You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

यूक्रेन युद्ध ख़त्म करने को लेकर पोप लियो ने क्रिसमस के मौके़ पर कही ये बात

पोप लियो ने यूक्रेन और रूस से युद्ध ख़त्म करने के लिए सीधे बातचीत करने की अपील की है. सेंट पीटर्स स्क्वायर में क्रिसमस के मौके़ पर दिए गए अपने पहले संदेश में उन्होंने यह बात कही.

सारांश

लाइव कवरेज

चंदन कुमार जजवाड़े और इफ़्तेख़ार अली

  1. नमस्कार

    बीबीसी हिन्दी के आज के लाइव पन्ने को यही रोकने का समय आ गया है. अब मुझे यानी बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली को इजाज़त दीजिए.

    कल सुबह में हम फिर से एक नए लाइव पन्ने के साथ हाज़िर होंगे और आप तक देश दुनिया की तमाम बड़ी खबरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिन्दी के पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए हुए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. यूक्रेन युद्ध ख़त्म करने को लेकर पोप लियो ने क्रिसमस के मौके़ पर कही ये बात

    पोप लियो ने यूक्रेन और रूस से युद्ध ख़त्म करने के लिए सीधे बातचीत करने की अपील की है. सेंट पीटर्स स्क्वायर में क्रिसमस के मौके़ पर दिए गए अपने पहले संदेश में उन्होंने यह बात कही.

    क्रिसमस पर वेटिकन सिटी में मौजूद श्रद्धालुओं को दिए जाने वाले पारंपरिक संबोधन में पोप ने दुनिया भर में चल रहे संघर्षों को समाप्त करने का आह्वान किया.

    यूक्रेन का ज़िक्र करते हुए पोप लियो ने कहा, "हथियारों की आवाज़ थम जाए और अंतरराष्ट्रीय समुदाय के समर्थन और प्रतिबद्धता के साथ जुड़े पक्ष ईमानदार, सीधे और सम्मानजनक संवाद के लिए साहस जुटाएं."

    पोप की यह अपील ऐसे समय आई है, जब अमेरिका की अगुवाई में युद्ध समाप्त करने के लिए बातचीत का सिलसिला जारी है.

  3. क्रिसमस के मौके़ पर सामने आई घटनाओं पर आप नेता संजय सिंह ने क्या कहा?

    आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने क्रिसमस के मौके़ पर देश के कई हिस्सों में सामने आई घटनाओं पर चिंता ज़ाहिर की.

    उन्होंने एक वीडियो बयान जारी कर कहा कि भारत सांस्कृतिक रूप से एक मज़बूत राष्ट्र है और हमें भारतीय होने पर गर्व है, लेकिन आजकल कुछ लोग 'दूसरे धर्म के लोगों को परेशान' कर रहे हैं और उनके आयोजनों और 'धार्मिक कार्यक्रमों में दख़ल' दे रहे हैं.

    उन्होंने सवाल किया कि क्या इससे दुनिया में भारत की छवि एक विश्वगुरु के रूप में बनेगी.

    संजय सिंह ने कहा, "ऐसी बीजेपी को आपने सत्ता में बैठा दिया है, जो कल बरेली में चर्च के सामने हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे थे. कहीं बने हुए सैंटा क्लॉस की तोड़फोड़ की जा रही है. कहीं महिलाओं को घेरकर पीटा जा रहा है. क्या ऐसा हिंदुस्तान आप बनाना चाह रहे हैं."

    उन्होंने कहा, "आपकी इन हरकतों की वजह से विदेशों में रह रहे भारतीयों को कितनी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा होगा."

    दरअसल क्रिसमस के मौके़ पर कई जगहों से घटनाएं सामने आई हैं, जिसमें तोड़-फोड़ शामिल है.

    इससे पहले आरोप है कि बुधवार को रायपुर के मैग्नेटो मॉल में कर्मचारियों से उनकी जाति और धर्म पूछ-पूछ कर उन्हें धमकाया गया और वहां तोड़-फोड़ की गई.

    मैग्नेटो मॉल की मार्केटिंग हेड आभा गुप्ता के अनुसार, "बड़ी संख्या में लाठी और हॉकी स्टिक लेकर लोग मॉल में घुस आए और तोड़फोड़ मचाना शुरू कर दिया. वे कर्मचारियों की आईडी देख रहे थे और पूछ रहे थे कि तुम हिंदू हो या ईसाई"

  4. ब्रेकिंग न्यूज़, इसराइल ने लेबनान में ईरान की कुद्स फ़ोर्स के एक अहम सदस्य को मारने का किया दावा

    इसराइली सेना ने गुरुवार को दावा किया है कि उसने लेबनान में ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स की विदेशी शाखा क़ुद्स फ़ोर्स के एक सदस्य को मार दिया है.

    सेना की ओर से जारी बयान के मुताबिक़, लेबनान के अंसारिया इलाके़ में हुसैन महमूद मार्शद अल-जवहारी को निशाना बनाया गया है.

    इसराइल ने अल-जवहारी को 'कुद्स फोर्स' (यूनिट 840) का एक मुख्य 'आतंकवादी' बताया है.

    अपने बयान में इसराइल ने अल-जवहारी पर इसराइल के ख़िलाफ़ हमले की योजना बनाने का आरोप लगाया गया.

    इसराइली सेना ने कहा, "वह आईआरजीसी (इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स) के तहत काम करते थे और सीरिया, लेबनान से इसराइल और उसकी सुरक्षा एजेंसियों के ख़िलाफ़ ईरान के निर्देश पर आतंकी गतिविधियां चला रहा थे."

  5. जानिए अब तक की 5 बड़ी ख़बरें, बस एक क्लिक में

    क्या आप अभी-अभी बीबीसी हिन्दी के इस लाइव पेज से जुड़े हैं?

    अगर हाँ, तो देश-दुनिया की हलचल से अपडेट होने के लिए बस एक क्लिक करें.

    नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें और जानें आज सुबह से अब तक की 5 बड़ी ख़बरें.

  6. हिंदू संगठनों की ओर से क्रिसमस का विरोध किए जाने पर कांग्रेस ने मोदी सरकार पर साधा निशाना

    छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में हिंदू संगठनों की ओर से क्रिसमस का विरोध करने पर कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी सरकार पर निशाना साधा है.

    कांग्रेस ने एक वीडियो शेयर करते हुए कहा कि यह 'बीजेपी सरकार का असली चेहरा' उजागर करता है. इस वीडियो में कुछ लोग क्रिसमस की सजावट में तोड़फोड़ करते दिख रहे हैं.

    कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "यह कोई अकेली घटना नहीं है. देश भर में लोग सिर्फ़ क्रिसमस मनाने के कारण निशाना बनाए जा रहे हैं और डराए जा रहे हैं. जबलपुर और दिल्ली से लेकर छत्तीसगढ़, केरल, ओडिशा और उत्तराखंड तक, और कई अन्य जगहों पर, अल्पसंख्यक समुदायों को संगठित तरीके़ से निशाना बनाए जाने की घटनाएं सामने आ रही हैं."

    बयान में कहा गया, "इस तरह की घटनाएं हमारे देश की स्थिति को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती हैं, जिसकी पहचान हमेशा एकता और विविधता की ताक़त से रही है."

    कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, "प्रधानमंत्री मोदी, ये घटनाएं सीधे तौर पर आपकी विचारधारा को दर्शाती हैं. भारत में अल्पसंख्यकों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं को पूरी दुनिया देख रही है."

    "हम चुप नहीं रहेंगे. हम नफ़रत और हिंसा के ख़िलाफ़ हर समुदाय के अपने भाई-बहनों के साथ मज़बूती से खड़े हैं."

    आरोप है कि बुधवार को रायपुर के मैग्नेटो मॉल में कर्मचारियों से उनकी जाति और धर्म पूछ-पूछ कर उन्हें धमकाया गया और वहां तोड़-फोड़ की गई.

    मैग्नेटो मॉल की मार्केटिंग हेड आभा गुप्ता के अनुसार, "बड़ी संख्या में लाठी और हॉकी स्टिक लेकर लोग मॉल में घुस आए और तोड़फोड़ मचाना शुरू कर दिया. वे कर्मचारियों की आईडी देख रहे थे और पूछ रहे थे कि तुम हिंदू हो या ईसाई"

  7. बांग्लादेश में हिंदू युवक की हत्या पर अभिनेत्री जया प्रदा ने कहा, 'ये हिंदू धर्म पर हमला'

    पूर्व सांसद और अभिनेत्री जया प्रदा ने बांग्लादेश के मैमनसिंह ज़िले में एक हिंदू युवक की हत्या पर प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने एक वीडियो बयान जारी कर कहा, "आज मैं बहुत दुखी हूं. मेरा कलेजा फट रहा है. यह सोचकर कि एक इंसान के साथ इतनी दरिंदगी कैसे हो सकती है."

    "बांग्लादेश में एक मासूम हिंदू भाई दीपू चंद्र दास को भीड़ ने मार डाला. इतना ही नहीं, उसे पेड़ से बांधकर आग लगा दिया. क्या यही वो नया बांग्लादेश है.

    उन्होंने कहा, "यह मामूली हिंसा नहीं है. यह मॉब लिंचिंग है. यह हिंदू धर्म पर प्रहार है. हमारे मंदिर तोड़े जा रहे हैं, फिर भी हम चुप हैं. सेक्युलरिज़्म के नाम पर हम चुप हैं. ये हिंसा बंद करना चाहिए. हमें अपनी आवाज़ उठानी चाहिए. वहां के लोगों की मदद करनी चाहिए. हम सबको मिलकर उनके लिए न्याय की मांग करनी चाहिए."

    बीते हफ़्ते गुरुवार को बांग्लादेश के मैमनसिंह ज़िले के भालुका में धर्म का 'अपमान' करने के आरोप में भीड़ ने एक हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की पीट-पीटकर हत्या कर दी.

    स्थानीय पुलिस के मुताबिक़, युवक को पीट-पीटकर मार डालने के बाद उसके शव को एक पेड़ से बांधकर आग लगा दी गई.

  8. जब अटल बिहारी वाजपेयी ने कहा, 'मुझे दहेज में पूरा पाकिस्तान दे दीजिए', राजनाथ सिंह ने सुनाया वाकया

    भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर आयोजित एक समारोह में बुधवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उनके एक पाकिस्तान दौरे का वाकया सुनाया.

    लखनऊ में आयोजिक एक कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, "एक बार जब अटल जी पाकिस्तान दौरे पर थे, तो उनके भाषण से प्रभावित होकर एक अविवाहित महिला ने कहा कि आप मुझसे शादी कर लें, लेकिन मुंह दिखाई में मुझे कश्मीर दे दें."

    "इस पर अटल जी ने जवाब दिया कि मैं भी आपसे शादी करने को तैयार हूं, लेकिन मुझे दहेज में पूरा पाकिस्तान दे दीजिए."

    भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जन्म 25 दिसंबर 1924 को हुआ था.

    रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने वाजपेयी की कविता, परोपकार और उनके हास्यबोध की भी सराहना की.

    उन्होंने कहा, "अटल जी एक महान व्यक्तित्व के धनी नेता और कवि थे. उनकी कविताओं ने लोगों के दिलों को छुआ और सभी को उनका प्रशंसक बना दिया."

  9. क्रिसमस पर सजे मॉल में तोड़-फोड़ पर आज का कार्टून

  10. जमात-ए-इस्लामी ने तारिक़ रहमान की देश वापसी पर क्या कहा?

    जमात-ए-इस्लामी ने बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के कार्यकारी अध्यक्ष तारिक़ रहमान की देश वापसी का स्वागत किया है.

    तारिक़ रहमान 17 साल बाद 25 दिसंबर यानी आज ढाका लौटे हैं.

    जमात-ए-इस्लामी के अमीर (अध्यक्ष) शफ़ीक़ुर रहमान ने बीबीसी बांग्ला को बताया कि वह इसे एक सकारात्मक संकेत के रूप में देखते हैं कि उनके राजनीतिक सहयोगियों में से एक 17 साल बाद सीधे राजनीतिक क्षेत्र में लौट रहे हैं.

    शफ़ीक़ुर रहमान ने कहा कि जमात इस बात पर नज़र रखेगी कि मौजूदा राजनीतिक स्थिति में एकता के संदर्भ में तारिक़ रहमान क्या भूमिका निभाते हैं, या उनकी क्या योजनाएं हैं और वे उन्हें कैसे लागू करेंगे.

    जमात के महासचिव मिया गुलाम परवार ने बीबीसी को बताया कि वह भी रहमान की देश वापसी को सकारात्मक रूप में देखते हैं.

    हालांकि, उनका यह भी मानना ​​है कि राजनीति में तारिक़ रहमान की स्थिति इस बात पर निर्भर करेगी कि वह अपनी भूमिका कैसे निभाते हैं.

  11. नए साल पर हमले की साज़िश के आरोप में तुर्की में आईएस के 115 संदिग्ध गिरफ़्तार

    तुर्की के अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने क्रिसमस और नए साल के कार्यक्रमों पर हमलों की साज़िश को नाकाम कर दिया है.

    इस सिलसिले में तथाकथित इस्लामिक स्टेट (आईएस) समूह से जुड़े 100 से ज़्यादा संदिग्धों को गिरफ़्तार किया गया है.

    इस्तांबुल के मुख्य सरकारी अभियोजक ने बताया कि शहर भर में 124 ठिकानों पर बड़े पैमाने पर छापेमारी की गई. इस दौरान हथियार, गोला-बारूद और संगठन से जुड़े दस्तावेज़ बरामद किए गए हैं.

    अधिकारियों के मुताबिक़, आईएस समर्थक इस हफ़्ते तुर्की में हमलों की सक्रिय योजना बना रहे थे, जिनका निशाना ख़ास तौर पर ग़ैर-मुस्लिम लोग और कार्यक्रम थे.

    एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि पुलिस ने 115 संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जबकि 22 अन्य लोगों की तलाश जारी है.

  12. सुरक्षा बलों ने गणेश उइके और पांच अन्य माओवादियों के मारे जाने का किया दावा, गृहमंत्री अमित शाह ने क्या कहा?, आलोक पुतुल, रायपुर से बीबीसी हिन्दी के लिए

    सीपीआई माओवादी की सेंट्रल कमेटी के सदस्य गणेश उइके को सुरक्षाबलों ने एक मुठभेड़ में मारने का दावा किया है. गणेश उइके के अलावा पांच और माओवादी भी इस मुठभेड़ में मारे गए हैं.

    पुलिस का कहना है कि अभी सर्चिंग ऑपरेशन जारी है.

    सीपीआई माओवादी के बचे हुए शीर्ष नेताओं में शुमार गणेश उइके ऊर्फ़ पाका हनुमंथु पर एक करोड़ से ज़्यादा का इनाम था.

    ओडिशा के डीआईजी आपरेशंस अखिलेश्वर सिंह ने कहा कि यह आपरेशन स्पेशल इंटेलिजेंस विंग की सूचना पर शुरू किया गया था और हम लगातार संदिग्ध माओवादियों की मानिटरिंग कर रहे थे.

    उन्होंने कहा कि गणेश उइके की मौत से माओवादी आंदोलन को बड़ा झटका लगा है.

    पुलिस के अनुसार छत्तीसगढ़ से सटे ओडिशा के कंधमाल ज़िले में सुरक्षाबलों ने बुधवार को माओवादियों के ख़िलाफ़ एक अभियान चलाया था.

    इस अभियान में ओडिशा पुलिस के स्पेशल आपरेशंस ग्रुप, सीआरपीएफ़ और बीएसएफ़ के जवान शामिल थे.

    गुरुवार की सुबह गंजम इलाके़ में संदिग्ध माओवादियों के साथ सुरक्षाबलों की मुठभेड़ हुई.

    पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने घटनास्थल से 6 माओवादियों के शव बरामद किए हैं. मारे गए माओवादियों में दो छत्तीसगढ़ कैडर के माओवादी भी शामिल बताए जा रहे हैं, जो दोनों राज्यों की सीमा पर सक्रिय थे,

    सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि कंधमाल और उससे सटे इलाक़ों में अभी भी माओवादियों की मौजूदगी की आशंका को देखते हुए सर्च ऑपरेशन जारी है. अतिरिक्त बलों को इलाके़ में तैनात कर दिया गया है और जंगलों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है.

    इस पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी प्रतिक्रिया दी है.

    गृहमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया, "नक्सल फ़्री भारत की दिशा में एक अहम उपलब्धि."

    "ओडिशा के कंधमाल ज़िले में हुई एक बड़ी कार्रवाई में अब तक छह नक्सलियों को मार गिराया गया है. इनमें सेंट्रल कमेटी के सदस्य गणेश उइके भी शामिल हैं."

    बयान में कहा गया, "इस बड़ी सफलता के बाद ओडिशा नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्त होने की दहलीज़ पर खड़ा है."

  13. नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से फ़्लाइट ऑपरेशन शुरू, इस शहर के लिए भरी पहली उड़ान

    नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर गुरुवार सुबह पहली कमर्शियल फ्लाइट पहुँची है. इसके साथ इस एयरपोर्ट पर एयरसाइड ऑपरेशन शुरू हो गया है.

    यहाँ पहली विमान की लैंडिंग पर उसे सेरेमोनियल वॉटर कैनन सैल्यूट दिया गया. इस फ़्लाइट ने बेंगलुरु से उड़ान भरी थी.

    इसके बाद नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पहली डिपार्चर फ्लाइट हैदराबाद के लिए रवाना हुई.

  14. पश्चिम बंगाल के मज़दूर की ओडिशा में 'पीट पीटकर हत्या', सुब्रत कुमार पति, भुवनेश्वर से बीबीसी न्यूज हिंदी के लिए

    ओडिशा के संबलपुर के अइंठापल्ली पुलिस स्टेशन इलाक़े के दानिपाली में बुधवार देर शाम पश्चिम बंगाल के एक प्रवासी मजदूर की कुछ स्थानीय लोगों ने 'पीट पीटकर' हत्या कर दी है.

    संबलपुर के एसडीपीओ तोफान बाग ने बीबीसी को बताया, "तीन मजदूर बीड़ी पी रहे थे तभी कुछ स्थानीय लोग वहाँ पहुँचे ओर मजदूरों को आधार कार्ड दिखाने को कहा. फिर उन्होंने तीनों को पीटा, जिससे मौक़े पर एक आदमी की मौत हो गई."

    एसडीपीओ के मुताबिक़, "मृत व्यक्ति का पोस्टमॉर्टम किया गया है और उनके परिवार को ख़बर दे दी गई है. संबलपुर पुलिस ने इस मामले में 6 अभियुक्तों को गिरफ़्तार कर लिया है. मृत मजदूर का नाम शेख़ जुएल है, जो पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद के रहने वाले थे."

    पुलिस के मुताबिक़ वो संबलपुर में रहकर दिहाड़ी मजदूर के तौर पर काम कर रहे थे. घायल मजदूरों को संबलपुर हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है, जहाँ उनकी हालत सामान्य बताई गई है.

  15. छत्तीसगढ़: हिंदू संगठनों ने किया क्रिसमस का विरोध, कई जगह तोड़फोड़, आलोक पुतुल, रायपुर से बीबीसी हिन्दी के लिए

    छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में हिंदू संगठनों ने क्रिसमस का विरोध करते हुए, कई जगह तोड़फोड़ की.

    आरोप है कि बुधवार को रायपुर के मैग्नेटो मॉल में कर्मचारियों से उनकी जाति और धर्म पूछ-पूछ कर उन्हें धमकाया गया और वहां तोड़-फोड़ की गई.

    मैग्नेटो मॉल की मार्केटिंग हेड आभा गुप्ता के अनुसार, "बड़ी संख्या में लाठी और हॉकी स्टिक लेकर लोग मॉल में घुस आए और तोड़फोड़ मचाना शुरू कर दिया. वे कर्मचारियों की आईडी देख रहे थे और पूछ रहे थे कि तुम हिंदू हो या ईसाई"

    क्रिसमस की तैयारी में मॉल में सजावट की गई थी. हिंदू संगठनों की भीड़ ने उसे भी पूरी तरह तोड़-फोड़ दिया. आभा गुप्ता के अनुसार कम से कम 15 से 20 लाख रुपये का नुक़सान हुआ है.

    कई दूसरे इलाके़ में भी दुकानदारों के साथ मारपीट और तोड़फोड़ की ख़बर है.

    पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, "इस मामले में अज्ञात लोगों के ख़िलाफ़ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 190, 191(2), 324(2) और 331(3) के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच शुरू की गई है. जो भी अभियुक्त होंगे, उनके ख़िलाफ़ सख़्त कार्रवाई होगी."

    इधर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एक बयान जारी कर प्रदेशवासियों को क्रिसमस की शुभकामनाएँ और बधाई दी है.

    उन्होंने कहा कि क्रिसमस का पर्व प्रेम, करुणा, त्याग और सेवा की भावना को सुदृढ़ करने का संदेश देता है.

    मुख्यमंत्री ने कामना की कि क्रिसमस का यह पर्व प्रदेश के सभी नागरिकों के जीवन में सुख, स्वास्थ्य, समृद्धि और शांति लेकर आए और सभी के प्रयासों से छत्तीसगढ़ निरंतर प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़े.

  16. बांग्लादेश: बीएनपी नेता तारिक़ रहमान के स्वागत में उमड़ी हज़ारों की भीड़

    ख़ालिदा ज़िया के बेटे और बीएनपी के कार्यवाहक अध्यक्ष तारिक़ रहमान 17 साल के स्वैच्छिक निर्वासन के बाद गुरुवार को बांग्लादेश लौट गए हैं.

    बीबीसी बांग्ला के मुताबिक़ तारिक़ रहमान के स्वागत में ढाका की सड़कों पर बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी.

    इस मौक़े पर ढाका की सड़कों के विभिन्न स्थानों पर एलईडी स्क्रीन लगाई गई और उनके वीडियो दिखाए गए.

    तारिक़ रहमान ने बांग्लादेश के हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने के बाद अपनी तस्वीर पोस्ट की.

    तारिक़रहमान ने अपने फेसबुक पेज पर अपनी एक तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, "6,314 लंबे दिनों के बाद, बांग्लादेश के आसमान में!"

    उनका विमान सिलहट के उस्मानी हवाई अड्डे पर उतरा. वे बुधवार रात को लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे से देश के लिए रवाना हुए थे.

    ढाका में 300 फुट ऊंचे स्वागत स्थल पर हजारों लोग उनका स्वागत करने के लिए मौजूद रहे.

  17. नमस्कार!

    अब बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े को दीजिए इजाज़त.

    अब से रात 10 बजे तक इस लाइव पेज के ज़रिए बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  18. बांग्लादेश में दलित युवक की हत्या पर बीएसपी नेता मायावती ने ये कहा

    बांग्लादेश में हालिया हिंसा को लेकर उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने भारत सरकार से ऐसी घटनाओं के ख़िलाफ़ सक्रिय भूमिका निभाने मांग की है.

    उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, “जैसा कि सबको पता है बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों के जान, माल और मज़हब को जिस प्रकार से सांप्रदायिक हिंसा का शिकार बनाकर उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है उससे अपने देश में ही नहीं बल्कि अन्य जगहों पर भी चिंता की लहर है.

    “अभी हाल ही में वहाँ एक दलित युवक की जिस तरह से हत्या की गई है उसको लेकर भारत में लोगों का सड़कों पर फूटा आक्रोश स्वाभाविक है, जिसका भारत सरकार फौरन समुचित संज्ञान लेकर आगे हर स्तर पर अधिक सक्रिय भूमिका निभाए, ऐसी देश को उम्मीद है और यही समय की माँग भी है.”

    मायावती ने आरोप लगाया है कि भारत में दलितों और आदिवासियों पर जुल्म रुका नहीं है और बांग्लादेश के लिहाज से भी यह दुःख और चिंता की बात है.

    बांग्लादेश के मैमनसिंह ज़िले के भालुका में बीते गुरुवार को धर्म का अपमान करने के आरोप में भीड़ ने एक हिंदू युवक को पीट-पीटकर मार डाला था.

  19. अरावली पहाड़ियों के मुद्दे पर जयराम रमेश ने मोदी सरकार पर खड़े किए सवाल

    अरावली पहाड़ियों के मुद्दे पर कांग्रेस नेता और पूर्व वन एवं पर्यावरण मंत्री जयराम रमेश ने केंद्र सरकार पर सवाल खड़े किए हैं.

    उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, “सभी एक्सपर्ट की राय के ख़िलाफ़ मोदी सरकार की अरावली की नई परिभाषा ख़तरनाक और विनाशकारी है.

    "फॉरेस्ट सर्वे ऑफ इंडिया (एफ़एसआई) के भरोसेमंद आंकड़ों के मुताबिक़ 20 मीटर से ऊंची अरावली पहाड़ियों में से सिर्फ 8.7% ही 100 मीटर से ऊंची हैं. एफ़एसआई ने जिन अरावली पहाड़ियों की पहचान की हैं, उनमें 1% भी एक सौ मीटर से ज़्यादा ऊंची नहीं हैं.

    “इसका मतलब है कि क्षेत्रफल के हिसाब से 90% से ज़्यादा अरावली पहाड़ियों को नई परिभाषा के तहत सुरक्षा नहीं मिलेगी और उन्हें माइनिंग, रियल एस्टेट और दूसरी गतिविधियों के लिए खोला जा सकता है, जिससे पहले से ही खराब हो चुके इकोसिस्टम को और नुकसान होगा.”

    जयराम रमेश ने आरोप लगाया है कि जब पर्यावरण की बात आती है, तो पीएम मोदी की ग्लोबल बातों और उनके लोकल कामों में कोई तालमेल नहीं होता है.

    केंद्र सरकार की सिफ़ारिशों के बाद सुप्रीम कोर्ट ने अरावली की जिस परिभाषा को स्वीकार किया है, उसके अनुसार आसपास की ज़मीन से कम से कम 100 मीटर (328 फीट) ऊँचे ज़मीन के हिस्से को ही अरावली पहाड़ी माना जाएगा.

  20. उन्नाव रेप केस: महबूबा मुफ़्ती बोलीं, हाई कोर्ट का फ़ैसला सर्वाइवर के लिए डरावना मैसेज

    जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने उन्नाव रेप केस के दोषी कुलदीप सेंगर के मामले में दिल्ली हाई कोर्ट के फ़ैसले पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने बीजेपी के शासन पर भी टिप्पणी की है.

    महबूबा मुफ्ती ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, "दिल्ली हाई कोर्ट की तरफ से पूर्व बीजेपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की उम्रकैद की सज़ा को सस्पेंड करने से रेप सर्वाइवर को एक डरावना मैसेज गया है."

    "दु:ख की बात है कि यह कोई नई बात नहीं है, क्योंकि बीजेपी राज में क्रूर रेप के मामलों में नरमी बरतना आम बात हो गई है, और ऐसे फ़ैसलों के ख़िलाफ़ विरोध करने को भी अपराध बना दिया गया है, जिसमें प्रदर्शनकारियों को बेरहमी से और जबरदस्ती हटाया जाता है."

    उन्नाव बलात्कार मामले में ट्रायल कोर्ट से पूर्व बीजेपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को 2019 में उम्रक़ैद की सज़ा सुनाई गई थी.

    उम्रक़ैद की सज़ा मिलने के छह साल से ज़्यादा समय के बाद दिल्ली हाई कोर्ट की एक बेंच ने मंगलवार को उनकी सज़ा निलंबित कर दी.