You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कंगना रनौत के बयान पर राहुल गांधी बोले- मोदी सरकार का दुष्प्रचार तंत्र...

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को अभिनेत्री कंगना रनौत के किसान आंदोलन पर दिए गए बयान का ज़िक्र कर बीजेपी पर निशाना साधा है.

सारांश

  • रूस ने बड़े पैमाने पर यूक्रेन पर किए हवाई हमले, इसमें पांच लोगों की जान गई
  • कंगना रनौत के किसानों पर दिए बयान से ख़फ़ा बीजेपी, कहा- आगे से ऐसा कोई बयान न दें
  • असदुद्दीन ओवैसी ने योगी आदित्यनाथ के 'बटेंगे तो कटेंगे' वाले बयान पर पलटवार किया है
  • इसराइल ने लेबनान में हिज़बुल्लाह पर किए हमले, कहा खतरे से बचने के लिए आत्मरक्षा में ऐसा किया
  • जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने 15 उम्मीदवारों की घोषणा की
  • पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में पिछले 24 घंटे में 39 लोगों की हत्या हो चुकी है

लाइव कवरेज

अश्वनी पासवान

  1. पाकिस्तान के बलूचिस्तान में बस से उतार कर 22 यात्रियों को गोली मारी

    पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में बस से यात्रा कर रहे 22 लोगों की बंदूकधारियों ने गोली मारकर हत्या कर दी. ये सभी लोग पंजाब प्रांत से थे.

    ये घटना बलूचिस्तान के मुसाखेल ज़िले में हुई है.

    असिस्टेंट कमिश्नर मूसा खेल नजीब ने घटना की पुष्टि की और बीबीसी उर्दू को बताया कि 'घटना ज़िले के रारा हाशिम इलाक़े में हुई है. गोलीबारी की घटना बीती रात पुलिस के नियंत्रण वाले इलाके में हुई है.'

    जानकारी के मुताबिक़, कुछ अज्ञात लोगों ने पंजाब और बलूचिस्तान के बीच चल रहे ट्रकों और बसों को रोका. इसके बाद यात्रियों को नीचे उतारा. उनके पहचान पत्र चेक किए और जो बलोच नहीं थे, उन पर गोलियां चला दीं.

    चरमपंथी समूह बलूच लिबरेशन आर्मी ने हमलों की ज़िम्मेदारी ली है और कहा कि उसने विभिन्न क्षेत्रों से उन सड़कों को ब्लॉक कर दिया है, जहां से प्रांत में प्रवेश किया जा सकता है.

    खबरें आईं कि बलूचिस्तान के विभिन्न इलाकों में हाईवे पर हथियारबंद लोगों की मौजूदगी के कारण यातायात रोक दिया गया.

    जिन यात्रियों को मारा गया है, वे पंजाब प्रांत से बलूचिस्तान आ रहे थे.

    सरकारी अधिकारियों के मुताबिक, बंदूकधारियों ने कई वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया है. बीते 24 घंटे में बलूच लिबरेशन आर्मी ने कई सरकारी इमारतों को भी नुकसान पहुंचाया है.

    असिस्टेंट कमिश्नर ने बताया कि गोलीबारी की घटना में पांच लोग घायल भी हुए हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है.

    लगातार हो रहे हमले

    इससे पहले शनिवार और रविवार की दरमियानी रात बलूचिस्तान के अलग-अलग इलाकों से बम धमाकों की खबरें आईं.

    कलात शहर के पास हुए हमलों में वहां के असिस्टेंट कमिश्नर भी घायल हो गए, जबकि जिउनी में पुलिस स्टेशन के बाहर तीन वाहनों को आग लगा दी गई.

    मस्तुंग जिले में भी अज्ञात हथियारबंद लोगों ने खाद कोचा इलाक़े में एक पुलिस स्टेशन पर हमला कर दिया.

    ताज़ा घटना पर बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री ने रिपोर्ट मांगी है. मुख्यमंत्री मीर सरफराज बुगती ने घटना की निंदा की. उन्होंने इमरजेंसी बैठक भी बुलाई.

  2. बसपा प्रमुख मायावती ने क्यों की बीजेपी की तारीफ़

    बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) की अध्यक्ष मायावती ने बीजेपी की तारीफ़ की है और कांग्रेस पर निशाना साधा है.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक थ्रेड में लिखा, "बीएसपी के समर्थन वापिस लेने पर सपा ने 2 जून, 1995 को मुझ पर जानलेवा हमला कराया था. इस पर कांग्रेस कभी क्यों नहीं बोलती? उस वक्त केंद्र में रही कांग्रेस सरकार ने वक्त पर अपना दायित्व नहीं निभाया था."

    उन्होंने लिखा, "उस समय केंद्र की कांग्रेस सरकार की नीयत ख़राब हो चुकी थी. वो यूपी में राष्ट्रपति शासन लगाकर, पर्दे के पीछे से अपनी सरकार चलाना चाहती थी, जिनका षडयंत्र बीएसपी ने फेल कर दिया."

    बीजेपी की तारीफ़ की

    मायावती ने अपने पोस्ट में आगे लिखा, "उस समय सपा के आपराधिक तत्वों से बीजेपी सहित समूचे विपक्ष ने मानवता और इंसानियत के नाते मुझे बचाने में जो अपना दायित्व निभाया है, इससे कांग्रेस को बीच-बीच मे तकलीफ़ क्यों होती है."

    मायावती का ये बयान, शनिवार को मथुरा से बीजेपी विधायक की ओर से उन पर लगाए गए तीखे आरोपों के बाद आया है जिसमें कथित तौर पर 'अभद्र शब्द' का प्रयोग किया गया था.

    इस पर सपा मुखिया अखिलेश यादव ने आपत्ति ज़ाहिर की थी, और बीजेपी को घेरा था. इसपर मायावती ने अखिलेश यादव का धन्यवाद किया था.

    जनगणना को लेकर कांग्रेस पर निशाना

    मायावती ने जातीय जनगणना को लेकर भी कांग्रेस से पूछा, "बीएसपी वर्षों से जातीय जनगणना के लिए पहले केंद्र में कांग्रेस पर और अब बीजेपी पर अपना पूरा दबाव बना रही है."

    उन्होंने कहा, "जातीय जनगणना के बाद, क्या कांग्रेस एससी, एसटी और ओबीसी वर्गों का वाजिब हक दिला पाएगी? जो एससी, एसटी आरक्षण में वर्गीकरण और क्रीमीलेयर को लेकर अब भी चुप्पी साधे हुए है, जवाब दे."

    असल में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक निजी मीडिया संस्थान द्वारा कराए गए सर्वे का हवाला देते हुए जातीय जनगणना के कराए जाने पर रविवार को ट्वीट किया था.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, "मोदी जी, अगर आप जातीय जनगणना रोकने की सोच रहे हैं, तो आप सपना देख रहे हैं. कोई भी ताक़त इसे नहीं रोक पाएगी.... इसे तुरंत लागू करिए या अगले प्रधानमंत्री को ये करते देखेंगे."

    शनिवार को राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में संविधान सम्मान समारोह में भी यही बात कही थी. इस पर भी मायावती ने ट्वीट करके बाबा साहब आम्बेडकर के साथ हुई कथित नाइंसाफ़ी के लिए कांग्रेस पर निशाना साधा था.

  3. पाकिस्तान की बांग्लादेश से हार पर भड़के पूर्व क्रिकेटर रमीज़ राजा

    बांग्लादेश से टेस्ट मैच में हार के बाद पाकिस्तान के खिलाड़ी अपने ही देश में निशाने पर हैं.

    पाकिस्तान को बांग्लादेश ने उसी की ज़मीन पर हराया. इस मैच में पाकिस्तान को 10 विकेट की करारी हार मिली.

    पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच 21 अगस्त से 25 अगस्त के बीच पहला टेस्ट मैच खेला गया. दोनों देशों के बीच 30 अगस्त से तीन सितंबर तक दूसरा टेस्ट मैच खेला जाएगा.

    अपनी ही ज़मीन पर खेले गए पिछले नौ टेस्ट में पाकिस्तान की यह पांचवीं हार है. नौ मैच में से चार ड्रॉ पर ख़त्म हुए जबकि पांच मैच में पाकिस्तान हारा. इस तरह दो टेस्ट मैच की सिरीज़ में बांग्लादेश के पास 1-0 की लीड है. दूसरा और आख़िरी मैच 30 अगस्त से खेला जाएगा.

    इस पर रमीज़ राजा ने कहा कि टीम का चयन करते वक़्त ग़लती हुई है. उन्होंने पाकिस्तान टीम के कैप्टन शान मसूद को चेतावनी तक दी.

    उन्होंने कहा कि गेम को लेकर जो आपका ज्ञान है वो आपको दिखाना है. उम्मीद पर फैंस आते हैं. लेकिन इसी तरह के परफॉर्मेंस करते रहे तो फैन भी भाग जाएंगे. वो एक हद तक ही साथ देंगे.

    पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर रमीज़ राजा ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो पोस्ट किया.

    उन्होंने टीम के चयन पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि टीम में चार गेंदबाज़ चुनने का क्या तर्क था. बांग्लादेश को मैच में उसके गेंदबाज़ों ने ही जीत दिलाई. टीम के चयन में ग़लती हुई. बिना स्पिनर के मैच खेलना समझ से परे है.

    उन्होंने कहा कि पाकिस्तान पेस अटैक करने में माहिर रहा है, लेकिन ऐसा बीते साल ख़त्म हो गया. जब एशिया कप के दौरान भारत के ख़िलाफ़ मैच में ये रहस्य दुनिया के सामने आया कि लाइनअप का मुकाबला करने का क्या तरीका है.

    उन्होंने कहा कि हमारे तेज़ गेंदबाज़ों की गति कम हो गई है और इसलिए उनका जादू भी कम हो गया है. जबकि बांग्लादेश के गेंदबाज़ अधिक लय में लग रहे थे. हमारे गेंदबाज़ अपने विकट के आसपास अधिक नाटक कर रहे थे.

  4. उमर अब्दुल्ला की पीडीपी से गुज़ारिश, कांग्रेस-एनसी के ख़िलाफ़ न उतारें उम्मीदवार

    नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने रविवार को पीपल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) से कहा कि वो जम्मू-कश्मीर की भलाई के लिए कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) के ख़िलाफ़ अपने उम्मीदवार न उतारे.

    उन्होंने कहा कि इन पार्टियों (एनसी, कांग्रेस और पीडीपी) का एजेंडा एक जैसा ही है. साथ ही उन्होंने जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ़्ती के नेतृत्व वाली इस पार्टी पर एनसी के घोषणापत्र की नक़ल करने का आरोप लगाया.

    उमर अब्दुल्ला के इस बयान से एक दिन पहले ही महबूबा मुफ्ती ने बीजेपी से गठबंधन की संभावना को खारिज कर दिया था.

    उन्होंने कहा था, "पीडीपी के लिए ताक़त और सीट मायने नहीं रखती. हमारी पार्टी एनसी-कांग्रेस को समर्थन देगी, अगर वो हमारा एजेंडा स्वीकार करते हैं."

    अमित शाह के लिए क्या बोले?

    उमर अब्दुल्ला ने कहा कि वो केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शुक्रगुज़ार हैं कि उन्होंने पार्टी के घोषणापत्र पर ध्यान दिया. ये बड़ी बात है कि उन्होंने देश के दूर दराज के क्षेत्र में चुनाव लड़ रही एक छोटी पार्टी के घोषणापत्र को देखा.

    उन्होंने आगे कहा कि जो लोग इसे पढ़ने के लिए तैयार नहीं थे, वो भी इसे पढ़ने को मजबूर हुए. लेकिन अफ़सोस की बात ये है कि गृह मंत्री को इसमें केवल एक ही पैरा नज़र आया.

    उन्होंने कुछ ऐसी बातें भी कहीं, जो हमारे घोषणापत्र में नहीं हैं.

    जम्मू कश्मीर में विधानसभा की 90 सीटों पर चुनाव होगा. इसके लिए तीन चरण में- 18 सितंबर, 25 सितंबर और एक अक्टूबर को मतदान होगा जबकि नतीजा चार अक्टूबर को आएगा.

  5. मौसम विभाग ने इन राज्यों के लिए जारी किया रेड अलर्ट, भारी बारिश की चेतावनी

    भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को कुछ राज्यों में भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की है.

    अगले दो से तीन दिन तक गुजरात, गोवा और महाराष्ट्र में भारी बारिश हो सकती है. बीती रात क़रीब दो बजे आईएमडी ने मौसम को लेकर ये जानकारी दी.

    आईएमडी ने कहा कि उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और इससे सटे पूर्वी राजस्थान में दबाव का क्षेत्र बना हुआ है.

    25 अगस्त की रात 11 बजकर 30 मिनट पर गहरे दबाव का क्षेत्र राजस्थान के चित्तौड़गढ़ से 70 किमी दक्षिण-दक्षिण-पूर्व में केंद्रित था.

    इसके पश्चिम-दक्षिण की ओर बढ़ने की उम्मीद है. इससे दक्षिण राजस्थान और गुजरात का मौसम प्रभावित होगा और 29 अगस्त तक सौराष्ट्र, कच्छ और पाकिस्तान के कुछ हिस्सों तक असर दिखेगा.

    मौसम विभाग ने कहा कि एक और कम दबाव का क्षेत्र बांग्लादेश और उससे सटे पश्चिम बंगाल में गंगा नदी के मैदानी इलाक़े में बन रहा है. इसका असर उत्तरी ओडिशा और झारखंड में देखने को मिलेगा.

    आईएमडी ने रेड अलर्ट जारी करते हुए कहा कि 26 अगस्त को पश्चिमी मध्य प्रदेश में भारी बारिश होने की संभावना है. 26 से 29 अगस्त तक पूर्वी और दक्षिणी राजस्थान, गुजरात, सौराष्ट्र और कच्छ में ऐसी ही स्थिति बनी रहने का अनुमान है.

    कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और झारखंड में भी अगले दो दिनों में भारी बारिश होने की संभावना है.

  6. नमस्कार

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता शिल्पा ठाकुर आप सभी तक आज की बड़ी ख़बरें पहुंचाऊंगी.

    आप बीबीसी हिंदी के पेज पर मौजूद कल की बड़ी ख़बरों को इस लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.

    मध्य पूर्व में बीते कई महीनों से जारी तनाव रविवार को उस वक्त बढ़ गया, जब इराइल ने हिज़बुल्लाह के ठिकानों पर और हिज़बुल्लाह ने इसराइली सेना के ठिकानों पर हमले किए. इसराइली सेना ने रविवार सुबह कहा कि उसने क़रीब 100 फाइटर जेट भेजकर हिज़बुल्लाह के ठिकानों पर हमले किए हैं. इस ख़बर के लिए आप इस लिंक पर क्लिक कर सकते हैं.

    नेशनल पेंशन सिस्टम (एनपीएस) में सुधारों की लंबे समय से चल रही मांग के बीच केंद्र सरकार ने यूनिफ़ाइड पेंशन स्कीम यानी यूपीएस योजना को मंज़ूरी दे दी है. यूपीएस कैसे ओल्ड पेंशन स्कीम और नेशनल पेंशन सिस्टम से अलग है? क्या कह रहे एक्सपर्ट और कर्मचारी यूनियन? इस बारे में जानने के लिए यहां क्लिक करें.

    पिछले दो महीने से अंतरिक्ष में फंसे नासा के दोनों अंतरिक्ष यात्रियों सुनीता विलियम्स और बैरी बुच विल्मोर को अगले साल फ़रवरी में स्पेसएक्स से धरती पर वापस लाया जाएगा. नासा ने कहा कि दोनों यात्री जिस बोइंग स्टारलाइनर अंतरिक्ष विमान से अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) पर गए थे वो अब "बिना क्रू" के लौटेगा. इस बारे में पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    25 अगस्त के लाइव पेज पर मौजूद सभी ख़बरों को पढ़ने के लिए आप इस लिंक पर क्लिक कर सकते हैं.