शेख़ हसीना को मौत की सज़ा दिए जाने पर मोहम्मद यूनुस ने क्या कहा?

अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना और पूर्व गृह मंत्री असदुज्जमां ख़ान कमाल दोनों को मौत की सज़ा सुनाई है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह और उपासना

  1. एंटी-सबमरीन वॉरफ़ेयर 'माहे' भारतीय नौसेना में इस दिन होगा शामिल

    माहे

    इमेज स्रोत, X/@indiannavy

    इमेज कैप्शन, 'माहे' के निर्माण में 80 फ़ीसदी से अधिक भारतीय सामग्री का इस्तेमाल हुआ है

    पनडुब्बी रोधक युद्धपोत (एएसडब्ल्यू-एसडब्ल्यूसी) 'माहे' को 24 नवंबर को भारतीय नौसेना में शामिल किया जाएगा.

    इसे मुंबई स्थित नेवल डॉकयार्ड में शामिल किया जाएगा.

    'माहे' उन आठ एंटी-सबमरीन वारफ़ेयर शैलो वाटर क्राफ़्ट में से पहला है, जिसे कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड ने बनाया है.

    इसका नाम मालाबार तट के ऐतिहासिक शहर माहे के नाम पर रखा गया है.

    रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी एक प्रेस रिलीज़ में 'माहे' की क्षमता के बारे में बताया गया है.

    इसे पनडुब्बियों का पता लगाने, तट पर गश्त करने और भारत के महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों को सुरक्षित करने के लिए डिज़ाइन किया गया है.

    'माहे' के निर्माण में 80 फ़ीसदी से अधिक भारतीय सामग्री का इस्तेमाल हुआ है.

  2. अफ़ग़ानिस्तान ने पाकिस्तान से गेहूं और आटा ख़रीदना पूरी तरह बंद किया, ममून दुर्रानी, बीबीसी फ़ैक्ट फ़ाइंडिंग डिपार्टमेंट

    अफ़ग़ानिस्तान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अफ़ग़ानिस्तान अब आटे के लिए पाकिस्तान पर निर्भर नहीं है

    अफ़ग़ानिस्तान ने पाकिस्तान से गेहूं का आयात पूरी तरह से बंद कर दिया है. अफ़ग़ानिस्तान ने 10 साल पहले पाकिस्तान से 30 करोड़ डॉलर से ज़्यादा का आटा आयात किया था.

    इसके बाद से अफ़ग़ानिस्तान ने पाकिस्तान से गेहूं के आयात में धीरे-धीरे कमी कर दी और अब आयात पूरी तरह से बंद कर दिया है.

    बीते दिनों दोनों देशों के बीच तनाव के कारण अफ़ग़ान तालिबान ने पाकिस्तान के साथ व्यापारिक संबंधों को ख़त्म करने की बात कही थी.

    अफ़ग़ानिस्तान ने अपने कारोबारियों को निर्देश जारी कर कहा था कि वे पाकिस्तान के बजाय अन्य देशों से व्यापार के रास्ते खोजें.

    पिछले कुछ दशकों से अफ़ग़ानिस्तान, पाकिस्तान के रास्ते सबसे ज़्यादा व्यापार करता रहा है, जो कि उसके पूरे व्यापार का लगभग आधे के बराबर है.

    अंतरराष्ट्रीय और एशियाई बाज़ार निगरानी एजेंसियों के आंकड़े बताते हैं कि साल 2015 में पाकिस्तान ने अफ़ग़ानिस्तान को 320 मिलियन डॉलर का आटा निर्यात किया था, लेकिन अब यह शून्य पर पहुंच गया है.

    ये आंकड़े दर्शाते हैं कि अफ़ग़ानिस्तान अब आटे के लिए पाकिस्तान पर निर्भर नहीं है.

    अफ़ग़ानिस्तान ने 2024 में उज़्बेकिस्तान, कज़ाकिस्तान और रूस से 689 मिलियन डॉलर का गेहूं और आटा ख़रीदा. अनुमान है कि 2025 में यह आंकड़ा 750 मिलियन डॉलर तक पहुंच जाएंगा.

  3. बांग्लादेश: शेख़ हसीना मामले पर आज आएगा फ़ैसला, कोर्ट कार्यवाही का होगा लाइव प्रसारण

    शेख़ हसीना

    इमेज स्रोत, AFP via Getty

    इमेज कैप्शन, बांग्लादेश छोड़ने के बाद से शेख़ हसीना भारत में रह रही हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना पर 'मानवता के ख़िलाफ़ अपराधों' के मामले में अदालत सोमवार को अपना फ़ैसला सुनाएगी.

    बीबीसी बांग्ला सेवा के मुताबिक़, ट्राइब्यूनल के रजिस्ट्री कार्यालय ने जानकारी दी है कि अदालत अपना फ़ैसला सुबह 11 बजे सुनाएगी.

    अभियोजन पक्ष ने शेख़ हसीना और असदुज्जमां ख़ान कमाल के ख़िलाफ़ अधिकतम सज़ा यानी सज़ा-ए-मौत की मांग की है.

    इस बीच, सुप्रीम कोर्ट ने सेना मुख्यालय को पत्र लिखकर फ़ैसले से पहले ट्राइब्यूनल में सुरक्षा कड़ी करने के लिए सेना की तैनाती का अनुरोध किया है.

    शेख़ हसीना और तीन अन्य अभियुक्तों के मामले में फ़ैसला सुनाते वक़्त इसका लाइव प्रसारण होगा. बांग्लादेश टेलीविज़न (बीटीवी) इसका लाइव प्रसारण करेगी.

    पिछले साल सरकार विरोधी प्रदर्शनों के दौरान बांग्लादेश में कई हिंसक घटनाएं हुईं. उस वक्त की प्रधानमंत्री शेख़ हसीना पर आरोप लगे कि मानवता के ख़िलाफ़ हुए इन अपराधों में उनका हाथ है.

    इस आंदोलन की वजह से शेख़ हसीना को सत्ता गंवानी पड़ी थी और उन्हें देश छोड़कर भागना पड़ा था. तब से वह भारत में रह रही हैं.

  4. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.