यूक्रेन के बंदरगाह पर एक कमर्शियल जहाज़ पर हमले में चार भारतीयों की मौत

भारतीय विदेश मंत्रालय ने बताया है कि यूक्रेन के ओडेसा से रवाना होते समय एमवी गोल्डन लियो नाम के वाणिज्यिक पोत के ऊपर हमला हुआ, जिसमें चार भारतीयों की मौत हो गई है.

सारांश

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • रोहित शर्मा
  • दिल्ली पुलिस का जवान
  • एक फुटबॉल मैच जिसने दो देशों में लड़ाई शुरू करवा दी
  • जम्मू में आया फ़्लैश फ़्लड
  • कांग्रेस पार्टी के सांसद प्रमोद तिवारी ने भी किया वॉक आउट
  • भूख हड़ताल पर बैठे अभिजीत दीपके
  • सोनम वांगचुक को पुलिस ने जंतर-मंतर से हटाया

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, शिवांगी जायसवाल

  1. अभिजीत दीपके के पिता बोले- मैं बहुत चिंतित हूं..., श्रीकांत बंगाले

    भगवान दीपके

    इमेज स्रोत, Kiran Sakle

    इमेज कैप्शन, अभिजीत दीपके के पिता भगवान दीपके ने बीबीसी मराठी से बातचीत की

    कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने सोमवार को 'चलो संसद' मार्च का आह्वान किया है. सीजेपी के फ़ाउंडर अभिजीत दीपके ने कहा है कि उन्हें संसद तक जाने से कोई नहीं रोक सकता.

    अभिजीत दीपके ने शनिवार को भूख हड़ताल शुरू की थी, सोमवार को उनकी भूख हड़ताल का तीसरा दिन है. उन्होंने रविवार को ही कहा था कि यह बहुत मुश्किल काम है.

    वहीं, अभिजीत दीपके के पिता भगवान दीपके ने बीबीसी मराठी से बातचीत में अपने बेटे की सेहत को लेकर चिंता जताई और अपील की कि सरकार आंदोलनकारियों से बातचीत करे.

    भगवान दीपके ने कहा, "अभिजीत ने इससे पहले कभी भूख हड़ताल नहीं की है. अगर वह लंबे समय तक खाना नहीं खाता है, तो उसे चक्कर आने लगते हैं. अगर मैं भी ज्यादा देर तक भूखा रहता हूं तो मुझे चक्कर आने लगते हैं. यह हमारे परिवार में पीढ़ियों से है. उसे अपनी सेहत का ध्यान रखना चाहिए. मैं बहुत चिंतित हूं. आज उसकी भूख हड़ताल का तीसरा दिन है."

    उन्होंने संसद मार्च को लेकर कहा, "पुलिस को रुकावट पैदा करने वाला रवैया नहीं अपनाना चाहिए. हर किसी को अपने हक़ की मांग करने का अधिकार है. सरकार को लोगों ने चुना है, इसलिए उसे लोगों की बात सुननी चाहिए."

    अभिजीत के पिता ने कहा, "यह कोई राजनीतिक आंदोलन नहीं है. पहले भी कई मुद्दों पर कई लोगों (मंत्रियों) ने इस्तीफ़े दिए हैं. मुझे उन लोगों की सोच पर दुख होता है, जो पूछते हैं कि पहले हुई पेपर लीक की घटनाओं के समय ये प्रदर्शनकारी कहां थे."

  2. लोकसभा में विपक्षी सांसदों का हंगामा, सदन की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित

    स्पीकर ओम बिरला

    इमेज स्रोत, Sansad TV

    इमेज कैप्शन, स्पीकर ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित करने की घोषणा की

    संसद के मॉनसून सत्र के पहले दिन सोमवार को लोकसभा में विपक्षी सांसदों के हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई.

    सदन की कार्यवाही शुरू होने के महज 12 मिनट बाद ही लगातार शोर-शराबे के बीच स्पीकर ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही स्थगित करने की घोषणा की.

    कार्यवाही के दौरान विपक्षी सांसदों ने नीट-यूजी पेपर लीक, राम मंदिर चढ़ावा चोरी समेत कई मुद्दों पर चर्चा कराने की मांग की. इस दौरान कई विपक्षी सांसद पोस्टर और बैनर लेकर सदन में पहुंचे, जिससे हंगामे की स्थिति बन गई.

    इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद के हंस द्वार पर मीडिया को संबोधित करते हुए कहा, "मॉनसून हो या मॉनसून सत्र, अगर दोनों प्रो-एक्टिव हों तो बहुत ही प्रोडक्टिव होते हैं."

    18वीं लोकसभा का नौवां संसदीय सत्र 20 जुलाई से 13 अगस्त तक चलेगा. इसमें सरकार कई अहम विधेयक पेश कर सकती है, जबकि विपक्ष विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है.

  3. सोनम वांगचुक की सेहत पर सफ़दरजंग अस्पताल ने दिया ये हेल्थ अपडेट

    सोनम वांगचुक

    इमेज स्रोत, Sanchit Khanna/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, अस्पताल प्रशासन ने कहा है कि सोनम वांगचुक का इलाज लगातार चल रहा है और डॉक्टर उनकी देखभाल कर रहे हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की सेहत को लेकर सफ़दरजंग अस्पताल ने हेल्थ अपडेट जारी किया है. अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, वांगचुक की ज़रूरी मेडिकल जांच के नतीजे सामान्य आए हैं.

    सफ़दरजंग अस्पताल प्रशासन ने बताया कि सोनम वांगचुक का इलाज ठीक तरीके से लगातार चल रहा है और डॉक्टर उनकी देखभाल कर रहे हैं.

    अस्पताल ने बताया, "वांगचुक का इलाज जारी है और विशेषज्ञों की अलग-अलग टीमें उनकी सेहत पर नज़र बनाए हुए हैं. वीएमएमसी, सफ़दरजंग अस्पताल और एम्स दिल्ली की मेडिकल टीमों के आकलन के आधार पर किसी भी संभावित परेशानी का समय पर पता लगाने और उसका इलाज करने के लिए लगातार निगरानी ज़रूरी है."

    अस्पताल प्रशासन ने कहा कि सोनम वांगचुक को सभी ज़रूरी मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और विशेषज्ञों की टीम उनकी स्थिति की लगातार समीक्षा कर रही है.

    गौरतलब है कि सोनम वांगचुक को शनिवार (18 जुलाई) को दिल्ली पुलिस जंतर-मंतर से सफ़दरजंग अस्पताल लेकर आई थी. हालांकि, उनकी पत्नी ने उन्हें दूसरे अस्पताल में शिफ़्ट करने की मांग की है.

  4. पीएम मोदी ने क्यों कहा- मैं किसी 56 साल के युवा की बात नहीं कर रहा

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, Narendra Modi

    इमेज कैप्शन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मीडिया को संबोधित किया

    संसद का मॉनसून सत्र आज यानी सोमवार से शुरू हो रहा है. इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संसद पहुंचे और मीडिया को संबोधित किया.

    इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि बीते एक महीने में देश ने कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं. उन्होंने हैदराबाद की स्पेस कंपनी स्काईरूट एयरोस्पेस के हालिया प्रोजेक्ट का ज़िक्र भी किया.

    उन्होंने कहा, "पिछले साल मॉनसून सत्र से ठीक पहले एक भारतीय नागरिक अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर था. दो दिन पहले, भारतीय युवाओं की अगुवाई वाले एक स्टार्ट-अप ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की, जिसे अब तक केवल कुछ ही देश हासिल कर पाए हैं."

    दरअसल, हैदराबाद की स्पेस कंपनी स्काईरूट एयरोस्पेस ने शनिवार (18 जुलाई) को भारत का पहला प्राइवेट ऑर्बिटल रॉकेट ‘विक्रम-1’ सफलतापूर्वक लॉन्च किया था.

    पीएम मोदी ने कहा, "भारत के युवाओं ने अंतरिक्ष में नई उड़ान भरी है. इस युवा स्टार्टअप में काम करने वाले लोगों की औसत उम्र 28 साल है. ऐसे नौजवानों ने यह काम करके दिखाया. मैं किसी 56 साल के युवा की बात नहीं कर रहा."

    पीएम मोदी ने अपने संबोधन में आगे कहा, "मॉनसून हो या और मॉनसून सत्र, अगर दोनों ही प्रो-एक्टिव हो, तो बहुत ही प्रोडक्टिव होते हैं. दोनों प्रोडक्टिव होते हैं, तो देश का कल्याण होता है, जीव मात्र का कल्याण होता है. इसलिए हम यही प्रार्थना करते हैं कि मॉनसून भी प्रो-एक्टिव रहे और मॉनसून सत्र भी प्रोडक्टिव रहे."

    गौरतलब है कि संसद का मॉनसून सत्र 20 जुलाई 2026 से शुरू होकर 13 अगस्त 2026 तक चलेगा.

  5. सीजेपी ने कहा- आज कोई नहीं रोक पाएगा, तस्वीरों में जंतर-मंतर का माहौल

    प्रदर्शनकारी

    इमेज स्रोत, Dilnawaz Pasha

    इमेज कैप्शन, जंतर-मंतर पर बड़ी संख्या में मौजूद सीजेपी के समर्थक और प्रदर्शनकारी

    दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर बड़ी तादाद में लोग मौजूद हैं, जो संसद तक मार्च करना चाहते हैं. हालांकि, दिल्ली पुलिस इन्हें रोकने का प्रयास कर रही है.

    कॉकरोच जनता पार्टी का कहना है कि वो हर हाल में संसद तक शांतिपूर्ण मार्च करेंगे. सीजेपी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "ज़ोरदार बारिश और भारी सुरक्षा...लेकिन आज कॉकरोच को कोई नहीं रोक पाएगा."

    जंतर-मंतर की कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिसमें बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी नज़र आ रहे हैं-

    जंतर-मंतर

    इमेज स्रोत, Dilnawaz Pasha

    प्रदर्शनकारी

    इमेज स्रोत, Dilnawaz Pasha

    प्रदर्शनकारी

    इमेज स्रोत, Dilnawaz Pasha

    प्रदर्शनकारी

    इमेज स्रोत, Dilnawaz Pasha

  6. जंतर-मंतर पर 23 दिन बाद खत्म हुई आइसा के तीन छात्रों की भूख हड़ताल

    अभिनेत्री शबाना आज़मी अनशन समाप्त कराते हुए

    इमेज स्रोत, AISA

    इमेज कैप्शन, जंतर-मंतर पर अभिनेत्री शबाना आज़मी अनशन समाप्त कराते हुए

    दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) के तीन सदस्यों नेहा, आमीन और मनीष ने 23 दिनों तक चली भूख हड़ताल सोमवार को समाप्त कर दी है.

    संगठन के छात्रों ने विभिन्न सामाजिक कार्यकर्ताओं, नेताओं और जनप्रतिनिधियों की अपील के बाद अपना अनशन ख़त्म करने का फ़ैसला लिया.

    आइसा के मुताबिक़ अनशन समाप्त कराने के लिए सांसद मनोज झा, राजाराम सिंह और अमराराम के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल पहुंचा. इसके अलावा योगेंद्र यादव, अधिवक्ता प्रशांत भूषण, प्रोफ़ेसर अतुल सूद, अभिनेता प्रकाश राज और अभिनेत्री शबाना आज़मी ने भी छात्रों से भूख हड़ताल ख़त्म करने की अपील की.

    प्रतिनिधिमंडल से बातचीत के बाद छात्रों ने अनशन समाप्त किया. सांसद मनोज झा ने कहा कि छात्रों के आंदोलन ने सरकार को कई मुद्दों पर जवाब देने के लिए मजबूर किया है.

    अभिनेत्री शबाना आज़मी ने कहा, "हमारी पीढ़ी भले ही नई पीढ़ी के लिए बेहतर रास्ता बनाने में पूरी तरह सफल नहीं रही, लेकिन छात्रों के संघर्ष ने आगे की दिशा दिखाई है."

    आइसा के अनुसार, 23 दिनों की भूख हड़ताल के दौरान तीनों छात्रों के शरीर का वज़न 12 प्रतिशत से अधिक कम हो गया था. इसके साथ ही उनका ब्लड शुगर लेवल भी काफ़ी गिर गया था, जिससे स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ा.

    छात्र संगठन ने बताया कि संसद सत्र के दौरान एआईएसए धर्मेंद्र प्रधान, एनटीए और नई शिक्षा नीति 2020 से जुड़े मुद्दों को लेकर एक महीने का अभियान चलाएगा. संगठन का कहना है कि यह अभियान जंतर-मंतर पर हुई भूख हड़ताल के दौरान उठाई गई मांगों को आगे बढ़ाने का काम करेगा.

    योगेंद्र यादव

    इमेज स्रोत, AISA

    इमेज कैप्शन, एआईएसए के छात्रों का अनशन समाप्त करवाते योगेंद्र यादव
    प्रकाश राज

    इमेज स्रोत, AISA

    इमेज कैप्शन, एआईएसए के छात्रों का अनशन समाप्त करवाते अभिनेता प्रकाश राज और अभिनेत्री शबाना आज़मी
    मनोज झा

    इमेज स्रोत, AISA

    इमेज कैप्शन, एआईएसए के छात्रों का अनशन समाप्त करवाते सांसद मनोज झा
  7. फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप-2026: स्पेन से हार के बाद प्रेस कॉन्फ़्रेंस में क्यों रो पड़े अर्जेंटीना के कोच

    लियोनेल स्कालोनी

    इमेज स्रोत, Catherine Ivill - AMA/Getty Images

    इमेज कैप्शन, लियोनेल स्कालोनी प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान कई बार रो पड़े और माफ़ी मांगते हुए वहां से चले गए

    फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप-2026 स्पेन ने अतिरिक्त समय में अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर दूसरी बार पुरुष फ़ुटबॉल वर्ल्ड कप का ख़िताब अपने नाम किया. इसके बाद प्रेस कॉन्फ़्रेंस में अर्जेंटीना के कोच लियोनेल स्कालोनी भावुक हो गए.

    लियोनेल स्कालोनी प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान कई बार रो पड़े और माफ़ी मांगते हुए वहां से चले गए.

    दरअसल, फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप-2026 स्पेन ने अतिरिक्त समय में अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर दूसरी बार पुरुष फ़ुटबॉल विश्व कप का ख़िताब अपने नाम किया.

    यूरोपीय चैंपियन स्पेन ने पूरे मुक़ाबले में मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन अर्जेंटीना की तुलना में अधिक और बेहतर मौक़े बनाए. दूसरी ओर, अर्जेंटीना का खेल काफ़ी हद तक रक्षात्मक और मुक़ाबले की रफ़्तार पर ब्रेक लगाने वाला रहा.

    अर्जेंटीना के कोच लियोनेल स्कालोनी का कॉन्ट्रैक्ट दिसंबर में ख़त्म हो रहा है और उन्होंने कहा कि वह इस बारे में अर्जेंटीना फ़ुटबॉल फ़ेडरेशन के अध्यक्ष से बातचीत करेंगे.

    स्कालोनी ने कहा, "मैं अध्यक्ष से बात करूंगा. मेरे मन में एक विचार है. मैं अपना कॉन्ट्रैक्ट पूरा करूंगा और मुझे लगता है कि मुझे इसकी ज़रूरत है. मुझे नहीं पता कि इतनी बड़ी चीज़ दोबारा की जा सकती है या नहीं. हमें इस बारे में बात करनी होगी."

    उन्होंने आगे कहा, "मैं अध्यक्ष का शुक्रिया अदा करता हूं कि उन्होंने मुझे यह मौक़ा दिया और मुझे उस जगह तक पहुंचाया जहां मैं आज हूं. यह हर किसी के लिए सपनों की जगह थी. हमने आख़िरी मिनट तक अपनी पूरी कोशिश की. स्टाफ़ और खिलाड़ियों ने भी पूरी मेहनत की. मुझे लगता है कि मेरे लिए थोड़ा समय निकालना और इस बारे में सोचना सही होगा."

    उन्होंने कहा, "मेरे साथ थोड़ा धैर्य रखें. मुझे नहीं पता कि मैं आगे जारी रख पाऊंगा या नहीं."

    स्कालोनी ने कहा, "आगे जारी रखने के लिए बहुत सारी चीज़ों की ज़रूरत होती है. ख़ासकर अपने दिमाग़ को फिर से तैयार करने, ख़ुद को दोबारा ऊर्जा देने और ऐसी टीम फिर से बनाने की. ऐसा दोबारा करना बहुत मुश्किल है."

    अपनी बात ख़त्म करने के बाद स्कालोनी खड़े हुए और माफ़ी मांगते हुए प्रेस कॉन्फ़्रेंस से बाहर चले गए. जाते-जाते उन्होंने कहा कि यह बहुत दर्दनाक है और उन्हें बहुत अफ़सोस है.

    BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें.

    BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह.

    (कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.)

  8. सीजेपी के संसद मार्च से पहले जंतर-मंतर पर कैसा है माहौल, तस्वीरों में देखें

    सुरक्षा बल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, कॉकरोच जनता पार्टी के प्रस्तावित संसद मार्च से पहले सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है

    कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की ओर से सोमवार को शांतिपूर्ण संसद मार्च का आह्वान किया है. दिल्ली पुलिस ने इस मार्च की अनुमति नहीं दी है.

    हालांकि, सीजेपी का कहना है कि वो फिर भी मार्च निकालेंगे, इसमें विपक्षी दलों के कुछ सांसदों के शामिल होने की चर्चा भी है.

    प्रस्तावित संसद मार्च से पहले दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर पुलिस बल की तैनाती बढ़ गई है.

    जंतर-मंतर की कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं-

    दिल्ली पुलिस

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा कह चुके हैं कि संसद मार्च के लिए अनुमति नहीं दी गई है. उन्होंने कहा, "20 जुलाई को संसद तक प्रस्तावित मार्च को लेकर सामने आ रही खबरों के मद्देनज़र यह स्पष्ट करता हूं कि ऐसे किसी मार्च के लिए दिल्ली पुलिस को कोई आवेदन नहीं मिला है और न ही कोई अनुमति दी गई है"
    सुरक्षा बल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, डीसीपी सचिन शर्मा ने कहा, "नई दिल्ली में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत प्रोहिबिटरी ऑर्डर लागू है. इसके तहत जंतर-मंतर स्थित निर्धारित प्रदर्शन स्थल को छोड़कर, पांच या उससे अधिक लोगों के इकट्ठा होने, विरोध मार्च निकालने या प्रदर्शन करने पर प्रतिबंध है."
    सीजेपी प्रदर्शनकारी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, बीबीसी संवाददाता दिलनवाज़ पाशा ने बताया कि जंतर-मंतर पर हजारों की संख्या में लोग मौजूद हैं, पुलिस ने एंट्री के लिए बहुत छोटा-सा रास्ता दिया है
    सीजेपी प्रदर्शनकारी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, जंतर-मंतर पर बड़ी संख्या में लोग रातभर से ही मौजूद हैं और संसद मार्च में शामिल होना चाहते हैं
  9. फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप-2026: मेसी को पछाड़कर एम्बापे ने जीता गोल्डन बूट, टूर्नामेंट में किए इतने गोल

    एम्बापे और मेसी

    इमेज स्रोत, Dan Mullan/Getty Images

    इमेज कैप्शन, एम्बापे ने पूरे टूर्नामेंट में 10 गोल दागकर अर्जेंटीना के दिग्गज लियोनेल मेसी को पीछे छोड़ दिया (फ़ाइल फ़ोटो)

    फ़्रांस के स्टार स्ट्राइकर किलियन एम्बापे ने फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप-2026 में गोल्डन बूट जीतकर इतिहास रच दिया है. वह वर्ल्ड कप के इतिहास में दो बार यह पुरस्कार जीतने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं.

    एम्बापे ने पूरे टूर्नामेंट में 10 गोल दागकर अर्जेंटीना के दिग्गज लियोनेल मेसी को पीछे छोड़ दिया. मेसी 8 गोल के साथ गोल्डन बूट की दौड़ में दूसरे स्थान पर रहे.

    सेमीफ़ाइनल तक एम्बापे और मेसी दोनों 8-8 गोल के साथ बराबरी पर थे. इसके बाद इंग्लैंड के ख़िलाफ़ तीसरे स्थान के प्ले-ऑफ़ मुकाबले में एम्बापे ने दो शानदार गोल दागकर अपने गोलों की संख्या 10 तक पहुंचा दी. इससे पहले एम्बापे ने 2022 कतर वर्ल्ड कप में 8 गोल कर गोल्डन बूट जीता था.

    वहीं, अर्जेंटीना और स्पेन के बीच खेले गए फ़ाइनल मुकाबले में मेसी गोल करने में सफल नहीं रहे. इसके साथ ही एम्बापे ने सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी के रूप में गोल्डन बूट पर कब्जा जमा लिया.

    हालांकि, फ़्रांस तीसरे स्थान के मुकाबले में हारकर चौथे स्थान पर रहा, लेकिन एम्बापे का व्यक्तिगत प्रदर्शन पूरे टूर्नामेंट में शानदार रहा. उन्होंने 10 गोल करने के अलावा चार असिस्ट भी किए. इसी के साथ एम्बापे 1970 में जर्मनी के महान स्ट्राइकर गर्ड मुलर के बाद एक ही वर्ल्ड कप में 10 गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए.

    एम्बापे ने वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले पुरुष खिलाड़ी का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है. उनके नाम अब 22 गोल हैं, जो लियोनेल मेसी के 21 गोल से एक ज्यादा हैं.

  10. अभिजीत दीपके का दावा- दिल्ली पुलिस ने पत्थरों से भरा ट्रक जंतर-मंतर पर खड़ा किया

    अभिजीत दीपके

    इमेज स्रोत, Sajjad HUSSAIN / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के फ़ाउंडर अभिजीत दीपके ने दिल्ली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं

    कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की ओर से आज यानी सोमवार को शांतिपूर्ण संसद मार्च का आह्वान किया गया है. हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इस मार्च की अनुमति नहीं दी है.

    इसी बीच सीजेपी के फ़ाउंडर अभिजीत दीपके ने दावा किया है कि 'दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर पहले से ही पत्थरों से भरा एक ट्रक खड़ा कर दिया है.'

    दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "दिल्ली पुलिस को शर्म आनी चाहिए! जंतर-मंतर पर पहले से ही पत्थरों से भरा एक ट्रक और एक टूटी हुई वैन रखी गई है. जल्द ही गोदी मीडिया ऐसी खबरें चलाएगा कि प्रदर्शनकारियों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन को बदनाम करने के लिए वैन में तोड़फोड़ की."

    दीपके ने लिखा, "पुलिस अधिकारी क्या कर रहे हैं? क्या वे सीजेपी के शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर पत्थरबाज़ी करवाने की तैयारी कर रहे हैं? हमें जानकारी मिली है कि अधिकारी कुछ बहुत बुरा करने की योजना बना रहे हैं. वे गुंडों को प्रदर्शन में बाधा डालने की इजाज़त देंगे और फिर इसका आरोप शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर लगा देंगे."

    गौरतलब है कि अभिजीत दीपके की भूख हड़ताल का आज तीसरा दिन है, वो नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर हैं.

  11. इंग्लैंड ने भारत को हराकर 2-1 से जीती वनडे सिरीज़, रोहित शर्मा के रिटायरमेंट की अटकलों पर बोले शुभमन

    रोहित शर्मा

    इमेज स्रोत, Alex Davidson/Getty Images

    इमेज कैप्शन, रोहित शर्मा ने 110 गेंदों में 138 रन की शानदार शतकीय पारी खेली

    लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे और निर्णायक वनडे मुक़ाबले में इंग्लैंड ने भारत को 27 रन से हराकर तीन मैचों की सिरीज़ 2-1 से अपने नाम कर ली.

    पहले बल्लेबाज़ी करते हुए इंग्लैंड ने 3 विकेट के नुक़सान पर 387 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. जवाब में भारतीय टीम 50 ओवर में 7 विकेट पर 360 रन ही बना सकी और लक्ष्य से 27 रन पीछे रह गई.

    टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने वनडे इतिहास में लॉर्ड्स के मैदान पर अपना सर्वोच्च स्कोर बनाया. बेन डकेट ने 141 रन की शानदार पारी खेली, जबकि जैकब बेथेल ने 91 और जो रूट ने नाबाद 74 रन का योगदान दिया. भारत की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा ने 2 विकेट झटके, जबकि प्रिंस यादव ने एक विकेट लिया.

    388 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन अंत में टीम जीत तक नहीं पहुंच सकी.

    कप्तान शुभमन गिल ने 77 रन, विराट कोहली ने 74 रन बनाए, जबकि रोहित शर्मा ने 110 गेंदों में 138 रन की शानदार शतकीय पारी खेली. हालांकि, उनकी यह पारी भी भारत को जीत नहीं दिला सकी.

    इंग्लैंड की टीम

    इमेज स्रोत, Alex Davidson/Getty Images

    इमेज कैप्शन, पहले बल्लेबाज़ी करते हुए इंग्लैंड ने 3 विकेट के नुक़सान पर 387 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया

    इंग्लैंड के जैकब बेथेल को उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ़ द मैच' चुना गया. बेथेल ने 91 रन बनाने के साथ एक विकेट भी हासिल किया.

    वहीं, शुभमन गिल ने रोहित शर्मा की तारीफ़ करते हुए कहा कि उन्होंने अच्छी बल्लेबाज़ी की.

    शुभमन ने कहा, "आज रोहित ने बहुत अच्छी बल्लेबाज़ी की. आखिर में पिच धीमी हो गई थी, इसलिए बल्लेबाज़ी करना आसान नहीं था. फिर भी उन्हें खेलते देखना बहुत मज़ेदार था."

    शुभमन गिल ने रोहित शर्मा के रिटायरमेंट की चर्चाओं पर कहा, "उन्होंने हमें कुछ नहीं बताया है. मुझे लगता है कि यह सिर्फ़ मीडिया में आया है, लेकिन टीम में ऐसी कोई चर्चा नहीं हुई है."

    BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें.

    BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह.

    (कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.)

  12. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक अहम ख़बरें आप तक पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    इस समय बीबीसी हिंदी के पन्ने पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें आप नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.