You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

टी20 मैच में भारत ने इंग्लैंड को 150 रनों से हराया, 4-1 से सिरीज़ अपने नाम की

रविवार को भारत और इंग्लैंड के बीच खेला गया आख़िरी टी20 मुक़ाबला भारत ने 150 रनों से जीत लिया है.

सारांश

लाइव कवरेज

हिमांशु दुबे, इफ़्तेख़ार अली

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.

  2. ब्रेकिंग न्यूज़, टी20 मैच में भारत ने इंग्लैंड को 150 रनों से हराया, 4-1 से सिरीज़ अपने नाम की

    रविवार को भारत और इंग्लैंड के बीच खेला गया आख़िरी टी20 मुक़ाबला भारत ने 150 रनों से जीत लिया है.

    भारत की ओर से सलामी बल्लेबाज़ अभिषेक शर्मा ने न सिर्फ तूफ़ानी शतक जमाते हुए 13 छक्कों और सात चौकों की मदद से 135 रन बनाए, बल्कि गेंदबाज़ी में भी अपना जलवा बिखेरा.

    अभिषेक शर्मा, शिवम दुबे और वरुण चक्रवर्ती ने इंग्लैंड के दो-दो विकेट चटकाए. इसके अलावा मोहम्मद शमी ने तीन विकेट चटकाए.

    मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में हो रहे इस मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर भारतीय टीम को पहले बल्लेबाज़ी के लिए आमंत्रित किया था.

    पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारत ने इंग्लैंड को 248 रनों का लक्ष्य दिया. इसका पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम की ओर से एकमात्र बल्लेबाज़ फ़िलिप साल्ट ने अच्छा प्रदर्शन किया और 55 रन बनाए.

    इस मैच में अभिषेक शर्मा ने 37 गेंदों में शतक लगाया है. टी20 में भारत की ओर से सबसे तेज़ शतक जमाने के मामले में वो दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं.

    पहले स्थान पर रोहित शर्मा हैं. उन्होंने 35 गेंदों में शतक बनाया था.

    इसके साथ ही पांच मैचों की टी20 सिरीज़ को भारत ने 4-1 से अपने नाम कर लिया है.

  3. टैरिफ़ वॉर: कनाडा के पलटवार पर ट्रंप बोले- हमें उनकी किसी चीज़ की ज़रूरत नहीं

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को कनाडा से आयात की जाने वाली वस्तुओं पर 25 फ़ीसदी टैरिफ़ लगाने की अनुमति दे दी है.

    उनके इस फ़ैसले के ख़िलाफ़ कनाडा ने भी अमेरिका पर 25 फ़ीसदी टैरिफ़ लगाने की बात कही है.

    वहीं कनाडा के जवाब में रविवार को राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने ट्रूथसोशल अकाउंट पर एक पोस्ट में लिखा कि अमेरिका को कनाडा की किसी भी चीज़ की ज़रूरत नहीं है.

    उन्होंने लिखा, "हम कनाडा को सब्सिडी देने के लिए सैकड़ों अरब डॉलर का भुगतान करते हैं. क्यों? इसके पीछे कोई कारण नहीं है. हमें उनके पास मौजूद किसी भी चीज़ की ज़रूरत नहीं है."

    "हमारे पास असीमित ऊर्जा है, हमें अपनी कारें बनानी चाहिए. जितनी इमारती लकड़ी हम इस्तेमाल कर सकते हैं उससे कहीं ज़्यादा हमारे पास है. इस सब्सिडी के बगै़र कनाडा एक सक्षम देश के रूप में नहीं रह पाएगा."

    ट्रंप ने कहा, "इसलिए कनाडा को हमारा 51वां राज्य बन जाना चाहिए, जहां उनके लिए बहुत कम टैक्स होगा, लोगों के लिए कहीं बेहतर सैन्य सुरक्षा होगी और कोई टैरिफ़ नहीं होगा."

    इससे पहले कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने रविवार को एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा था कि डोनाल्ड ट्रंप की ओर से लगाए गए टैरिफ़ के जवाब में कनाडा भी टैरिफ़ लगाएगा.

  4. ब्रेकिंग न्यूज़, भारत-इंग्लैंड टी20 मैच: आख़िरी मुक़ाबले में भारत ने इंग्लैंड को दिया 248 रनों का लक्ष्य

    रविवार को भारत और इंग्लैंड की बीच खेले जा रहे आख़िरी टी20 मुक़ाबले में भारत ने इंग्लैंड को 248 रनों का लक्ष्य दिया है.

    भारत की ओर से सलामी बल्लेबाज़ अभिषेक शर्मा ने तूफ़ानी शतक जमाते हुए 13 छक्कों और 7 चौकों की मदद से 135 रन बनाए.

    उनके अलावा शिवम दुबे ने 30 और तिलक वर्मा ने 24 रन बनाए. वहीं इंग्लैंड की ओर से गेंदबाज़ी करते हुए ब्रायडन कार्स ने तीन और मार्क वुड ने दो विकेट लिए.

    मैच में अभिषेक शर्मा ने 37 गेंदों में शतक लगाया है. टी20 में भारत की ओर से सबसे तेज़ शतक जमाने के मामले में वो दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं.

    पहले स्थान पर रोहित शर्मा हैं. उन्होंने 35 गेंदों में शतक बनाया था.

    पांच मैचों की टी20 सिरीज़ का यह पांचवां मैच है. भारत इस सिरीज़ में 3-1 से आगे है.

    मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में हो रहे इस मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर भारतीय टीम को पहले बल्लेबाज़ी के लिए आमंत्रित किया था.

  5. इस अफ़्रीकी देश को लेकर विदेश मंत्रालय ने जारी की एडवायज़री, कहा- सुरक्षित जगह पर जाएं

    अफ़्रीकी देश कांगो में जारी संघर्ष को लेकर वहां रह रहे भारतीयों के लिए भारतीय दूतावास ने एडवायज़री जारी की है.

    कांगो में मौजूद भारतीय दूतावास ने एडवायज़री में लोगों को सुरक्षित जगह पर जाने की सलाह दी है.

    सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर किए एक पोस्ट में दूतावास ने लिखा, “किंशासा में स्थित भारतीय दूतावास कांगो के पूर्वी क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति की निगरानी कर रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक़ एम23 विद्रोही बुकावू से केवल 20-25 किलोमीटर दूर हैं.”

    साथ ही एडवायज़री में कहा गया है, “सुरक्षा स्थिति को देखते हुए, हम फिर से सभी भारतीय नागरिकों से अपील करते हैं कि वे बुकावू में रहने के दौरान जितना संभव हो सुरक्षित स्थानों की ओर तुरंत चले जाएं.”

    दूतावास ने आपात स्थिति के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है और वहां रह रहे लोगों से अपील की है कि पूछताछ के लिए और ज़रूरत पड़ने पर वो दूतावास से संपर्क करें.

    इससे पहले जी-7 के विदेश मंत्रियों ने पूर्वी कांगो में रवांडा समर्थित एम23 विद्रोहियों के हमले की कड़ी निंदा की थी.

    विद्रोहियों की कार्रवाई को इन नेताओं ने डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ़ कांगो (डीआरसी) की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन बताया है. उन्होंने विशेष रूप से गोमा, मिनोवा और साके शहरों पर कब़्जे को लेकर अपनी चिंता भी व्यक्त की थी.

    विद्रोहियों के बुकावू की ओर बढ़ने की ख़बरों के बीच, कांगो के पूर्वी क्षेत्र के कुछ हिस्सों के लोगों के पड़ोसी देशों की ओर भागने की खबरें भी मिल रही हैं.

  6. ब्रेकिंग न्यूज़, भारत-इंग्लैंड टी20 मैच: अभिषेक शर्मा के तूफ़ानी शतक के साथ भारत का स्कोर 140 पार

    भारत और इंग्लैंड के बीच हो रहे टी20 मैच में भारतीय टीम मज़बूत स्थिति पर पहुंच गई है. सलामी बल्लेबाज़ अभिषेक शर्मा ने मैच में तूफ़ानी शतक जमाया है.

    अभिषेक शर्मा ने 37 गेंदों में शतक लगाया है. वो अभी भी क्रीज़ पर डटे हुए हैं. टी20 में भारत की ओर से सबसे तेज़ शतक जमाने के मामले में वो दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं.

    पहले नंबर पर रोहित शर्मा हैं. उन्होंने 35 गेंदों में शतक जमाया था.

    इस वक्त भारत ने 11 ओवर में तीन विकेट के नुक़सान पर 148 रन बना लिए हैं. तिलक वर्मा ने 24 और संजू सैमसन ने 16 रन बनाए हैं.

    पांच मैचों की टी20 सिरीज़ का यह पांचवां मैच है.

    भारत इस सिरीज़ में 3-1 से आगे है.

    मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में हो रहे इस मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर भारतीय टीम को पहले बल्लेबाज़ी के लिए आमंत्रित किया था.

  7. अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप जीतने पर पीएम मोदी ने भारतीय टीम को दी बधाई

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आईसीसी अंडर 19 महिला टी20 विश्व कप में चैंपियन बनने पर भारतीय टीम को बधाई दी है.

    पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, “हमारी नारी शक्ति पर गर्व है. आईसीसी अंडर 19 महिला टी20 विश्व कप में जीत के लिए भारतीय टीम को शुभकामनाएं.”

    उन्होंने कहा, “यह जीत बेहतरीन टीमवर्क, दृढ़ संकल्प और धैर्य का नतीजा है. यह जीत भविष्य के कई खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी. टीम को भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं.”

    अंडर 19 भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने विश्व कप के फ़ाइनल मुक़ाबले में दक्षिण अफ्रीका को 9 विकेट से हराया है.

    यह मुक़ाबला मलेशिया के कुआलालंपुर में हुआ था.

    भारतीय टीम ने साल 2023 का टी20 विश्व कप भी अपने नाम किया था.

  8. अयोध्या: दलित महिला की हत्या पर मायावती और प्रियंका गांधी ने क्या कहा?

    उत्तर प्रदेश के अयोध्या में एक दलित महिला की बेरहमी से हत्या पर बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने प्रतिक्रिया दी है.

    मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “उत्तर प्रदेश के जिला अयोध्या के सहनवां में दलित परिवार की बेटी का शव निर्वस्त्र अवस्था में मिला है.”

    उन्होंने लिखा, “उसकी दोनों आँखें फोड़ दी गई हैं और अमानवीय व्यवहार भी हुआ है, यह बेहद दुखद व अति गंभीर मामला है.”

    मायावती ने सरकार से इस मामले पर सख़्त कदम उठाने की अपील की है.

    कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने भी इस मामले पर नाराज़गी जताई है और सरकार पर निशाना साधा है.

    सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने लिखा, "अयोध्या में भागवत कथा सुनने गई एक दलित बच्ची के साथ जिस तरह की बर्बरता हुई, उसे सुनकर किसी भी इंसान की रूह कांप जाए."

    उन्होंने लिखा, "बच्ची तीन दिन से गायब थी लेकिन पुलिस ने कुछ नहीं किया. बीजेपी के जंगलराज में दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों और गरीबों की चीख कोई सुनने वाला नहीं है."

    प्रियंका गांधी ने मांग करते हुए कहा कि अत्याचार करने वाले दोषियों के साथ-साथ ज़िम्मेदार पुलिसकर्मियों और अधिकारियों के ख़िलाफ़ सख़्त कार्रवाई हो.

    शनिवार को अयोध्या में एक दलित महिला का शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला था.

    परिवार के मुताबिक़ मृतिका की आंखें जबरन निकाल ली गईं थी और उसके शरीर की हड्डियां भी टूटी हुई पाई गईं हैं.

    वहीं अधिकारियों का कहना है कि उन्हें शक़ है कि महिला को सामूहिक हमले का सामना करना पड़ा है.

  9. सीरिया के अंतरिम राष्ट्रपति अहमद अल-शरा, पहली विदेश यात्रा पर सऊदी अरब पहुंचे

    सीरिया के अंतरिम राष्ट्रपति अहमद अल-शरा सऊदी अरब के दौरे पर हैं, जहां उन्होंने सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से मुलाकात की है.

    सीरिया के पूर्व राष्ट्रपति बशर अल-असद को सत्ता से बेदख़ल करने के बाद यह उनकी पहली विदेश यात्रा है.

    एक दशक से ज़्यादा के वक्त से गृह युद्ध की मार झेल चुके सीरिया के नए अधिकारी देश के पुनर्निर्माण और अपनी अर्थव्यवस्था को फिर से खड़ा करने के लिए अमीर खाड़ी देशों पर भरोसा कर रहे हैं.

    वहीं अहमद अल-शरा के हाथ में कमान आने के बाद से अरब के सुन्नी मुस्लिम बहुल देशों के साथ सीरिया की बातचीत शुरू हो गई है.

    असद शासन में ईरान और रूस का क़रीबी रहा सीरिया अब सऊदी अरब और पश्चिमी जगत के नज़दीक जाता दिख रहा है

  10. अयोध्या: दलित महिला की हत्या पर फूट-फूट कर रोए ‘सपा’ नेता अवधेश प्रसाद

    उत्तर प्रदेश के अयोध्या में 22 साल की एक दलित महिला की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आने के बाद समाजवादी पार्टी के नेता और सांसद अवधेश प्रसाद फूट-फूट कर रोते हुए नज़र आए.

    न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक़ घटना पर रविवार को हुई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अवधेश प्रसाद भावुक हो गए.

    उन्होंने रोते हुए कहा, "हमें दिल्ली जाने दो. लोकसभा में मोदी के सामने हम बात रखेंगे. न्याय न मिला, तो हम लोकसभा से इस्तीफ़ा दे देंगे."

    उन्होंने कहा, "हम बेटी की जान बचाने में नाकामयाब हो रहे हैं. इतिहास क्या कहेगा?"

    इस मामले में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी नाराज़गी जताई है.

    सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने लिखा, "अयोध्या में दलित बेटी के साथ हुई अमानवता और उसकी नृशंस हत्या हृदयविदारक और बहुत शर्मनाक है."

    राहुल ने प्रशासन पर समय पर ध्यान न देने का आरोप लगाया और लिखा कि "अगर प्रशासन ने ध्यान दिया होता तो शायद उसका जीवन बच सकता था."

    उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार से इस मामले की तुरंत जांच की मांग की और लिखा का दोषी को कड़ी से कड़ी सज़ा दिलवाने के साथ-साथ ज़िम्मेदार पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई करेकी जानी चाहिए.

    शनिवार को अयोध्या में एक दलित महिला का शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला था.

    परिवार के मुताबिक़ मृतिका की आंखें जबरन निकाल ली गईं थी और उसके शरीर की हड्डियां भी टूटी हुई पाई गईं हैं.

    वहीं अधिकारियों का कहना है कि उन्हें शक़ है कि महिला को सामूहिक हमले का सामना करना पड़ा है.

  11. अयोध्या में दलित महिला की बेरहमी से हत्या, पुलिस और परिवार ने क्या बताया?, सैयद मोज़िज़ इमाम, बीबीसी संवाददाता

    चेतावनी: इस रिपोर्ट में कुछ विवरण आपको विचलित कर सकता है.

    उत्तर प्रदेश के अयोध्या में 22 साल की एक दलित महिला की बेरहमी से हत्या करने का मामला सामने आया है.

    परिवार के मुताबिक़ मृतिका की आंखें जबरन निकाल ली गईं है और उसके शरीर की हड्डियां भी टूटी हुई पाई गईं हैं.

    परिवार का कहना है कि गुरुवार शाम से महिला का पता नहीं चल रहा था और परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे.

    शनिवार की सुबह महिला के एक रिश्तेदार ने गांव के एक सुनसान नहर में उसका मृत शरीर देखा, जिसके बाद उसने परिवार के सदस्यों को इस बारे में जानकारी दी.

    अधिकारियों का कहना है कि उन्हें शक है कि महिला को सामूहिक हमले का सामना करना पड़ा है.

    परिवार ने ये भी बताया है कि जब उन्होंने महिला का शव नहर से निकाला उस वक्त शव पर कोई कपड़े नहीं थे. महिला की आंखें ज़बरदस्ती निकाली गई थीं और उसके चेहरे और सिर पर गंभीर घाव के निशान दिखाई दे रहे थे. साथ ही पूरे शरीर पर भी चोट के निशान थे.

    परिवार के मुताबिक़ महिला को रस्सी से कसकर बंधा गया था.

    इस मामले में अयोध्या सर्कल ऑफ़िसर आशुतोष तिवारी ने बताया कि महिला की गुमशुदगी की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने शुक्रवार को ही रिपोर्ट दर्ज कर ली थी. अब शनिवार की सुबह शव बरामद हुआ है.

    आशुतोष तिवारी ने कहा, "महिला का शव पोस्ट मार्टम के लिए भेजा गया है, हम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं. रिपोर्ट के बाद हम आगे की कार्रवाई करेंगे और उसके मुताबिक़ रिपोर्ट दर्ज करेंगे."

  12. बजट: शिवसेना (यूबीटी) नेता ने कहा, महाराष्ट्र को किया गया दरकिनार

    शनिवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में देश का सालाना बजट पेश किया है.

    बजट पर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि इस दौरान महाराष्ट्र का एक बार भी नाम नहीं लिया गया.

    न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, "महाराष्ट्र सबसे ज़्यादा जीएसटी देने वाला राज्य है, लेकिन हर साल महाराष्ट्र को वित्त मंत्री को याद दिलाने के लिए जूझना पड़ता है कि हम भी इस देश का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं."

    उन्होंने बीजेपी से सवाल करते हुए कहा, "मैं बीजेपी से पूछना चाहती हूं कि जो जनता आपको 100 से ज़्यादा सीट देती है उसका खामियाज़ा जनता को ही भुगतना पड़ रहा है, क्योंकि चुनाव हो गए और वहां जीत दर्ज हो गई तो आप महाराष्ट्र का नाम तक नहीं लेते हैं."

    उन्होंने कहा, "देश की प्रगति और उन्नति में महाराष्ट्र का योगदान रहा है पर जब बजट में उनका ध्यान रखने की बात आती है, तो उनको दरकिनार कर दिया जाता है."

  13. ब्रेकिंग न्यूज़, अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप: दक्षिण अफ़्रीका को हराकर भारतीय टीम बनी चैंपियन

    आईसीसी महिला अंडर-19 टी20 विश्व कप के फ़ाइनल मुक़ाबले में भारतीय महिला टीम ने दक्षिण अफ़्रीका को हराकर ख़िताब अपने नाम कर लिया है.

    रविवार को मलेशिया के कुआलालंपुर में दक्षिण अफ़्रीका के साथ खेले गए फ़ाइनल मैच में भारत ने दक्षिण अफ़्रीका को नौ विकेट से हराकर विश्व कप जीत लिया है.

    दक्षिण अफ़्रीका की टीम ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवर में 82 रन बनाए और भारतीय टीम को 83 रनों का लक्ष्य दिया था.

    जिसके बाद भारतीय टीम ने इस लक्ष्य को 8.4 ओवर बाक़ी रहते हासिल कर लिया.

    भारत की ओर से गेंदबाज़ी में तृषा गोंगाडी ने तीन, पारुणिका सिसोदिया, आयुषी शुक्ला और वैष्णवी शर्मा ने 2-2 विकेट चटकाए.

    वहीं भारतीय टीम की तरफ़ से बल्लेबाज़ी में तृषा गोंगाडी ने सबसे ज़्यादा 44 रन बनाए हैं.

  14. नमस्कार!

    दोपहर के दो बज चुके हैं. अभी तक बीबीसी संवाददाता हिमांशु दुबे आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक करके आप पढ़ सकते हैं.

  15. बीजेपी नेता संबित पात्रा ने आम आदमी पार्टी को भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कैसे घेरा?

    बीजेपी नेता संबित पात्रा ने रविवार को एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में आम आदमी पार्टी और उनके नेता अरविंद केजरीवाल पर भ्रष्टाचार को लेकर निशाना साधा.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, उन्होंने कहा, “पीएम मोदी ने आम आदमी पार्टी का बिल्कुल सही नामकरण किया था ‘आपदा’, क्योंकि ‘आपदा’ की सबसे बड़ी संपदा भ्रष्टाचार है.”

    पात्रा ने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा, “नकली तरह से वोट बनाना, डबल वोटिंग करा देना. ये काम आप (अरविंद केजरीवाल) करते हो. आपने हर डिपार्टमेंट में भ्रष्टाचार किया है.”

    उन्होंने कहा, “अरविंद केजरीवाल जी की बौखलाहट स्पष्ट दिखाई दे रही है. वो जिस प्रकार की भाषा का प्रयोग कर रहे हैं. जिस प्रकार की उनकी झुंझलाहट है. ये जनता से छिपी नहीं है.”

  16. महिला अंडर-19 टी20 वर्ल्ड कप फ़ाइनल में भारत के ख़िलाफ़ दक्षिण अफ़्रीका ने जीता टॉस

    मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में आईसीसी वुमन अंडर19 टी20 क्रिकेट वर्ल्ड कप का फ़ाइनल मैच भारत और दक्षिण अफ़्रीका के बीच रविवार को खेला जा रहा है.

    इस मुकाबले में दक्षिण अफ़्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला लिया है. जबकि भारतीय महिला क्रिकेट टीम गेंदबाज़ी कर रही है.

    दक्षिण अफ़्रीका की टीम ने 10 ओवर की समाप्ति पर 3 विकेट खोकर 33 रन बना लिए हैं.

    दक्षिण अफ़्रीका की प्लेइंग इलेवन में जेम्मा बोथा, सिमोन लॉरेंस, डायरा रामलाकन, फ़े कॉलिंग, कायले रेनेके (कप्तान), काराबो मेसो (विकेट कीपर), माइकी वेन वूर्स्ट, सेशेनी नायडु, एश्ले वेन वेक, मोनालिसा लेगोडी और नथाबाइसेंग निनी शामिल हैं.

    भारत की प्लेइंग इलेवन में जी. कमालिनी (विकेट कीपर), गोंगाडी त्रिशा, सानिका चलके, निकी प्रसाद (कप्तान), ईश्वरी अवसारे, मिथिला विनोद, आयुषी शुक्ला, जोशिथा वीजे, शबनम मोहम्मद शकील, पारुनिका सिसोदिया और वैष्णवी शर्मा शामिल हैं.

  17. दिल्ली चुनावः कस्टडी परोल पर चुनाव प्रचार के लिए बाहर आए ताहिर हुसैन ने क्या किया दावा?

    दिल्ली दंगों के अभियुक्त ताहिर हुसैन को चुनाव प्रचार के लिए सुप्रीम कोर्ट से कस्टडी परोल मिली है. लेकिन, उनका दावा है कि उन्हें चुनाव प्रचार के लिए पूरा समय नहीं मिल रहा है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, ताहिर हुसैन ने कहा, “सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार दिल्ली चुनाव में प्रचार के लिए मुझे 12 घंटे दिए गए थे. मगर, मुझे आठ घंटे भी नहीं मिल पा रहे थे. मैंने पुलिस प्रशासन के सामने अपनी चिंता ज़ाहिर की है.”

    उन्होंने कहा, “मुझे उम्मीद है कि आज और कल मुझे चुनाव प्रचार के लिए पूरा समय मिलेगा. मैंने पिछले पांच सालों में देखा है कि प्रशासनिक अधिकारियों ने संवैधानिक ढंग से काम किया है. मैं किसी पर आरोप नहीं लगा रहा हूं.”

    ताहिर हुसैन ने कहा, “मुस्तफ़ाबाद में बड़ी साज़िश रची जा रही है. मेरी मुख्य प्रतिद्वंदी भाजपा नहीं चाहती है कि मैं प्रचार करूं. आम आदमी पार्टी मुझे चुनाव प्रचार से रोक रही है.”

    ताहिर हुसैन को ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में मुस्तफ़ाबाद सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है.

    दिल्ली के उत्तर पूर्वी हिस्से में 23 फ़रवरी से 26 फ़रवरी, 2020 के बीच दंगे हुए थे. इन दंगों में 53 लोगों की जान गई थी.

    दिल्ली पुलिस के मुताबिक़, मरने वालों में 40 मुसलमान और 13 हिंदू थे. उस वक़्त ताहिर हुसैन आम आदमी पार्टी के पार्षद थे, लेकिन दंगों में नाम आने के बाद पार्टी ने उन्हें सस्पेंड कर दिया था.

    उन पर आईबी कर्मचारी अंकित शर्मा की हत्या समेत कई मामले दर्ज हैं. चुनावी हलफ़नामे के मुताबिक़ ताहिर के ख़िलाफ़ दिल्ली पुलिस की 10 और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की 1 एफ़आईआर दर्ज है.

  18. आम बजट में बिहार को लेकर हुई विशेष घोषणाओं को संजय राउत ने बताया 'इलेक्शन पैकेज'

    शिवसेना (उद्धव गुट) के सांसद संजय राउत ने केंद्रीय बजट में बिहार को लेकर की गई विशेष घोषणाओं को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने इस बजट को चुनावी पैकेज बताया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, संजय राउत ने कहा, “बिहार में चुनाव है. मोदी सरकार का हर बजट चुनाव के लिए होता है. चाहे राज्यों का चुनाव हो, विधानसभा चुनाव हो या लोकसभा चुनाव हो. हर चुनाव, ये इलेक्शन पैकेज होता है.”

    उन्होंने कहा, “अब बिहार में चुनाव है, तो पूरे बजट का जो हिस्सा है, वो ज़्यादा से ज़्यादा बिहार को जाएगा, यह उनकी एक ख़ासियत है. वो देश का बजट नहीं बनाते, वो चुनाव का बजट बनाते हैं.”

    भारत की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को बजट भाषण दिया था. इस बजट में बिहार के लिए ये घोषणाएं की गई हैं.

    1. मखाना के उत्पादन, प्रोसेसिंग, कीमतों और मार्केटिंग के लिए मखाना बोर्ड का गठन किया जाएगा.

    2. बिहार में राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी, उद्यमिता और प्रबंधन संस्थान की स्थापना होगी.

    3. आईआईटी पटना में हॉस्टल और बुनियादी ढांचे का विस्तार किया जाएगा.

    4. पटना एयरपोर्ट का विस्तार किया जाएगा और बिहटा में एक ब्राउनफील्ड एयरपोर्ट की स्थापना होगी. ग्रीनफील्ड हवाई अड्डों की सुविधा विकसित की जाएगी.

    5. मिथिलांचल में पश्चिमी कोसी नहर परियोजना के लिए वित्तीय सहायता दी जाएगी, जिससे 50,000 हेक्टेयर से अधिक ज़मीन पर खेती करने वाले किसानों को लाभ मिलेगा.

  19. सोनिया गांधी के ख़िलाफ़ बिहार की कोर्ट में दी गई शिकायत, क्या मांग की गई?

    कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के ख़िलाफ बिहार के मुज़फ़्फ़रपुर ज़िले की एक अदालत में शिकायत दी गई है. यह मामला राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर की गई उनकी एक टिप्पणी से जुड़ा है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, मुज़फ़्फ़रपुर के वकील सुधीर ओझा ने शनिवार को एक शिकायत दर्ज कराई. इसमें उन्होंने देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति का कथित तौर पर अपमान करने के मामले में सोनिया गांधी के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज करने की मांग की है.

    ओझा ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और केरल के वायनाड से कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी को भी इस मामले में सह-आरोपी बताया है, और उनके ख़िलाफ़ भी क़ानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.

    दरअसल, संसद के बजट सत्र के पहले दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण पर सोनिया गांधी द्वारा दी गई प्रतिक्रिया के बाद विवाद शुरू हो गया था.

    पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से वहां मौजूद रिपोर्टरों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण पर प्रतिक्रिया देने को कहा था. इस दौरान सोनिया गांधी के साथ राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी मौजूद थे.

    फिर राहुल गांधी ने सोनिया गांधी से पूछा था कि आप अभिभाषण के बारे में क्या सोचती हैं, तो सोनिया गांधी ने कहा था, "वैसा ही, झूठे वादे."

    इस पर राहुल गांधी ने कहा, "नो कमेंट?"

    तो सोनिया गांधी ने कहा था, "नहीं बेचारी महिला, राष्ट्रपति आख़िर तक बहुत थक गई थीं."

    फिर राहुल गांधी ने सोनिया से कहा, "एक ही बात बार-बार दोहरा रही थीं?" तब सोनिया गांधी ने कहा, "नहीं, वो बहुत मुश्किल से बोल पा रही थीं. ये ठीक नहीं है."

  20. दिल्ली चुनाव: केजरीवाल ने चुनाव आयोग को लिखी चिट्ठी, अब उठाई ये मांग

    दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर राजनीतिक हलचलें बढ़ गई हैं. आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने चुनाव आयोग को चिट्ठी लिखी है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, केजरीवाल ने चुनाव आयोग से नई दिल्ली विधानसभाओं में स्वतंत्र ऑब्ज़र्वर्स की नियुक्ति करने की मांग उठाई है.

    केजरीवाल ने दिल्ली चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर हमला होने का आरोप लगाया है.

    उन्होंने चुनाव आयोग को लिखे गए इस पत्र में ऐसी घटनाओं में कथित तौर पर शामिल भाजपा कार्यकर्ताओं की गिरफ़्तारी और संबंधित पुलिस अधिकारियों को निलंबित करने की मांग की है.

    केजरीवाल के दावों पर भाजपा और दिल्ली पुलिस की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है.

    दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए एक चरण में मतदान पाँच फ़रवरी को होगा, जबकि इसके नतीजे आठ फ़रवरी को आएंगे. दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों में से 12 आरक्षित हैं और बाकी 58 जनरल सीटें हैं.