पाकिस्तान को आईएमएफ़ से मिले क़र्ज़ पर उमर अब्दुल्लाह ने क्या कहा?

इमेज स्रोत, Getty Images
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ़) से मिले एक अरब अमेरिकी डॉलर के फंड पर सवाल खड़े किए है.
उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, "मुझे समझ नहीं आता कि 'अंतरराष्ट्रीय समुदाय' यह कैसे मान रहा है कि दक्षिण एशिया में तनाव कम होगा."
"जबकि आईएमएफ़ पाकिस्तान को उन हथियारों और गोला-बारूद के लिए पैसा दे रहा है जिनका इस्तेमाल वह पुंछ, राजौरी, उरी, तंगधार और कई दूसरी जगहों पर हमला करने में कर रहा है."
भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ़) ने पाकिस्तान को एक्सटेंडेड फंड फैसिलिटी (ईएफ़एफ़) के तहत एक अरब अमेरिकी डॉलर का फंड दिया है.
पाकिस्तान को क़र्ज़ देने के लिए हुए मतदान में भारत ने हिस्सा नहीं लिया.
भारत ने पाकिस्तान के ख़राब ट्रैक रिकॉर्ड का हवाला देते हुए आशंका जताई है कि पाकिस्तान आईएमएफ़ फंड का दुरुपयोग राज्य-प्रायोजित सीमा पार आतंकवाद के लिए कर सकता है.





