आईसीसी महिला वर्ल्ड कप के फ़ाइनल में पहुंचा दक्षिण अफ़्रीका, इंग्लैंड को 125 रनों से हराया

दक्षिण अफ़्रीका ने इंग्लैंड के सामने 320 रनों का लक्ष्य रखा था लेकिन इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 42.3 ओवरों में 194 रनों पर ढेर हो गई.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली, सुमंत सिंह

  1. मलेशिया जाते हुए ट्रंप दोहा में क्यों रुके?

    राष्ट्रपित ट्रंप और क़तर के अमीर

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, राष्ट्रपति ट्रंप ने क़तर के अमीर से दोहा में मुलाक़ात की

    अमेरिका के राष्ट्रपति मलेशिया की यात्रा पर जा रहे थे, जब उनका विमान ईंधन के लिए क़तर की राजधानी दोहा में रुका.

    इस दौरान क़तर के अमीर शेख़ तमीम बिन हमाद अल-थानी ने एयरफोर्स वन विमान में अमेरिकी राष्ट्रपति से मुलाक़ात की.

    दोहा में राष्ट्रपति ट्रंप ने ग़ज़ा को लेकर कहा कि अंतरराष्ट्रीय शांति सेनाएं जल्द ही वहां भेजी जाएंगी.

    इससे पहले कल अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा था कि कई देशों ने ग़ज़ा में अंतरराष्ट्रीय शांति सेना का हिस्सा बनने की पेशकश की है.

    इसराइल की यात्रा के दौरान मार्को रुबियो ने कहा कि शांति सेना बनाने के लिए बातचीत चल रही है और इसे जल्द ही तैनात किया जाएगा.

    हालांकि, अभी यह साफ़ नहीं है कि हमास के साथ समझौते के बिना इस तरह की सेना को कैसे तैनात किया जाएगा.

  2. भारत के तीनों सेनाओं के संयुक्त अभ्यास की घोषणा के बाद पाकिस्तान ने क्या कहा?

    पाकिस्तानी नौसेना प्रमुख एडमिरल नवीद

    इमेज स्रोत, DGPRPaknavy/X

    पाकिस्तानी नौसेना प्रमुख एडमिरल नवीद अशरफ का कहना है कि सर क्रीक से लेकर जिवानी तक पाकिस्तानी नौसेना अपनी संप्रभुता और समुद्री सीमाओं के हर इंच की रक्षा करना जानती है.

    उन्होंने यह बयान सर क्रीक क्षेत्र के दौरे के दौरान दिया, जहां उन्होंने युद्ध संबंधी तैयारियों की समीक्षा की.

    यह बयान ऐसे समय आया है जब भारत ने अपनी पश्चिमी सीमाओं पर तीनों सेनाओं के संयुक्त अभ्यास की घोषणा की है.

    ये अभ्यास 30 अक्तूबर से 10 नवंबर तक जारी रहेंगे. इस संबंध में, भारतीय अधिकारियों ने अभ्यास के दौरान विमानों को राजस्थान और गुजरात की सीमाओं के पास उड़ान नहीं भरने का आदेश दिया है.

    एडमिरल नवीद अशरफ़ की यात्रा के दौरान, तीन अत्याधुनिक 2400 टीडी होवरक्राफ़्ट भी पाकिस्तानी नौसेना में शामिल किए गए.

    पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक़, ये होवरक्राफ़्ट उथले पानी, रेत के टीलों और दलदली तटीय क्षेत्रों में एक साथ काम करने में सक्षम हैं.

  3. बिहार चुनाव से पहले जेडीयू ने 11 नेताओं को पार्टी से निष्कासित किया

    मुख्यमंत्री नीतीश कुमार

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बिहार में एक रैली को संबोधित करते हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार

    बिहार विधानसभा चुनाव से पहले जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) ने 11 नेताओं को पार्टी से निष्कासित कर दिया है. पार्टी ने शनिवार देर रात सोशल मीडिया पर एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी.

    पार्टी का कहना है कि ये लोग विधानसभा चुनाव 2025 में पार्टी विरोधी काम कर रहे थे.

    जेडीयू की ओर से जारी बयान में कहा गया, "बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में पार्टी विरोधी आचरण व गतिविधियों में संलिप्तता के कारण निम्न सदस्यों को निलंबित करते हुए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित किया जाता है."

    बयान के मुताबिक़, यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा.

    किन लोगों को पार्टी से निकाला गया?

    • शैलेश कुमार
    • संजय प्रसाद
    • श्याम बहादुर सिंह
    • रणविजय सिंह
    • सुदर्शन कुमार
    • अमर कुमार सिंह
    • आसमा परवीन
    • लब कुमार
    • आशा सुमन
    • दिव्यांशु भारद्वाज
    • विवेक शुक्ला
  4. मलेशिया पहुंचे डोनाल्ड ट्रंप रेड कार्पेट पर थिरके

    राष्ट्रपति ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, राष्ट्रपति ट्रंप एक हफ़्ते के एशिया दौरे पर हैं

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर पहुंच गए हैं. वह थाईलैंड और कंबोडिया के बीच लंबे समय से चले आ रहे सीमा विवाद के समाधान के लिए आयोजित शांति समझौते पर हस्ताक्षर समारोह में हिस्सा लेंगे.

    मलेशिया में ट्रंप एसोसिएशन ऑफ़ साउथ ईस्ट एशियन नेशन्स (आसियान) समिट में भी हिस्सा लेंगे.

    ट्रंप के मलेशिया पहुंचने पर उनके स्वागत में एक पारंपरिक डांस का आयोजन किया गया, जहां वो भी कलाकारों के समूह के पास गए और उनके साथ डांस किया.

    भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समिट में व्यक्तिगत रूप से शामिल नहीं होंगे और वर्चुअली जुड़ेंगे.

    ट्रंप के व्यापारिक दबाव के कारण जुलाई के अंत में दोनों (थाईलैंड और कंबोडिया) देशों के बीच पांच दिन चले संघर्ष के बाद संघर्ष विराम हुआ था. इस संघर्ष में दो दर्जन से अधिक लोग मारे गए थे.

    डोनाल्ड ट्रंप के इस एक हफ़्ते के एशिया दौरे पर कई देशों की निगाहें टिकी हुई हैं. इस दौरान वह चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से भी मुलाक़ात करेंगे.

  5. ट्रंप ने एक विज्ञापन के कारण कनाडा पर फिर से बढ़ाया टैरिफ़

    राष्ट्रपति ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, राष्ट्रपति ट्रंप ने शनिवार को मलेशिया जाते समय टैरिफ़ में बढ़ोतरी के बारे में पोस्ट किया

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह कनाडा से आयात किए जाने वाले सामान पर टैरिफ़ बढ़ा रहे हैं.

    उन्होंने यह फ़ैसला उस विज्ञापन के बाद लिया है, जिसे कनाडा के ओंटारियो प्रांत ने जारी किया था और जिसमें पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन को दिखाया गया था. यह विज्ञापन 'एंटी-टैरिफ़' का हिस्सा था.

    शनिवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए ट्रंप ने इस विज्ञापन को 'धोखाधड़ी' बताया और कनाडा के अधिकारियों की आलोचना की कि उन्होंने इसे वर्ल्ड सिरीज़ बेसबॉल चैम्पियनशिप से पहले नहीं हटाया.

    उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, 'तथ्यों की ग़लत प्रस्तुति और इस विरोधी क़दम के कारण मैं कनाडा पर लगने वाले टैरिफ़ में दस फ़ीसदी की अतिरिक्त बढ़ोतरी कर रहा हूं."

    ट्रंप ने गुरुवार को कनाडा के साथ व्यापार वार्ता से खुद को अलग कर लिया था. इसके बाद ओंटारियो के प्रीमियर ने कहा कि वह यह विज्ञापन हटा देंगे.

    कनाडा जी-7 देशों का एकमात्र ऐसा देश है जिसने अब तक अमेरिका के साथ ट्रेड पर समझौता नहीं किया है.

    अमेरिका पहले ही सभी कनाडाई सामान पर 35 फ़ीसदी टैरिफ़ लगा चुका है, हालांकि मौजूदा फ़्री ट्रेड एग्रीमेंट के तहत ज़्यादातर सामानों को इससे छूट मिली हुई है.

    इसके अलावा अमेरिका ने कुछ विशेष क्षेत्रों पर अलग-अलग टैरिफ़ लगाए हैं, जिनमें मेटल्स पर 50 फ़ीसदी और ऑटोमोबाइल पर 25 फ़ीसदी टैरिफ़ शामिल है.

    ओंटारियो सरकार की ओर से प्रायोजित इस विज्ञापन में पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन को कहते हुए दिखाया गया है कि 'टैरिफ़ हर अमेरिकी को नुक़सान पहुंचाते हैं'.

  6. पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने कहा, 'बातचीत सफल ना हुई तो अफ़ग़ानिस्तान के साथ खुली जंग छिड़ जाएगी'

    रक्षा मंत्री ख़्वाजा आसिफ़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, रक्षा मंत्री ख़्वाजा आसिफ़ ने अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सरकार के साथ चल रही बातचीत पर प्रतिक्रिया दी है

    पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख़्वाजा आसिफ़ ने कहा है कि अगर बातचीत के ज़रिए मुद्दों का हल नहीं हुआ तो अफ़ग़ानिस्तान के साथ 'खुली जंग' छिड़ जाएगी.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, सियालकोट शहर में मीडिया से बात करते हुए ख़्वाजा आसिफ़ ने कहा कि क़तर और तुर्की बहुत ईमानदारी से अफ़ग़ान तालिबान के साथ बातचीत कर रहे हैं.

    पाकिस्तानी रक्षा मंत्री का कहना है कि क़तर में वार्ता के बाद से कोई घटना नहीं घटी है.

    उन्होंने कहा, "उनके (अफ़ग़ान तालिबान) साथ हमारी वार्ता में मैंने देखा कि वह शांति चाहते हैं, लेकिन जिन शर्तों पर वह शांति चाहते हैं, वे धीरे-धीरे साफ़ हो जाएंगी."

    ख़्वाजा आसिफ़ ने कहा कि अगर उनकी शर्तें हमारे पक्ष में होंगी तो समझौता ज़रूर हो जाएगा.

    पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान के बीच सीमा तनाव के बीच दोहा में शांति समझौते के बाद, वार्ता का दूसरा दौर शनिवार को तुर्की के इस्तांबुल में हुआ.

    रक्षा मंत्री ने कहा, "हम 40 सालों से अफ़ग़ानिस्तान के लोगों की मेज़बानी कर रहे हैं और अब भी 40 लाख या उससे थोड़े कम अफ़ग़ान यहां रह रहे हैं. जिन लोगों से हम दोहा में बात कर रहे थे, वे पूरे पाकिस्तान में पले-बढ़े हैं."

    हाल ही में पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान के बीच सीमावर्ती इलाक़ों में हुई झड़पें सुर्खियों में छाई रहीं. हालांकि अब इन दोनों के बीच सीज़फायर पर सहमति बन गई है.

  7. नमस्कार!

    बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

    वॉशिंगटन पोस्ट ने अदानी ग्रुप के ख़िलाफ़ अपनी रिपोर्ट में क्या दावा किया? एलआईसी को जारी करना पड़ा बयान

    कुरनूल हादसा: बस से टकराने वाली बाइक पर सवार रहे शख़्स ने उस रात क्या देखा, पुलिस ने बताया

    विटामिन बी-12 की कमी आपके शरीर के लिए घातक, खाने में इन चीज़ों को करें शामिल

    रोहित शर्मा का शतकों का अर्धशतक, विराट कोहली भी ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ जीत के बने हीरो