बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवात 'मोंथा' कब और कहां टकराएगा, मौसम विभाग ने बताया

मौसम विभाग ने कहा है कि बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवात 'मोंथा' मंगलवार शाम या रात के समय आंध्र प्रदेश से टकरा सकता है. इस दौरान हवा की रफ़्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली, सुमंत सिंह

  1. ऑस्ट्रेलियाई महिला खिलाड़ियों से यौन हिंसा के आरोप पर कैलाश विजयवर्गीय का विवादित बयान

    कैलाश विजयवर्गीय

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, कैलाश विजयवर्गीय मध्य प्रदेश की बीजेपी सरकार में मंत्री हैं

    बीजेपी के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने इंदौर में दो ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेटरों के साथ यौन हिंसा के आरोप पर प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया, लेकिन साथ ही कहा कि इसमें 'थोड़ी बहुत लापरवाही हुई है'.

    कैलाश विजयवर्गीय ने एनडीटीवी से बातचीत में कहा, "खिलाड़ियों का अचानक वहां से निकल जाना, बिना किसी को बताए ये थोड़ी सी उनसे ग़लती हो गई है. क्योंकि वहां उनकी पर्सनल और पुलिस सिक्योरिटी भी थी."

    उनका कहना है कि खिलाड़ियों ने बाहर जाने की सूचना अपने कोच को नहीं दी थी.

    उन्होंने कहा, "वे (खिलाड़ी) बात करते हुए निकल गईं, किसी का ध्यान नहीं रहा और यह घटना हो गई."

    बीजेपी नेता कहते हैं, "इससे अब खिलाड़ी भी सीख लेंगे कि हम जब किसी दूसरे देश या शहर में जाएं तो अपनी सुरक्षा की चिंता भी करें."

    आने वाले समय में टूर्नामेंट की मेज़बानी पर असर पड़ने के सवाल पर कैलाश विजयवर्गीय का कहना है कि इससे कोई फ़र्क़ नहीं पड़ेगा.

    उन्होंने कहा, "बिल्कुल नहीं, इससे कोई फ़र्क़ नहीं पड़ेगा, क्योंकि हमें महसूस हुआ है कि इसमें हमारी ग़लती कहां है और यह भी महसूस हुआ है कि खिलाड़ियों की ग़लती कहां है."

    क्या है मामला?

    क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने शनिवार को कहा था कि महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप के लिए भारत दौरे पर गईं दो महिला ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के साथ "अनुचित बर्ताव हुआ और उन्हें ग़लत तरीके से छुआ गया."

    मध्य प्रदेश की इंदौर पुलिस ने इस मामले में ऑस्ट्रेलियाई टीम के सुरक्षा अधिकारी डैनी सिमंस द्वारा की गई शिकायत पर केस दर्ज किया.

    पुलिस द्वारा दर्ज शिकायत के अनुसार यह घटना गुरुवार सुबह क़रीब 11 बजे हुई जब दो ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी इंदौर स्थित रैडिसन ब्लू होटल से पैदल क़रीब 500 मीटर दूर खजराना रोड स्थित एक कैफ़े जा रही थीं.

    इंदौर के अडिशनल डिप्टी पुलिस कमिश्नर (क्राइम) राजेश दंडोतिया ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को बताया था कि इस मामले में अकील अहमद नाम के एक व्यक्ति को गिरफ़्तार किया गया है.

    ये भी पढ़ें:

  2. बिहार चुनाव से पहले जेडीयू ने 16 नेताओं को पार्टी से निकाला

    सीएम नीतीश कुमार एक सभा में बोलते हुए

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, जेडीयू ने शनिवार को 11 और रविवार को 5 नेताओं को पार्टी से निष्कासित कर दिया है

    बिहार विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी में विद्रोह पर कार्रवाई करते हुए जेडीयू ने एक मौजूदा विधायक और दो पूर्व मंत्रियों सहित 16 नेताओं को पार्टी से निष्कासित कर दिया है.

    जिन्हें निष्कासित किया गया है उनमें से ज़्यादातर आधिकारिक एनडीए उम्मीदवारों के ख़िलाफ़ मैदान में उतरे हैं.

    पार्टी ने निष्कासित नेताओं पर 'पार्टी विरोधी गतिविधियों' में शामिल होने और जेडीयू की विचारधारा के उल्लंघन का आरोप लगाया गया है.

    निष्कासित किए गए नेताओं में भागलपुर ज़िले के गोपालपुर से वर्तमान विधायक नरेंद्र नीरज उर्फ़ ​​गोपाल मंडल भी शामिल हैं, जो कई विवादों से चर्चा में भी रहे हैं.

  3. ट्रंप और शी जिनपिंग की मुलाक़ात से पहले अमेरिका-चीन में इस बात पर बनी सहमति

    ट्रंप और शी जिनपिंग

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इस हफ़्ते ट्रंप और शी जिनपिंग दक्षिण कोरिया में मुलाक़ात करने वाले हैं

    अमेरिका और चीन के बीच एक संभावित व्यापार समझौते के ढांचे पर सहमति बन गई है, जिसे इस हफ़्ते दोनों देशों के नेताओं की मुलाक़ात के दौरान चर्चा के लिए रखा जाएगा.

    यह जानकारी अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने दी है.

    बेसेंट ने बीबीसी के अमेरिकी साझेदार सीबीएस से बातचीत में बताया कि इसके तहत टिकटॉक के अमेरिकी परिचालन पर 'फ़ाइनल डील' और चीन की ओर से दुर्लभ खनिजों पर लगाए गए नए नियंत्रणों को टालने का निर्णय शामिल है.

    उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से चीन से आने वाले सामान पर लगाए जाने वाले 100 फ़ीसदी टैरिफ़ के लागू होने की संभावना नहीं है. वहीं, चीन अमेरिका से बड़ी मात्रा में सोयाबीन की खरीद दोबारा शुरू करेगा.

    दोनों देश दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच चल रहे ट्रेड वॉर को और बढ़ने से रोकने की कोशिश कर रहे हैं.

    राष्ट्रपति ट्रंप एशिया के एक हफ़्ते के दौरे पर हैं, इस यात्रा के दौरान वह दक्षिण कोरिया में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाक़ात करेंगे.

  4. नमस्कार!

    बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.