वियतनाम नाव हादसा: 15 भारतीयों की मौत के बाद बोट का कैप्टन गिरफ़्तार

इमेज स्रोत, AFP via Getty Images
वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास एक स्पीडबोट हादसे के बाद पुलिस ने कैप्टन 'गुयेन होंग हाई' को गिरफ़्तार कर लिया है.
कैप्टन पर समुद्री और जलमार्ग सुरक्षा नियमों के उल्लंघन का आरोप है और उसके ख़िलाफ़ आपराधिक जांच शुरू कर दी गई है.
वियतनाम के रक्षा मंत्रालय के आधिकारिक अखबार 'पीपुल्स आर्मी न्यूज़पेपर' ने कैप्टन की गिरफ़्तारी की पुष्टि की है.
अख़बार के मुताबिक़, हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान कैप्टन गुयेन होंग हाई (57) के रूप में हुई है. वह एन जियांग प्रांत के सोन कियेन कम्यून के थुआन तिएन गांव के रहने वाले हैं.
इस हादसे में तमिलनाडु के दस लोगों समेत कुल 15 भारतीयों की मौत हो गई.
भारतीय दूतावास ने बताया कि मरने वालों में तमिलनाडु के दस, केरल के दो और आंध्र प्रदेश के तीन लोग शामिल हैं.





















