होर्मुज़ स्ट्रेट में जहाज़ों पर हमले जारी, इन यूरोपीय देशों ने जारी किया साझा बयान

इमेज स्रोत, US CENTRAL COMMAND
बीबीसी वेरिफ़ाई की टीम होर्मुज़ में जहाज़ों की आवाजाही पर नज़र रख रही है. उसके मुताबिक़, रविवार शाम के बाद से कोई भी कमर्शियल जहाज़ इस स्ट्रेट से नहीं गुज़रा है.
होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़र रहे जहाज़ों पर हमलों की घटनाएं जारी हैं. अमेरिकी सेना ने कहा कि उसने इस अहम जलमार्ग में वाणिज्यिक जहाज़ों पर ईरानी हमलों के जवाब में कई हवाई हमले किए.
जबकि ईरान ने कहा कि उसने जवाबी कार्रवाई करते हुए कुवैत, जॉर्डन और बहरीन में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले किए.
उधर, ब्रिटेन, फ़्रांस और जर्मनी के समूह ई3 ने कल रात एक संयुक्त बयान जारी करके ईरान की निंदा की है.

इमेज स्रोत, maps4media via Getty Images
ब्रिटेन की समुद्री सुरक्षा एजेंसी यूके मैरिटाइम ट्रेड ऑपरेशंस ने हाल के दिनों में इस अहम जलमार्ग में हुई इन घटनाओं की जानकारी दी है.
5 जुलाई: यमन के तट के पास एक मालवाहक जहाज़ ने बताया कि उस पर अज्ञात हथियारबंद हमलावरों ने हमला किया.
6 जुलाई: ओमान तट के पास टैंकर एक अज्ञात प्रोजेक्टाइल की चपेट में आ गया, जिससे जहाज़ में आग लगी मगर कोई हताहत नहीं.
7 जुलाई: इसी क्षेत्र में एक टैंकर अज्ञात प्रोजेक्टाइल से टकराया. जहाज़ को ढांचागत नुक़सान हुआ, लेकिन कोई जनहानि नहीं.
उसी इलाक़े में एक अन्य टैंकर को एक अज्ञात मानव-रहित हवाई वाहन (ड्रोन) ने निशाना बनाया. उसे मामूली ढांचागत नुक़सान पहुँचा.
12 जुलाई: ओमान के तट के पास एक कंटेनर जहाज़ को नुक़सान पहुँचा, जिससे उसमें आग लग गई. इसके बाद चालक दल ने जहाज़ छोड़ दिया और स्थानीय अधिकारियों ने उन्हें सुरक्षित बचा लिया.































