You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

यूक्रेन युद्ध ख़त्म करने को लेकर पोप लियो ने क्रिसमस के मौके़ पर कही ये बात

पोप लियो ने यूक्रेन और रूस से युद्ध ख़त्म करने के लिए सीधे बातचीत करने की अपील की है. सेंट पीटर्स स्क्वायर में क्रिसमस के मौके़ पर दिए गए अपने पहले संदेश में उन्होंने यह बात कही.

सारांश

लाइव कवरेज

चंदन कुमार जजवाड़े और इफ़्तेख़ार अली

  1. जयपुर में जेन ज़ी का प्रदर्शन, अरावली की पहाड़ियों को सुरक्षा देने की मांग

    राजस्थान के जयपुर में जेन ज़ी ने अरावली पहाड़ियों की 'नई परिभाषा' के ख़िलाफ़ प्रदर्शन किया है. ये लोग अरावली को सुरक्षा देने की मांग कर रहे हैं.

    केंद्र सरकार की सिफ़ारिशों के बाद सुप्रीम कोर्ट ने अरावली की जिस परिभाषा को स्वीकार किया है, उसके अनुसार आसपास की ज़मीन से कम से कम 100 मीटर (328 फीट) ऊँचे ज़मीन के हिस्से को ही अरावली पहाड़ी माना जाएगा.

    दो या उससे ज़्यादा ऐसी पहाड़ियाँ, जो 500 मीटर के दायरे के अंदर हों और उनके बीच ज़मीन भी मौजूद हो, तब उन्हें अरावली शृंखला का हिस्सा माना जाएगा.

    पर्यावरणविदों का कहना है कि सिर्फ़ ऊँचाई के आधार पर अरावली को परिभाषित करने से कई ऐसी पहाड़ियों पर खनन और निर्माण के लिए दरवाज़ा खुल जाने का ख़तरा पैदा हो जाएगा, जो 100 मीटर से छोटी हैं, झाड़ियों से ढँकी हैं और पर्यावरण के लिए ज़रूरी हैं.

    अरावली पहाड़ियों की 'नई परिभाषा' पर हो रहे विरोध के बीच पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने एक बयान जारी किया है.

    बयान के मुताबिक़, केंद्र सरकार ने राज्यों को निर्देश जारी कर अरावली क्षेत्र में किसी भी नई माइनिंग लीज़ को देने पर पूरी तरह रोक लगा दी है. यह प्रतिबंध पूरी अरावली पर समान रूप से लागू होगा.

  2. अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने दी क्रिसमस की शुभकामनाएं, विरोधियों के लिए ये कहा

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लोगों को क्रिसमस की शुभकामनाएं दी हैं. इस संदेश में उन्होंने कई दावे किए हैं और अपने विरोधियों पर भी निशाना साधा है.

    उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, “ सभी को मेरी क्रिसमस, जिसमें वे रेडिकल लेफ्ट के घटिया लोग भी शामिल हैं जो हमारे देश को बर्बाद करने के लिए हर मुमकिन कोशिश कर रहे हैं, लेकिन बुरी तरह फेल हो रहे हैं.”

    ट्रंप ने लिखा, “अब हमारे पास खुली सीमाएं नहीं हैं, महिलाओं के खेलों में पुरुष नहीं हैं, सबके लिए ट्रांसजेंडर नहीं हैं, या कमजोर कानून व्यवस्था नहीं है. हमारे पास जो है, वह है रिकॉर्ड स्टॉक मार्केट..दशकों में सबसे कम अपराध दर, कोई महंगाई नहीं, और 4.3 जीडीपी, जो उम्मीद से दो पॉइंट बेहतर है.

    ट्रंप ने दावा किया कि टैरिफ़ ने अमेरिका को खरबों डॉलर की ग्रोथ और खुशहाली दी है, जिसने अब तक की सबसे मजबूत राष्ट्रीय सुरक्षा दी है और अमेरिका का फिर से ऐसा सम्मान हो रहा है, शायद पहले कभी नहीं हुआ.

  3. अगर आप हमारे लाइव पेज से अभी जुड़ रहे हैं तो अब तक की अहम ख़बरें जानिए

    - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों को क्रिसमस की शुभकामनाएं दी हैं. इस मौक़े पर गुरुवार सुबह वो दिल्ली के कैथेड्रल चर्च पहुँचे. यहाँ पढ़ें पूरी ख़बर

    - कर्नाटक के चित्रदुर्ग ज़िले में एक भीषण सड़क हादसे में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई है और 24 लोग घायल हो गए हैं. यह हादसा नेशनल हाइवे 48 पर हुआ है. जानिए कैसे हुआ हादसा

    - अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में गोलीबारी में एक शिक्षक की मौत हो गई है. एएमयू के प्रॉक्टर मोहम्मद वसीम अली ने बताया है कि यह घटना बुधवार रात क़रीब 9 बजे हुई. घटना के बारे में यहाँ पढ़ें

    - तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने त्रिची-चेन्नई नेशनल हाईवे पर हुए सड़क हादसे में मारे गए 9 लोगों के प्रति शोक जताया है. इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई. यहाँ क्लिक कर विस्तार से जानें

    - अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि उन्हें दस लाख से ज़्यादा दस्तावेज़ मिले हैं, जिनका संबंध यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन से हो सकता है. जानिए कब सार्वजनिक होंगे ये दस्तावेज़

  4. पीएम मोदी ने चर्च पहुँचकर दी क्रिसमस की शुभकामनाएं, जानिए क्या कहा

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों को क्रिसमस की शुभकामनाएं दी हैं. इस मौक़े पर गुरुवार सुबह वो दिल्ली के कैथेड्रल चर्च पहुँचे.

    उन्होंने इससे जुड़ी कई तस्वीरें अपने सोशल मीडिया पोस्ट में साझा की हैं.

    पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, “दिल्ली में द कैथेड्रल चर्च ऑफ़ द रिडेम्पशन में क्रिसमस की सुबह की सर्विस में शामिल हुआ. सर्विस में प्यार, शांति और करुणा का शाश्वत संदेश झलका. क्रिसमस की भावना हमारे समाज में सद्भाव और भाईचारा लाए.”

  5. तमिलनाडु में सड़क हादसे में 9 लोगों की मौत, सीएम स्टालिन ने किया ये एलान

    तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने त्रिची-चेन्नई नेशनल हाईवे पर हुए सड़क हादसे में मारे गए 9 लोगों के प्रति शोक जताया है.

    यह हादसा बुधवार रात को कुड्डालोर ज़िले के एलुथुर गांव के पास हुआ है. स्टालिन ने मुख्यमंत्री सार्वजनिक राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 3-3 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायल लोगों को एक-एक लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की है.

    स्थानीय ख़बरों के मुताबिक़ बुधवार रात त्रिची से चेन्नई जा रही एक सरकारी बस का अगला टायर फट गया और इसके बाद बस 2 कारों से टकरा गई.

  6. ब्रेकिंग न्यूज़, कर्नाटक के चित्रदुर्ग में सड़क हादसा, कम से कम 11 लोगों की मौत

    कर्नाटक के चित्रदुर्ग ज़िले में एक भीषण सड़क हादसे में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई है और 24 लोग घायल हो गए हैं. यह हादसा नेशनल हाइवे 48 पर हुआ है.

    चित्रदुर्ग के डीसी (ज़िलाधिकारी) ने बीबीसी हिन्दी को बताया, "यह हादसा बुधवार रात क़रीब 2 बजे हुआ है. इसमें बेंगलुरु से गोकर्ण जा रही एक बस और सामने से आ रहे एक ट्रक के बीच टक्कर हो गई, इससे बस में आग लग गई."

    "यह बस स्लीपर कोच थी, जिसमें 32 मुसाफ़िर सवार थे. अभी तक हमने 11 शवों की पहचान कर ली है और सभी घायलों को पास के हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है."

    घटनास्थल से मिल रही तस्वीरों में दिख रहा है कि यह हादसा काफ़ी गंभीर है, जिसमें बस पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है, जबकि ट्रक (लॉरी) के आगे का हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है.

  7. अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में फ़ायरिंग, एक शिक्षक की मौत

    अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में गोलीबारी में एक शिक्षक की मौत हो गई है. एएमयू के प्रॉक्टर मोहम्मद वसीम अली ने बताया है कि यह घटना बुधवार रात क़रीब 9 बजे हुई.

    उन्होंने बताया, “हमें सूचना मिली कि लाइब्रेरी के पास कहीं फ़ायरिंग हुई है और उसमें कोई एक आदमी घायल हुआ है और उन्हें इलाज के लिए ले जा रहे हैं.”

    “जब हम मेडिकल कॉलेज पहुँचे तो ये पता चला कि जिस आदमी को गोली लगी है उनका नाम राव दानिश अली है और वो यूनिवर्सिटी के एबीके स्कूल में शिक्षक हैं. मौक़े पर लोगों ने बताया कि 7-8 गोलियाँ चली हैं.”

    वसीम अली ने बताया कि दानिश अली को सिर में गोली लगी थी और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

  8. अमेरिकी अधिकारियों को मिले दस लाख से ज़्यादा दस्तावेज़, हो सकता है जेफरी एपस्टीन से संबंध, मेडिलाइन हाल्पर्ट, बीबीसी न्यूज़

    अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि उन्हें दस लाख से ज़्यादा दस्तावेज़ मिले हैं, जिनका संबंध यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन से हो सकता है.

    अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक़ वे आने वाले दिनों और हफ़्तों में इन दस्तावेज़ों को सार्वजनिक करने की योजना बना रहे हैं.

    अमेरिकी जाँच एजेंसी फ़ेडरल ब्यूरो ऑफ़ इन्वेस्टिगेशन और न्यूयॉर्क में संघीय अभियोजक ने न्याय विभाग को इन फ़ाइलों के बारे में बताया.

    न्याय विभाग ने बुधवार को कहा, "हमारे वकील पीड़ितों की सुरक्षा के लिए कानूनी तौर पर ज़रूरी बदलाव करने और समीक्षा करने के लिए चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं, और हम दस्तावेज़ों को जल्द से जल्द जारी करेंगे."

    विभाग ने कहा कि सभी फ़ाइलें जारी होने में "कुछ हफ़्ते और" लग सकते हैं. 19 दिसंबर तक एपस्टीन मामले से जुड़ी सभी फ़ाइलें जारी नहीं होने पर न्याय विभाग की जांच हो रही है.

    एक नए कानून के तहत विभाग को तय समय सीमा के अंदर ये दस्तावेज़ सार्वजनिक करने थे.

  9. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.