You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कंगना रनौत के बयान पर राहुल गांधी बोले- मोदी सरकार का दुष्प्रचार तंत्र...

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को अभिनेत्री कंगना रनौत के किसान आंदोलन पर दिए गए बयान का ज़िक्र कर बीजेपी पर निशाना साधा है.

सारांश

  • रूस ने बड़े पैमाने पर यूक्रेन पर किए हवाई हमले, इसमें पांच लोगों की जान गई
  • कंगना रनौत के किसानों पर दिए बयान से ख़फ़ा बीजेपी, कहा- आगे से ऐसा कोई बयान न दें
  • असदुद्दीन ओवैसी ने योगी आदित्यनाथ के 'बटेंगे तो कटेंगे' वाले बयान पर पलटवार किया है
  • इसराइल ने लेबनान में हिज़बुल्लाह पर किए हमले, कहा खतरे से बचने के लिए आत्मरक्षा में ऐसा किया
  • जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने 15 उम्मीदवारों की घोषणा की
  • पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में पिछले 24 घंटे में 39 लोगों की हत्या हो चुकी है

लाइव कवरेज

अश्वनी पासवान

  1. ...तो अब मुझे यानी अश्वनी पासवान को अनुमति दीजिए. कल सुबह एक नए लाइव ब्लॉग के साथ आपसे फिर मिलेंगे.

    जाने से पहले एक नज़र डालते हैं दिन की बड़ी ख़बरों पर. इन ख़बरों को आप दिए गए लिंक या बीबीसी हिंदी डॉट कॉम पर जाकर विस्तार से भी पढ़ सकते हैं.

    - हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से बीजेपी सांसद कंगना रनौत को किसान आंदोलन को लेकर दिए गए विवादित बयान पर पार्टी ने सख्त हिदायत दी है. कंगना रनौत कई बार अपने बयानों की वजह से विवादों में रह चुकी हैं. इन विवादित बयानों के बारे में जानने के लिए यहां क्लिक करें.

    - पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में पिछले 24 घंटे में 39 लोगों की हत्या हो चुकी है. इनमें 22 मुसाफ़िर भी शामिल हैं. इसके अलावा कलात ज़िले में 11 लोगों की हत्या हुई है, जिनमें 5 पुलिसवाले शामिल हैं. जबकि एक अन्य ज़िले से 6 शवों को बरामद किया गया है. पूरी खब़र पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना के देश छोड़कर भारत आए 20 दिन से ज़्यादा हो चुके हैं. इस बीच बांग्लादेश के मीडिया, वहाँ की विपक्षी पार्टी और वर्तमान सरकार में भारत की भूमिका को लेकर बहस हो रही है. पूरी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - उत्तर प्रदेश के बहराइच ज़िले में एक इलाक़े के लोग भेड़ियों के आतंक से ख़ौफ़ में हैं. ये इलाक़ा भारत-नेपाल सीमा से सटे तराई अंचल का है, जहाँ भेड़ियों का झुंड ख़ास तौर पर बच्चों को निशाना बना रहा है. बीबीसी की टीम ने बहराइच ज़िले के कई गाँवों का दौरा किया. यहां के लोगों ने बीबीसी से क्या कहा? ये जानने के लिए हमारी रिपोर्ट पढ़िए.

  2. कंगना रनौत के बयान पर राहुल गांधी बोले- मोदी सरकार का दुष्प्रचार तंत्र...

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को अभिनेत्री कंगना रनौत के किसान आंदोलन पर दिए गए बयान का ज़िक्र कर बीजेपी पर निशाना साधा है.

    उन्होंने कहा कि मोदी सरकार किसानों का अपमान करने में लगी हुई है.

    कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "किसानों से किए वादों को पूरा करने में नाकाम मोदी सरकार का दुष्प्रचार तंत्र लगातार किसानों का अपमान करने में जुटा हुआ है."

    उन्होंने कहा, "378 दिन चले मैराथन संघर्ष के दौरान 700 साथियों का बलिदान देने वाले किसानों को भाजपा सांसद द्वारा बलात्कारी और विदेशी ताक़तों का नुमाइंदा कहना भाजपा की किसान विरोधी नीति और नीयत का एक और सबूत है."

    कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बताया, "ये शर्मनाक किसान विरोधी बोल पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब समेत पूरे देश के किसानों का घोर अपमान है, जिसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता."

    शहीद किसानों के परिवारों को राहत नहीं दी- राहुल गांधी

    राहुल गांधी ने कहा, "किसान आंदोलन वापस लेते समय बनी सरकारी समिति आज भी ठंडे बस्ते में है, एमएसपी पर सरकार अपना रुख़ आज तक स्पष्ट नहीं कर सकी, शहीद किसानों के परिवारों को किसी तरह की राहत नहीं दी गई और लगातार उनका चरित्र हनन जारी है."

    उन्होंने बताया, "अन्नदाताओं का निरादर और उनके मान-सम्मान पर हमला करने से किसानों से किया गया मोदी सरकार का धोखा छिप नहीं सकता."

    राहुल गांधी ने वादा करते हुए कहा, "नरेंद्र मोदी और भाजपा कितनी भी साजिश कर लें - 'इंडिया' किसानों को एमएसपी की कानूनी गारंटी दिलवा कर रहेगा."

    हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से बीजेपी सांसद कंगना रनौत के किसान आंदोलन पर बयान के बाद पार्टी ने उन्हें सख्त हिदायत दी है.

    बीजेपी ने कंगना रनौत से कहा कि वे इस प्रकार का कोई बयान भविष्य में न दें.

    कंगना रनौत ने हाल ही में एक इंटरव्यू में कहा था, "किसान आंदोलन के दौरान वहां पर लाशें लटकी हुई थीं और रेप हो रहे थे."

    उन्होंने इस तरह के आंदोलन के पीछे 'चीन और अमेरिका जैसी विदेशी शक्तियों का हाथ' होने की बात भी कही थी और कहा था कि भारत में मज़बूत सरकार नहीं होती तो यहाँ भी बांग्लादेश वाले हालात हो जाते.

  3. रूस ने यूक्रेन के एनर्जी इन्फ़्रास्ट्रक्चर को क्यों बनाया निशाना?

    रूस ने यूक्रेन पर सोमवार की सुबह मिसाइल और ड्रोन से कई हमले किए हैं.

    इसको लेकर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा कि रूस ने हमले के लिए 100 से ज़्यादा मिसाइल और 100 ड्रोन इस्तेमाल किए हैं. ये हमले कीएव, खारकीव, ओडेसा और पश्चिमी एरिया पर किए गए हैं.

    यूक्रेन के प्रधानमंत्री डेनिस शमीहाल ने बताया है कि हमले में देश के एनर्जी इंस्ट्राफक्चर को निशाना बनाया जा रहा है. इसको देखते हुए एयर रेड अलर्ट जारी किया गया है.

    यूक्रेन की वायु सेना ने बताया कि रूस लगातार हवाई हमले कर रहा है. ड्रोन अभी भी हमारे क्षेत्र में हैं.

    यूक्रेन के विदेश मंत्रालय के अधिकारी एंड्री सिबिहा ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट किया है "आज के रूसी हमले में 100 से ज़्यादा मिसाइलों और लगभग 100 ड्रोन से कीएव एचपीपी (हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट) सहित यूक्रेन के सिविल इन्फ़्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाया गया.”

    उन्होंने आगे कोई विस्तृत जानकारी दिए बिना कहा, "दुखद बात है कि इसमें लोग हताहत हुए हैं."

    यूक्रेनी अधिकारी के मुताबिक़ पनबिजली संयंत्र को निशाना बनाए जाने से कई लोग हताहत हुए हैं

    रूस ने भी इन हमलों की पुष्टि की है और कहा है कि उसने रातभर हवाई हमलों में यूक्रेनी ऊर्जा ढांचे को निशाना बनाया है.

    यह एक ऐसी रणनीति है जिसे रूसी सेना ने जंग की शुरुआत से ही अपनाया है.

    यूक्रेनी अधिकारियों का कहना है कि ये हमले सर्दियों के महीनों से पहले बिजली नेटवर्क को नुक़सान पहुंचाने का एक संगठित प्रयास है.

    रूस ने इन्फ़्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाने की बात स्वीकार की.

    राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने कहा है कि हमलों से देश के ऊर्जा क्षेत्र को "काफी नुकसान" हुआ है.

    इस बीच यूक्रेन के 10 क्षेत्रों में बिजली के बुनियादी ढांचे पर हमले की ख़बरें मिली हैं. इसमें उत्तर-पश्चिम में रिव्ने और वोलिन से लेकर दक्षिण-पूर्व में ज़ापोरिज्जिया तक का इलाक़ा शामिल है.

    इन हमलों में यूक्रेन की राजधानी कीएव में मौजूद एक जलविद्युत संयंत्र भी शामिल है, जहां एक बांध क्षतिग्रस्त हो गया.

    रूस के रक्षा मंत्रालय का दावा है कि उसने यूक्रेन के नौ क्षेत्रों में बिजली सब स्टेशनों और तीन क्षेत्रों में गैस कंप्रेसर स्टेशनों पर हमला किया है

    यूक्रेनी राष्ट्रीय पावर ग्रिड ऑपरेटर को सिस्टम को चालू रखने के लिए आपातकालीन ब्लैकआउट लागू करने के लिए मजबूर होना पड़ा है

    कीएव के कुछ हिस्सों सहित कई इलाकों में बिजली कटौती और पानी की आपूर्ति बाधित होने की ख़बरें आ रही हैं.

    रूस ने ऐसे समय पर हमला किया जब यूक्रेन कुर्स्क क्षेत्र की कई जगहों पर प्रवेश कर चुका है.

    रूस ने 24 फ़रवरी, 2022 को यूक्रेन पर हमला किया था और तब से लेकर अभी तक दोनों देशों के बीच युद्ध जारी है.

  4. सीएम मोहन यादव बोले- 'देश में रहना है तो राम-कृष्ण की जय कहना होगा'

    जन्माष्टमी के मौके़ पर सोमवार को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि 'देश में रहना है तो राम-कृष्ण की जय कहना होगा.'

    उन्होंने कहा, "रहीम या रसखान अपने आपको यहां की मिट्टी में जोड़कर चले तो आज सदियों से हम उनका स्मरण करते हैं, लेकिन सावधान जो यहां के खाता है और कहीं ओर का बजाता है. ये नहीं चलेगा."

    मोहन यादव ने कहा, "भारत के अंदर रहना होगा तो राम-कृष्ण की जय कहना होगा. इनके बाहर कुछ नहीं है. हमारे अपने देश के अंदर हम सबका सम्मान करना चाहते हैं. हम किसी का अपमान नहीं करते."

    उन्होंने बताया कि चंदेरी की साड़ी बनाने वाले हैंडलूम पार्क में गया था. यहां क्या हिंदू और मुसलमान धूमधाम से मेहनत कर रहे हैं. ये पवितत्रा का भाव चाहिए.

    मोहन यादव ने कहा कि हम सबके लिए पवित्रता का भाव रखते हैं.

    सोमवार को देश में जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है.

  5. पूर्व केन्द्रीय मंत्री देवेन्द्र प्रसाद यादव प्रशांत किशोर के जन सुराज अभियान में हुए शामिल, सीटू तिवारी, बीबीसी संवाददाता

    पूर्व केन्द्रीय मंत्री और बिहार की झंझारपुर लोकसभा सीट से पांच बार सांसद रहे देवेन्द्र प्रसाद यादव प्रशांत किशोर के जन सुराज अभियान में शामिल हो गए हैं.

    देवेन्द्र प्रसाद यादव के प्रतिनिधि शशि रंजन ने बीबीसी को बताया, "अभी वो जन सुराज अभियान में शामिल हो रहे हैं और पार्टी में शामिल होने का फैसला बाद में लिया जाएगा."

    उन्होंने कहा, "आरजेडी से इस्तीफ़े के बाद से ही वो समाजवादी नेताओं के बीच सुपौल, मधेपुरा, मधुबनी और नालंदा सहित कई ज़िलों में जनसंवाद कर चुके हैं. अब वो जन सुराज के साथ मिलकर अपना जनसंवाद करेंगे.”

    प्रशांत किशोर 2 अक्टूबर को अपनी पार्टी लॉन्च कर सकते हैं.

    लोकसभा चुनाव से पहले आरजेडी से दिया था इस्तीफ़ा

    1996 में खाद्य मंत्री रहे देवेन्द्र प्रसाद यादव ने लोकसभा चुनाव के दौरान आरजेडी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पद से इस्तीफ़ा दे दिया था.

    अपने इस्तीफ़े में उन्होने पार्टी के टिकट बंटवारे के तौर-तरीकों पर नाराज़गी जताई थी. देवेन्द्र यादव 27 अगस्त को पटना में आयोजित समाजवादी समागम में जन सुराज के संयोजक प्रशांत किशोर के साथ हिस्सा लेंगे.

    कुछ दिन पहले ही प्रशांत किशोर से जेडीयू-आरजेडी में रहे मोनाजिर हसन भी जुड़े थे.

    साथ ही ज़मीनी स्तर पर जेडीयू और आरजेडी के कार्यकर्ता भी जन सुराज में शामिल हो गए थे.

    आरजेडी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह को इसे लेकर बाक़ायदा एक पत्र जारी करना पड़ा था.

    इसमें पार्टी कार्यकर्ताओं को जन सुराज की बैठकों में हिस्सा न लेने का निर्देश दिया गया था.

  6. छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा गिरने पर कांग्रेस ने साधा निशाना, सीएम शिंदे क्या बोले?

    महाराष्ट्र में स्थित राजकोट क़िले में स्थापित छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा गिरने को लेकर कांग्रेस ने बीजेपी पर निशाना साधा है.

    वहीं, राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि 'हम छत्रपति शिवाजी महाराज की भगवान की तरह पूजा करते हैं.'

    कांग्रेस ने एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, "बीजेपी सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है. नरेंद्र मोदी ने 4 दिसंबर, 2023 को महाराष्ट्र के राजकोट में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का अनावरण किया."

    कांग्रेस ने बताया, "अब क़रीब 8 महीने बाद छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा ढह गई. हालात ये हैं कि भ्रष्टाचार के मामले में महापुरुषों को भी नहीं बख्शा जा रहा है."

    एकनाथ शिंदे ने क्या कहा?

    एकनाथ शिंदे ने कहा, "छत्रपति शिवाजी महाराज से हमारी भावना जुड़ी है. छत्रपति शिवाजी महाराज महाराष्ट्र के आराध्य देव हैं और उन्हें हम भगवान की तरह पूजते हैं."

    उन्होंने कहा, "पीएम मोदी के हाथ से शुभारंभ हुआ था, लेकिन हवा की तेज़ लहर जो कि 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार की थी. प्रतिमा को नेवी ने बनाया और डिजाइन किया था. ये दुर्भाग्यवश गिर गया."

    एकनाथ शिंदे ने बताया, "हमारे पालक मंत्री रविंद्र चव्हाण वहां गए हैं और जायज़ा ले रहे हैं. कलेक्टर से मेरी बात है. नेवी के अफसर आएंगे और हमारे भी आएंगे. हम जल्द से जल्दी छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा को फिर से खड़ा करेंगे."

  7. कार्टून: कोशिश तो करो

  8. कंगना रनौत को पार्टी से बाहर निकालने की कांग्रेस ने बीजेपी से की मांग

    कांग्रेस ने सोमवार को किसान आंदोलन को लेकर दिए गए कंगना रनौत के बयान पर बीजेपी से सवाल पूछा. पार्टी ने कहा कि 'आपका मत नहीं है तो उन्हें पार्टी से निकाल दीजिए.'

    कांग्रेस की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए पार्टी नेता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, "आपकी पार्टी का मत नहीं है तो ऐसे सांसद को निकाल बाहर करिए. हृदय से माफ करने वाली राजनीति 2024 में नहीं चलेगी."

    उन्होंने कहा, "प्रज्ञा ठाकुर गोडसे की पुजारी को हृदय से माफ नहीं कर पा रहे थे. अब ये हमारा मत नहीं है कहकर पलड़ा नहीं झाड़ने देंगे. किसानों के खिलाफ ऐसी बात करने वालों को देश की संसद में बैठने का अधिकार नहीं है."

    बीजेपी ने सोमवार की दोपहर को कंगना रनौत को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि वे इस प्रकार के कोई बयान भविष्य में न दें.

    हाल ही में हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से बीजेपी की सांसद कंगना रनौत ने किसान आंदोलन को लेकर विवादित बयान दिया था.

    कंगना रनौत ने क्या कहा?

    कंगना रनौत ने कहा था, "किसान आंदोलन के दौरान वहां पर लाशें लटकी हुई थीं और रेप हो रहे थे. किसानों के हितकारी बिल जब वापस लिए गए तो देश चौंक गया था."

    रनौत ने कहा, "किसान आज भी वहां बैठे हुए हैं. उन्होंने सोचा ही नहीं था कि बिल वापस होंगे. वो बड़ी प्लानिंग थी जैसे कि बांग्लादेश में हुई. इस तरह के षड्यंत्र हुए. चीन और अमेरिका जैसी विदेशी शक्तियां यहां पर काम कर रही है."

    उन्होंने बताया, "ये फिल्मी लोग हैं और इन्हें लगता है कि देश चाहे जाए भाड़ में, लेकिन दुकान चलती रहेगी."

    रनौत ने कहा, "इन्हें याद दिलाना चाहिए कि देश भाड़ में जाएगा तो आप भी जाएंगे. बांग्लादेश में जो हुआ वो यहां होते हुए भी देर नहीं लगती."

  9. असदुद्दीन ओवैसी ने योगी आदित्यनाथ के 'बटेंगे तो कटेंगे' वाले बयान पर क्या कहा?

    ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 'बटेंगे तो कटेंगे' वाले बयान पर सोमवार को पलटवार किया.

    हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, ''योगी आदित्यनाथ के राज में बुलडोज़र के ज़रिए मुसलमानों के घरों को तोड़ दिया जाता है. उन्हीं (योगी आदित्यनाथ) के राज में लोग बोलते हैं कि मुसलमानों का नरसंहार हो."

    ओवैसी ने कहा, "वो खुद मुसलमानों के बारे में हेट स्पीच देते हैं. योगी ने खुद कहा था कि ठोक देंगे. वो खुद इस तरह की बात करते हैं. उनके मुंह से बटेंगे और कटेंगे जैसी अनाप-शनाप बात निकलती है."

    असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, "आप ही तो बांट रहे हैं. आपने ही कहा था कि उपचुनाव में मुस्लिम और यादव अफसर नहीं होने चाहिए."

    "ऐसी बातें इसलिए की जा रही हैं क्योंकि उन्हें नज़र आ रहा है कि उनकी पार्टी के लोग ही उन्हें सीएम पद से हटाना चाहते हैं. ऐसे में शायद वो बीजेपी से कह रहे हैं कि बटेंगे तो कटेंगे."

    सीएम योगी आदित्यनाथ ने बांग्लादेश की मौजूदा स्थिति को लेकर सोमवार को आगरा में बयान देते हुए कहा था, "राष्ट्र से बढ़कर कुछ नहीं हो सकता. राष्ट्र तब सशक्त होगा जब हम एक और नेक रहेंगे. बटेंगे तो कटेंगे.''

    उन्होंने आगे कहा, "आप बांग्लादेश में देख रहे हैं न. ये गलती यहां नहीं होनी चाहिए. एक रहेंगे तो नेक रहेंगे. सुरक्षित रहेंगे. हमें विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने के लिए कार्य करना है."

  10. इंग्लैंड की फुटबॉल टीम के पूर्व मैनेजर स्वेन-गोरान एरिक्सन का हुआ निधन

    इंग्लैंड की फुटबॉल टीम के पूर्व मैनेजर स्वेन-गोरान एरिक्सन का 76 साल की उम्र में निधन हो गया है.

    एरिक्सन के परिवार ने सोमवार को कहा, "लंबी बीमारी के बाद स्वेन-गोरान एरिक्सन का निधन हो गया है."

    इंग्लैंड की फुटबॉल टीम के पहले गैर ब्रिटिश मैनेजर स्वेन-गोरान एरिक्सन थे.

    एरिक्सन ने जनवरी में कैंसर का पता चलने के बाद कहा था कि उनके पास जीने के लिए सबसे अच्छा एक साल है.

    उन्होंने इस महीने की शुरुआत में रिलीज हुई अपनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म 'स्वेन' के अंत में एक मार्मिक संदेश शेयर किया था.

    स्वेन-गोरान एरिक्सन ने कहा था, "मुझे उम्मीद है कि आप मुझे एक सकारात्मक व्यक्ति के रूप में याद रखेंगे जो वह सब कुछ करने की कोशिश कर रहा है जो वह कर सकता है."

  11. रूस ने बड़े पैमाने पर यूक्रेन पर किए हवाई हमले, पांच लोगों की गई जान

    रूस ने यूक्रेन पर सोमवार की सुबह मिसाइल और ड्रोन अटैक कर दिया है. इसमें कम से कम पांच लोगों की जान चली गई है.

    इसको लेकर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा कि रूस ने हमले के लिए 100 से ज़्यादा मिसाइल और 100 ड्रोन इस्तेमाल किए हैं. ये हमले कीएव, खारकीव, ओडेसा और पश्चिमी एरिया पर किए गए हैं.

    वहीं, यूक्रेन के प्रधानमंत्री डेनिस शमीहाल ने बताया कि देश के 15 क्षेत्रों के कई शहरों में विस्फोट हुए हैं. हमारे एनर्जी इंस्ट्राफक्चर को निशाना बनाया जा रहा है. इसको देखते हुए एयर रेड अलर्ट जारी किया गया है.

    यूक्रेन की वायु सेना ने बताया कि रूस लगातार हवाई हमले कर रहा है. ड्रोन अभी भी हमारे क्षेत्र में हैं.

    रूस ने ऐसे समय पर हमला किया जब यूक्रेन कुर्स्क क्षेत्र की कई जगहों पर प्रवेश कर चुका है.

    रूस ने 24 फरवरी, 2022 को यूक्रेन पर हमला किया था और तब से लेकर अभी तक दोनों देशों के बीच युद्ध जारी है.

  12. कंगना रनौत के किसानों पर दिए बयान से ख़फ़ा बीजेपी, कहा- आगे से ऐसा कोई बयान न दें

    हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से बीजेपी सांसद अभिनेत्री कंगना रनौत के किसान आंदोलन के दौरान दिए गए बयान से पार्टी ने ख़ुद को अलग कर लिया है.

    बीजेपी ने कंगना रनौत को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि वे इस प्रकार के कोई बयान भविष्य में न दें.

    बीजेपी के केंद्रीय मीडिया विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञाप्ति में कहा गया, "भाजपा सांसद कंगना रनौत द्वारा किसान आंदोलन के परिप्रेक्ष्य में दिया गया बयान, पार्टी का मत नहीं है."

    पार्टी ने कहा, "भारतीय जनता पार्टी कंगना रनौत के बयान से असहमति व्यक्त करती है. पार्टी की ओर से, पार्टी के नीतिगत विषयों पर बोलने के लिए कंगना रनौत को न तो अनुमति है और न ही वे बयान देने के लिए अधिकृत हैं."

    बीजेपी ने कहा, "भारतीय जनता पार्टी की ओर से कंगना रनौत को निर्देशित किया गया है कि वे इस प्रकार के कोई बयान भविष्य में न दें.''

    पार्टी ने आगे बताया, "भारतीय जनता पार्टी 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' तथा सामाजिक समरसता के सिद्धांतों पर चलने के लिए कृतसंकल्पित है."

    तीन कृषि कानूनों को लेकर हुए किसान आंदोलन के दौरान कंगना रनौत के कई बयानों को लेकर विवाद हुआ था.

    उन्होंने हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान किसान आंदोलन पर सवाल उठाते हुए कहा था कि शीर्ष नेतृत्व मज़बूत नहीं रहता तो बांग्लादेश जैसी स्थिति बन जाती.

    कंगना रनौत ने क्या कहा?

    कंगना रनौत ने कहा, "किसान आंदोलन के दौरान वहां पर लाशें लटकी हुई थी और रेप हो रहे थे. किसानों के हितकारी बिल जब वापस लिए गए तो देश चौंक गया था.

    रनौत ने आगे कहा, "किसान आज भी वहां बैठे हुए हैं. उन्होंने सोचा ही नहीं था कि बिल वापस होंगे. वो बड़ी प्लानिंग थी जैसे कि बांग्लादेश में हुई. इस तरह के षड्यंत्र हुए. चीन और अमेरिका जैसी विदेशी शक्तियां यहां पर काम कर रही है."

    उन्होंने बताया, "ये फ़िल्मी लोग है और इन्हें लगता है कि देश चाहे जाए भाड़ में, लेकिन दुकान चलती रहेगी."

    रनौत ने कहा, " इन्हें याद दिलाना चाहिए कि देश भाड़ में जाएगा तो आप भी जाएंगे. बांग्लादेश में जो हुआ वो यहां होते हुए भी देर नहीं लगती."

  13. मलयालम फ़िल्म इंडस्ट्री में यौन उत्पीड़न को लेकर आई रिपोर्ट पर राम गोपाल वर्मा ने क्या कहा?

    मलयालम फ़िल्म इंडस्ट्री में यौन उत्पीड़न के मामले पर जस्टिस हेमा कमेटी की रिपोर्ट पर फ़िल्म डायरेक्टर राम गोपाल वर्मा ने कहा कि अन्य इंडस्ट्री के बारे में भी पता चलना चाहिए.

    राम गोपाल वर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "मलयालम फ़िल्म उद्योग के बारे में हेमा कमेटी ने काफ़ी उजागर किया है. इस कमेटी का गठन सिर्फ़ मलयालम इंडस्ट्री को लेकर हुआ था."

    उन्होंने कहा, "ऐसे में जब तक अन्य भाषा की इंडस्ट्री को लेकर समिति नहीं बनाई जाएगी तब तक कैसे पता चलेगा कि वहां क्या हो रहा है?"

    हाल ही में आई रिपोर्ट में कहा गया था कि मलयालम फ़िल्म उद्योग में "कास्टिंग काउच" बहुत गहरे तौर पर जड़ जमाए हुए हैं.

    रिपोर्ट में कहा गया था कि इंडस्ट्री में प्रवेश का मौका पाने के लिए समझौता और एडजस्टमेंट्स शब्दों का इस्तेमाल कोडवर्ड के रूप में किया जाता है.

    इन शब्दों का मतलब है कि महिला को 'सेक्स ऑन डिमांड' के लिए खुद को उपलब्ध रखना चाहिए.

    जस्टिस के. हेमा की अगुवाई वाली कमेटी की रिपोर्ट जमा किए जाने के साढ़े चार साल बाद केरल सरकार ने इसे जारी किया था.

  14. योगी आदित्यनाथ ने बांग्लादेश के बहाने कहा- 'हम एक रहेंगे तो नेक रहेंगे'

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बांग्लादेश की मौजूदा स्थिति को लेकर सोमवार को आगरा में बयान दिया है.

    सीएम योगी ने कहा, ''राष्ट्र से बढ़कर कुछ नहीं हो सकता. राष्ट्र तब सशक्त होगा जब हम एक और नेक रहेंगे. बटेंगे तो कटेंगे.''

    उन्होंने आगे कहा, "आप बांग्लादेश में देख रहे हैं न. ये गलती यहां नहीं होनी चाहिए. एक रहेंगे तो नेक रहेंगे. सुरक्षित रहेंगे. हमें विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने के लिए कार्य करना है."

    हाल ही में बांग्लादेश में आरक्षण व्यवस्था को लेकर विरोध प्रदर्शन हुए थे. विरोध प्रदर्शन के दौरान अल्पसंख्यकों पर हमले की ख़बरें आई थीं.

    विरोध प्रदर्शन के हिंसा में बदलने से कई लोगों की जान चली गई थी. इस दौरान तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख़ हसीना ने इस्तीफ़ा देकर देश छोड़ दिया था.

    फिर विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों के कहने पर नोबेल पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस ने अंतरिम सरकार के प्रमुख सलाहकार का ज़िम्मा संभाला.

    छात्र नेताओं ने कहा था कि हमारे कहने पर मोहम्मद यूनुस देश के लिए अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहाकार की ज़िम्मेदारी संभालने के लिए तैयार हो गए हैं.

  15. असम सीएम बोले- चंपाई सोरेन बीजेपी में आएं और हमें ताक़त दें

    असम के मुख्यमंत्री और बीजेपी झारखंड प्रभारी हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि वो चाहते हैं कि चंपाई सोरेन बीजेपी में आएं और पार्टी को ताक़त दें.

    उन्होंने कहा कि "मगर वो बड़े नेता हैं, उनके बारे में टिप्पणी करना मुझे ठीक नहीं लगता. अगर वो दिल्ली आए हैं, तो बात करने की कोशिश करूंगा."

    हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, "मैं तो चाहता हूं हेमंत सोरेन भी बीजेपी में आएं. बीजेपी का मतलब है राष्ट्रभक्ति. हम मिलकर काम करेंगे. झारखंड में घुसपैठियों को रोकने के लिए हम हेमंत सोरेन से बात करने के लिए भी तैयार हैं."

    उन्होंने कहा, "हमें झारखंड को बचाना है. हमारे लिए देश प्रथम है. आज झारखंड के सामने घुसपैठियों की समस्या सबसे बड़ी है. हमारी पार्टी का यही मक़सद है कि जो चुनाव के समय वादे किए थे, उन्हें निभाएं और झारखंड को घुसपैठियों से मुक्त करें."

  16. नमस्कार

    अभी तक बीबीसी संवाददाता शिल्पा ठाकुर इस लाइव पेज के ज़रिए आप तक ख़बरें पहुंचा रही थीं.

    आज भारत समेत दुनिया की कुछ अहम ख़बरों पर हमारी नज़र है. इसी लाइव पेज में इनमें से कुछ ख़बरें आप पढ़ सकते हैं.

    बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना ने पांच अगस्त को अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया था. इसके बाद शुरू हुए विरोध प्रदर्शनों में उनकी पार्टी अवामी लीग के नेताओं और समर्थकों पर हमले हुए. बांग्लादेश के मीडिया में भारत की नीति को क्यों बताया जा रहा है नाकाम. पूरी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    ऑस्ट्रेलिया में 'राइट टू डिस्कनेक्ट' का एक नया नियम लागू हो गया है, जिसमें उन लोगों को राहत दी गई है जो दफ़्तर में काम के बाद कंपनी के कॉल्स और मैसेज का जवाब देने के लिए मजबूर महसूस करते हैं. नया क़ानून कर्मचारियों को किसी भी संदेश को नज़रअंदाज़ करने की आज़ादी देता है. पूरी ख़बर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    उत्तर प्रदेश के बहराइच ज़िले में एक इलाक़े के लोग भेड़ियों के आतंक से ख़ौफ़ में हैं. ये इलाक़ा भारत-नेपाल सीमा से सटे तराई अंचल का है, जहाँ भेड़ियों का झुंड ख़ासतौर से बच्चों को निशाना बना रहा है. आखिर क्यों इनके हमले इंसानों पर बढ़ रहे हैं. ग्राउंड रिपोर्ट को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    इससे आगे अब बीबीसी संवाददाता अश्वनी पासवान आप तक दिनभर की दूसरी बड़ी ख़बरें लाइव पेज के ज़रिए पहुंचाते रहेंगे.

  17. जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनावः बीजेपी ने 15 उम्मीदवारों की घोषणा की

    बीजेपी (भारतीय जनता पार्टी) ने आगामी जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए 15 उम्मीदवारों की संशोधित लिस्ट जारी की है.

    इससे पहले पार्टी ने तीन चरणों में होने वाले चुनाव के लिए 44 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की थी. लेकिन बाद में उसे वापस ले लिया था.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, बीजेपी की तरफ़ से कहा गया है कि पिछली लिस्ट में दूसरे और तीसरे चरण के मतदान के लिए बताए गए नामों पर ध्यान न दिया जाए.

    जम्मू कश्मीर में विधानसभा की 90 सीटों पर चुनाव होगा. इसके लिए तीन चरण में- 18 सितंबर, 25 सितंबर और एक अक्टूबर को मतदान होगा जबकि नतीजा चार अक्टूबर को आएगा.

    जम्मू-कश्मीर बीजेपी अध्यक्ष रविंदर रैना ने कहा, "जम्मू-कश्मीर में चुनावी शंखनाद के बीच बीजेपी ने एक प्रक्रिया के बाद अपने उम्मीदवारों की घोषणा की है. जल्द ही दूसरी लिस्ट भी जारी की जाएगी. बीजेपी पूरे जम्मू-कश्मीर में चुनाव लड़ेगी."

  18. यूक्रेन के ड्रोन हमले में रूस को कितना नुक़सान पहुँचा?

    यूक्रेन ने सोमवार को रूस में कई ड्रोन हमले किए. इससे क्षेत्र के दो प्रमुख शहरों में कई घरों को नुक़सान पहुँचा, जबकि एक महिला घायल हो गई.

    रूसी मीडिया ने जानकारी दी है कि यूक्रेनी ड्रोन रूस के एंगेल्स शहर में एक एयरबेस को निशाना बना रहे थे. इन्हें रूस के एयर डिफेंस सिस्टम ने रोकने की कोशिश की.

    इसी दौरान एक ड्रोन सारातोव में ऊँची इमारत से टकराया, जबकि दूसरा एंगेल्स की एक इमारत की छत से टकराया. इमारतों के मलबे से कई गाड़ियों को नुक़सान पहुँचा है.

    बीबीसी रूसी सेवा के अनुसार, टेलिग्राम चैनल माश पर एक वीडियो जारी किया गया है. जिसमें एक ड्रोन को 37 मंज़िला रिहायशी इमारत से टकराकर उसमें विस्फोट होते देखा जा सकता है.

    कई चैनलों की तरफ से जारी तस्वीरों से पता चलता है कि इस इमारत की तीन मंज़िलों की खिड़कियाँ हमले के कारण क्षतिग्रस्त हो गईं. किसी की मौत को लेकर फ़िलहाल कोई जानकारी सामने नहीं आई है.

    टेलिग्राम चैनल माश पर क्षतिग्रस्त हुई गाड़ियों और एक घर की छत के वीडियो भी जारी किए गए हैं. ड्रोन दो ही थे या इससे ज़्यादा इसका पता नहीं चल सका है. हालांकि सारातोव क्षेत्र के गवर्नर रोमन बुसारगिन ने इस घटना की पुष्टि की है.

    रोमन बुसारगिन ने अपने टेलिग्राम चैनल पर लिखा, "आज सुबह एयर डिफेंस सिस्टम ने ड्रोन्स को नष्ट कर दिया. ऐसे मामले सामने आए हैं कि उनका मलबा सारातोव और एंगेल्स की रिहायशी इमारतों से टकराया. सभी इमरजेंसी सर्विस काम कर रही हैं."

    बुसारगिन ने कहा, "एक महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अन्य लोगों को घटनास्थल पर सहायता पहुँचाई जा रही है."

    रूस का रक्षा मंत्रालय क्या बोला?

    रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि देश के विभिन्न क्षेत्रों में बीती रात और आज सुबह 20 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए गए.

    मंत्रालय का ये भी कहना है कि सारातोव क्षेत्र में नौ ड्रोन, कुर्स्क क्षेत्र में तीन, ब्रांस्क, बेलगोरोड और तुला क्षेत्रों में दो-दो और ओर्योल और रियाज़ान क्षेत्रों में एक-एक ड्रोन को मार गिराया गया.

    रूसी रक्षा मंत्रालय के मुताबिक एंगेल्स पर हमले में सात और ड्रोन भी शामिल थे. इन्हें मार गिराए जाने के बाद मलबा कहां गिरा, और क्या नुक़सान पहुँचा इसकी अभी कोई जानकारी नहीं है.

    बाद में रूस ने भी यूक्रेन पर मिसाइल हमले किए. कीएव, लुत्स्क और पोल्तावा क्षेत्र में धमाकों की आवाज़ सुनी गई.

  19. अमित शाह ने लद्दाख में पाँच नए ज़िले बनाने की घोषणा की

    केंद्र सरकार ने केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में पांच नए ज़िले बनाए जाने का एलान किया है.

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी.

    उन्होंने लिखा, "विकसित और समृद्ध लद्दाख के निर्माण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विजन को आगे बढ़ाते हुए, गृह मंत्रालय ने केंद्र शासित प्रदेश में पांच नए ज़िले बनाने का फ़ैसला लिया है."

    अपनी पोस्ट में गृह मंत्री ने आगे लिखा, "नए ज़िलों के नाम- ज़ांस्कर, द्रास, शाम, नुब्रा और चांगथांग हैं. हर कोने में शासन को मज़बूत कर लोगों को मिलने वाले लाभ को उनके दरवाज़े तक लाया जाएगा."

    उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, "मोदी सरकार लद्दाख के लोगों के लिए बडे़ स्तर पर अवसर पैदा करने के लिए प्रतिबद्ध है."

    पीएम मोदी क्या बोले?

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के एक्स पोस्ट को रीट्वीट करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि लद्दाख में पांच नए जिलों का निर्माण एक बेहतर प्रशासन और समृद्धि की दिशा में बड़ा कदम है.

    उन्होंने लिखा, "ज़ांस्कर, द्रास, शाम, नुब्रा और चांगथांग पर अब अधिक ध्यान दिया जाएगा. इससे सेवाएं और अवसर लोगों के ज़्यादा करीब आएंगे. वहां के लोगों को बधाई."