फ़लस्तीन को मान्यता देगा ब्रिटेन, लेकिन रखीं कुछ शर्तें
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने कहा है कि वह सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में फ़लस्तीन को एक देश के रूप में मान्यता देंगे, लेकिन इसके लिए कुछ शर्तें हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़, फ़लस्तीन को मान्यता देगा ब्रिटेन, लेकिन रखीं कुछ शर्तें
इमेज कैप्शन, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने कहा है कि वह सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में फ़लस्तीन को एक देश के रूप में मान्यता देंगे, लेकिन इसके लिए कुछ शर्तें हैं.
स्टार्मर ने कैबिनेट नोट की जानकारी देते हुए कहा कि फ़लस्तीन को ब्रिटेन मान्यता देगा, "अगर इसराइल सरकार ग़ज़ा में भयावह स्थिति को समाप्त करने के लिए ठोस कदम नहीं उठाती है. युद्ध विराम की घोषणा नहीं करती है. यह स्पष्ट नहीं करती है कि उसका ग़ज़ा के पश्चिमी तट पर कोई कब्ज़ा नहीं है और लंबे समय की शांति प्रक्रिया के लिए प्रतिबद्ध नहीं होते हैं."
उन्होंने यह भी कहा कि इसराइल और हमास के बीच कोई समानता नहीं है. ब्रिटेन की हमास से मांग स्पष्ट है कि सभी बंधकों को रिहा करना होगा, युद्ध विराम पर हस्ताक्षर करना होगा और यह स्वीकार करना होगा कि वह ग़ज़ा की सरकार में कोई भूमिका नहीं निभाएगा और उन्हें हथियार छोड़ने होंगे.
प्रधानमंत्री स्टार्मर ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र महासभा से पहले यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी पक्ष के पास वीटो का अधिकार न हो. इसके लिए इस बात का पहले ही आकलन किया जाएगा कि दोनों पक्षों ने इन शर्तों को किस हद तक पूरा किया है.
हमें सरकार से जवाब चाहिए कि 26 लोग क्यों मारे गए?- कल्याण बनर्जी
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी
लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण पर टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने एएनआई को प्रतिक्रिया दी है.
कल्याण बनर्जी ने कहा, "कुछ भी नया नहीं था. हमने जो सवाल उठाया था, उसका कोई जवाब नहीं दिया गया."
उन्होंने कहा, "हमें अपने सशस्त्र बलों पर गर्व है और हम अपने प्रधानमंत्री के साथ हैं, हमने यह पहले भी कहा है. देश के 140 करोड़ लोग सरकार के साथ हैं."
उन्होंने कहा, लेकिन हमें दो सवालों का जवाब सरकार से चाहिए- 26 लोग क्यों मारे गए? उस समय उन्हें सुरक्षा क्यों नहीं दी गई? यह सरकार और प्रधानमंत्री की अक्षमता है.
उन्होंने कहा, "दूसरा आपने अमेरिकी राष्ट्रपति को उसी समय ये क्यों नहीं कहा कि आप गलत बोल रहे हैं."
शशि थरूर ने कहा- 'गुंडों को गिरफ़्तार करो, ननों को नहीं'
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, छत्तीसगढ़ में पुलिस ने दो ननों को गिरफ़्तार कर जेल भेज दिया है.
छत्तीसगढ़ में केरल की दो ननों की गिरफ़्तारी को लेकर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने छत्तीसगढ़ सरकार पर निशाना साधा है.
उन्होंने कहा, "मुझे ऐसा लगता है कि भीड़तंत्र चल रहा है, जहां निर्दोष लोगों को बिना किसी ग़लती के जेल में डाल दिया जा रहा है."
सांसद शशि थरूर ने कहा, "उन्हें बिना किसी देरी के रिहा किया जाना चाहिए और उन्हें (सरकार को) गुंडों को गिरफ्तार करना चाहिए, ननों को नहीं."
छत्तीसगढ़ में पुलिस ने दो ननों को तस्करी और धर्म परिवर्तन के आरोप में गिरफ़्तार कर जेल भेज दिया है.
सीपीआई नेता वृंदा करात मंगलवार को ननों से मिलने पहुंची थीं. उन्होंने बताया कि उन्हें मिलने नहीं दिया गया.
कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने कहा, "हमने सीएम को पत्र लिखा और साथ ही इस मामले को लोकसभा में भी उठाया और हम सबने उसके ख़िलाफ़ बयान दिया है."
अमित शाह के दावे पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने क्या कहा
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने पहलगाम हमले के संदिग्धों में से तीन के मारे जाने के गृह मंत्री के बयान पर हैरानी जताई है.
गृहमंत्री अमित शाह की ओर से पहलगाम हमले के संदिग्ध तीन चरमपंथियों के मारे जाने की जानकारी लोकसभा में दिए बयान पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने हैरानी जताई है.
उन्होंने पीटीआई से कहा, "अमित शाह एक बेहतरीन स्क्रिप्ट लिखकर लाए थे और उस स्क्रिप्ट को पढ़ा है."
उन्होंने कहा, "बधाई है. अमित शाह एक बेहतरीन स्क्रिप्ट राइटर हैं. इस पर एक फ़िल्म बन सकती है."
उन्होंने कहा, "लोकसभा में गौरव गोगाई सवाल खड़ा करते हैं और दो घंटे के अंदर ही जयंत पांडा बता देते हैं कि आतंकवादी मार दिया गया और आतंकवादी मास्टरमाइंड मार दिया गया."
इमरान मसूद ने कहा, "100 दिन से नहीं पता चल रहा था कौन मास्टर माइंड है. आपने पूरी की पूरी स्क्रिप्ट तैयार कर दी. राइफ़ल की एफ़एसएल रिपोर्ट भी आ गई. बंदूक के कारतूस भी आ गए."
ग़ौरतलब है कि ऑपरेशन सिंदूर पर संसद में बहस के दौरान विपक्षी दल लगातार सवाल उठा रहे थे कि पहलगाम हमले के चरमपंथियों का घटना के 100 दिन बाद भी पता क्यों नहीं चल सका.
भारत-इंग्लैंड टेस्ट सिरीज़ के आख़िरी मुक़ाबले से पहले पिच क्यूरेटर से कोच गौतम गंभीर की बहस
इमेज स्रोत, ANI
भारत-इंग्लैंड टेस्ट सिरीज़ के अंतिम टेस्ट से पहले ओवल क्रिकेट ग्राउंड पर मुख्य क्यूरेटर ली फोर्टिस से टीम इंडिया के कोच गौतम गंभीर की बहस हो गई.
यह घटना उस समय घटित हुई जब गंभीर पिच का मुआयना कर रहे थे. इस दौरान दोनों के बीच किसी बात पर बहस होती देखी गई.
इसके बाद बल्लेबाज़ी कोच सितांशु कोटक बीच में आए और क्यूरेटर को अपने साथ ले गए और उनसे बात की.
प्री मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय कोच कोटक ने बताया, "जब हम पिच देखने गए, तो हमें कहा गया कि ढाई मीटर दूर खड़े रहो."
उन्होंने कहा, "यह अजीब लगा. हमने जॉगर्स पहने हुए थे. हमने रबर स्पाइक वाले जूते पहने थे और आखिरकार,यह एक क्रिकेट पिच है, यह कोई पुरानी चीज़ नहीं है जिसे आप इसलिए नहीं छू सकते क्योंकि यह 200 साल पुरानी है और टूट जाएगी."
ओल्ड ट्रैफ़र्ड में चौथा टेस्ट ड्रॉ कराने के बाद भारत के पास ओवल में होने वाले अंतिम मैच में सीरीज़ बराबर करने का मौका है.
फ़िलहाल, इंग्लैंड भारत के ख़िलाफ़ सिरीज़ में 2-1 से आगे है.
गौतम गंभीर के साथ हुए विवाद पर ओवल ग्राउंड के पिच क्यूरेटर ली फोर्टिस ने एएनआई से कहा, "मुझे इससे फ़र्क नहीं पड़ता कि मैं गंभीर से खुश हूं या नहीं. मैं आज से पहले कभी उनसे मिला नहीं था. आपने आज सुबह देखा कि उनका व्यवहार कैसा था? हमारे पास छुपाने को कुछ भी नहीं है."
इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.
पोस्ट YouTube समाप्त
ग़ज़ा पर इसराइली हमले में अब तक 60 हज़ार से अधिक मौतें: हमास
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, इसराइल ने 7 अक्तूबर 2023 को अपना सैन्य अभियान शुरू किया था.
हमास के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि इसराइल के सैन्य अभियान में अक्तूबर 2023 से अब तक ग़ज़ा में 60 हज़ार से अधिक लोग मारे गए हैं.
मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि इसराइली हमलों में मरने वालों की संख्या कम से कम 60,034 हो गई है और इन हमलों में 1 लाख 45 हज़ार 870 लोग घायल हुए हैं.
मंत्रालय ने बताया कि मंगलवार सुबह से पहले के 24 घंटों में कम से कम 112 लोग मारे गए हैं, इसमें से 22 लोग सहायता पाने की कोशिश करते समय मारे गए.
दक्षिणी इसराइल पर हमास के नेतृत्व वाले हमले के जवाब में इसराइल ने 7 अक्तूबर 2023 को अपना सैन्य अभियान शुरू किया था, इस हमले में करीब 1,200 लोग मारे गए थे और 251 अन्य को हमास ने बंधक बना लिया था.
ग़ज़ा में "अकाल" से भी खराब स्थिति: संयुक्त राष्ट्र विशेषज्ञ
इमेज स्रोत, Getty Images
संयुक्त राष्ट्र समर्थित वैश्विक खाद्य सुरक्षा विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि ग़ज़ा में "अकाल" से भी खराब स्थिति पैदा हो रही है.
इंटीग्रेटेड फूड सिक्योरिटी फेज क्लासिफिकेशन (आईपीसी) ने कहा है कि इस बात के प्रमाण सामने आ रहे हैं कि भुखमरी, कुपोषण और बीमारी के कारण भूख से संबंधित मौतों में बढ़ोतरी हो रही है.
आईपीसी ने कहा है, "नए आंकड़े दर्शाते हैं कि ग़ज़ा के अधिकांश हिस्सों में अकाल जैसी स्थिति है और भीषण कुपोषण की स्थिति उत्पन्न हो गई है."
आईपीसी ने कहा है कि इस शत्रुता को समाप्त करने के लिए तत्काल कार्रवाई की जानी चाहिए. ग़ज़ा में निर्बाध, बड़े पैमाने पर सहायता पहुँचाने की अनुमति दी जानी चाहिए.
संयुक्त राष्ट्र एजेंसियों की मुताबिक कुपोषण से इस महीने कम से कम 63 लोगों की मौत की सूचना है.
इसराइल के हमले में मारे गए सैन्य कमांडरों को ख़ामेनेई ने दी श्रद्धांजलि
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई
ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई ने इसराइल के साथ हुए संघर्ष के दौरान मारे गए नेताओं और सैन्य कमांडरों को श्रद्धांजलि दी.
उन्होंने कहा, "मैं उन सभी प्रियजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करना चाहता हूँ जो हमारे बीच से चले गए हैं. हमारे सैन्य कमांडर, हमारे वैज्ञानिक, और हमारे प्रिय लोग जो हाल ही में इसराइल के थोपे गए युद्ध में शहीद हो गए."
उन्होंने कहा, "मैं शहीदों के सभी प्रियजनों, विशेषकर उनके माता-पिता, जीवनसाथी और बच्चों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं."
उन्होंने कहा, "युद्ध के दौरान ईरान के लोगों ने दुनिया को अपनी शक्ति, दृढ़ संकल्प, दृढ़ निश्चय और दृढ़ता का परिचय दिया."
ईरान को लेकर इसराइल के प्रधानमंत्री ने की राष्ट्रपति पुतिन से बात
इमेज स्रोत, GPO via Getty Images
इमेज कैप्शन, इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू
इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बात की.
दोनों नेताओं के बीच ईरान को लेकर बातचीत हुई है.
हालांकि दोनों नेताओं के बीच ईरान को लेकर क्या बातचीत हुई, इसकी कोई जानकारी किसी पक्ष ने नहीं दी है.
इसराइल और ईरान के बीच जून में सैन्य संघर्ष हुआ था. इस हमले में ईरान के कई महत्वपूर्ण नेताओं की मौत हो गई थी.
इसके बाद रूसी राष्ट्रपति के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने 19 जून को रूसी समाचार एजेंसी तास से कहा था कि इसराइल और ईरान के बीच जंग में अमेरिकी हस्तक्षेप से "एक और भयानक उग्रता पैदा होगी."
रूस ईरान को एक प्रमुख सहयोगी के रूप में देखता है.
इस साल रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान के साथ एक रणनीतिक साझेदारी पर हस्ताक्षर किए हैं. इस समझौते में कहा गया है कि दोनों रक्षा सहयोग विकसित करने की इच्छा रखते हैं.
तीन बच्चे पैदा करने पर माता-पिता को 1500 डॉलर देगा चीन
इमेज स्रोत, Getty Images
दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था चीन घटती जन्मदर संकट का सामना कर रहा है. इससे निपटने के लिए चीन ने एक से अधिक बच्चे को जन्म देने पर सब्सिडी देने का एलान किया है.
चीन अब तीन साल से कम उम्र के बच्चों के लिए माता-पिता को 500 डॉलर प्रति बच्चे की सालाना सब्सिडी देगा. यह सब्सिडी तीन बच्चों पर 1500 डॉलर तक ली जा सकती है.
चीन में जन्म दर बढ़ाने के लिए सोमवार को इस नीति की घोषणा की गई. राज्य के मीडिया के अनुसार चीन की इस नीति से करीब 2 करोड़ परिवारों को अपने बच्चों के पालन पोषण में मदद मिलेगी.
जन्म दर को बढ़ाने के लिए करीब एक दशक पहले ही चीन एक बच्चे के जन्म देने की नीति को ख़त्म कर चुका है. इसके बाद भी जन्म दर में गिरावट जारी है.
यूक्रेन की जेल पर रूस ने ग्लाइड बमों से किया हमला, 17 कैदियों की मौत 42 घायल
इमेज स्रोत, Telegram/minjustofficial
इमेज कैप्शन, रूस के हवाई हमले में नष्ट यूक्रेन की जेल
यूक्रेन के अधिकारियों के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी यूक्रेन के सीमावर्ती इलाके में स्थित एक जेल पर हुए रूसी हवाई हमले में 17 लोग की मौत हो गई है और 42 अन्य घायल हैं.
क्षेत्रीय नेता इवान फ़ेदेरोव ने बताया कि ज़ापोरिज़िया में रात भर हुए हमले में आसपास के घरों को भी नुकसान पहुंचा है.
इस दौरान रूसी सेना ने हवाई ग्लाइड बमों से आठ हमले किए.
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने जेल पर 'जानबूझकर किए गए हमले' की निंदा की है और रूस पर यूक्रेनियों की हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि युद्ध विराम 'बहुत पहले ही लागू हो सकता था.'
ज़ापोरिजिया यूक्रेन के चार पूर्वी क्षेत्रों में से एक है. इसे रूस ने 2022 से अपने अधीन करने का दावा किया, हालांकि यह क्षेत्र बड़े पैमाने पर यूक्रेनी नियंत्रण में है.
यूक्रेन के न्याय मंत्रालय ने कहा कि जेल में चार बम विस्फोट हुए. इससे भोजन कक्ष, प्रशासनिक मुख्यालय और क्वारंटाइन क्षेत्र बर्बाद हो गया.
मंत्रालय ने बताया गया कि इस हमले में मारे गए और घायल हुए सभी लोग कैदी थे.
संसद में 'ऑपरेशन सिंदूर' पर चर्चा: स्पीकर्स की सूची में नाम नहीं होने पर मनीष तिवारी ने ये कहा
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, मनीष तिवारी को 'ऑपरेशन सिंदूर' पर भारत का पक्ष विदेशों में रखने के लिए प्रतिनिधिमंडल में शामिल किया गया था (फ़ाइल फ़ोटो)
'ऑपरेशन सिंदूर' पर संसद में जारी बहस में कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी और शशि थरूर को कांग्रेस ने स्पीकर्स की सूची में शामिल नहीं किया है.
इस पर अब मनीष तिवारी की प्रतिक्रिया आई है. मनीष तिवारी ने एक्स पर लिखा, "भारत का रहने वाला हूं, भारत की बात सुनाता हूं."
इस पोस्ट में मनीष तिवारी ने एक न्यूज़ आर्टिकल का स्क्रीनशॉट भी साझा किया है, जिसमें कांग्रेस स्पीकर्स की सूची में मनीष तिवारी और शशि थरूर को शामिल नहीं करने की जानकारी दी गई है.
दरअसल, 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद भारत सरकार ने सांसदों के प्रतिनिधिमंडलों को विदेशों में भारत का पक्ष बताने के लिए भेजा था.
इन प्रतिनिधिमंडलों में कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी और शशि थरूर भी शामिल थे.
बिहार में एसआईआर: सुप्रीम कोर्ट ने कहा- 'अगर बड़े पैमाने पर नाम हटते हैं, तो हम हस्तक्षेप करेंगे'
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, बिहार में 65 लाख मतदाताओं के नाम बाहर होने की आशंका है
बिहार में एसआईआर के तहत वोटर लिस्ट से 65 लाख मतदाताओं के नाम बाहर होने की आशंका पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि अगर बड़े पैमाने पर मतदाता बाहर होते हैं तो कोर्ट इस मामले में हस्तक्षेप करेगा.
लाइव लॉ के मुताबिक़,एसआईआर की प्रक्रिया को चुनौती देने वाली याचिकाओं की सुनवाई के लिए सुप्रीम कोर्ट ने 12 और 13 अगस्त की तारीख निर्धारित की है. इसकी सुनवाई जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की बेंच करेगी.
एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स की ओर से एडवोकेट प्रशांत भूषण ने कोर्ट से कहा कि चुनाव आयोग के मुताबिक़ 65 लाख लोगों ने एसआईआर प्रक्रिया के दौरान फॉर्म जमा नहीं किए हैं, क्योंकि वे या तो मर चुके हैं या स्थायी रूप से कहीं और चले गए हैं.
प्रशांत भूषण ने अदालत को बताया कि इन लोगों को सूची में शामिल होने के लिए नए सिरे से आवेदन करना होगा.
इस पर जस्टिस सूर्यकांत ने आश्वासन दिया कि कोर्ट इन चिंताओं पर सुनवाई करेगा. उन्होंने कहा, "हम यहां हैं, हम आपकी बात सुनेंगे."
वहीं, जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने कहा, "हम एक न्यायिक अथॉरिटी के तौर पर इस मामले की समीक्षा कर रहे हैं. अगर बड़े पैमाने पर नाम बाहर होते हैं, तो हम तुरंत हस्तक्षेप करेंगे. आप ऐसे 15 लोगों को लेकर आइए जो यह कह रहे हो कि वे ज़िंदा हैं."
बिहार में एसआईआर अभियान का पहला चरण पूरा हो गया है. चुनाव आयोग के मुताबिक़, क़रीब 65 लाख मतदाताओं के नाम राज्य की मतदाता सूची से हटाए जाएंगे.
नमस्कार!
अभी तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ प्रमुख ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
पहलगाम हमले पर चिदंबरम के बयान पर अमित शाह बोले- 'हमारे पास सबूत हैं'
इमेज स्रोत, Getty/Sansad TV
इमेज कैप्शन, पी चिदंबरम ने कहा था कि पहलगाम में हमला करने वाले 'आतंकवादी कहां से आए, इसका कोई सबूत नहीं है.'
पहलगाम हमले पर कांग्रेस नेता पी चिदंबरम के बयान पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि चिदंबरम ने ऐसा बयान देकर सवाल खड़ा किया है कि 'भारत ने फिर पाकिस्तान पर हमला क्यों किया.'
'ऑपरेशन सिंदूर' पर संसद में चर्चा के दौरान अमित शाह ने कहा, "देश के पूर्व गृह मंत्री चिदंबरम जी ने सवाल उठाया कि क्या सबूत है कि ये आतंकवादी पाकिस्तान से आए? ये सवाल तब उठाया गया जब संसद में चर्चा होने वाली थी. चिदंबरम साहब क्या कहना चाहते हैं? किसको बचाना चाहते हैं? पाकिस्तान को बचाकर आपको क्या मिलेगा?"
उन्होंने कहा, "मैं चिदंबरम साहब से कहना चाहता हूं, हमारे पास सबूत हैं, वह भी मैं सदन के सामने रखना चाहता हूं कि ये तीनों पाकिस्तानी थे. तीन में से दो के पाकिस्तान के वोटर नंबर भी हमारे पास उपलब्ध हैं. हमारे पास राइफलें भी उपलब्ध हैं. इनके पास जो चॉकलेट थीं, वह भी पाकिस्तान की बनाई हुईं चॉकलेट हैं."
अमित शाह ने कहा, "ये कहते हैं कि पाकिस्तानी नहीं थे, इसका मतलब पूरी दुनिया के सामने इस देश का पूर्व गृह मंत्री पाकिस्तान को क्लीन चिट दे रहा है. वह पाकिस्तानी आतंकवादी नहीं थे, ऐसा बोल कर चिदंबरम सवाल खड़ा कर रहे हैं कि पाकिस्तानी आतंकवादी नहीं थे तो फिर पाकिस्तान पर हमला क्यों किया."
"पूरी दुनिया में हमारे संसद सदस्य गए थे और स्वीकारा था कि हमला पाकिस्तान ने किया है. और इस देश के पूर्व गृह मंत्री कहते हैं कि क्या सबूत है."
कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने पहलगाम हमले को लेकर 'द क्विंट' को दिए इंटरव्यू में कहा था कि पहलगाम में हमला करने वाले 'आतंकवादी कहां से आए, इसका कोई सबूत नहीं है.'
आरजेडी विधायक भाई वीरेंद्र का 'ऑडियो' वायरल होने पर तेज प्रताप ने पार्टी पर साधा निशाना
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, तेज प्रताप यादव ने सवाल उठाया है कि क्या आरजेडी भाई वीरेंद्र पर कार्रवाई करेगी (फ़ाइल फ़ोटो)
आरजेडी विधायक भाई वीरेंद्र और पंचायत सचिव की बातचीत का कथित ऑडियो वायरल होने के मामले में पार्टी से निष्कासित तेज प्रताप यादव ने आरजेडी पर निशाना साधा है.
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, "क्या आरजेडी अपने विधायक भाई वीरेंद्र पर भी कार्रवाई करेगी, जिन्होंने बाबा साहेब आंबेडकर के आदर्शों के उलट एससी-एसटी समाज के ख़िलाफ़ शर्मनाक टिप्पणी की, जान से मारने की धमकी दी."
खुद को पार्टी से निकाले जाने पर तेज प्रताप यादव ने कहा, "मुझे तो साज़िश के तहत पार्टी से बाहर कर दिया गया. अब देखना है कि विवाद करने वालों पर भी पार्टी उतनी ही सख्ती दिखाएगी या नहीं?"
उन्होंने कहा, "संविधान का सम्मान भाषणों में नहीं, आचरण में दिखना चाहिए."
आरजेडी विधायक भाई वीरेंद्र का एक पंचायत सचिव से बातचीत का कथित ऑडियो वायरल हुआ है. इस ऑडियो में आरजेडी विधायक कथित तौर पर पंचायत सचिव को धमकी देते हुए सुनाई दे रहे हैं.
हिमाचल : मंडी में बादल फटने से तीन लोगों की मौत, राहत और बचाव कार्य जारी
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, मंडी के डीसी अपूर्व देवगन ने बताया कि बादल फटने से कई घरों को नुक़सान पहुंचा है
हिमाचल प्रदेश के मंडी में बादल फटने की वजह से तीन लोगों की मौत हो गई है. मंडी के डीसी अपूर्व देवगन ने यह जानकारी दी है.
हालांकि मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दो लोगों की मौत की बात कही है.
सीएम सुक्खू ने कहा, "मंडी के जेल रोड में बादल फटने की घटना अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक है. इसमें दो लोगों की मौत हो गई है और एक व्यक्ति के लापता होने की सूचना है. कई वाहन भी मलबे में दब गए हैं."
सीएम ने प्रशासन को राहत बचाव कार्य में तेज़ी लाने के भी निर्देश दिए हैं.
वहीं, मंडी के डीसी अपूर्व देवगन ने बताया, "जेल रोड के आसपास पांच किलोमीटर का इलाक़ा प्रभावित हुआ है. जेल रोड के पास जो मोहल्ला है, वहां के तीन लोगों की मौत हो गई है. एक महिला की तलाश जारी है."
उन्होंने बताया, "भारी बारिश के साथ काफी मलबा जमा हुआ है. इसे हटाने और सड़क को खोलने का काम चल रहा है. कई घरों को नुक़सान पहुंचा, जिसकी वजह से लोग सुरक्षित स्थानों पर गए हैं. प्रशासन की ओर से भी रिलीफ़ कैंप लगाया गया है."
झारखंड: देवघर में बस और ट्रक की टक्कर, कांवड़ यात्रियों समेत 6 की मौत
इमेज स्रोत, X/@sukhdeobhagat
इमेज कैप्शन, प्रशासन ने इस हादसे में कांवड़ यात्रियों समेत 6 लोगों की मौत की बात कही है
झारखंड के देवघर में बस और ट्रक की टक्कर में कांवड़ यात्रियों समेत 6 लोगों की मौत हो गई है. देवघर के डीसी नमन प्रियेश ने इसकी पुष्टि की है.
डीसी नमन प्रियेश ने बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े को बताया, "छह लोगों की मौत हुई है, 24 लोगों का इलाज जारी है. इनमें से आठ का इलाज एम्स में जारी है."
उन्होंने बताया, "एक की मौत एम्स में इलाज के दौरान हुई, जिससे मरने वालों की संख्या छह हो गई है."
इससे पहले देवघर के सिविल सर्जन युगल किशोर चौधरी ने बीबीसी को बताया, "इस हादसे में चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी. इन्हें देवघर सदर अस्पताल लाया गया था, जबकि एक की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हुई."
डॉक्टर ने बताया, "अन्य गंभीर रूप से घायल लोगों को देवघर के ही एम्स में रेफर किया गया है, जबकि दो लोगों का इलाज अभी भी सदर अस्पताल देवघर में चल रहा है."
राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस घटना पर दुख जताया है.
उन्होंने एक्स पर लिखा, "आज सुबह देवघर के मोहनपुर प्रखंड के जमुनिया चौक के पास बस दुर्घटना में श्रद्धालुओं की मौत की दुखद सूचना मिली है. ज़िला प्रशासन राहत और बचाव कार्य के साथ घायलों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करा रहा है."
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, एसडीओ रवि कुमार ने बताया कि बस ड्राइवर को नींद आ जाने की वजह से हादसा हुआ
देवघर के सदर एसडीओ रवि कुमार ने बताया कि इस हादसे की जानकारी सुबह चार से पांच बजे के बीच मिली.
उन्होंने बताया, "32 सीटर एक प्राइवेट बस कांवड़ियों को लेकर देवघर से बासुकीनाथ जा रही थी. इस दौरान बस ने कंट्रोल खो दिया और वह ट्रक से टकराई. इसके बाद बस 100 से 200 फीट आगे रखे ईंट के ढेर से टकराई."
एसडीओ ने बताया, "हमें जो प्रथम ख़बर मिली है वह ये है कि ड्राइवर की आंख लग गई थी. सुबह का समय था कांवड़िए थके हुए थे और ड्राइवर भी थका हुआ था. उसे नींद आई और कंट्रोल खो दिया."
उन्होंने बताया कि ड्राइवर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई है.
एसडीओ रवि कुमार ने कहा, "पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है और कुल 23 लोग घायल हैं, जिनका इलाज चल रहा है."