इसराइल-हमास समझौते पर बोले ट्रंप- सोमवार या मंगलवार तक छूट जाएंगे बंधक, और क्या कहा?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आज कहा कि ग़ज़ा समझौते पर पहुंचने के लिए ईरान पर हमला ज़रूरी था.

सारांश

लाइव कवरेज

सुरभि गुप्ता, संदीप राय

  1. इसराइल-हमास समझौते पर बोले ट्रंप- सोमवार या मंगलवार तक छूट जाएंगे बंधक, और क्या कहा?

    ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आज कहा कि ग़ज़ा समझौते पर पहुंचने के लिए ईरान पर हमला ज़रूरी था.

    हालांकि उन्होंने कहा कि अमेरिका ईरान के साथ मिलकर काम करेगा.

    अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, “ग़ज़ा जंग रोकने में हम सफल रहे और उम्मीद है कि अब मध्य पूर्व में स्थायी शांति आएगी.”

    उन्होंने कहा कि सोमवार या मंगलवार तक सभी इसराइली बंधक रिहा हो जाएंगे.

    उन्होंने कहा कि वह मिस्र जाएंगे जहां समझौते पर उनके हस्ताक्षर होने हैं.

    राष्ट्रपति ट्रंप वॉशिंगटन डीसी में कैबिनेट मीटिंग में हिस्सा लेने के दौरान बात कर रहे थे.

    ट्रंप ने कहा कि उनका प्रशासन ईरान के साथ काम करेगा.

    अमेरिका चाहता है कि ईरान अपने देश का पुनर्निर्माण कर सके. उन्होंने यह भी कहा कि ईरान ने इसराइल और हमास के बीच युद्धविराम और बंधक सौदे का समर्थन करने की बात स्वीकार की है.

  2. असम बीजेपी को बड़ा झटका, चार बार के सांसद पूर्व केंद्रीय मंत्री राजेन गोहाईं ने दिया इस्तीफ़ा, दिलीप कुमार शर्मा, गुवाहाटी से बीबीसी हिंदी के लिए

    राजेन गोहाईं

    इमेज स्रोत, Facebook/Rajan Gohain

    इमेज कैप्शन, राजेन गोहाईं बीजेपी के साथ बीते तीन दशकों से जुड़े हुए थे.

    असम विधानसभा चुनावों से महज कुछ महीने पहले एक बड़े राजनीतिक घटनाक्रम में बीजेपी के वरिष्ठ नेता पूर्व केंद्रीय मंत्री राजेन गोहाईं ने गुरुवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया है.

    2016 में असम की सत्ता संभालने के बाद बीजेपी में ऐसा पहली बार हुआ है जब किसी बड़े नेता ने पार्टी छोड़ी है.

    राजेन गोहाईं ने इस्तीफा देते हुए पार्टी के नेतृत्व पर असम के 'मूल निवासियों के साथ विश्वासघात' करने का आरोप लगाए हैं.

    74 वर्षीय गोहाईं असम प्रदेश बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष रहने के साथ ही नगांव लोकसभा सीट से (1999 से 2019) चार बार सांसद रहे हैं.

    2016 में अपने अंतिम सांसद कार्यकाल में राजेन गोहाईं को मोदी मंत्रिमंडल में रेल राज्य मंत्री बनाया गया था.

    बीजेपी के अन्य 17 नेताओं के साथ प्रदेश मुख्यालय में पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद गोहाईं ने कहा, "हम इस पार्टी में उन लोगों के लिए शामिल नहीं हुए थे जो वर्तमान में सत्ता में बैठे हैं."

    तीन दशकों से अधिक समय तक बीजेपी का हिस्सा रहे राजेन गोहाईं हाल के वर्षों में असम इकाई के भीतर पुराने नेताओं और कांग्रेस से बीजेपी में आए नए नेताओं के बीच आंतरिक दरार का सबसे प्रमुख चेहरा बनकर उभरे थे.

    दरअसल यह दरार हिमंत बिस्वा सरमा के मुख्यमंत्री बनने के बाद में उभर कर सामने आई. साल 2015 में हिमंत बिस्वा सरमा कांग्रेस से बीजेपी में शामिल हुए थे और उस समय सरमा के साथ जो लोग पार्टी में आए इनमें अधिकतर लोग आज मंत्री और विधायक हैं.

  3. पीएम मोदी ने ट्रंप से की बात, ग़ज़ा समझौता पर दी बधाई

    मोदी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर जारी एक पोस्ट के ज़रिए कहा है कि उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बात की है.

    उन्होंने एक्स पर इस बारे में जानकारी देते हुए लिखा, "मैंने अपने मित्र राष्ट्रपति ट्रंप से बात की और ऐतिहासिक ग़ज़ा शांति योजना की सफलता पर उन्हें बधाई दी. व्यापार वार्ता में हुई अच्छी प्रगति की भी समीक्षा की. आने वाले हफ़्तों में संपर्क में रहने पर सहमति बनी."

    इससे पहले आज सुबह भी पीएम मोदी ने ट्रंप के ग़ज़ा शांति समझौते के पहले चरण का स्वागत किया था.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, "हम राष्ट्रपति ट्रंप की शांति योजना के पहले चरण पर हुए समझौते का स्वागत करते हैं. हमें उम्मीद है कि बंधकों की रिहाई और ग़ज़ा के लोगों के लिए मानवीय सहायता बढ़ाए जाने से उन्हें राहत मिलेगी और स्थायी शांति में मदद मिलेगी."

    इसी पोस्ट में उन्होंने इसराइली पीएम नेतन्याहू के नेतृत्व की तारीफ़ की थी.

  4. मायावती ने की योगी सरकार की तारीफ़, क्या बोली कांग्रेस

    मायावती

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, मायावती ने कांशीराम की पुण्यतिथि पर लखनऊ में एक रैली का आयोजन किया था.

    लखनऊ में कांशीराम की पुण्यतिथि पर बसपा प्रमुख मायावती की रैली को लेकर कांग्रेस ने प्रतिक्रिया दी है.

    कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, “इस देश को आशा थी कि जब बहनजी आज नौ साल बाद एक सार्वजनिक रैली को संबोधित करेंगी, ख़ासकर मान्यवर कांशीराम जी की पुण्यतिथि पर, तो वो फिर से दलितों की पुरज़ोर तरीक़े से आवाज़ उठाएंगीं. लेकिन बड़ा अफसोस है और दलित समुदाय निराश है कि मायावती जी ने कुछ नहीं कहा.”

    श्रीनेत ने कहा, “मायावतीजी ने उस सरकार की तारीफ़ की जिसके राज में यूपी दलित उत्पीड़न और अपराध के लिए नंबर वन बना हुआ है. उस सरकार की तारीफ़ में कसीदे पढ़े जहां पर एक दलित युवक हरिओम की पीट पीट कर रायबरेली में हत्या हो जाती है. और हत्या करने वाले खुद को बाबा के लोग बताते हैं.”

    उन्होंने कहा, “मुझे उम्मीद थी जब वो बोलेंगी तो दलित समुदाय से आने वाले मुख्य न्यायाधीश के ख़िलाफ़ जो जूता फेंका गया या हिंसा भड़काने की बात की गई, उस पर बोलेंगी, उसकी भर्त्सना करेंगी. लेकिन उन्होंने एक शब्द नहीं कहा.”

    उन्होंने कहा, “मुझे नहीं पता वो किस दबाव में ये बातें नहीं कहीं, लेकिन उन्होंने दलित समुदाय को निराश किया.”

    मायावती ने आज अपने भाषण में कांशीराम के नाम पर बनाए गए संस्थानों के फंड को रोकने का समाजवादी पार्टी पर आरोप लगाया था और उसके रख-रखाव को ठीक करने के लिए योगी सरकार का आभार जताया था.

  5. रूस से तेल ख़रीदने के मुद्दे पर प्रधानमंत्री मोदी से क्या बोले ब्रिटेन के पीएम

    ब्रिटिश पीएम कीएर स्टार्मर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ब्रिटिश पीएम कीएर स्टार्मर भारत के दो दिवसीय दौरे पर हैं.

    भारत के दो दिवसीय दौरे पर आए ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीएर स्टार्मर ने कहा है कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से रूसी तेल की ख़रीद पर बातचीत की है.

    पत्रकारों के सवालों के जवाब में स्टार्मर ने कहा, “हमने इस मुद्दे पर चर्चा की, ख़ासकर उस नतीजे पर जो हम दोनों चाहते हैं — इस संघर्ष को समाप्त करना और इसके लिए क्या कदम उठाए जा सकते हैं.”

    उन्होंने आगे कहा, “यह एक लंबी चर्चा का विषय था, लेकिन हमने ऊर्जा से संबंधित, विशेष रूप से ‘शैडो फ़्लीट’ को लेकर कुछ उपायों पर सहमति जताई है.”

    प्रधानमंत्री स्टार्मर ने बताया कि उन्होंने भारतीय जेल में पिछले आठ वर्षों से बंद ब्रिटिश नागरिक जगतार सिंह जोहल का मुद्दा भी उठाया.

    दो दिवसीय इस दौरे में प्रधानमंत्री स्टार्मर के साथ अब तक का सबसे बड़ा प्रतिनिधिमंडल आया है, जिसमें उद्योगपति, विश्वविद्यालयों के वाइस-चांसलर और सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि शामिल हैं.

    ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि भारत के साथ 350 मिलियन पाउंड के रक्षा समझौते से उत्तरी आयरलैंड में सैकड़ों नौकरियों के अवसर पैदा होंगे.

    इस समझौते के तहत ब्रिटेन एयर डिफ़ेंस मिसाइलें और लॉन्चर्स उपलब्ध कराएगा. इसके अलावा, दोनों देशों के बीच युद्धपोत के इंजन निर्माण के लिए औद्योगिक सहयोग पर भी सहमति बनी है.

  6. दिन भर पूरा दिन पूरी ख़बरः इसराइल हमास के बीच पहला समझौता, क्या रुकेगी जंग?

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  7. चीन ने रेयर अर्थ मिनरल्स के निर्यात पर कसा शिकंजा, यूरोपीय संघ चिंतित

    शी जिनपिंग

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, रेयर अर्थ मटीरियल्स पर चीन का एकाधिकार है.

    चीन ने कहा है कि वो रेयर अर्थ मिनरल्स के खनन और प्रोसेस पर कड़े नियंत्रण लागू कर रहा है.

    चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि ये नियंत्रण रेयर अर्थ मिनरल्स से जुड़ी टेक्नोलॉजी पर भी लागू होंगे.

    बयान के अनुसार, रेयर अर्थ के खनन, मैग्नेट सामग्री बनाने, रीसाइक्लिंग करने या दूसरे स्रोतों से रेयर अर्थ के इस्तेमाल की इजाज़त बिना मंज़ूरी के नहीं होगी.

    चीन ने अपने बयान में कहा है कि विदेशी कंपनियां इन खनिजों का इस्तेमाल सैन्य उद्देश्यों के लिए कर रही हैं.

    चीन का बोलबाला

    चीन में दुनिया के कुल रेयर अर्थ मिनरल्स का 70 फ़ीसदी हिस्सा है. इसके अलावा इनकी प्रोसेसिंग में भी चीन की भागेदारी 90 फ़ीसदी है.

    ये रेयर अर्थ खनिज कारों, इलेक्ट्रॉनिक सामान, पवन ऊर्जा और रक्षा क्षेत्र में इस्तेमाल होते हैं.

    अमेरिका, यूरोपीय संघ और भारत, चीन से इन धातुओं के बड़े आयातक हैं.

    यूरोपीय कमिशन ने चीन के इस क़दम पर गहरी चिंता व्यक्त की है. यूरोपीय कमिशन के प्रवक्ता ने कहा, “हम इस घोषणा से चिंतित हैं और इसका अध्ययन कर रहे हैं.”

    चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने क्या कहा?

    चीनी वाणिज्य मंत्रालय ने कहा, “कुछ विदेशी संगठन और व्यक्ति चीन से मिलने वाले रेयर अर्थ खनिजों को सीधे प्रोसेस कर रहे हैं. इसके बाद उन्हें संबंधित संगठनों और व्यक्तियों को ट्रांसफ़र कर रहे हैं. इनका सैन्य अभियानों में इस्तेमाल चीन की राष्ट्रीय सुरक्षा और हितों को गंभीर नुकसान या संभावित ख़तरा पैदा कर रहा है."

  8. कार्टून: वैधानिक चेतावनी

    दूषित कफ़ सिरप के मामले पर आज का कार्टून.

    कार्टून
  9. मायावती ने योगी सरकार का जताया आभार, क्या बोले अखिलेश यादव

    अख़िलेश यादव

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, अखिलेश यादव ने बीजेपी पर पटना एयरपोर्ट बेचने का लगाया आरोप.

    बसपा प्रमुख मायावती के आरोपों को लेकर समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी है.

    अखिलेश यादव ने एक्स पर तंज़ करते हुए लिखा, "क्योंकि ‘उनकी’ अंदरूनी साँठगाँठ है जारी... इसीलिए वो हैं ज़ुल्म करने वालों के आभारी."

    कांशीराम की पुण्यतिथि पर लखनऊ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मायवती ने सपा पर निशाना साधा, तो वहीं यूपी की बीजेपी सरकार का आभार जताया था.

    उन्होंने कहा था कि उत्तर प्रदेश में कांशीराम के नाम पर बने संस्थानों और योजनाओं का फ़ंड समाजवादी पार्टी की सरकार ने बंद कर दिया था और फिर मौजूदा मुख्यमंत्री (योगी आदित्यनाथ) से उन्होंने अपील की थी.

    उन्होंने कहा, "उत्तर प्रदेश की वर्तमान बीजेपी सरकार ने इस मामले को संज्ञान में लेकर हमसे वादा किया कि जो भी पैसा टिकटों के जरिए आता है, वह इन स्थलों के रख रखाव के लिए लगाया जाएगा, इसलिए हमारी पार्टी उनकी (भाजपा सरकार) आभारी है."

    पटना एयरपोर्ट बेचने का आरोप

    अखिलेश यादव ने आज एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस करके यूपी की बीजेपी सरकार पर मंडियां बंद करने का आरोप लगाया.

    उन्होंने कहा, "एक्सप्रेसवे के किनारे इसीलिए मंडियां बनी थीं कि किसानों की पैदावार जल्द मंडी तक पहुंच जाए और वहां से जल्द बड़े बड़े बाज़ार में पहुंच जाए. लेकिन सुना है कि मुख्यमंत्री ने मंडियां बंद कर दीं."

    उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर जयप्रकाश नारायण के नाम वाले पटना एयरपोर्ट को बेचने की योजना बनाने का आरोप लगाया.

  10. हंगरी के लाज़्लो क्राज़्नाहोरकाई को मिला साहित्य का नोबेल पुरस्कार

    लाज़्लो क्राज़्नाहोरकाई

    इमेज स्रोत, Niklas Elmehed © Nobel Prize Outreach

    इमेज कैप्शन, लाज़्लो क्राज़्नाहोरकाई का जन्म 1954 में हुआ था.

    साहित्य के क्षेत्र में मिलने वाले नोबेल पुरस्कार के विजेता का आज एलान कर दिया गया है.

    इस साल का साहित्य का नोबेल पुरस्कार हंगरी के लेखक लाज़्लो क्राज़्नाहोरकाई को मिला है.

    नोबल प्राइज़ की वेबसाइट के अनुसार, "विनाशकारी डर के माहौल के बीच कला की शक्ति को दोबारा स्थापित करने और प्रभावशाली और दूरदर्शी रचनाकर्म के लिए यह पुरस्कार दिया जा रहा है."

    लाज़्लो क्राज़्नाहोरकाई

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, लाज़्लो क्राज़्नाहोरकाई का पहला उपन्यास 1985 में प्रकाशित हुआ था.

    वेबसाइट के मुताबिक़, “लाज़्लो क्राज़्नाहोरकाई मध्य यूरोपीय परंपरा के एक महान महाकाव्य लेखक हैं. यह परंपरा काफ़्का से लेकर थॉमस बेर्नहार्ड तक जाती है.”

    लाज़्लो का जन्म हंगरी के दक्षिणपूर्व में रोमानिया की सीमा के पास स्थित एक छोटे से कस्बे में 1954 में हुआ था.

    उनका पहला उपन्यास 'सैटांटांगो' 1985 में प्रकाशित हुआ था.

  11. भारत और ब्रिटेन के संयुक्त बयान में पहलगाम हमले को लेकर क्या कहा गया?

    ब्रिटिश पीएम कीएर स्टार्मर और पीएम नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, @narendramodi

    इमेज कैप्शन, ब्रिटिश पीएम कीएर स्टार्मर और पीएम नरेंद्र मोदी

    ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीएर स्टार्मर और पीएम नरेंद्र मोदी के बीच आज हुई द्विपक्षीय वार्ता के बाद जारी हुए संयुक्त बयान में पहलगाम हमले और चरमपंथ का भी ज़िक्र किया गया.

    संयुक्त बयान में जुलाई में दोनों देशों के बीच हुए फ़्री ट्रेड एग्रीमेंट का ज़िक्र करते हुए टेक्नोलॉजी, इनोवेशन, टेलीकॉम, एआई, क्रिटिकल मिनरल्स के अलावा शिक्षा और रक्षा के क्षेत्र में सहयोग की सहमति की जानकारी दी गई.

    दोनों ही प्रधानमंत्रियों ने चरमपंथ का निंदा की और इसके ख़िलाफ़ ज़ीरो टॉलेरेंस बरतने के अलावा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तालमेल स्थापित करने की बात कही.

    बयान में कहा गया है, "बीते अप्रैल में जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए चरमपंथी हमले की कड़े शब्दों में दोनों नेताओं ने निंदा की."

    "दोनों नेताओं ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर घोषित चरमपंथियों, चरमपंथी संगठनों और उनको प्रायोजित करने वालों के ख़िलाफ़ निर्णायक और ठोस क़दम उठाने पर सहमति व्यक्त की."

    भारत दौरे पर आए ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने गुरुवार को मुंबई में प्रधानमंत्री मोदी के साथ बैठक की. इसके बाद दोनों नेताओं की ओर से संयुक्त बयान दिया गया.

  12. बिहार चुनाव से पहले तेजस्वी यादव ने सरकारी नौकरियों पर किया ये वादा

    तेजस्वी यादव ने सरकार बनते ही 10 लाख रोज़गार देने का वादा किया.

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, तेजस्वी यादव ने सरकार बनते ही 10 लाख रोज़गार देने का वादा किया.

    बिहार चुनावों का एलान हो चुका है और राज्य की प्रमुख विपक्षी पार्टी राजद के नेता तेजस्वी यादव ने नौकरियों को लेकर एक बड़ा एलान किया है.

    आज एक प्रेस कान्फ़्रेंस के दौरान तेजस्वी ने कहा, "सरकार बनते ही 20 दिन के अंदर अधिनियम बनेगा कि अगले 20 महीने के अंदर जिस परिवार में सरकारी नौकरी नहीं है उसे सरकारी नौकरी दी जाएगी."

    उन्होंने कहा कि एक अधिनियम बनाकर नौकरी की गारंटी दी जाएगी.

    तेजस्वी यादव ने कहा कि सरकार बनते ही कैबिनेट की पहली बैठक में 10 लाख नौकरियां देने का फ़ैसला लिया जाएगा.

    उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा, "अभिभावक तुल्य नीतीश कुमार ने उस वक़्त कहा था कि बजट कहां से आएगा और बीजेपी ने 19 लाख रोज़गार का वादा किया था, नौकरियों का नहीं, रोज़गार का. लेकिन इन दो सालों में कुछ भी नहीं हुआ."

    तेजस्वी ने कहा कि 'राज्य में सामाजिक न्याय के बाद अब आर्थिक न्याय की बारी है.'

  13. नेतन्याहू की तारीफ़ करने पर पीएम मोदी से कांग्रेस क्यों ख़फ़ा

    पीएम मोदी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ग़ज़ा शांति समझौते का पीएम मोदी ने स्वागत किया और साथ ही इसराइली पीएम नेतन्याहू के नेतृत्व की तारीफ़ की है.

    ग़ज़ा शांति समझौते का स्वागत करने के दौरान इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू की तारीफ़ करने को लेकर कांग्रेस ने पीएम नरेंद्र मोदी को घेरा है.

    कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने एक्स पर लिखा, "प्रधानमंत्री ने ग़ज़ा को लेकर हुई नई प्रगति का स्वागत किया है और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की सराहना की है. ऐसा उत्साह दिखाना कोई नई बात नहीं है."

    "लेकिन जो बात चौंकाने वाली, शर्मनाक और नैतिक रूप से आपत्तिजनक है, वह है मोदी का इसराइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू की प्रशंसा करना, जो पिछले बीस महीनों से ग़ज़ा में जनसंहार कर रहे हैं."

    जयराम रमेश ने लिखा, "मोदी ने फ़लस्तीन के एक स्वतंत्र और संप्रभु राष्ट्र के भविष्य पर भी पूरी तरह चुप्पी साध रखी है, जिसे भारत ने नवंबर 1988 में मान्यता दी थी और जिसे आज 150 से अधिक देश मान्यता दे चुके हैं."

    "मोदी ने इसराइल द्वारा कब्ज़े वाले वेस्ट बैंक में बस्तियों के विस्तार पर भी कोई टिप्पणी नहीं की है."

    आज ट्रंप ने ग़ज़ा शांति समझौते के पहले चरण की घोषणा की.

    इसका स्वागत करते हुए पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, "हम राष्ट्रपति ट्रंप की शांति योजना के पहले चरण पर हुए समझौते का स्वागत करते हैं. यह प्रधानमंत्री नेतन्याहू के सशक्त नेतृत्व का भी प्रतीक है."

  14. सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन ने सीजेआई पर हमला करने वाले वकील की सदस्यता ख़त्म की

    ऑल इंडिया लॉयर्स यूनियन के सदस्यों ने कोर्ट में हमले के ख़िलाफ़ प्रदर्शन किया था.

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ऑल इंडिया लॉयर्स यूनियन के सदस्यों ने कोर्ट में हमले के ख़िलाफ़ प्रदर्शन किया था.

    सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (एससीबीए) ने चीफ़ जस्टिस ऑफ़ इंडिया बीआर गवई पर हमला करने वाले वकील राकेश किशोर की सदस्यता समाप्त कर दी है.

    राकेश किशोर एससीबीए के अस्थाई सदस्य थे.

    एसोसिएशन ने अपने फ़ैसले में कहा है कि एक्ज़ीक्युटिव कमेटी ने पाया है कि 'यह कृत्य न्यायपालिका की स्वतंत्रता, अदालती कार्यवाही की पवित्रता और बार एवं बेंच के बीच लंबे समय से चले आ रहे परस्पर सम्मान के रिश्ते पर सीधा हमला है.'

    एसोसिएशन ने कहा है कि किशोर की सदस्यता तत्काल प्रभाव से समाप्त की जाती है और उनका नाम सदस्यता सूची से हटा दिया जाएगा.

    इसके अलावा एससीबीए की ओर से जारी किया गया सदस्यता कार्ड भी रद्द समझा जाएगा. इसके बारे में सुप्रीम कोर्ट के सेक्रेटरी जनरल को सूचित कर दिया गया है.

    इसी हफ़्ते सोमवार को सीजेआई बीआर गवई पर कोर्ट रूम में सुनवाई के दौरान ये घटना घटी थी.

    राकेश किशोर को सुरक्षा एजेंसियों ने हिरासत में लेकर पूछताछ की थी और बाद में उन्हें छोड़ दिया था.

  15. अब तक बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता आप तक ख़बरें पहुंचा रही थीं.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता संदीप राय आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  16. पीएम मोदी ने की ब्रिटिश पीएम से मुलाक़ात, कहा- भारत और ब्रिटेन की साझेदारी वैश्विक स्थिरता का आधार

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ब्रिटेन के पीएम किएर स्टार्मर और भारत के पीएम नरेंद्र मोदी ने बैठक के बाद संयुक्त बयान दिया

    भारत दौरे पर आए ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने गुरुवार को मुंबई में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बैठक की. इसके बाद पीएम मोदी और पीएम स्टार्मर की ओर से संयुक्त बयान दिया गया.

    पीएम मोदी ने बताया कि इस साल जुलाई में उनके ब्रिटेन दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच आर्थिक और व्यापार समझौते हुए थे.

    उन्होंने कहा, "आर्थिक और व्यापार समझौते से दोनों देशों के बीच आयात लागत कम होगी, युवाओं के लिए रोज़गार के नए अवसर पैदा होंगे, व्यापार बढ़ेगा और इससे हमारे उद्योगों और उपभोक्ताओं को लाभ होगा."

    पीएम मोदी ने कहा, "आर्थिक और व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर करने के कुछ ही महीनों के अंदर ब्रिटेन के पीएम स्टार्मर की भारत यात्रा, जिसमें उनके साथ अब तक का सबसे बड़ा व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल आया है, भारत-ब्रिटेन साझेदारी में नए जोश का प्रतीक है."

    उन्होंने कहा, "मौजूदा वैश्विक अस्थिरता के दौर में भारत और यूके के बीच ये बढ़ती हुई साझेदारी वैश्विक स्थिरता और आर्थिक प्रगति का एक महत्वपूर्ण आधार बनी रही है."

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने भी दोनों देशों के बीच जुलाई में हुए आर्थिक और व्यापार समझौते को अहम बताया. उन्होंने ब्रिटेन में बॉलीवुड फ़िल्में बनाने के लिए एक समझौता होने की घोषणा की है.

    उन्होंने ये भी बताया कि ब्रिटिश यूनिवर्सिटीज़ भारत में अपने कैंपस स्थापित करेंगी, जिससे ब्रिटेन यहां उच्च शिक्षा का सबसे बड़ा इंटरनेशनल प्रोवाइडर बनेगा.

  17. मायावती ने रैली में समाजवादी पार्टी पर साधा निशाना, यूपी की बीजेपी सरकार का जताया आभार

    बसपा प्रमुख मायावती

    इमेज स्रोत, ANI

    बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने पार्टी संस्थापक कांशीराम की पुण्यतिथि पर लखनऊ में एक जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधा, तो वहीं यूपी की बीजेपी सरकार का आभार जताया.

    मायावती ने सपा पर क्या आरोप लगाए हैं?

    मायावती ने कहा, "समाजवादी पार्टी जब सरकार में रहती है, तब न उन्हें पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) याद आता है, न कांशीराम की जयंती और न ही उनकी पुण्यतिथि याद आती है."

    यूपी में अपने कार्यकाल का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा, "हमने कांशीराम जी के नाम पर कई संस्थानों के नाम रखे, कई योजनाएं शुरू की, जिन्हें समाजवादी पार्टी ने सत्ता में आते ही बंद कर दिया... यह उनका दोहरा चरित्र नहीं है तो क्या है?"

    बसपा प्रमुख ने कहा, "जब उत्तर प्रदेश में हमारी सरकार थी तो कांशीराम के आदर-सम्मान में स्मारक स्थल बनाए गए थे. उस वक़्त हमारी सरकार ने ये व्यवस्था की थी कि यहां एंट्री टिकट लेकर लोग आएंगे और इससे आने वाले पैसे का इस्तेमाल स्मारक और पार्कों के रख रखाव में होगा.''

    मायावती ने कहा, "लेकिन दुख की बात यह है कि वर्तमान बीजेपी की सरकार से पहले यहां सपा की सरकार थी तो सपा सरकार ने उस टिकट के पैसे को दबाकर रखा. स्मारक और पार्कों के रख रखाव पर एक पैसा भी ख़र्च नहीं किया और इन स्थलों की हालत बहुत जर्जर हो चुकी थी."

    यूपी की बीजेपी सरकार का आभार क्यों जताया?

    मायावती ने कहा,"मैंने उत्तर प्रदेश के (मौजूदा) मुख्यमंत्री को लिखित चिट्ठी के जरिए कहा और आग्रह किया कि टिकटों के पैसे को स्मारक और पार्कों के रख रखाव पर लगाया जाए."

    "उत्तर प्रदेश की वर्तमान बीजेपी सरकार ने इस मामले को संज्ञान में लेकर हमसे वादा किया कि जो भी पैसा टिकटों के जरिए आता है, वह इन स्थलों के रख रखाव के लिए लगाया जाएगा, इसलिए हमारी पार्टी उनकी (भाजपा सरकार) आभारी है."

    वहीं, इस बीच अखिलेश यादव ने बिना किसी का नाम लिए एक्स पर पोस्ट किया, "क्योंकि ‘उनकी’ अंदरूनी सांठगांठ है जारी इसीलिए वो हैं ज़ुल्म करने वालों के आभारी."

  18. मध्य प्रदेश कफ़ सिरप मामला: श्रीसन फ़ार्मा के मालिक गिरफ़्तार, विष्णुकांत तिवारी, बीबीसी संवाददाता

    मध्य प्रदेश कफ़ सिरप मामला

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, छिंदवाड़ा में बच्चों की कफ़ सिरप पीने और फिर किडनी फेल होने से मौत हुई

    मध्य प्रदेश पुलिस ने चेन्नई स्थित श्रीसन फ़ार्मा कंपनी के मालिक एस. रंगनाथन को गिरफ़्तार किया है. इस कंपनी पर दूषित कफ़ सिरप 'कोल्ड्रिफ़' बनाने का आरोप है, जिसकी वजह से राज्य में कम से कम 20 बच्चों की मौत हो चुकी है.

    छिंदवाड़ा के पुलिस अधीक्षक अजय पांडे ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से कहा, “छिंदवाड़ा से रवाना हुई एसआईटी ने श्रीसन फ़ार्मा के मालिक एस रंगनाथन को गिरफ़्तार कर लिया है. चेन्नई में उनकी मेडिकल जांच और आगे की प्रक्रिया की जाएगी. फिर उन्हें छिंदवाड़ा लाया जाएगा.”

    छिंदवाड़ा में बच्चों की कफ़ सिरप पीने और फिर किडनी फेल होने से हुई मौत के मामले में 5 अक्तूबर को 12 सदस्य का विशेष जांच दल बनाया गया था.

    परासिया में सात सितंबर से एक-एक कर कई बच्चों की मौत हो रही थी. छह बच्चों की मौत के बाद प्रशासन हरकत में आया और 23 सितंबर को इस तरह हो रही बच्चों की मौत पर अधिकारियों ने जांच शुरू की.

    जांच में पता चला कि बच्चों की मौत कफ़ सिरप पीने के बाद किडनी फेल होने से हो रही है. ये सिरप तमिलनाडु के कांचीपुरम ज़िले में श्रीसन फ़ार्मास्युटिकल्स कंपनी बनाती थी. यह सिरप छिंदवाड़ा और आसपास के कस्बों में बिक्री के लिए उपलब्ध था.

    तमिलनाडु ड्रग कंट्रोल विभाग की रिपोर्ट में इस कंपनी के सिरप के एक बैच में 48.6 प्रतिशत डायथिलीन ग्लाइकॉल पाया गया. यह वही 'ज़हरीला' रसायन है, जिससे पहले भी गाम्बिया, उज्बेकिस्तान और भारत में बच्चों की मौत हो चुकी है.

    इस रिपोर्ट के बाद मध्य प्रदेश ड्रग कंट्रोल विभाग ने शनिवार चार अक्तूबर को कफ़ सिरप पर प्रतिबंध लगा दिया था.

    साथ ही, पुलिस ने सरकारी डॉक्टर प्रवीण सोनी, कफ़ सिरप बनाने वाली कंपनी श्रीसन फ़ार्मास्युटिकल्स के संचालकों और अन्य लोगों के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की थी.

  19. तालिबान सरकार के विदेश मंत्री अमीर ख़ान मुत्तक़ी दिल्ली पहुंचे

    तालिबान सरकार के विदेश मंत्री अमीर ख़ान मुत्तक़ी

    इमेज स्रोत, X/@MEAIndia

    इमेज कैप्शन, भारत दौरे पर तालिबान सरकार के विदेश मंत्री अमीर ख़ान मुत्तक़ी

    अफ़ग़ानिस्तान में तालिबान सरकार के विदेश मंत्री अमीर ख़ान मुत्तक़ी गुरुवार को भारत पहुंचे हैं.

    भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर यह जानकारी दी है.

    रणधीर जायसवाल ने एक्स पर लिखा, "अफ़ग़ानिस्तान के विदेश मंत्री अमीर ख़ान मुत्तक़ी का नई दिल्ली में स्वागत है. हम उनके साथ द्विपक्षीय संबंधों और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा करने के लिए उत्साहित हैं."

    2021 में अफ़ग़ानिस्तान की सत्ता पर क़ब्ज़े के बाद तालिबान के विदेश मंत्री का यह पहला भारत दौरा है.

    भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने तीन अक्तूबर को कहा था कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद समिति ने मुत्तक़ी को भारत दौरे की छूट दी है.

  20. ग़ज़ा पर ट्रंप की घोषणा: पीएम मोदी और शहबाज़ शरीफ़ ने दी ये प्रतिक्रिया

    पीएम मोदी और शहबाज़ शरीफ़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने एक्स पर पोस्ट किया है

    भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ग़ज़ा शांति समझौते के पहले चरण का स्वागत किया है.

    पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया, "हम राष्ट्रपति ट्रंप की शांति योजना के पहले चरण पर हुए समझौते का स्वागत करते हैं. यह प्रधानमंत्री नेतन्याहू के सशक्त नेतृत्व का भी प्रतीक है."

    "हमें उम्मीद है कि बंधकों की रिहाई और ग़ज़ा के लोगों के लिए मानवीय सहायता बढ़ाए जाने से उन्हें राहत मिलेगी और स्थायी शांति में मदद मिलेगी."

    वहीं पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने कहा है कि ये समझौता मध्य पूर्व में स्थायी शांति सुनिश्चित करने का एक ऐतिहासिक अवसर है.

    पाकिस्तानी पीएम ने एक्स पर पोस्ट किया, "बातचीत की पूरी प्रक्रिया में राष्ट्रपति ट्रंप का नेतृत्व विश्व शांति के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता को दिखाता है."

    उन्होंने कतर, मिस्र और तुर्की के प्रयासों की भी सराहना की.