भारत के 32 हवाई अड्डों से नागरिक उड़ानें 15 मई तक बंद : डीजीसीए

भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच भारत के नागरिक उड्डयन मंत्रालय (डीजीसीए) ने देश के उत्तरी एवं पश्चिमी हिस्सों में स्थित 32 हवाई अड्डों से नागरिक उड़ानों पर रोक लगा दी है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुरभि गुप्ता, इफ़्तेख़ार अली और आनंद मणि त्रिपाठी

  1. भारत-पाकिस्तान तनाव : पाकिस्तान को आईएमएफ से मिला कर्ज, भारत ने मतदान में नहीं लिया हिस्सा

    भारत-पाकिस्तान तनाव

    इमेज स्रोत, Getty Images

    भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने पाकिस्तान को एक्सटेंडेड फंड फैसिलिटी (ईएफएफ) के तहत एक अरब अमेरिकी डॉलर का फंड तत्काल जारी कर दिया है.

    पाकिस्तान को कर्ज देने के लिए हुए मतदान में भारत ने हिस्सा नहीं लिया. भारत ने पाकिस्तान के खराब ट्रैक रिकार्ड हवाला देते हुए आईएमएफ फंड का दुरुपयोग राज्य प्रायोजित सीमा पार आतंकवाद में किए जाने की आशंका जताई.

    आईएमएफ ने शुक्रवार को एक अरब डॉलर की ईएफएफ ऋण कार्यक्रम की समीक्षा की. इसमें पाकिस्तान के लिए 1.3 अरब डॉलर एक नए लचीलेपन और स्थिरता सुविधा (आरएसएफ) ऋण कार्यक्रम पर भी विचार किया.

    भारत ने बयान जारी करते हुए कहा है कि पाकिस्तान लंबे समय से आईएमएफ से कर्ज ले रहा है लेकिन आईएमएफ की शर्तों के पालन करने में उसका ट्रैक रिकॉर्ड बहुत खराब है.

    पिछले 35 सालों में 28 साल पाकिस्तान ने आईएमएफ से कर्ज लिया है. 2019 से पिछले पांच वर्षों में आईएमएफ के चार सहायता कार्यक्रम हुए हैं.अगर पिछली सहायता सफल होती तो पाकिस्तान को एक और बेल-आउट कार्यक्रम के लिए कर्ज लेने की जरूरत नहीं होती.

    भारत ने कहा कि पाकिस्तान का रिकॉर्ड बताता है कि या तो आईएमएफ के कार्यक्रम ठीक से नहीं बनाए गए या उनकी निगरानी ठीक से नहीं हुई या फिर पाकिस्तान ने उन्हें ठीक से लागू नहीं किया.

    भारत ने यह भी कहा कि पाकिस्तानी सेना आर्थिक मामलों में हस्ताक्षेप करती है. इससे नीतिगत चूक और सुधारों के उलट होने का जोखिम बढ़ गया है.

    वहां भले ही अभी आम नागरिकों की सरकार है लेकिन पाकिस्तानी सेना घरेलू राजनीति में बड़ी भूमिका निभाती है और अर्थव्यवस्था में भी दखल रखती है.

    2021 की संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट में सेना से जुड़े व्यवसायों को "पाकिस्तान में सबसे बड़ा समूह" बताया गया था. हालात सुधरे नहीं हैं बल्कि पाकिस्तानी सेना अब स्पेशल इन्वेस्टमेंट फैसिलिटेशन काउंसिल की भूमिका निभा रही है.

    भारत ने आईएमएफ संसाधनों के दीर्घकालिक उपयोग के मूल्यांकन पर आईएमएफ रिपोर्ट का हवाला दिया. इस रिपोर्ट में कहा गया है कि पाकिस्तान को कर्ज देने में राजनीतिक बातों का ध्यान रखा जाता है. बार-बार कर्ज लेने से पाकिस्तान पर कर्ज का बोझ बहुत बढ़ गया है.

    भारत ने कहा कि सीमा पार आतंकवाद को बढ़ावा देने वालों को इनाम देना गलत है. इससे दुनिया में गलत संदेश जाएगा और फंडिंग करने वाली एजेंसियों और दानदाताओं की छवि खराब होगी.

    भारत ने कहा कि आईएमएफ जैसे अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संस्थानों से आने वाले पैसे का इस्तेमाल आतंकवाद के लिए किया जा सकता है. कई देशों ने इस पर चिंता जताई है. आईएमएफ के नियम और प्रक्रियाएं ऐसी हैं कि वह कुछ नहीं कर सकता.

    भारत ने कहा कि यह एक गंभीर समस्या है. वैश्विक वित्तीय संस्थानों को अपनी प्रक्रियाओं में नैतिक मूल्यों को भी शामिल करना चाहिए. आईएमएफ ने भारत के बयान और मतदान से दूर पर ध्यान दिया है.

  2. भारत के 32 हवाई अड्डों से नागरिक उड़ानें 15 मई तक बंद : डीजीसीए

    भारत-पाकिस्तान तनाव

    इमेज स्रोत, Getty Images

    भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच भारत के नागरिक उड्डयन मंत्रालय (डीजीसीए) ने देश के उत्तरी एवं पश्चिमी हिस्सों में स्थित 32 हवाई अड्डों से नागरिक उड़ानों पर रोक लगा दी है.

    भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) और संबंधित विमानन प्राधिकरणों को कई ‘नोटिस टु एयरमैन (नोटम)’ जारी किए गए हैं. इसके तहत 15 मई को सुबह पांच बजकर 29 मिनट तक जारी रहेगी.

    इसमें उधमपुर, अंबाला, अमृतसर, अवंतीपुरा, बठिंडा, भुज, बीकानेर, चंडीगढ़, हलवारा, हिंडन, जैसलमेर, जम्मू, जामनगर, जोधपुर, कांडला, कांगड़ा (गग्गल), केशोद, किशनगढ़, कुल्लू मनाली (भुंतर), लेह, लुधियाना, मुंद्रा, नलिया, पठानकोट, पटियाला, पोरबंदर, राजकोट (हीरासर), सरसावा, शिमला, श्रीनगर, थोईस और उत्तरलाई शामिल हैं.

    एयर इंडिया ने सोशल मीडिया एक्स पर जानकारी दी है कि विमानन अधिकारियों की अधिसूचना के बाद जम्मू, श्रीनगर, लेह, जोधपुर, अमृतसर, चंडीगढ़, भुज, जामनगर और राजकोट के लिए उड़ानें 15 मई को सुबह पांच बजकर 29 मिनट तक रद्द की जा रही हैं.

  3. 26 जगहों पर देखे गए संदिग्ध ड्रोन : रक्षा मंत्रालय

    India Pakistan Conflict

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारतीय अधिकारियों का दावा है कि आठ मई को पाकिस्तान ने बड़ी संख्या में ड्रोन से हमला किया था, जो तुर्की निर्मित सोनगार ड्रोन्स थे.

    रक्षा मंत्रालय के मुताबिक बारामूला से लेकर भुज तक 26 जगहों पर ड्रोन देखे गए हैं. यह संदिग्ध सशस्त्र ड्रोन नागरिक और सैन्य ठिकानों को नुकसान पहुंचा सकते हैं.

    पाकिस्तान से सटी अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा पर बारामूला, श्रीनगर, अवंतीपोरा, नगरोटा, जम्मू, फ़िरोज़पुर, पठानकोट, फाजिल्का, लालगढ़ जट्टा, जैसलमेर, बाड़मेर, भुज, कुआरबेट और लाखी नाला के पास ये ड्रोन दिखाए दिए हैं.

    इसी तरह के एक ड्रोन ने फ़िरोज़पुर में एक नागरिक क्षेत्र पर हमला किया. इस हमलें में कई स्थानीय निवासी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और सुरक्षाबल इलाके की छानबीन कर रहे हैं.

    रक्षा मंत्रालय ने कहा, "भारतीय सशस्त्र बल सतर्क हैं और ऐसे सभी हवाई खतरों को काउंटर-ड्रोन सिस्टम से निपटाया जा रहा है. हम हर स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं और आवश्यकता अनुसार त्वरित कार्रवाई की जा रही है."

    रक्षा मंत्रालय ने सीमावर्ती इलाकों में रहने वालों को सलाह दी है कि वह घर के अंदर ही रहें और स्थानीय स्तर पर जारी किए जा रहे सुरक्षा निर्देशों का पालन करें. सेना ने कहा है कि घबराएं नहीं लेकिन सतर्कता जरूरी है.

  4. अमृतसर, पठानकोट और श्रीनगर में भी एक के बाद एक कई धमाके, जम्मू और पुंछ में स्थिति तनावपूर्ण

    भारत-पाकिस्तान तनाव

    इमेज स्रोत, Getty Images

    पंजाब में सीमा से लगे कई शहरों में कई धमाके सुने जा रहे हैं.

    पठानकोट में मौजूद बीबीसी संवाददाता जुगल पुरोहित ने बताया है कि उन्होंने और साथी कैमरा मैन अंतरिक्ष जैन ने कई धमाके सुने और आसमान में रोशनी देखी.

    उन्होंने कहा, "भारतीय सेना ने जानकारी दी है कि ड्रोन से हमले हुए हैं और उन ड्रोन को गिराने का प्रयास जारी है. हर जगह ब्लैकआउट है."

    अमृसर में मौजूद बीबीसी के सहयोगी पत्रकार रविंदर सिंह रॉबिन ने बताया, "शहर में एक के बाद एक कई धमाके सुने गए. साथ ही ड्रोन भी देखे गए और एयरफोर्स स्टेशन के पास फायरिंग की आवाज़ें सुनी गईं. हालांकि अधिकारियों ने बताया है कि अभी तक इस हमले में किसी की जान नहीं गई है."

    वहीं पुंछ के पास सूरनकोट में मौजूद बीबीसी संवाददाता राघवेंद्र राव ने कहा, "पुंछ में कल और आज भारी गोलाबारी हुई जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और कुछ लोग घायल हैं. हलांकि सूरनकोट सीमा से थोड़ा दूर है और यहां गोलाबारी का ज़्यादा असर नहीं है."

    जम्मू में मौजूद बीबीसी संवाददाता दिव्या आर्या ने कहा कि स्थानीय लोगों के मुताबिक़ वहां भी धमाके हुए हैं.

    उन्होंने कहा, "इलाक़े में सन्नाटा पसरा है, लोग घरों में हैं. दिन में हालात सामान्य थे. लोग बाज़ारों में दिखाई दिए, लेकिन शाम होते होते तनाव के हालात बन गए."

    श्रीनगर में मौजूद बीबीसी संवाददाता माजिद जहांगीर ने कहा, "श्रीनगर और अवंतीपुरा में कई धमाके सुने गए हैं. साथ ही कश्मीर के ज़्यादातर हिस्सों में बिजली नहीं है."

  5. ब्रेकिंग न्यूज़, अमृतसर और फ़िरोज़पुर में तेज़ धमाकों की आवाज़, जम्मू, सांबा और पठानकोट में देखे गए ड्रोन

    (सांकेतिक तस्वीर)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, (सांकेतिक तस्वीर)

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई ने भारतीय सेना के सूत्रों के हवाले से बताया है कि जम्मू, सांबा और पठानकोट में ड्रोन देखे गए हैं.

    बीबीसी के सहयोगी पत्रकार रविंदर सिंह रॉबिन ने जानकारी दी कि अमृतसर में भी तेज़ धमाकों की आवाज़ सुनी जा सकती है.

    पंजाब में बीबीसी के स्थानीय पत्रकारों ने बताया कि फ़िरोज़पुर में स्थानीय लोगों ने कम से कम तीन धमाकों की आवाज़ सुनने की बात कही है.

    फ़िरोज़पुर प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने भी इस बात की पुष्टि की है कि उन्होंने खुद तीन धमाकों की आवाज़ें सुनी हैं.

    बीबीसी पत्रकार नवजोत कौर के मुताबिक़, डिप्टी कमिश्नर निशांत यादव के आदेश पर चंडीगढ़ में शाम 7 बजे बाज़ार पूरी तरह बंद कर दिए गए हैं.

  6. ब्रेकिंग न्यूज़, भारत-पाकिस्तान तनाव: जम्मू-कश्मीर के इन इलाक़ों में फिर से गोलाबारी शुरू

    भारत-पाकिस्तान तनाव

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, (सांकेतिक तस्वीर)

    भारत और पाकिस्तान तनाव के बीच जम्मू-कश्मीर से फिर एक बार गोलाबारी की ख़बरें सामने आई हैं.

    श्रीनगर में मौजूद बीबीसी संवाददाता माजिद जहांगीर के मुताबिक़, कुपवाड़ा के करनाह और तंगधार, उरी और पुंछ में शाम 7:20 बजे के क़रीब गोलाबारी शुरू हो गई है.

    न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, "उरी सेक्टर में गोलियों और विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं"

    इसके अलावा पठानकोट में मौजूद बीबीसी की टीम को धमाकों की आवाज़ सुनाई दी है.

    इससे पहले भारतीय विदेश मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को हुई प्रेस ब्रीफ़िंग में कर्नल सोफ़िया क़ुरैशी ने गुरुवार रात भारत के अलग-अलग हिस्सों में हुए हमलों की जानकारी दी है.

    सोफ़िया क़ुरैशी ने कहा, "पाकिस्तानी सेना ने गुरुवार की रात सैन्य बुनियादी ढाँचे को निशाना बनाया."

    उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की तरफ़ से 300 से 400 ड्रोन छोड़े गए.

    हालाँकि, पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने हमले की बात से इनकार किया था.

  7. ब्रेकिंग न्यूज़, जम्मू में धमाकों और सायरन की आवाजें सुनाई दे रही हैं: उमर अब्दुल्लाह

    सांकेतिक तस्वीर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, (सांकेतिक तस्वीर)

    जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने जानकारी दी है कि जम्मू में ब्लैकआउट हुआ है और सायरन की आवाजें सुनाई दे रही हैं.

    उमर अब्दुल्लाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “जम्मू में ब्लैकआउट है, पूरे शहर में सायरन की आवाजें सुनाई दे रही हैं.”

    उन्होंने अपने दूसरे पोस्ट में लिखा, "जहां मैं हूं वहां से अब रुक-रुक कर धमाकों की आवाजें, संभवतः भारी तोपों की, सुनी जा सकती हैं."

    उन्होंने लिखा, "जम्मू और उसके आस-पास के सभी लोगों से मेरी विनम्र अपील है कि कृपया सड़कों पर न निकलें, घर पर रहें या किसी ऐसे नज़दीकी स्थान पर रहें जहाँ आप अगले कुछ घंटों तक आराम से रह सकें."

    साथ ही उन्होंने कहा है कि अफ़वाहों पर ध्यान न दें, बेबुनियाद या असत्यापित कहानियां न फैलाएं.

    इससे पहले गुरुवार की रात भी पाकिस्तान सीमा से लगने वाले ज़िलों में ब्लैकआउट और गोलाबारी की ख़बरें आई थीं.

    वहीं तनाव को देखते हुए आज कई ज़िलों में शाम से ही ब्लैकआउट किया गया है.

  8. भारत-पाकिस्तान तनाव: पाकिस्तान की आर्थिक स्थिति क्या 'जंग' झेल सकती है?, निखिल इनामदार, बीबीसी न्यूज़

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान की जीडीपी ग्रोथ 2025 में 3 फ़ीसदी तक पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है

    भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है और इन हालात में आर्थिक मोर्चे पर पाकिस्तान के लिए मुश्किलें और बढ़ सकती हैं.

    ये हालात ऐसे समय में पैदा हुए हैं जब पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था गहरे संकट से उबरने की कोशिश कर रही थी.

    2023 में पाकिस्तान के सकल घरेलू उत्पाद यानी जीडीपी में मुश्किल से ही कोई वृद्धि हुई थी — इसके पीछे कारण थे बढ़ता आयात बिल, घटता विदेशी मुद्रा भंडार और बेकाबू महंगाई.

    एशियाई विकास बैंक यानी एडीबी के मुताबिक़, 2024 में पाकिस्तान की जीडीपी ग्रोथ 2.5 फ़ीसदी रही और 2025 में इसके 3 फ़ीसदी तक पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है.

    लेकिन अब भारत के साथ बने तनावपूर्ण हालात से पाकिस्तान की आर्थिक तरक्की को झटका लग सकता है. इस संकट ने पाकिस्तान के लिए एक नई रुकावट खड़ी कर दी है.

    एडीबी ने पहले अनुमान जताया था कि इस साल की आर्थिक वृद्धि आर्थिक सुधार,स्थिर मुद्रा बाज़ार और निजी क्षेत्र में भारी निवेश जैसे क़दमों के कारण संभव हो सकेगी,लेकिन बदली हुई परिस्थितियों में ये अनुमान गड़बड़ा गए हैं.

    डॉलर के मुक़ाबले पाकिस्तानी रुपया गिर रहा है, शेयर बाज़ार में भी निवेशकों में घबराहट है और निवेशकों को किसी भी नए प्रोजेक्ट्स में पैसा लगाने से पहले युद्ध का ख़तरा सबसे बड़ा रोड़ा लग रहा है.

    अगर दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ता है, तो यह पाकिस्तान सरकार के वित्तीय संतुलन को सुधारने के प्रयासों पर भी असर डालेगा. क्रेडिट रेटिंग एजेंसी मूडीज ने चेतावनी दी है कि ये पाकिस्तान की 'आर्थिक स्थिरता हासिल करने की प्रगति में बाधा' बन सकता है.

    शुक्रवार को ही अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष यानी आईएमएफ़ को पाकिस्तान को लेकर एक बड़ा फैसला करना है. समीक्षा बैठक में आईएमएफ़ ये तय करेगा कि पाकिस्तान को 7 अरब डॉलर के बेलआउट पैकेज की अगली किस्त दी जाए या नहीं.

  9. राजस्थानः पाकिस्तान की सीमा से सटे ज़िले हाई अलर्ट पर, 12 घंटे का रहेगा ब्लैकआउट, मोहर सिंह मीणा, जयपुर से बीबीसी हिन्दी के लिए

    भारत और पाकिस्तान तनाव

    इमेज स्रोत, Mohar Singh

    इमेज कैप्शन, लोगों ने ब्लैक आउट को फॉलो करने के लिए छोटी-छोटी लाइट पर भी कपड़े और टेप लगा कर बंद कर दिए हैं

    भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच राजस्थान के सरहदी ज़िले हाई अलर्ट पर हैं.

    गुरुवार देर रात तक जारी रही गोलाबारी के बाद बाड़मेर और जैसलमेर ज़िलों में शुक्रवार को प्रशासन ने नई गाइडलाइंस जारी की हैं.

    प्रशासन की अपील पर बाड़मेर और जैसलमेर के व्यापारियो ने शाम पांच बजे से ही सभी बाज़ार और प्रतिष्ठान बंद कर दिए हैं.

    दोनों ही ज़िलों में शाम छह बजे से लेकर शनिवार सुबह छह बजे तक बारह घंटे का ब्लैकआउट रहेगा. लोगों से घरों में रहने की अपील भी की गई है.

    बीकानेर, श्रीगंगानगर और फलौदी ज़िलों में शाम सात बजे से सुबह छह बजे तक ब्लैकआउट रहेगा.

    बाड़मेर में वाहनों पर रात भर पाबंदी रहेगी. जबकि, डिफेंस एरिया के पांच किलोमीटर दायरे में प्रवेश पूरी तरह से बंद कर दिया गया है.

    भारत-पाक तनाव

    इमेज स्रोत, Chandan Bhati

    इमेज कैप्शन, जैसलमेर में शाम पांच बजे ही बाज़ार बंद हो गए हैं

    जैसलमेर में सभी तरह के सामाजिक कार्यक्रमों पर पाबंदी लगाई गई है. मेले, जुलूस, धार्मिक शोभायात्रा, रैली, प्रदर्शनी समेत सभी तरह के कार्यक्रमों के आयोजन प्रतिबंधित रहेंगे.

    उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशि किरण की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक़ बाड़मेर और जैसलमेर जाने वाली कई ट्रेनें भी रद्द की गई हैं.

    जोधपुर में ब्लैक आउट को लेकर ज़िला प्रशासन ने आदेश जारी किए हैं, यहां रात बारह बजे से सुबह चार बजे तक ब्लैकआउट रहेगा.

    राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने शुक्रवार शाम मुख्यमंत्री कार्यालय में मंत्रिपरिषद की बैठक ली है.

    उन्होंने बैठक के बाद बयान जारी कर बताया कि, राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था एवं आपदा राहत संबंधित तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई.

    सीएम ने कहा कि सरहदी ज़िलों में अतिरिक्त एंबुलेंस, दमकल और ब्लड बैंक की सेवाएं भी उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जा रहा है.

  10. पाकिस्तान ने गुरुवार की रात 300-400 ड्रोन से हमला किया: भारत

    कर्नल सोफ़िया क़ुरैशी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, कर्नल सोफ़िया क़ुरैशी

    भारतीय विदेश मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को हुई प्रेस ब्रीफ़िंग में कर्नल सोफ़िया क़ुरैशी ने गुरुवार रात भारत के अलग-अलग हिस्सों में हुए हमलों की जानकारी दी है.

    सोफ़िया क़ुरैशी ने कहा, "पाकिस्तानी सेना ने गुरुवार की रात सैन्य बुनियादी ढाँचे को निशाना बनाया."

    उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की तरफ़ से 300 से 400 ड्रोन छोड़े गए.

    हालाँकि, पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने हमले की बात से इनकार किया था.

    कर्नल सोफ़िया ने कहा, "लेह से लेकर सर क्रीक तक 36 स्थानों पर 300-400 ड्रोन से घुसपैठ का प्रयास किया. भारतीय सुरक्षा बलों ने काइनेटिक और नॉन काइनेटिक साधनों का उपयोग कर इनमें से कई ड्रोन को मार गिराया."

    "इतने बड़े पैमाने पर हवाई घुसपैठों का संभावित उद्देश्य हवाई रक्षा प्रणालियों का परीक्षण करना और खुफिया जानकारी इकट्ठा करना था. ड्रोन के मलबे की फॉरेंसिक जाँच की जा रही है. प्रारंभिक जाँच से पता चलता है कि ये ड्रोन तुर्की निर्मित हैं."

    उन्होंने कहा, "पाकिस्तान की तरफ़ से सीमा पर भारी गोलाबारी हो रही है. इस गोलाबारी में भारतीय सेना के कुछ जवान हताहत हुए हैं. भारत की जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान को बड़ा नुकसान हुआ है."

    हालाँकि कर्नल सोफिया ने पाकिस्तान की तरफ़ से सीमा पर हुई गोलाबारी में मरने वाले या घायल भारतीय सैनिकों की संख्या के बारे में जानकारी नहीं दी है.

    पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख़्वाजा आसिफ़ ने गुरुवार रात को बीबीसी से कहा, "हम इनसे इनकार करते हैं, हमने अभी तक कुछ नहीं किया है. जब पाकिस्तान हमला करेगा तो सभी को पता चल जाएगा."

  11. जम्मू-कश्मीर के एलजी मनोज सिन्हा ने कहा- 'आने वाले दिनों में हमें नए बंकरों की ज़रूरत'

    जम्मू-कश्मीर के एलजी मनोज सिन्हा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, जम्मू-कश्मीर के एलजी मनोज सिन्हा

    भारत- पाकिस्तान तनाव के बीच जम्मू-कश्मीर के उरी में स्थिति का जायज़ा लेने के बाद जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा है कि आने वाले दिनों में हमें नए बंकरों की ज़रूरत है.

    मनोज सिन्हा ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “हमारी सेना का जोश बहुत हाई है. किसी भी स्थिति का मुक़ाबला करने के लिए भारतीय सेना तैयार है.”

    उन्होंने कहा, “यहां के आम नागरिकों को कोई असुविधा न हो इसलिए जम्मू-कश्मीर प्रशासन इसकी व्यवस्था में लगा है.”

    स्थिति का जायज़ा लेने के बाद उन्होंने कहा, “मैं बॉर्डर (भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेखा) पर उस गांव में गया था जहां नुक़सान हुआ है. जो लोग घायल हैं और जिनकी मृत्यु हुई है उन्हें सहायता दे दी गई है. जो नुक़सान हुआ है उसका मूल्यांकन किया जा रहा है उन्हें भी सहायता दी जाएगी.”

    मनोज सिन्हा ने कहा, “एक बात ध्यान में आई कि नए बंकरों की ज़रूरत है और आने वाले दिनों में उसे भी बनाया जाएगा.”

  12. कार्टून: भारत - पाकिस्तान तनाव के मीडिया कवरेज पर आज का कार्टून

    कार्टून
  13. भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच सरहदी ज़िलों के लिए एडवाइजरी, दिए गए ये आदेश

    ड्रोन  (सांकेतिक तस्वीर)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ड्रोन (सांकेतिक तस्वीर)

    भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए कई सरहदी ज़िलों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है.

    चंडीगढ़ प्रशासन ने कहा है कि चंडीगढ़ में सभी दुकानों को आज यानी शुक्रवार को शाम 7 बजे तक बंद करना होगा.

    प्रशासन ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "चंडीगढ़ में रेस्टोरेंट्स सहित सभी दुकानें आज 9 मई, 2025 को शाम 7 बजे तक बंद करनी होंगी."

    हालांकि चंडीगढ़ प्रशासन ने साफ किया कि ये आदेश दवा की दुकानों पर लागू नहीं होंगे.

    वहीं गुजरात के गृह मंत्री हर्ष संघवी ने एक्स पर लिखा, "इस महीने की 15 तारीख़ तक गुजरात में किसी भी समारोह या कार्यक्रम में पटाखे या ड्रोन की अनुमति नहीं दी जाएगी. कृपया सहयोग करें और दिशानिर्देशों का पालन करें."

    राजस्थान के बाड़मेर ज़िले में भी कई तरह की पाबंदी लगाई गई है.

    बाड़मेर जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट की ओर से जारी बयान के मुताबिक़, बाड़मेर में ड्रोन उड़ानों पर बैन लगाया गया है. सभी ड्रोन धारकों को संबंधित पुलिस थानों में ड्रोन आज (शुक्रवार) ही जमा कराना होगा.

    बयान के मुताबिक़, आज से दो महीने के लिए बाड़मेर में आतिशबाज़ी पर प्रतिबंध लगाया गया है.

  14. भारत-पाकिस्तान तनाव: इंडिगो ने कई शहरों के लिए रद्द की उड़ानें, कौन-कौन से शहर शामिल

    इंडिगो एयरलाइंस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच इंडिगो एयरलाइंस ने 10 शहरों के लिए उड़ानें रद्द कर दी हैं.

    इंडिगो ने एक्स पर अपने एक पोस्ट में कहा कि आपकी सुरक्षा सर्वोपरि है.

    एयरलाइंस ने कहा है कि एयरपोर्ट पर सुरक्षा के बढ़े इंतज़ामों को देखते हुए यात्रियों को सुरक्षा जाँच और दूसरी औपचारिकताओं में सामान्य से ज़्यादा समय लग सकता है.

    वर्तमान स्थिति के कारण 10 शहरों के लिए 10 मई 2025 तक उड़ानें रद्द कर दी गई हैं.

    एयरपोर्ट्स जहाँ से और जिनके लिए इंडिगो ने फ्लाइट रद्द की हैं, वे हैं- श्रीनगर, जम्मू, अमृतसर, लेह, चंडीगढ़, धर्मशाला, बीकानेर, जोधपुर,किशनगढ़ और राजकोट.

  15. उमर अब्दुल्लाह ने पाकिस्तान पर लगाए ये आरोप, बंदूकें ख़ामोश करने की दी सलाह

    मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने पाकिस्तान को 'बंदूकें ख़ामोश' करने की सलाह दी है

    भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने पाकिस्तान पर हालात बिगाड़ने का आरोप लगाया है.

    उन्होंने पाकिस्तान को सलाह दी है कि वह अपनी बंदूकें ख़ामोश करे.

    शुक्रवार को पत्रकारों से बात करते हुए सीएम अब्दुल्लाह ने कहा, "सबसे बड़ी बात तो यही है कि उनकी (पाकिस्तान) तरफ़ से नागरिकों को निशाना बनाने की कोशिश की गई, जिस तरह जम्मू शहर पर उन्होंने ड्रोन हमला किया. मुझे नहीं लगता है कि 1971 के युद्ध के बाद कभी इस तरह जम्मू शहर को निशाना बनाया गया हो."

    "लेकिन हमारे सुरक्षा बलों को क्रेडिट जाता है कि उन्होंने ये सारे ड्रोन निष्क्रिय किए और एक भी ड्रोन निशाने पर नहीं पहुंच पाया."

    उन्होंने कहा, "हालांकि, उन्होंने (पाकिस्तान) कश्मीर के अनंतनाग में गोला-बारूद डिपो को भी निशाना बनाने की कोशिश की, लेकिन उसमें भी वह नाकामयाब रहे."

    सीएम ने दावा किया, "यह हालात हमने नहीं बनाए, पहलगाम में हमारे लोगों के ऊपर हमला हुआ, बेगुनाह लोगों का कत्ल किया गया. उसका हमें जवाब देना पड़ा."

    उन्होंने कहा, "पाकिस्तान की ओर से इसे बढ़ाने की कोशिश हो रही है, इसमें न पाकिस्तान को कोई फ़ायदा है और न उन्हें कोई कामयाबी मिलेगी. बेहतर यही होगा कि वह अपनी बंदूकें ख़ामोश करें."

    "कल रात जो हुआ, ज़ाहिर सी बात है कि वह अपनी तरफ़ से इसे बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं. अब ऐसे में सबसे ज़्यादा नुक़सान उनको (पाकिस्तान को) होगा."

  16. द वायर को ब्लॉक किया गया, वेबसाइट ने इस कदम को 'संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन' बताया

    द वायर की ओर से जारी किया गया बयान

    इमेज स्रोत, @thewire_in/X

    वेबसाइट द वायर ने बताया है कि भारत सरकार ने उनकी वेबसाइट को ब्लॉक कर दिया है.

    एक्स पर अपने पाठकों के लिए एक पोस्ट में वेबसाइट ने लिखा है, "भारत सरकार ने thewire. in वेबसाइट को देशभर में ब्लॉक कर दिया है."

    "इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर्स का कहना है कि यह कार्रवाई सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 के तहत इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के आदेश के अनुसार की गई है."

    द वायर का कहना है कि यह प्रेस की स्वतंत्रता के संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन है.

    "हम इस 'स्पष्ट सेंसरशिप' का विरोध करते हैं, खासकर ऐसे समय में जब निष्पक्ष, सच्ची और तार्किक पत्रकारिता भारत के लिए महत्वपूर्ण है."

    "हम इस मनमाने और अस्पष्ट आदेश को चुनौती देने के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रहे हैं."

  17. भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच आईपीएल 2025 एक हफ़्ते के लिए स्थगित

    आईपीएल 2025

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, धर्मशाला में पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स का मैच बीच में रद्द कर दिया गया था

    भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के कारण इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल को एक हफ़्ते के लिए रोक दिया गया है.

    आईपीएल ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में इसकी जानकारी दी है.

    पोस्ट में कहा गया है कि, "आईपीएल 2025 को तत्काल प्रभाव से एक हफ़्ते के लिए निलंबित कर दिया गया है."

    गुरुवार को जम्मू और पठानकोट में रेड अलर्ट के बाद धर्मशाला में पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच आईपीएल मुक़ाबला बीच में रद्द कर दिया गया था.

    इससे पहले, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने कहा था कि पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) के बाकी मैच संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में होंगे.

    पीएसएल में अभी आठ मैच खेले जाने थे, जो रावलपिंडी, मुल्तान और लाहौर में होने थे, लेकिन अब ये मुक़ाबले यूएई में आयोजित किए जाएंगे.

  18. आईएमएफ़ आज पाकिस्तान के बेलआउट की समीक्षा करेगा

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज़ शरीफ़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज़ शरीफ़ (फ़ाइल फ़ोटो)

    अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष यानी आईएमएफ़ शुक्रवार को पाकिस्तान के लिए अपने 7 अरब डॉलर के बेलआउट पैकेज की अगली किस्त पर विचार करेगा.

    यह बैठक ऐसे समय हो रही है जब भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है. हाल ही में भारत ने आरोप लगाया है कि पाकिस्तान ने उसके सैन्य ठिकानों पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए, हालांकि इस्लामाबाद ने इन आरोपों से इनकार किया है.

    भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने गुरुवार को कहा था कि भारत फंड देने के मुद्दे पर अपना पक्ष रख रहा है. उन्होंने यह भी जोड़ा कि आईएमएफ़ बोर्ड को “गहराई से विचार” करना चाहिए और देखना चाहिए कि पिछले तीन दशकों में ये बेलआउट्स कितने असरदार रहे हैं.

    आईएमएफ़ से मिलने वाली यह राशि पाकिस्तान की संकटग्रस्त अर्थव्यवस्था के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, जो लंबे समय तक बढ़ती महंगाई और धीमी विकास दर से जूझने के बाद धीरे-धीरे संभल रही है.

    इस बीच, गुरुवार को वर्ल्ड बैंक के अध्यक्ष अजय बंगा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाक़ात की थी. वर्ल्ड बैंक ने 'सिंधु जल संधि निलंबन' के मुद्दे पर दखल देने से इनकार कर दिया था.

  19. अभी तक बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता आप तक ख़बरें पहुंचा रही थीं.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक बड़ी ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  20. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की शीर्ष सैन्य नेतृत्व के साथ बैठक, तैयारियों की समीक्षा की

    भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

    इमेज स्रोत, @SpokespersonMoD/X

    इमेज कैप्शन, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बैठक की अध्यक्षता की

    पाकिस्तान के साथ जारी तनाव के बीच भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने देश के शीर्ष सैन्य नेतृत्व के साथ शुक्रवार, 9 मई को एक बैठक की.

    रक्षा मंत्रालय के जनसंपर्क निदेशालय ने एक्स पर इस बैठक की जानकारी देते हुए लिखा, "रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज नई दिल्ली के साउथ ब्लॉक में पश्चिमी सीमा पर सुरक्षा स्थिति और भारतीय सशस्त्र बलों की तैयारियों की समीक्षा के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की."

    राजनाथ सिंह और शीर्ष सैन्य नेतृत्व

    इमेज स्रोत, @SpokespersonMoD/X

    इमेज कैप्शन, रक्षा मंत्रालय के जनसंपर्क निदेशालय ने एक्स पर इस समीक्षा बैठक की तस्वीर डाली है

    इस बैठक में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान, थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी, नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी, वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह और रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह शामिल हुए.

    गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को चरमपंथी हमला हुआ था, जिसमें 26 लोगों की मौत हो गई थी.

    भारत ने इस हमले के लिए पाकिस्तान प्रशिक्षित 'आतंकवादियों' को ज़िम्मेदार ठहराया, वहीं पाकिस्तान ने इस हमले से कोई संबंध होने से इनकार किया था.

    इसके बाद 6 से 7 मई 2025 की रात भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर के कई ठिकानों पर हवाई हमला किया. भारत ने इस कार्रवाई को 'ऑपरेशन सिंदूर' नाम दिया.

    भारत ने अपनी इस कार्रवाई को केंद्रित, संतुलित और गैर भड़काऊ बताया था. ये भी कहा था कि इस कार्रवाई में पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों को निशाना नहीं बनाया गया.

    हालांकि, इसके बाद से दोनों देश के बीच तनाव काफ़ी बढ़ गया है. दोनों देश एक-दूसरे पर हवाई हमले की बात कह रहे हैं.