You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

अमेरिका मेक्सिको पर लगाए टैरिफ़ को एक महीने के लिए रोकेगा, जानिए क्यों

मेक्सिको ने कहा है कि अमेरिका के साथ सीमा के मुद्दे पर बातचीत के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक महीने के लिए मेक्सिको पर टैरिफ को रोक रहे हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

सौरभ यादव और अश्वनी पासवान

  1. डोनाल्ड ट्रंप ने कहा- टैरिफ़ पर कनाडा और मेक्सिको से करेंगे बात

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा और मेक्सिको पर 25 फ़ीसदी टैरिफ़ लगाने के बाद कहा है कि वह सोमवार को कनाडा और मेक्सिको से बात करेंगे.

    राष्ट्रपति ट्रंप ने रविवार को कनाडा, चीन और मेक्सिको पर टैरिफ लगाने की घोषणा की थी.

    अब डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है, "वह टैरिफ़ पर मेक्सिको और कनाडा के नेताओं से सोमवार को बातचीत करेंगे. अमेरिका की ओर से कनाडा और मेक्सिको पर लगाया गया टैरिफ़ मंगलवार रात से प्रभावी होना है."

    कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो और मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम ने जवाब में अमेरिका पर टैरिफ लगाने की बात कही थी.

    कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने कहा था, “डोनाल्ड ट्रंप की ओर से लगाए गए टैरिफ़ के जवाब में कनाडा भी टैरिफ़ लागू करेगा. उनकी सरकार 155 अरब डॉलर मूल्य के अमेरिकी उत्पादों पर 25 फ़ीसदी टैरिफ़ लागू करेगी.”

    वहीं मेक्सिको की राष्ट्रपति ने कहा था, “हम भी अमेरिका के ख़िलाफ़ टैरिफ़ समेत जवाबी कार्रवाई करेंगे.”

  2. अमेरिका के टैरिफ़ पर मेक्सिको की राष्ट्रपति ने कहा- संप्रभुता से समझौता नहीं होगा

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से मेक्सिको पर लगाए गए 25 फ़ीसदी टैरिफ़ पर मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम ने कहा कि मेक्सिको किसी तरह का टकराव नहीं चाहता है’ और उन्होंने चेतावनी दी है कि ‘उनमें साहस की कमी नहीं है’.

    राष्ट्रपति शिनबाम ने कहा है कि उनके पास लोगों का समर्थन है और वह अकेली नहीं है.

    मेक्सिको की राष्ट्रपति ने कहा है, “हम अमेरिका की ओर से मेक्सिको सरकार पर आपराधिक संगठनों से मिले होने के आरोपों को ख़ारिज करती हैं. संप्रभुता के साथ कोई समझौता नहीं किया जा सकता है.”

    इससे पर पहले अमेरिका की ओर से लगाए गए टैरिफ़ पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा था कि 'हम भी अमेरिका के ख़िलाफ़ टैरिफ़ समेत जवाबी कार्रवाई करेंगे.'

    राष्ट्रपति शिनबाम ने कहा था, “मैं आर्थिक मंत्री को प्लान बी लागू करने का निर्देश देती हूं. इस पर हम काम कर रहे हैं. इसमें मेक्सिको की रक्षा से जुड़े टैरिफ़ और ग़ैर-टैरिफ़ उपाय शामिल हैं.”

  3. डोनाल्ड ट्रंप ने अब दक्षिण अफ़्रीका को क्यों दी चेतावनी

    डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका के राष्ट्रपति की कमान संभालते ही कई देशों पर टैरिफ़ लगाया है और विदेशों में दी जाने वाली सहायता रोक दी है.

    अब ट्रंप ने दक्षिण अफ्रीका को दी जाने वाली सहायता रोकने की चेतावनी दी है. ट्रंप ने सोशल मीडिया वेबसाइट ट्रूथ सोशल पर एक पोस्ट में यह बात कही है.

    ट्रंप ने कहा है, "दक्षिण अफ्रीका ज़मीन पर कब्जा कर रहा है और कुछ विशेष वर्ग के लोगों के साथ बुरा व्यवहार कर रहा है. यह बहुत बुरी स्थिति है, जिसके बारे में कट्टर लेफ्ट मीडिया ज़्यादा बात नहीं कर रहा है."

    उन्होंने कहा है, "सबके सामने बड़े पैमाने पर मानवाधिकारों का उल्लंघन हो रहा है. अमेरिका इसे बर्दाश्त नहीं करेगा, इसके ख़िलाफ़ क़दम उठाएगा."

    राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा है, "जब तक स्थिति की जांच पूरी नहीं हो जाती है, मैं दक्षिण अफ्रीका को भविष्य में दी जाने वाली सभी सहायता को बंद कर दूंगा."

    इससे पहले डोनाल्ड ट्रंप कनाडा और मेक्सिको 25 फ़ीसदी टैरिफ़ लगा चुके हैं.

    अमेरिका के सरकारी आंकड़ों के मुताबिक साल 2023 में अमेरिका ने दक्षिण अफ्रीका को 44 करोड़ डॉलर की सहायता दी थी.

    दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा ने पिछले महीने कहा था, “वह राष्ट्रपति ट्रंप के साथ दक्षिण अफ्रीका के संबंधों को लेकर चिंतित नहीं हैं.”

    राष्ट्रपति रामफोसा ने कहा था, “जनवरी महीने के अंत में उन्होंने चुनाव जीतने के बाद राष्ट्रपति ट्रंप से बात की थी और वह ट्रंप प्रशासन के साथ काम करने को लेकर उत्सुक हैं.”

    राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने पहले कार्यकाल के दौरान दक्षिण अफ्रीका में कथित तौर पर बड़े पैमाने पर की जा रही गोरे किसानों की हत्याओं और ज़मीनों पर किए जा रहे अतिक्रमण की जांच करने का वादा किया था.

  4. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सौरभ यादव अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    इस समय बीबीसी हिंदी के पन्ने पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें आप नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.

    दिल्ली विधानसभा चुनाव: इन महिला उम्मीदवारों पर रहेगी नज़र. पूरी ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

    बजट 2025 : भारत ने किस पड़ोसी को दी कितनी मदद, क्या है मकसद. इस ख़बर को पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    बजट 2025: निर्मला सीतारमण ने महिलाओं को क्या-कुछ दिया, जानकार क्या कहते हैं? पूरी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    दिल्ली चुनाव: मनीष सिसोदिया के लिए कितनी मुश्किल है जंगपुरा की चुनावी जंग. इस ख़बर को पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.