अमेरिका की एक फैक्ट्री में भीषण धमाका, 'कई लोगों की मौत'

धमाके के बाद की तस्वीरों में जली हुई कारें, मलबे में बदल चुके लोहे के टुकड़े और जगह-जगह धुएं के गुबार देखे जा सकते हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह और आनंद मणि त्रिपाठी

  1. पीएम मोदी ने नेतन्याहू से की बात, ग़ज़ा में युद्धविराम समझौते पर क्या कहा?

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, Indranil Aditya/Bloomberg via Getty

    इमेज कैप्शन, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दुनिया में कहीं भी किसी भी रूप में 'आतंकवाद' स्वीकार्य नहीं है (फ़ाइल फ़ोटो)

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ग़ज़ा में युद्धविराम और बंधकों की रिहाई से जुड़े समझौते पर सहमति के बाद इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू से बात की है.

    पीएम मोदी ने इसकी जानकारी एक्स पर दी. उन्होंने कहा, "राष्ट्रपति ट्रंप की ग़ज़ा शांति योजना पर हुई प्रगति के बाद बधाई देने के लिए मैंने अपने दोस्त प्रधानमंत्री नेतन्याहू को फ़ोन किया."

    प्रधानमंत्री ने कहा, "हम बंधकों की रिहाई और ग़ज़ा के लोगों के लिए मानवीय सहायता बढ़ाने पर हुए समझौते का स्वागत करते हैं. हमने इस बात पर फिर से ज़ोर दिया कि दुनिया में कहीं भी किसी भी रूप में आतंकवाद स्वीकार्य नहीं है."

    गुरुवार को अमेरिका के ग़ज़ा शांति योजना के पहले चरण यानी युद्धविराम और बंधकों की रिहाई से जुड़े समझौते पर इसराइल और हमास के बीच सहमति बनी.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अगले हफ़्ते सोमवार या मंगलवार तक बंधकों की रिहाई होने की उम्मीद है.

    इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने जानकारी दी है कि सरकार ने युद्धविराम और बंधकों की रिहाई से जुड़े समझौते को मंज़ूरी दे दी है.

    संबंधित कहानियां:

  2. ब्रेकिंग न्यूज़, वेस्ट इंडीज़ के ख़िलाफ़ दूसरे टेस्ट में भारत ने जीता टॉस, पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला

    शुभमन गिल टॉस के वक्त

    इमेज स्रोत, SAJJAD HUSSAIN/AFP via Getty

    इमेज कैप्शन, भारतीय टीम पहले बल्लेबाज़ी कर रही है

    वेस्ट इंडीज़ के ख़िलाफ़ दूसरे और आख़िरी टेस्ट मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया है. यह मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है.

    भारतीय टीम बल्लेबाज़ी शुरू कर चुकी है. ख़बर लिखे जाने तक 2.2 ओवर का गेम खेला जा चुका है. भारत ने बिना किसी नुक़सान के 2 रन बना लिए हैं.

    इस सिरीज़ में भारत 1-0 से आगे है. अहमदाबाद टेस्ट में भारत ने वेस्ट इंडीज़ को पारी और 140 रन से शिकस्त दी थी.

    इस मैच में केएल राहुल, ध्रुव जुरेल और रवींद्र जडेजा ने शतकीय पारी खेली थी.

    संबंधित कहानियां:

  3. ब्रेकिंग न्यूज़, फिलीपींस में 7.4 तीव्रता के भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी

    फिलीपींस

    इमेज स्रोत, PTV Davao

    इमेज कैप्शन, दवाओ में भूकंप के समय अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल था

    फिलीपींस के अधिकारियों ने शुक्रवार सुबह मिंडानाओ क्षेत्र में आए 7.4 तीव्रता के भूकंप के बाद 'विनाशकारी' सुनामी की चेतावनी जारी की है.

    अधिकारियों के मुताबिक़, फिलीपींस के तटीय इलाक़ों में तीन मीटर (10 फ़ीट) ऊंची सुनामी की लहरें आने की आशंका है.

    इस बीच भूकंप के केंद्र मिंडानाओ क्षेत्र से 300 किलोमीटर दूर इंडोनेशिया में भी सुनामी की चेतावनी जारी की गई है. यह चेतावनी इंडोनेशिया के उत्तरी सुलावेसी और पापुआ क्षेत्र के लिए जारी की गई है.

    फिलीपींस के अधिकारियों के मुताबिक़, सुनामी की शुरुआती लहरें स्थानीय समयानुसार 11:43 बजे आने की आशंका है.

    ज्वालामुखी और भूकंप से जुड़े संस्थान ने तटीय इलाक़ों में रहने वाले लोगों से "तुरंत ऊंची जगहों पर चले जाने" के लिए कहा है.

  4. युद्धविराम पर सहमति के बाद ग़ज़ा के माहौल को तस्वीरों में देखिए

    इसराइल और हमास के बीच युद्धविराम समझौते पर सहमति के बाद अब इसराइली कैबिनेट ने समझौते को मंज़ूरी दे दी है. इस बीच ग़ज़ा में लोग जश्न मना रहे हैं.

    इस समझौते में इसराइली बंधकों और फ़लस्तीनी क़ैदियों की अदला-बदली भी शामिल है.

    ग़ज़ा में जश्न

    इमेज स्रोत, ABDELRAHMAN RASHAD/Middle East Images/AFP via Getty

    इमेज कैप्शन, ग़ज़ा पट्टी के रफ़ाह में फ़लस्तीनी लोगों के बीच जश्न का माहौल है
    ग़ज़ा में जश्न

    इमेज स्रोत, ABDELRAHMAN RASHAD/Middle East Images/AFP

    इमेज कैप्शन, युद्धविराम के जल्द लागू होने की उम्मीद जताई जा रही है
    ग़ज़ा में जश्न

    इमेज स्रोत, ABDELRAHMAN RASHAD/Middle East Images/AFP via Getty

    इमेज कैप्शन, अमेरिका के 20 सूत्रीय ग़ज़ा शांति योजना के पहले चरण में युद्धविराम और बंधकों की रिहाई शामिल है
    ग़ज़ा में जश्न

    इमेज स्रोत, ABDELRAHMAN RASHAD/Middle East Images/AFP via Getty

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को कहा कि अगले हफ़्ते सोमवार या मंगलवार तक सारे बंधकों की रिहाई हो जाएगी
    ग़ज़ा में जश्न

    इमेज स्रोत, ABDELRAHMAN RASHAD/Middle East Images/AFP via Getty

    इमेज कैप्शन, रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक़, फलस्तीनी प्राधिकरण युद्धविराम के बाद ग़ज़ा में प्रशासन चलाने के लिए तैयारी कर रहा है

    संबंधित कहानियां:

  5. दक्षिण अफ़्रीका ने भारत को तीन विकेट से हराया, काम नहीं आई ऋचा की 94 रन की पारी

    ऋचा घोष और दक्षिण अफ़्रीकी खिलाड़ी

    इमेज स्रोत, Pankaj Nangia/Getty

    इमेज कैप्शन, ऋचा घोष ने 77 गेंदों में 94 रन बनाए

    आईसीसी महिला विश्व कप के लीग मुक़ाबले में दक्षिण अफ़्रीका ने भारत को तीन विकेट से हरा दिया है. यह मैच गुरुवार को विशाखापट्टनम में खेला गया.

    दक्षिण अफ़्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला लिया था. भारतीय टीम पूरे 50 ओवर बल्लेबाज़ी नहीं कर पाई और एक गेंद रहते 251 रन पर ऑलआउट हो गई.

    ऋचा घोष ने भारत की ओर से सबसे ज़्यादा रन बनाए. उन्होंने 77 गेंदों में 94 रन की पारी खेली. उनके अलावा प्रतिका रावल ने 37 और स्नेह राणा ने 33 रन बनाए.

    दक्षिण अफ़्रीका ने 48.5 ओवरों में सात विकेट खोकर 252 रन के लक्ष्य को हासिल कर लिया. नदीन डी क्लर्क ने सबसे अधिक 84 रन, जबकि कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट ने 70 रन बनाए.

    भारत की ओर से स्नेह राणा और क्रांति गौड़ ने दो-दो विकेट झटके. जबकि अमनजोत कौर, दीप्ति शर्मा और नल्लपुरेड्डी श्री चरणी को एक-एक विकेट मिले.

    इस विश्व कप में भारत की यह पहली हार है. इससे पहले भारत ने शुरुआती दो मैचों में श्रीलंका और पाकिस्तान को हराया है. प्वाइंट्स टेबल में भारत तीसरे स्थान पर है.

    संबंधित कहानियां:

  6. इसराइल ने ग़ज़ा में युद्धविराम और बंधकों की रिहाई की योजना को दी मंज़ूरी

    बिन्यामिन नेतन्याहू

    इमेज स्रोत, Alex Wong/Getty

    इमेज कैप्शन, नेतन्याहू के कार्यालय ने एक बयान जारी कर योजना की मंज़ूरी की जानकारी दी

    इसराइल ने ग़ज़ा में युद्धविराम लागू करने और बंधकों की रिहाई से जुड़े समझौते को मंज़ूरी दे दी है. इसके बाद से उम्मीद जताई जा रही है कि ग़ज़ा में जल्द ही युद्धविराम लागू होगा.

    इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने एक बयान जारी कर कहा, "सरकार ने जीवित या मृत, सभी बंधकों की रिहाई से जुड़ी योजना को मंज़ूरी दे दी है."

    इस समझौते की मंज़ूरी के बाद इन चीज़ों के जल्द से जल्द लागू होने की उम्मीद है:

    • ग़ज़ा में युद्धविराम
    • इसराइली सेना ग़ज़ा से पीछे हटेगी
    • बंधकों और शवों की अदला-बदली
    • ग़ज़ा में मानवीय सहायता की पहुंच

    अमेरिका की ग़ज़ा शांति योजना का यह पहला चरण है. इसमें इसराइल की ओर से फ़लस्तीनी क़ैदियों की रिहाई भी शामिल है.

    संबंधित कहानियां:

  7. नमस्कार!

    बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.