फ़लस्तीन को मान्यता देगा ब्रिटेन, लेकिन रखीं कुछ शर्तें

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने कहा है कि वह सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में फ़लस्तीन को एक देश के रूप में मान्यता देंगे, लेकिन इसके लिए कुछ शर्तें हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह और आनंद मणि त्रिपाठी

  1. तस्वीरों में: बीजिंग में आई बाढ़, बचाव अभियान जारी

    चीन की राजधानी बीजिंग और उत्तरी चीन के इलाक़ों में भारी बारिश और बाढ़ में फंसे लोगों को बचाया जा रहा है.

    चीन के सरकारी मीडिया के मुताबिक़, अकेले राजधानी में ही 80 हज़ार से ज़्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है.

    चीन में बाढ़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कुछ बाढ़ प्रभावित शहरों में बचावकर्मियों ने ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों में ले जाने के लिए प्लास्टिक के बेसिन का इस्तेमाल किया
    चीन में बाढ़

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, बीजिंग में दर्जनों सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं, यहां के मियुन ज़िले में उफनती नदी के पास एक क्षतिग्रस्त सड़क
    चीन में बाढ़

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, बचावकर्मी बाढ़ प्रभावित एक सड़क पर बने मैनहोल को ढंक रहे हैं और फंसे हुए ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जा रहा है
    चीन में बाढ़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, उत्तरी शांक्सी प्रांत के लिनफ़ेन शहर में हुकोउ झरने की ऊपर से ली गई तस्वीर
    चीन में बाढ़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बीजिंग के हुआइरोउ ज़िले में बाढ़ के कारण एक पुल ढह गया
    चीन में बाढ़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बीजिंग के मियुन ज़िले में एक निवासी बाढ़ के पानी से निकलता हुआ
  2. बिहार विधानसभा चुनाव: चिराग पासवान ने कहा- 'मेरे हर शब्द में उन्हें बग़ावत दिखती है'

    चिराग पासवान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, चिराग पासवान ने कहा है कि उनकी चुनाव लड़ने की इच्छा है (फ़ाइल फ़ोटो)

    केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर कहा है कि उनकी इच्छा चुनाव लड़ने की है.

    समाचार एजेंसी एएनआई ने चिराग पासवान से सवाल किया कि 'क्या आप चुनाव लड़ रहे हैं?' इस पर उन्होंने कहा, "मेरी इच्छा ज़रूर है, मैं ज़रूर चाहता हूं."

    चिराग पासवान से एनडीए में तक़रार को लेकर भी सवाल किया गया. इस पर उन्होंने कहा, "जब मैंने 243 कहा था, उसके साथ ही ये भी कहा था कि हर सीट पर चिराग पासवान बनकर लड़ना होगा. क्या एक ईमानदार सहयोगी की भूमिका यह होती है कि जितनी सीटों पर मैं चुनाव लड़ूं मात्र उन्हीं सीटों पर ध्यान दूं?"

    "जितनी सीटों पर भाजपा लड़े, उतनी ही सीटों पर प्रचार करें? जदयू वाले अपनी सीटों पर प्रचार करें? तो फिर हम कैसे सहयोगी हैं? क्या मैं 243 सीटों पर प्रचार के लिए नहीं जाऊं?"

    चिराग पासवान ने कहा, "मेरा इतिहास रहा है, तो मेरे हर शब्द में उन्हें बग़ावत दिखती है. पर अगर मेरी बातों को पूरा सुन लेंगे तो उनकी मंशा वहीं पर शांत हो जाएगी."

  3. न्यूयॉर्क: गोलीबारी में चार की मौत, संदिग्ध बंदूक़धारी की तस्वीर आई सामने

    न्यूयॉर्क में संदिग्ध बंदूकधारी

    इमेज स्रोत, CBS News New York

    इमेज कैप्शन, न्यूयॉर्क पुलिस के सूत्रों ने अमेरिकी मीडिया को बताया है कि हमला करने वाले शख़्स की पहचान शेन डी टमुरा के तौर पर हुई है

    अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में हुई गोलीबारी की घटना पर न्यूयॉर्क के मेयर ने बताया है कि घटना में पांच लोगों को गोली लगी है. इनमें से चार की मौत हो गई है.

    मेयर एरिक एडम्स ने बताया कि मरने वालों में न्यूयॉर्क पुलिस के एक अधिकारी भी शामिल हैं.

    इससे पहले एडम्स ने एक वीडियो पोस्ट में बताया था कि इस घटना में 'कई लोग' घायल हुए हैं. उन्होंने कहा था, "जो लोग इमारत के अंदर हैं, वे अंदर ही रहें. पुलिस इमारत के हर फ़्लोर पर सर्चिंग कर रही है."

    वहीं, अमेरिका में बीबीसी के सहयोगी सीबीएस न्यूज़ ने लॉ इनफ़ोर्समेंट के दो सूत्रों के हवाले से बताया है कि इस घटना में एक पुलिस अधिकारी की भी मौत हुई है.

    सीबीएस की रिपोर्ट के मुताबिक़, न्यूयॉर्क पुलिस के दो अधिकारी जो ड्यूटी पर नहीं थे, लेकिन इमारत में सिक्योरिटी के तौर पर काम कर रहे थे, उन्हें गोली लगी है.

    इसके अलावा दो नागरिकों को भी गोली लगी है. इनमें से एक अधिकारी की मौत हो गई है और घायल लोगों में से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है.

    न्यूयॉर्क पुलिस के सूत्रों ने अमेरिकी मीडिया को बताया है कि हमला करने वाले शख़्स की पहचान शेन डी टमुरा के तौर पर हुई है. पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.

    लेकिन, सीबीएस न्यूज़ और कई अन्य मीडिया संस्थानों ने भी हमला करने वाले की पहचान इसी नाम से की है. सीबीएस न्यूज़ ने बताया है कि सीसीटीवी कैमरे में संदिग्ध बंदूक़धारी शख़्स की तस्वीर कै़द हो गई है.

  4. चीन: राजधानी बीजिंग में भारी बारिश और बाढ़ से 30 लोगों की मौत

    बीजिंग में बाढ़

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने राहत-बचाव कार्य में कोई कसर नहीं छोड़ने के निर्देश दिए हैं

    चीन की राजधानी बीजिंग में भारी बारिश और बाढ़ से 30 लोगों की मौत हो गई है. बीजिंग प्रशासन ने बाढ़ की आपातकालीन चेतावनी जारी की है.

    बीते हफ़्ते शनिवार से शुरू हुई बारिश की वजह से अब तक 80 हज़ार से ज़्यादा लोगों को दूसरी जगह जाना पड़ा है. अनुमान लगाया गया है कि मंगलवार दोपहर तक भारी बारिश जारी रहेगी.

    चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने बाढ़ में लापता 'सभी लोगों' को ढूंढने और राहत-बचाव कार्य के निर्देश दिए हैं.

    जिनपिंग ने सोमवार को कहा, "बाढ़ से लापता या फंसे हुए लोगों को ढूंढने और उन्हें बचाने और प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को दूसरी जगह ले जाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जानी चाहिए."

    जुलाई महीने में बीजिंग में कई बार बाढ़ आई. इसमें से सबसे भीषण बाढ़ जुलाई 2012 में आई थी, जब एक दिन में बीजिंग 190 में मि.मी. बारिश हुई थी.

    इस बाढ़ में 79 लोगों की मौत हुई थी.

  5. न्यूयॉर्क में गोलीबारी की घटना में एक व्यक्ति की मौत, पुलिस बोली- 'शूटर मारा गया'

    न्यूयॉर्क पुलिस

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, पुलिस ने अभी तक यह नहीं बताया है कि हमला करने वाले शख़्स को कैसे 'मारा' गया

    अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में हुई गोलीबारी में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई है और अन्य तीन लोग घायल हैं. पुलिस ने बताया है कि हमला करने वाला शख़्स 'मारा' गया है.

    यह घटना न्यूयॉर्क के मैनहट्टन में एक इमारत में हुई. पुलिस के मुताबिक़, हमला करने वाला 'शूटर अकेला' था.

    अमेरिका में बीबीसी के सहयोगी सीबीएस न्यूज़ के मुताबिक़, हमला करने वाले शख़्स की मौत ख़ुद को गोली मारने से हुई. हालांकि, पुलिस ने अभी तक यह जानकारी नहीं दी है कि वह कैसे 'मारा' गया है.

    न्यूयॉर्क में मौजूद बीबीसी संवाददाता इंद्राणी बसु ने बताया, "आसपास खड़े लोगों ने एक ज़ोरदार धमाका सुना. मैंने देखा कि एक आदमी को हथकड़ी लगाकर ले जाया जा रहा है और मौक़े पर मौजूद न्यूयॉर्क पुलिस के एक अधिकारी ने पुष्टि की है कि एक व्यक्ति को गिरफ़्तार कर लिया गया है और एक फ़रार है."

    इंद्राणी बसु के मुताबिक़, "हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि यह गिरफ़्तारी गोलीबारी की घटना से जुड़ी हुई है या नहीं."

    इस घटना के बाद इलाक़े में सभी ट्रेनें बंद कर दी गई हैं. चौराहे के आसपास के चार ब्लॉक भी आम जनता के लिए बंद कर दिए गए हैं.

  6. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

    - 'ऑपरेशन सिंदूर' पर लोकसभा में बहस, जानिए किसने क्या कहा

    - बिहार: एसआईआर का पहला चरण पूरा, 10 बिंदुओं में समझिए अब आगे क्या होगा

    - उत्तर प्रदेश: दलित को पेड़ से लटका कर पीटे जाने का क्या है पूरा मामला, अब तक क्या कार्रवाई हुई?