ख़िलाफ़ संयुक्त राष्ट्र में क्या शिकायत दर्ज करवाई
इमेज स्रोत, Afghanistan Mission to UN
इमेज कैप्शन, अफ़ग़ानिस्तान के स्थायी प्रतिनिधि नासिर अहमद फ़ईक़ ने इसकी जानकारी दी है
अफ़ग़ानिस्तान के परमानेंट मिशन ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में पाकिस्तान के हालिया हवाई हमलों की 'औपचारिक शिकायत' दर्ज की है. ये हमले नंगरहार और पकतीका प्रांत में हुए थे.
बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, अफ़ग़ानिस्तान के स्थायी प्रतिनिधि नासिर अहमद फ़ईक़ ने अपने फ़ेसबुक पेज पर दावा किया कि इन हमलों में आम लोग भी मारे गए, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं.
फ़ईक़ ने कहा, "आज अफ़ग़ानिस्तान के परमानेंट मिशन ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में औपचारिक शिकायत दर्ज की है."
उन्होंने कहा, "हम इन उल्लंघनों को तुरंत रोकने की मांग करते हैं. जांच करने, ज़िम्मेदारी तय करने, क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान करने, संयुक्त राष्ट्र चार्टर का पालन करने और अंतरराष्ट्रीय क़ानून का पूरा पालन करने की अपील करते हैं."
संयुक्त राष्ट्र में अफ़ग़ानिस्तान के स्थायी प्रतिनिधि ने रविवार को एक बयान में पाकिस्तान के हमलों की निंदा की और इन्हें 'संयुक्त राष्ट्र चार्टर का खुला उल्लंघन' और 'मानवाधिकारों के मान्य सिद्धांतों के ख़िलाफ़' बताया था.
पाकिस्तान: महिला डॉक्टर ने पुरुषों को बाहर बैठने के लिए कहा तो हो गई हत्या
इमेज स्रोत, Aytug Can Sencar/Anadolu Agency/Getty Images
इमेज कैप्शन, पुलिस के अनुसार अभियुक्त की पहचान हो चुकी है (सांकेतिक तस्वीर)
पाकिस्तान के ख़ैबर पख़्तूनख़्वा में एक महिला डॉक्टर की अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी. शुरुआती रिपोर्टों यह वजह बताई जा रही है कि डॉक्टर ने महिला मरीज़ों के साथ आए पुरुषों से बाहर बैठने को कहा.
ज़िला मुख्यालय अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ ताहिर ने बीबीसी उर्दू को बताया कि रविवार को इफ़्तार का समय था, महिला डॉक्टर रोज़ा खोलकर नमाज़ पढ़ रही थीं. तभी दो महिलाएं और दो पुरुष इमरजेंसी में आए.
डॉक्टर ने पुरुषों से बाहर बैठने को कहा, लेकिन उन्होंने मना कर दिया और बहस शुरू हो गई. वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों पुरुषों को बाहर बैठा दिया. जांच पूरी होने के बाद डॉक्टर ने पुलिस से कहा कि उन्हें जाने दें और वे चले गए.
उन्होंने बताया, "लेकिन रात 8 बजे जब महिला डॉक्टर ड्यूटी ख़त्म कर घर जा रही थीं, तो वही दो पुरुष और एक तीसरा शख़्स अस्पताल के बाहर मौजूद थे. सीसीटीवी फ़ुटेज में दिखा कि डॉक्टर रिक्शा में बैठकर निकलीं और वे लोग पीछे-पीछे गए. आगे की फ़ुटेज अस्पताल के सीसीटीवी में नहीं है. बताया गया कि अस्पताल से 200 से 300 मीटर दूर महिला डॉक्टर पर गोली चलाई गई, जिससे उनकी मौत हो गई."
कोहाट ज़िला पुलिस अधिकारी शाहबाज़ इलाही ने कहा कि एफ़आईआर दर्ज कर ली गई है और जांच शुरू हो गई है. उनके अनुसार अभियुक्तों की पहचान हो चुकी है और उन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है.
टी-20 वर्ल्ड कप: वेस्ट इंडीज़ ने ज़िम्बाब्वे को 255 रन का लक्ष्य दिया
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, शिमरोन हेटमायर ने 85 रनों की पारी खेली है
टी-20 वर्ल्ड कप का चौथा सुपर-8 मैच वेस्ट इंडीज़ और ज़िम्बाब्वे के बीच खेला जा रहा है. वेस्ट इंडीज़ ने ज़िम्बाब्वे को 255 रन का लक्ष्य दिया है.
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में हो रहे इस मुक़ाबले में ज़िम्बाब्वे ने टॉस जीतकर गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया था. वेस्ट इंडीज़ ने 20 ओवर में 6 विकेट गंवाकर 254 रन बनाए हैं.
वेस्ट इंडीज़ की ओर से सर्वाधिक स्कोर शिमरोन हेटमायर का रहा, उन्होंने 34 गेंदों में 85 रन बनाए. उनके बाद रोवमैन पॉवेल ने 35 गेंदों में 59 रन बनाए. वेस्ट इंडीज़ के कप्तान शाई होप 14 रन ही बना पाए, उन्हें ब्रैड इवांस ने पवेलियन भेजा.
हेटमायर ने 19 गेंदों में ही अर्धशतक जड़ दिया था. हेटमायर टी-20 वर्ल्ड कप में सबसे तेज़ अर्धशतक लगाने वाले वेस्ट इंडीज़ के बल्लेबाज़ बन गए हैं.
अमेरिका: कई हिस्सों में 22 इंच तक बर्फ़बारी, न्यूयॉर्क में सफ़र करना 'लगभग नामुमकिन'
इमेज स्रोत, Noam Galai/Getty Images
इमेज कैप्शन, न्यूयॉर्क के सेंट्रल पार्क में ही 15 इंच से ज़्यादा बर्फ़ दर्ज की गई है
अमेरिका में तूफ़ान की वजह से आम लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. नेशनल वेदर सर्विस ने बताया कि देश के कुछ हिस्सों में 22 इंच (55.9 सेंटीमीटर) से ज़्यादा बर्फ़ गिरी है. न्यूयॉर्क के सेंट्रल पार्क में ही 15 इंच से ज़्यादा बर्फ़ दर्ज की गई है.
राज्य की एक एजेंसी ने चेतावनी दी है कि न्यूयॉर्क में सफ़र करना लगभग नामुमकिन होगा, क्योंकि अमेरिका के पूर्वी हिस्से में बड़ा तूफ़ान आया है.
न्यूयॉर्क स्टेट डिविज़न ऑफ़ होमलैंड सिक्योरिटी एंड इमरजेंसी सर्विसेज़ के मुताबिक, "तेज़ हवाओं और तेज़ बर्फ़बारी से सफ़ेद धुंध जैसी हालत बनेगी जिससे डाउनस्टेट न्यूयॉर्क में विज़िबिलिटी बहुत कम होगी."
इमेज स्रोत, Michael M. Santiago/Getty Images
इमेज कैप्शन, न्यूयॉर्क सिटी के ब्रुकलिन इलाक़े की तस्वीर
राज्य के परिवहन विभाग ने एक अलग पोस्ट में कहा, "अगर आप आज घर से काम कर सकते हैं तो करें."
कनेक्टिकट परिवहन विभाग ने एक्स पर लिखा, "घर पर रहें और सड़कों से दूर रहें. अगर बाहर जाना ज़रूरी है तो धीरे चलें, सतर्क रहें."
सर्दी के तूफ़ान की चेतावनी नॉर्थ कैरोलिना से लेकर उत्तरी मेन तक दी गई है. पूर्वी कनाडा के कुछ हिस्सों में भी चेतावनी जारी है. सोमवार तक अमेरिका में आने-जाने वाली 5,000 से ज़्यादा उड़ानें रद्द हो चुकी हैं और लाखों लोग बिजली के बिना हैं.
इमेज स्रोत, Ryan Murphy/Getty Images
इमेज कैप्शन, न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर की तस्वीर
इमेज स्रोत, Kena Betancur/Getty Images
इमेज कैप्शन, न्यू जर्सी की तस्वीर
राहुल गांधी ने वीडियो जारी कर अमेरिका के साथ ट्रेड डील पर उठाए सवाल, पीएम मोदी पर ये कहा
इमेज स्रोत, X/@RahulGandhi
इमेज कैप्शन, राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के बब्बर शेर देश की रक्षा करते रहेंगे
कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक वीडियो जारी किया है. इसमें उन्होंने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील में देश को बेच दिया गया है.
राहुल गांधी ने अपने एक्स हैंडल पर वीडियो पोस्ट किया, जिसमें कहा, "प्रधानमंत्री शर्म की बात करते हैं. शर्म की बात मैं आपको बताता हूं. आपने अमेरिका के साथ ट्रेड डील में देश को बेच दिया, हमारे देश का डेटा दे दिया, किसानों को ख़त्म कर दिया और टेक्सटाइल इंडस्ट्री बर्बाद कर दी. ये शर्म की बात है."
उन्होंने आगे कहा, "एपस्टीन फ़ाइल्स में आपका, आपके मंत्री और आपके मित्र का साथ में नाम आना, ऐसे घिनौने अपराधी के साथ आपका नाम जुड़ा होना, शर्म की बात है."
राहुल गांधी ने कहा, "पूरा देश जानता है कि अदानी पर अमेरिका में चल रहे केस ने आपकी रातों की नींद उड़ा रखी है. यह बीजेपी और आपके फ़ाइनेंशियल आर्किटेक्चर पर केस है."
राहुल ने वीडियो में कहा, "मोदी जी, आप अपने मित्रों अनिल अंबानी, अदानी और अपने लिए जो उचित समझें, वो कीजिए. मैं और कांग्रेस पार्टी के बब्बर शेर देश की रक्षा करते रहेंगे, एक इंच पीछे नहीं हटेंगे."
गौरतलब है कि इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कांग्रेस पर निशाना साधा था. उन्होंने कहा था, "एआई समिट भाजपा का समारोह नहीं था, ये देश का कार्यक्रम था. लेकिन कांग्रेस ने सारी मर्यादाएं तोड़ दी. पूरे देश में कांग्रेस की इस रीति-नीति पर थू-थू हो रही है, लेकिन दुर्भाग्य है कि इतनी पुरानी पार्टी के नेता लजाने के बजाय गरजते हैं."
उत्तर प्रदेश: पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर प्राइवेट बस पलटी, पांच लोगों की मौत
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, प्राइवेट डबल-डेकर बस का कंट्रोल बिगड़ा और पलट गई
लखनऊ के गोसाईगंज थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक प्राइवेट डबल-डेकर बस का कंट्रोल बिगड़ गया और बस पलट गई. हादसे में पांच लोगों की मौत की सूचना है.
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल ले जाया गया.
लखनऊ डिवीजनल कमिश्नर विजय विश्वास पंत ने कहा "हादसे में31 घायल हुए, 5 की मौत हो गई है. 17 घायलों को बेहतर इलाज के लिए केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है. इस हादसे के लिए जो भी ज़िम्मेदार होगा, उसके ख़िलाफ़ कार्रवाई की जाएगी."
विजय विश्वास ने कहा कि मामले की जांच हो रही है. हमारे लिए सबसे ज़रूरी है कि घायल यात्रियों का इलाज हो.
दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिली, स्पीकर ने पुलिस कमिश्नर को लिखी चिट्ठी
इमेज स्रोत, Raj K Raj/Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, ई-मेल पर दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी (फ़ाइल फ़ोटो)
दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को पर्सनल ई-मेल पर दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है.
दिल्ली विधानसभा के आधिकारिक एक्स हैंडल से इसकी जानकारी दी गई है, साथ ही कहा गया है कि इस बारे में संबंधित सुरक्षा विभाग को भी बताया गया है.
दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष ने दिल्ली पुलिस आयुक्त को एक चिट्ठी भी लिखी है, जिसमें आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है.
इससे पहले राजधानी के धौला कुआं के आर्मी पब्लिक स्कूल और लोदी रोड के एयर फोर्स बाल भारती स्कूल को भी बम से उड़ाने की धमकी वाले ई-मेल मिले, हालांकि तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध चीज़ नहीं मिली.
इमेज स्रोत, PTI
इमेज कैप्शन, दिल्ली विधानसभा स्पीकर ने पुलिस कमिश्नर को चिट्ठी लिखी है
टी-20 वर्ल्ड कप 2026: ज़िम्बाब्वे ने वेस्ट इंडीज़ के ख़िलाफ़ टॉस जीतकर गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया
इमेज स्रोत, Punit PARANJPE / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, दोनों टीमों के बीच वानखेड़े स्टेडियम में मैच हो रहा है
वेस्ट इंडीज़ और ज़िम्बाब्वे के बीच टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का सुपर-8 मुक़ाबला हो रहा है. ज़िम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया है.
दोनों टीमों के बीच वानखेड़े स्टेडियम में मैच हो रहा है. वेस्ट इंडीज़ के कप्तान शाई होप हैं, जबकि ज़िम्बाब्वे की कप्तानी सिकंदर रज़ा कर रहे हैं.
ग्रुप-1 का हिस्सा वेस्ट इंडीज़ और ज़िम्बाब्वे का सुपर-8 राउंड में यह पहला मुक़ाबला है. दोनों टीम टूर्नामेंट में अभी तक नहीं हारी हैं. वेस्ट इंडीज़ दो बार की चैंपियन रही है.
इमेज कैप्शन, गाय और भैंस के दूध को लेकर राजस्थान के शिक्षामंत्री के बयान पर आज का कार्टून.
मणिपुरी फ़िल्म 'बूंग' के बाफ़्टा अवॉर्ड जीतने पर क्या बोलीं ममता बनर्जी
इमेज स्रोत, Samir Jana/Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, ममता बनर्जी ने 'बूंग' फ़िल्म की पूरी टीम और कलाकारों को शुभकामनाएं दीं (फ़ाइल फ़ोटो)
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मणिपुरी भाषा की फ़ीचर फ़िल्म 'बूंग' को अवॉर्ड मिलने पर ख़ुशी जताई है.
दरअसल, बाफ़्टा (ब्रिटिश एकेडमी ऑफ़ फ़िल्म एंड टेलीविज़न आर्ट्स) अवॉर्ड्स 2026 में भारत की मणिपुरी भाषा की फ़ीचर फ़िल्म 'बूंग' को अवॉर्ड मिला है.
ममता बनर्जी ने एक्स पोस्ट में लिखा, "मैं यह जानकर बहुत ख़ुश हूं कि मणिपुरी फ़िल्म 'बूंग' ने बाफ़्टा अवॉर्ड्स में इतिहास रच दिया है. तमाम मुश्किलों के बावजूद इस फ़िल्म को बेस्ट चिल्ड्रन एंड फ़ैमिली फ़िल्म का ख़िताब मिला, यह इस ख़ास कैटेगरी में जीतने वाली पहली भारतीय फ़िल्म बनी."
"बूंग की पूरी टीम और कलाकारों को मेरी तरफ़ से ढेर सारी शुभकामनाएं. आपने पूरे देश को गर्व महसूस कराया है."
यह फ़िल्म फ़रहान अख़्तर के 'एक्सेल इंटरटेनमेंट' प्रोडक्शन हाउस के तहत बनी है. इसे लक्ष्मीप्रिया देवी ने डायरेक्ट किया है.
भारत सरकार ने जारी की 'एंटी-टेरर पॉलिसी', किन बातों का है ज़िक्र?
इमेज स्रोत, Nasir Kachroo/NurPhoto via Getty Images
इमेज कैप्शन, भारत सरकार ने पहली एंटी-टेरर पॉलिसी का नाम 'प्रहार' रखा है (फ़ाइल फ़ोटो)
भारत सरकार ने पहली एंटी-टेरर पॉलिसी जारी की है. गृह मंत्रालय की ओर से जारी की गई पॉलिसी का नाम 'प्रहार' है. इसके मुताबिक़, 'भारत ने कभी आतंकवाद को किसी धर्म, जाति, देश या संस्कृति से नहीं जोड़ा.'
भारत सरकार की 'एंटी-टेरर पॉलिसी' में कहा गया है कि देश पानी, ज़मीन और हवा में 'आतंकवादी ख़तरों' का सामना कर रहा है.
भारत की ओर से जारी की गई पॉलिसी में 'क्रॉस बॉर्डर आतंकवाद, क्रिमिनल हैकर्स और साइबर हमले' का ज़िक्र है.
सरकार की ओर से जारी दस्तावेज़ के मुताबिक, "आतंकवाद-रोधी रणनीति प्रहार इन सिद्धांतों पर आधारित है: आतंकवादी हमलों को रोकना, ख़तरे के हिसाब से तेज़ और सही जवाब देना, सभी सरकारी एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल, मानवाधिकार और क़ानून के नियमों के तहत कार्रवाई, कट्टरपंथ और अतिवाद को रोकना, दुनिया के साथ मिलकर आतंकवाद पर कार्रवाई और समाज की मदद से तेजी से सुधार."
भारत के दूतावास की एडवाइजरी- भारतीय नागरिक तुरंत छोड़ दें ईरान
इमेज स्रोत, Indian Embassy
इमेज कैप्शन, भारतीय दूतावास की एडवाइज़री
अमरीका-ईरान में चल रहे विवाद के बीच तेहरान स्थित भारत के दूतावास ने अपने नागरिकों को ईरान छोड़ने की अपील की है.
भारत सरकार ने जनवरी में जारी की गई एडवाइज़री को भी दोहराया है, जब ख़ामेनेई सरकार अपने ख़िलाफ़ हो रहे प्रदर्शनों पर सख़्ती दिखा रही थी.
भारतीय दूतावास की ओर से एडवाइज़री में कहा गया है, "ईरान की बदलती स्थिति को देखते हुए, ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों (छात्र, तीर्थयात्री, कारोबारी और पर्यटक) को सलाह दी जाती है कि वे उपलब्ध साधनों से ईरान छोड़ दें."
साथ ही कहा गया है कि ईरान में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों से कहा जाता है कि वे अपने यात्रा और इमिग्रेशन दस्तावेज़, जैसे पासपोर्ट और पहचान पत्र, हमेशा अपने पास रखें. किसी भी मदद के लिए भारतीय दूतावास से संपर्क करें.
भारतीय दूतावास ने आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं- +989128109115; +989128109109; +989128109102; +989932179359
इसके अलावा एक ईमेल आईडी भी जारी हुई है- cons.tehran@mea.gov.in
कांग्रेस का दावा- यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब को पुलिस ने हिरासत में लिया
इमेज स्रोत, Vipin Kumar/Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, कांग्रेस ने कहा कि विरोध करना लोकतंत्र का बुनियादी अधिकार है (फ़ाइल फ़ोटो)
कांग्रेस ने दावा किया है कि इंडियन यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. एआई इम्पैक्ट समिट में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने टी-शर्ट उतारकर विरोध प्रदर्शन किया था, इसी मामले में उदय भानु को हिरासत में लिया गया है.
कांग्रेस ने आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा, "इंडियन यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब और कई अन्य सदस्यों को दिल्ली पुलिस ने एआई सम्मेलन में हुए विरोध की वजह से हिरासत में लिया है, हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं.
"विरोध करना लोकतंत्र का बुनियादी अधिकार है, कोई अपराध नहीं. यूथ कांग्रेस के सदस्य शांतिपूर्वक विरोध कर रहे थे, बिना किसी उकसावे या हिंसा के. उनका 'गुनाह' सिर्फ इतना था कि उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कंप्रोमाइज़्ड हैं, जिसे मोदी सरकार बर्दाश्त नहीं कर सकी."
कांग्रेस ने पुलिस की इस कार्रवाई को 'सत्ता का साफ़ दुरुपयोग' और 'असहमति की आवाज़ दबाने की कोशिश' बताई.
कांग्रेस ने मांग हिरासत में लिए गए लोगों की तुरंत रिहाई और सभी आरोपों को वापस लेने की मांग की.
दरअसल, दिल्ली में आयोजित एआई समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने टी-शर्ट उतारकर विरोध प्रदर्शन किया था. साथ ही पीएम मोदी के ख़िलाफ़ नारेबाज़ी की थी. कांग्रेस ने इस विरोध प्रदर्शन को 'लोकतांत्रिक अधिकार' बताया था, जबकि बीजेपी समेत कई राजनीतिक दलों ने इसकी आलोचना की है.
राहुल गांधी से मिलकर क्या बोले कोटद्वार के 'मोहम्मद दीपक'?
इमेज स्रोत, X/@INCIndia
इमेज कैप्शन, कांग्रेस ने दीपक को 'मोहब्बत की दुकान' का योद्धा बताया
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 'मोहम्मद दीपक' से मुलाक़ात की है. कांग्रेस पार्टी के आधिकारिक एक्स हैंडल से दोनों की तस्वीरें पोस्ट हुई हैं. पोस्ट में दीपक को 'मोहब्बत की दुकान' का योद्धा बताया गया है.
कांग्रेस पार्टी ने लिखा, "नेता विपक्ष राहुल गांधी ने उत्तराखंड के 'मोहम्मद दीपक' से मुलाक़ात की. मोहम्मद दीपक ने एकता, भाईचारे और हिम्मत की वो मिसाल पेश की है, जो देश के हर युवा को अन्याय और नफ़रत के खिलाफ लड़ने का हौसला देगा. दीपक 'मोहब्बत की दुकान' के योद्धा हैं, पूरे देश को इन पर गर्व है."
राहुल गांधी से मुलाक़ात के बाद दीपक ने कहा, "राहुल गांधी ने मुझे मिलने के लिए बुलाया था. उन्होंने मेरे परिवार से बात की और मुझे तसल्ली दी कि डरने की कोई ज़रूरत नहीं, आपने कोई ग़लत काम नहीं किया है. उन्होंने कहा है कि वे कोटद्वार आकर मुझसे मिलेंगे और मेरे जिम की मेंबरशिप लेंगे."
'मोहम्मद दीपक' का असली नाम दीपक कश्यप है, वे उत्तराखंड में कोटद्वार के रहने वाले हैं. 26 जनवरी को कुछ लोग दुकानदार वकील अहमद की दुकान पर पहुंचे और उन्हें दुकान का नाम बदलने के लिए कहने लगे. तभी दीपक ने बीच-बचाव किया और अपना नाम 'मोहम्मद दीपक' बता दिया था.
अविमुक्तेश्वरानंद पॉक्सो के तहत हुई एफ़आईआर पर बोले- सीडी है तो उसको सार्वजनिक करो
इमेज स्रोत, Santosh Kumar/Hindustan Times via Getty
इमेज कैप्शन, स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने ख़ुद के ऊपर लगे आरोपों को 'झूठा' बताया (फ़ाइल फ़ोटो)
उत्तराखंड के ज्योतिर्मठ के प्रमुख
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने उत्तर प्रदेश में बाल यौन शोषण (पॉक्सो) के
आरोपों में एफ़आईआर दर्ज होने पर सरकार और प्रशासन पर कई तरह के आरोप लगाए हैं.
उन्होंने कहा कि यह 'शंकराचार्य नाम की संस्था पर हमला' है. उनका कहना है कि जो शंकराचार्य सत्ता के साथ
हैं, उन्हें सारी सुविधाएं दी जा रही हैं
और जो सवाल करते हैं उन पर आरोप लगाए जाते हैं.
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने
ये आरोप सोमवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान लगाए.
पुलिस ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती और उनके शिष्य स्वामी मुकुंदानंद ब्रह्मचारी के अलावा 2-3 अज्ञात लोगों पर बाल यौन शोषण के आरोपों में एफ़आईआर दर्ज की है.
प्रयागराज की पॉक्सो अदालत ने शनिवार को झूंसी पुलिस स्टेशन के एसएचओ को निर्देश दिए थे कि वह लैंगिक अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम यानी पॉक्सो क़ानून की धाराओं के तहत इन अभियुक्तों के ख़िलाफ़ मामला दर्ज करें.
अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने और क्या कहा?
उन्होंने कहा कि माघ मेले के दौरान
जब वह प्रयागराज में धरने पर बैठे थे, उस वक्त
हर जगह सीसीटीवी कैमरे लगे हुए थे. ऐसे में सारी घटनाएं सीसीटीवी में दर्ज हैं.
उन्होंने यह भी कहा, "वे लड़के कभी हमारे गुरुकुल में नहीं आए, कभी पढ़ाई नहीं की और हमारा उनसे कोई संबंध नहीं
है... जब वे कभी यहां आए ही नहीं और इस जगह से उनका कोई संबंध नहीं है, तो कोई उनके साथ कुछ कैसे कर सकता है?"
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने
कहा कि 'भ्रम फैला' रहे हैं कि एक सीडी है. उन्होंने सवाल किया, "उस सीडी को सार्वजनिक क्यों नहीं किया जा रहा?"
बिहार में खुले में मांस बिक्री पर सरकार लगाएगी रोक, डिप्टी सीएम ने दिया यह तर्क
इमेज स्रोत, Santosh Kumar/Hindustan Times via Getty
इमेज कैप्शन, डिप्टी सीएम ने कहा कि लोग नियम के तहत काम करें (फ़ाइल फ़ोटो)
बिहार के उप-मुख्यमंत्री विजय कुमार
सिन्हा ने खुले में मांस-मछली की बिक्री से जुड़ा एक बयान दिया है.
उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ वाली जगह
पर खुले तौर पर मांस और मछली की बिक्री उनकी 'भावनाओं को प्रदूषित' करती है.
यह बात उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से कही है.
उन्होंने यह भी कहा कि स्वास्थ्य के
दृष्टिकोण से, सामाजिक सौहार्द के लिए और बच्चों
में हिंसक प्रवृत्ति को रोकने के लिए बिहार सरकार शैक्षणिक और धार्मिक संस्थानों
के पास और भीड़भाड़ वाले खुले स्थानों में मांस और मछली की बिक्री पर प्रतिबंध
लगाएगी.
डिप्टी सीएम ने कहा कि लोग नियम के
तहत काम करें.
उन्होंने कहा, "हमें खानपान से आपत्ति नहीं है, लेकिन सामाजिक सौहार्द, पवित्रता की भावनाओं को चोट न पहुंचे और प्रदूषित सामान लोगों के
स्वास्थ्य को ख़राब न करे. लोग इस नियम का सख़्ती से पालन करें, नहीं करेंगे तो उस पर कार्रवाई भी होगी."
नेपाल में यात्री बस खाई में गिरी, कम से कम 19 लोगों की मौत
इमेज स्रोत, RSS
इमेज कैप्शन, बस पोखरा से काठमांडू जा रही थी
बीबीसी नेपाली सेवा के मुताबिक़,
नेपाल के धाडिंग में एक बस दुर्घटना में कम से कम
19 लोगों की मौत हुई है. मरने वालों में विदेशी नागरिक भी शामिल हैं.
अधिकारियों के मुताबिक़, यह हादसा रविवार की आधी रात हुआ. अब तक हादसे का
कारण स्पष्ट नहीं हुआ है.
धाडिंग के मुख्य जिला अधिकारी विजय
राज सुबेदी ने बताया कि पोखरा से काठमांडू जा रही बस धाडिंग में सड़क से उतरकर
त्रिशुली नदी के किनारे जा गिरी. उन्होंने बताया कि बस सड़क से 'क़रीब 300 मीटर' नीचे गिरी.
नेपाल पुलिस के प्रवक्ता अभिनारायण
काफले ने बताया कि घटनास्थल पर ही 17 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोगों की इलाज के दौरान मौत हुई.
काठमांडू जिला पुलिस रेंज के एक
प्रवक्ता के हवाले से राष्ट्रीय समाचार समिति ने बताया कि घायलों में से 12 का
इलाज नेशनल ट्रॉमा सेंटर में और 10 का इलाज कलंकी के अस्पताल में किया जा रहा
है.
टी20 वर्ल्ड कप: अक्षर पटेल को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखने पर आर अश्विन ने उठाए सवाल
इमेज स्रोत, Gareth Copley/Getty
इमेज कैप्शन, अक्षर पटेल को दक्षिण अफ़्रीका और नीदरलैंड्स के ख़िलाफ़ हुए मैच से बाहर रखा गया (फ़ाइल फ़ोटो)
टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 मुक़ाबले
में दक्षिण अफ़्रीका से भारत की करारी हार के बाद पूर्व क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन
ने प्लेइंग इलेवन पर सवाल उठाया है.
अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल 'एश की बात' में कहा, "आईपीएल
वगैरह में टीम में बदलाव समझ में आता है, क्योंकि
वहां 14 मैच होते हैं. लेकिन ऐसे आईसीसी कैंपेन्स (टी20 वर्ल्ड कप) में आप जितना
टीम को स्थिर रख सकते हो उतना बेहतर है."
उन्होंने कहा, "मैं पूरी तरह सहमत हूं कि बाएं हाथ के बल्लेबाज़ के
ख़िलाफ़ वॉशिंगटन सुंदर का इस्तेमाल करना है. लेकिन अक्षर पटेल टी20 में आपके
एमवीपी (मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर) रहे हैं."
अश्विन ने कहा, "हमें नहीं भूलना चाहिए कि अक्षर पटेल पहले क्या
कर चुके हैं. पिछले वर्ल्ड कप में दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ इस मैच जैसी ही स्थिति
थी. ऐसी ही स्थिति में वह बल्लेबाज़ी करने आए थे."
2024 में हुए टी20 वर्ल्ड कप फ़ाइनल में अक्षर पटेल ने 31 गेंदों पर 47 रन बनाए थे.
अक्षर पटेल मौजूदा टी20 टीम के उप कप्तान हैं. इस वर्ल्ड कप में उन्होंने शुरुआती तीन मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने कुल छह विकेट हासिल किए.
उन्होंने हर एक मैच में दो-दो विकेट
झटके. हालांकि, बल्लेबाज़ी में अक्षर पटेल इस
टूर्नामेंट में अब तक कुछ ख़ास नहीं कर पाए हैं.
अक्षर ने अमेरिका के ख़िलाफ़ 14 रन
बनाए, जबकि नामीबिया और पाकिस्तान के
ख़िलाफ़ वह अपना खाता भी नहीं खोल पाए.