You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन की गिरफ़्तारी पर अरविंद केजरीवाल ने कहा, 'अब मोदी सरकार का अंत तय'

दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन की गिरफ़्तारी पर पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने तीखी प्रतक्रिया दी है.

सारांश

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, चंदन कुमार जजवाड़े

  1. बीजेपी ने तीन राज्यों में नियुक्त किए प्रभारी, यूपी की ज़िम्मेदारी इन्हें मिली

    भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने उत्तर प्रदेश, पंजाब और गुजरात के लिए नए प्रदेश प्रभारी नियुक्त किए हैं.

    उत्तर प्रदेश में विनोद तावड़े को प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि जगदीश ईश्वरभाई पटेल को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है.

    पंजाब में सतीश पूनिया को प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया गया है. वहीं, गुजरात की जिम्मेदारी तरुण चुग को प्रदेश प्रभारी के तौर पर सौंपी गई है.

  2. जंतर-मंतर प्रदर्शन पर बोले किरेन रिजिजू- दिल्ली पुलिस की तारीफ़ होनी चाहिए

    केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने जंतर-मंतर पर हुए युवाओं के प्रदर्शन का ज़िक्र करते हुए कहा है कि इस मामले में दिल्ली पुलिस की तारीफ़ होनी चाहिए.

    किरेन रिजिजू ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "एक भी व्यक्ति की मौत नहीं हुई, एक व्यक्ति की भी हड्डी नहीं टूटी. एक भी प्रदर्शनकारी गंभीर चोट के साथ अस्पताल में नहीं है. इतना बड़ा आंदोलन, हजारों लोग आए और छात्रों की आड़ में अपराधी भी प्रदर्शन में घुस गए."

    उन्होंने कहा, "आधे से ज्यादा लोग, चाहे वे आम आदमी पार्टी से हों, डफ़ली बजाने वाले हों, भीम आर्मी हो या समाजवादी पार्टी हो, वो आए उन्होंने दूसरों को हिंसा के लिए भड़काया. फिर भी एक भी मौत नहीं हुई.

    "कांग्रेस के समय ऐसे कई आंदोलन हुए, जिनमें हजारों लोगों की मौत हुई. इस मामले में दिल्ली पुलिस और प्रशासन की तारीफ़ करनी चाहिए कि उन्होंने इतने बड़े प्रदर्शन को संभाला और एक भी व्यक्ति की मौत नहीं हुई."

    रिजिजू ने कहा, "जब वे जबरदस्ती संसद की ओर बढ़े, तभी उन्हें रोका गया. कोई मौत नहीं हुई. पुलिस की तारीफ़ की जानी चाहिए."

    गौरतलब है कि प्रदर्शनकारियों पर हुई दिल्ली पुलिस की कार्रवाई के बाद विपक्षी दलों ने सरकार और गृह मंत्रालय की आलोचना की थी.

  3. मध्य प्रदेश: भिंड-ग्वालियर हाईवे पर भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत

    मध्य प्रदेश के भिंड जिले में मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में आठ मज़दूरों की मौत हो गई, जबकि 32 अन्य घायल हो गए.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, हादसा भिंड-ग्वालियर नेशनल हाईवे पर छिमका गांव के पास रात को करीब एक बजे हुआ.

    पुलिस के मुताबिक़, मज़दूर धान की रोपाई का काम पूरा करने के बाद ग्वालियर से उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी स्थित अपने गांव लौट रहे थे. इसी दौरान उनकी पिकअप गाड़ी की सामने से आ रहे डंपर ट्रक से ज़ोरदार टक्कर हो गई.

    गोहद चौराहा थाना प्रभारी रामनरेश यादव ने बताया, "शुरुआती जांच में सामने आया है कि हाईवे पर बैठे मवेशियों को बचाने की कोशिश में पिकअप चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया. इसके बाद पिकअप गलत दिशा में चली गई और सामने से आ रहे डंपर से टकरा गई."

    हादसे में पांच मज़दूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया.

    हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने वाहन में फंसे मज़दूरों को बाहर निकाला.

    गंभीर रूप से घायल मज़दूरों को बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है. पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है.

  4. तमिलनाडु के सीएम विजय ने विधानसभा में क्यों मांगी माफ़ी?

    तमिलनाडु विधानसभा में सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि का नाम लिए जाने को लेकर जमकर हंगामा हुआ.

    विवाद बढ़ने के बाद मुख्यमंत्री सी. जोसेफ़ विजय ने मंत्री की ओर से माफ़ी मांगी और कहा कि सदन में पूर्व मुख्यमंत्री का नाम इस तरह लेना उचित नहीं था.

    दरअसल, मुख्यमंत्री जोसेफ़ विजय की सरकार में वन मंत्री रंजीत कुमार सदन को संबोधित कर रहे थे. इसी दौरान उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि का नाम लिया.

    इस पर डीएमके सदस्यों ने कड़ी आपत्ति जताते हुए विरोध शुरू कर दिया. पार्टी ने आपत्ति जताते हुए कहा कि उनके नाम के आगे सम्मानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया जाना ज़रूरी है.

    विरोध के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने मंत्री की विवादित टिप्पणी को सदन की कार्यवाही के रिकॉर्ड से हटाने का निर्देश दिया. स्पीकर ने स्पष्ट किया कि मंत्री का बयान विधानसभा की कार्यवाही में दर्ज नहीं किया जाएगा.

    विवाद बढ़ने के बीच मुख्यमंत्री जोसेफ़ विजय ने मंत्री की ओर से माफ़ी मांगी.

    उन्होंने कहा, "मंत्री की ओर से इस तरह आपके नेता का नाम लेना ग़लत था और इसके लिए मैं माफ़ी मांगता हूं."

  5. 'ट्रंप की लोकप्रियता मौजूदा कार्यकाल में सबसे निचले स्तर पर': सर्वे

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की लोकप्रियता में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है.

    रॉयटर्स/इप्सोस के ताज़ा सर्वे के मुताबिक़, ट्रंप की अप्रूवल रेटिंग गिरकर 33 फ़ीसदी पर पहुंच गई है, जो उनके मौजूदा कार्यकाल का सबसे निचला स्तर है.

    सर्वे में शामिल 64 फ़ीसदी अमेरिकी नागरिकों ने राष्ट्रपति के तौर पर ट्रंप के प्रदर्शन को नापसंद किया, जबकि केवल 33 फ़ीसदी लोगों ने उनके कामकाज को मंज़ूरी दी.

    इस महीने की शुरुआत में हुए सर्वे में ट्रंप की अप्रूवल रेटिंग 35 फ़ीसदी थी.

    सर्वे के मुताबिक़, ट्रंप की मौजूदा अप्रूवल रेटिंग उनके पहले कार्यकाल के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई है. इससे पिछले कार्यकाल के दौरान दिसंबर 2017 में भी उनकी अप्रूवल रेटिंग 33 फ़ीसदी दर्ज की गई थी.

    सर्वे में ईरान युद्ध को लेकर भी अमेरिकी नागरिकों की चिंता सामने आई है. क़रीब 80 फ़ीसदी लोगों ने कहा कि उन्हें आशंका है कि अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध लंबा खिंचेगा.

  6. मल्लिकार्जुन खड़गे बोले- मैं पहली बार विधायक बना तब अमित शाह बच्चे थे

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बीजेपी और इनके पुरखों ने कभी आज़ादी की लड़ाई नहीं लड़ी.

    गोवा में सोमवार को कांग्रेस के एक सम्मेलन के दौरान खड़गे ने कहा, "जब मैं पहली बार विधायक बना था, तब अमित शाह बच्चे थे और आज हमें देशभक्ति सिखा रहे हैं."

    उन्होंने कहा, "बीजेपी और इनके पुरखों ने कभी आज़ादी की लड़ाई नहीं लड़ी, इसलिए ये लोग कांग्रेस के लोगों को देशभक्ति न सिखाएं. एंटी इंडिया और एंटी रिलिजन तो बीजेपी है, क्योंकि जब मैंने उत्तराखंड में भाषण दिया तो बीजेपी के लोगों ने भाषण मंच का शुद्धिकरण कर दिया."

    "आरएसएस के लोग अंग्रेज़ों के ग़ुलाम रहे. न आज़ादी की लड़ाई लड़ी, न लोगों का हित किया. इतिहास गवाह है कि आरएसएस के लोगों ने अंग्रेज़ों को चिट्ठियां लिखीं कि हम आपके साथ हैं, लेकिन महात्मा गांधी जी ने कहा- करो या मरो."

    खड़गे ने कहा, "गोवा में कांग्रेस की सरकार आई तो नशा बंद होगा. जल-जंगल-ज़मीन को बचाएंगे और युवाओं को नौकरी मिलेगी. ये मेरा और मेरी पार्टी का वादा है, इसलिए आप सभी कांग्रेस पार्टी के साथ आइए और सरकार बनाइए."

  7. अमेरिका और ईरान की बातचीत कहां तक पहुंची, डोनाल्ड ट्रंप के दामाद ने बताया

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूत और उनके दामाद जेरेड कुशनर ने सोमवार को कहा कि ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत गंभीर स्तर पर जारी है, लेकिन दोनों पक्षों के बीच अभी तक किसी समझौते पर सहमति नहीं बन पाई है.

    कुशनर ने फ़ॉक्स न्यूज़ से बातचीत में कहा, "अमेरिका और ईरान की विभिन्न सरकारी संस्थाओं के बीच बातचीत सम्भवतः अब तक के सबसे मज़बूत दौर में है. हालांकि, यह अभी किसी अंतिम नतीजे तक नहीं पहुंची है."

    इससे पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से कहा था कि वह ईरान के साथ अंतरिम समझौते को आगे बढ़ाने की कोशिश नहीं कर रहे हैं.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, यह समझौता प्रभावी रूप से विफल हो गया है, क्योंकि इसके ज़रिए होर्मुज़ स्ट्रेट को खोलने का रास्ता साफ़ नहीं हो सका.

    ट्रंप ने अपने ताज़ा बयान में यह भी कहा कि उन्हें नहीं लगता कि ईरान उस समझौते को स्वीकार करने के लिए तैयार होगा, जिसे अमेरिका ज़रूरी मानता है.

  8. अमित शाह का ज़िक्र करते हुए पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने क्या कहा

    पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने सोमवार को बयान जारी कर गृह मंत्री अमित शाह के आरोपों को सिरे से ख़ारिज किया और कहा कि भारत ने अपने यहां हुई कुछ गिरफ़्तारियों को पाकिस्तान से जोड़ने की कोशिश की है.

    पाकिस्तान ने कहा कि भारत ने ये प्रचार अपनी घरेलू सुरक्षा चुनौतियों से ध्यान हटाने और राजनीतिक फ़ायदे के लिए पाकिस्तान को ज़िम्मेदार ठहराने के लिए किया है.

    पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने सोमवार को कहा, "ऐसा प्रचार पाकिस्तान के ख़िलाफ़ भारत के ग़लत अभियान का एक और उदाहरण है. भारत अपने आंतरिक सुरक्षा संकट से ध्यान भटकाने और घरेलू राजनीतिक हितों के लिए पाकिस्तान को ज़िम्मेदार ठहराने की कोशिश कर रहा है."

    उन्होंने कहा, "भारत ऐसा देश है जो अपने अल्पसंख्यकों पर बुरी तरह अत्याचार करता है और विरोध की आवाज़ों को दबाता है. भारत देश के बाहर आतंक फैला रहा है और आतंकवादियों की मदद कर रहा है."

    "पाकिस्तान ने बार-बार भारत के आतंकवाद और अस्थिरता पैदा करने वाली गतिविधियों में शामिल होने के सबूत साझा किए हैं. भारतीय नौसेना के दोषी ठहराए गए और सज़ा काट रहे पूर्व कमांडर कुलभूषण जाधव, पाकिस्तान में भारत के सीधे दख़ल और आतंकवाद में शामिल होने का साफ़ सबूत हैं."

    पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने कहा, "पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील करता है कि वह भारत के बिना आधार वाले आरोपों को ख़ारिज करे और क्षेत्र में भारत की ओर से प्रायोजित आतंकवाद के लिए उसे ज़िम्मेदार ठहराए."

    गौरतलब है कि गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था कि भारतीय सुरक्षा बलों ने स्वतंत्रता दिवस से पहले 14 राज्यों में अभियान चलाकर पाकिस्तान स्थित 'आईएसआई -समर्थित शहजाद भट्टी नेटवर्क' को खत्म कर दिया है और 200 से अधिक ऑपरेटिव्स को गिरफ्तार किया है.

  9. झारखंड: परीक्षा रद्द होने के बाद भी आंदोलन क्यों जारी, स्टूडेंट लीडर ने ये बताया

    झारखंड में चल रहे स्टूडेंट आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को जेपीएससी-14, जेएसएससी-सीजीएल की परीक्षाओं को रद्द करने का एलान किया है. हालांकि, छात्रों का कहना है कि उनका आंदोलन अब भी जारी है.

    छात्र नेता रविंद्र पासवान ने कहा, "मंत्री दीपिका पांडे और इरफ़ान अंसारी अभी आए थे उन्होंने हमसे अपील की कि ये आंदोलन और अनशन को ख़त्म करें. लेकिन जो हमारी मांगें सीबीआई जांच से संबंधित हैं, उस पर सरकार की अभी तक सहमति नहीं बन पाई है."

    उन्होंने कहा, "सरकार की तरफ़ से जो भी नोटिफ़िकेशन आएगा उसका भी हम अध्ययन करेंगे उसके बाद हम अपने आंदोलन की रणनीति के बारे में बताएंगे. हमारी मांग है कि सीबीआई जांच होनी चाहिए."

    गौरतलब है कि इससे पहले भी सरकार ने टीडीपीएल के माध्यम से आयोजित परीक्षाओं की जांच कराने की बात कही थी. अब मुख्यमंत्री ने परीक्षाओं, परिणामों और चयन तक को रद्द करने की बात स्पष्ट रूप से कही है.

  10. बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद इन अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए इनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.