कर्नाटक: विवादों में रहा आरएसएस का रूट मार्च आख़िरकार हुआ पूरा, इमरान क़ुरैशी, बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, RSS
इमेज कैप्शन, यह रूट मार्च पहले 2 नवंबर को होना था
कर्नाटक के मंत्री प्रियांक खड़गे के विधानसभा क्षेत्र चित्तापुर में आरएसएस का रूट मार्च (पथ संचलन) रविवार को शांतिपूर्ण तरीक़े से पूरा हो गया. बीते दिनों इसे लेकर काफ़ी विवाद हुआ था.
कलबुर्गी ज़िले के चित्तापुर में 50 सदस्यों वाले बैंड के साथ 300 स्वयंसेवक डेढ़ किलोमीटर तक सड़कों पर चले. इस दौरान लोगों ने उन पर फूल बरसाए.
रास्ते में खड़े आरएसएस समर्थकों ने 'भारत माता की जय', 'जय श्री राम' जैसे नारे लगाए. यह रूट मार्च संगठन के शताब्दी समारोह का हिस्सा था.
आरएसएस की कलबुर्गी इकाई के संयोजक अशोक पाटिल ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को बताया, "यह (रूट मार्च) शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ."
उन्होंने कहा, "पुलिस ने जो निर्देश दिया था, उसके मुताबिक़ हमने पथ संचलन में हिस्सा लेने वाले सभी लोगों के नाम और पते दिए थे."
इमेज स्रोत, RSS
इमेज कैप्शन, आरएसएस ने पहले कर्नाटक हाई कोर्ट में प्रशासन के अनुमति न देने के आदेश पर सवाल उठाया था
पुलिस ने किसी भी अप्रिय कानून-व्यवस्था की स्थिति को रोकने के लिए तालुका मुख्यालय के बाहर से लोगों की एंट्री रोक दी थी. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 650 से ज़्यादा पुलिसकर्मी और 250 होमगार्ड तैनात किए गए थे.
इस रूट मार्च पर प्रियांक खड़गे ने कहा, "आरएसएस के साथ संघर्ष अभी शुरू हुआ है."
यह रूट मार्च पहले 2 नवंबर को होना था. हालांकि, स्थानीय प्रशासन ने इसकी मंज़ूरी देने से इनकार कर दिया था और इस वजह से इसे स्थगित कर दिया गया था.
प्रशासन ने रूट मार्च की मंज़ूरी देने के लिए हालात को "अनुकूल नहीं" बताया था. प्रशासन का कहना था कि दलित संगठनों ने आरएसएस के साथ उसी समय और उसी रास्ते पर जुलूस निकालने की मांग की थी. इसके लिए उसे अर्ज़ी मिली थी.
आरएसएस ने कर्नाटक हाई कोर्ट की कलबुर्गी बेंच के सामने प्रशासन के आदेश पर सवाल उठाया था.
जस्टिस एमजीएस कमल ने एडवोकेट जनरल शशिकिरण शेट्टी से इस मुद्दे को सुलझाने के लिए एक शांति बैठक बुलाने को कहा था ताकि आरएसएस अपना रूट मार्च निकाल सके.
आख़िर में कोर्ट ने इस रूट मार्च को लेकर सरकार के प्रस्ताव और आरएसएस के वकील सीनियर एडवोकेट अरुण श्याम की ओर से बैंड सदस्यों की संख्या 24 से बढ़ाकर 50 करने की अपील को मंज़ूरी दे दी थी.
प्रियांक खड़गे ने कहा था कि अब समय आ गया है कि आरएसएस भी दूसरे संगठनों की तरह स्थानीय अधिकारियों को सूचित करने के बजाय सरकार से मंज़ूरी मांगे.
मुकेश सहनी का आरोप- 'एनडीए को पैसे के दम पर जनादेश मिला'
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, विकासशील इंसान पार्टी प्रमुख मुकेश सहनी ने बिहार चुनाव के नतीजों पर प्रतिक्रिया दी है (फ़ाइल फ़ोटो)
विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) प्रमुख मुकेश सहनी ने आरोप लगाया है कि बिहार में बीजेपी को 'पैसे के दम पर' जीत मिली है.
उन्होंने कहा, "चुनाव में तो हार-जीत होती है. महागठबंधन को सफलता नहीं मिली और एनडीए को सफलता मिली है. हम उनको बधाई देते हैं...लेकिन उनको जनादेश नहीं मिला है, पैसे के दम पर उनको जनादेश मिला है."
मुकेश सहनी ने कहा, "देश का लोकतंत्र ख़तरे में है. बीच चुनाव में अगर किसी को पैसा दिया जाए, तो यह एक बड़ा सवाल है…हम लोकतंत्र को बचाने के लिए मज़बूती से 2029 की तैयारी करेंगे."
उन्होंने ये भी कहा, "सरकार ने जीविका दीदियों को 10 हज़ार रुपये देकर आगे जो 1 लाख 90 हज़ार रुपये देने का वादा किया था, उसे सरकार जल्द से जल्द दे, नहीं तो इसके लिए वे जीविका दीदियों के लिए राज्य में आंदोलन करेंगे."
बिहार में सरकार के गठन को लेकर क्या बोली जेडीयू?
इमेज स्रोत, X/@SanjayJhaBihar
इमेज कैप्शन, संजय कुमार झा ने कहा है कि जल्द ही सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी
जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा है कि बिहार में सरकार बनाने के लिए बातचीत चल रही है.
उन्होंने कहा कि जल्द ही सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी.
बिहार चुनाव में एनडीए को मिली जीत पर उन्होंने कहा, "मैं एनडीए को मिले इतने बड़े जनादेश के लिए बिहार की जनता को धन्यवाद और बधाई देना चाहता हूं. इस जनादेश के साथ अगले पांच वर्षों के लिए हमारी जवाबदेही भी है."
बिहार चुनाव में एनडीए ने 202 सीटों पर जीत हासिल की है. एनडीए में बीजेपी को 89, जेडीयू को 85, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को 19, राष्ट्रीय लोक मोर्चा को चार, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) को पांच सीटों पर जीत मिली है.
ब्रेकिंग न्यूज़, दिल्ली लाल क़िला धमाका: एनआईए ने हमलावर के एक सहयोगी को गिरफ़्तार किया
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, एनआईए ने बताया है कि हमले में इस्तेमाल कार इसी शख़्स के नाम पर थी
नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी यानी एनआईए ने बताया है कि 10 नवंबर को लाल क़िले के पास हुए कार बम धमाके के मामले में आत्मघाती हमलावर के एक सहयोगी को गिरफ़्तार किया गया है.
एजेंसी की ओर से जारी प्रेस रिलीज़ में कहा गया है,
"एनआईए ने एक कश्मीरी व्यक्ति को गिरफ़्तार किया है, जिसने आत्मघाती हमलावर के साथ आतंकी हमले की साज़िश रची."
एजेंसी ने इस अभियुक्त का नाम आमिर राशिद अली बताया है.
एजेंसी के मुताबिक़, हमले में इस्तेमाल की गई कार आमिर राशिद अली के नाम पर रजिस्टर थी. एनआईए ने आमिर राशिद अली को दिल्ली से गिरफ़्तार किया है.
प्रेस रिलीज़ में लिखा है, "एनआई की जांच से पता चला है कि जम्मू-कश्मीर के पंपोर के संबूरा के रहने वाले अभियुक्त ने कथित आत्मघाती हमलावर उमर उन नबी के साथ मिलकर आतंकी हमला करने की साजिश रची थी."
रोहिणी आचार्य ने अब क्या कहा? पिता लालू यादव को लेकर भी बोलीं
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, रोहिणी आचार्य ने शनिवार को राजनीति छोड़ने और परिवार से नाता तोड़ने का एलान किया था
आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने कहा है कि उन्होंने सिर्फ़ अपने भाई को छोड़ा है, उनके माता-पिता और बहनें उनके साथ हैं.
रोहिणी आचार्य ने रविवार को पत्रकारों से कहा, "पिताजी मेरे साथ हमेशा रहे हैं. कल मेरे माता-पिता भी रो रहे थे. मेरी बहनें रो रही थीं. भगवान ने मुझे यह सौभाग्य दिया कि मुझे ऐसे माता-पिता मिले. जिन्होंने हर समय मेरा साथ दिया."
उन्होंने कहा, "जिस घर में भाई हो तो उस घर में भाइयों का भी योगदान होना चाहिए. क्या सारा बलिदान बेटी दे? और बेटी जब कुछ सवाल पूछे, तो आप बोल दें कि तुम ससुराल जाओ, तुम्हारी शादी हो गई है."
रोहिणी आचार्य ने कहा है कि उन्होंने सिर्फ़ अपने भाई से नाता तोड़ा है.
आरजेडी के प्रदर्शन पर नेता आलोक कुमार मेहता ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, आरजेडी नेता आलोक कुमार मेहता ने कहा कि चुनावी नतीजों पर समीक्षा होगी
आरजेडी नेता आलोक कुमार मेहता ने कहा है कि भले ही उनकी पार्टी चुनाव में ज़्यादा सीटें नहीं जीत पाई, लेकिन सबसे ज़्यादा वोट आरजेडी को ही मिले हैं.
उन्होंने कहा, "जो कुछ भी नतीजे आए, वो जनादेश है... बहुत सारी बातें हैं, उस पर समीक्षा होगी. विचार होगा कि आगे क्या करना है."
आरजेडी के प्रदर्शन को लेकर सवाल किए जाने पर आलोक कुमार मेहता ने कहा, "आरजेडी का प्रदर्शन कम नहीं रहा है, सबसे ज़्यादा वोट आरजेडी को मिले हैं. लोकतंत्र में सबसे बड़ी बात यही है कि जनता किस दल के पक्ष में सबसे ज़्यादा है."
चुनाव आयोग के मुताबिक़ पार्टी के हिसाब से वोट शेयर में सबसे ज़्यादा हिस्सा आरजेडी (23 प्रतिशत) को मिला है. वहीं बीजेपी (20.08 प्रतिशत) इस मामले में दूसरे और जेडीयू (19.25 प्रतिशत) तीसरे नंबर पर है.
वहीं लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य के मामले में सवाल किए जाने पर उन्होंने कहा, "हमारे परिवार का मामला है, इसमें बाहर कुछ कहने की बात नहीं है."
रोहिणी आचार्य के संजय यादव और तेजस्वी पर लगाए आरोपों पर क्या बोले उनके मामा साधु यादव?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, साधु यादव ने कहा है कि रोहिणी आचार्य घर की बेटी हैं, उन्हें बोलने का पूरा अधिकार है
बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और आरजेडी नेता राबड़ी देवी के भाई साधु यादव ने कहा है कि उनकी भांजी रोहिणी आचार्य का अपने घर पर पूरा अधिकार है.
उन्होंने कहा कि अगर रोहिणी को कोई ग़लत बात बोली गई है, तो वो इसे सही नहीं मानते हैं.
रोहिणी आचार्य ने अपने परिवार से नाता तोड़ने का एलान किया है और कई आरोप लगाए हैं.
साधु यादव ने कहा, "सही क्या है, ये तो तहकीकात की चीज़ है. अगर (रोहिणी को) कोई ग़लत बात बोला है, तो ये ग़लत है. वो घर की बेटी है, बहन भी है, कोई भी अगर कोई बात बोला है, तो उसको मैं ग़लत ठहराता हूं."
उन्होंने कहा, "उसको पूरा अधिकार है, किसी चीज़ में बोलने का, कहने का, सुनने का. रोहिणी का घर है. उसके घर में कोई बाहरी व्यक्ति रह रहा है, तो उसको निकालने का उसे पूरा अधिकार है."
रोहिणी आचार्य ने मीडिया के सामने बयान दिया था, "मेरा कोई परिवार नहीं है. अब ये जाकर आप संजय, रमीज़, तेजस्वी यादव से पूछिए. उन्हीं लोगों ने मुझे परिवार से निकाला है क्योंकि उन्हें ज़िम्मेदारी लेनी नहीं है. पूरा देश, पूरी दुनिया सवाल कर रही है कि पार्टी का ऐसा हाल क्यों हुआ."
नौगाम धमाके पर बोलीं महबूबा मुफ़्ती- 'सरकार को ज़िम्मेदारी लेनी चाहिए'
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, महबूबा मुफ़्ती ने कहा है कि नौगाम घटना की जांच होनी चाहिए
श्रीनगर के नौगाम पुलिस स्टेशन विस्फोट की घटना पर पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ़्ती ने अफ़सोस जताया है.
उन्होंने कहा, "जो नौगाम में हुआ, वो बहुत बुरा हुआ. उसकी जांच होनी चाहिए. उसमें जो लोग मारे गए, उसके लिए हमें बहुत अफ़सोस है."
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बताया है कि शुक्रवार को हुई नौगाम पुलिस स्टेशन की घटना दुर्भाग्यपूर्ण हादसा है.
उन्होंने कहा, "इसमें किसी तरह की आतंकी साज़िश या बाहरी हस्तक्षेप का कोई एंगल नहीं है. एफ़एसएल की टीम दिल्ली के लाल क़िले के पास हुए आतंकी हमले में शामिल आतंकवादी और उनके सहयोगी आतंकियों के घर से बरामद विस्फोटकों का सैंपल ले रही थी. उसी दौरान रात के क़रीब 11 बजकर 20 मिनट पर धमाका हुआ."
वहीं महबूबा मुफ़्ती ने कहा है, "सरकार को इसकी ज़िम्मेदारी लेनी चाहिए...इस किस्म की सामग्री क्यों खुली छोड़ी गई? इसमें लापरवाही क्यों बरती गई? जो ज़िम्मेदार हैं, उन्हें सख़्त सज़ा मिलनी चाहिए."
जम्मू-कश्मीर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और बीजेपी नेता सुनील शर्मा ने बताया कि इस हादसे में मृतकों की संख्या 10 हो गई है.
बिहार में नई सरकार बनाने के लिए हलचल तेज़, तेजस्वी यादव के लिए कैसी मुश्किलें?
बिहार में नई सरकार बनाने को लेकर कैसी हलचल है और तेजस्वी यादव के लिए आगे की राह कितनी मु़श्किल है. इसी पर वरिष्ठ पत्रकारों से बात कर रहे हैं बीबीसी संवाददाता अभिनव गोयल.
इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.
पोस्ट YouTube समाप्त
बिहार चुनाव के नतीजों पर क्या बोले सीपीआई (एमएल) नेता दीपांकर भट्टाचार्य?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, सीपीआई (एमएल) महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा है कि इस बार के नतीजे 2010 के नतीजों का दोहराव है
सीपीआई(एमएल) महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा है कि बिहार चुनाव के नतीजे 'समझ से परे' हैं.
उनके मुताबिक़ एनडीए को मिली प्रचंड जीत सिर्फ़ बहुमत नहीं है, ये 80 प्रतिशत से ज़्यादा है.
दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा, "एनडीए को अगर 125 या 130 या 135 सीटें मिलतीं, जो आमतौर पर एग्ज़िट पोल में भी आ रहा था, वहां तक बात समझ में आती."
उन्होंने कहा कि इस बार के नतीजे 2010 के नतीजों का दोहराव है, लेकिन तब नीतीश कुमार के उभार का दौर था.
दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा, "अगर हम मोदी सरकार को भी ले लें. नीतीश कुमार के साथ पीएम मोदी को भी जोड़ लें और 2024 के चुनाव परिणाम को भी अगर दिमाग़ में रखें, तो निश्चित तौर पर
ये सरकार का कोई उभार का दौर नहीं है."
"ये (सरकार के) गिरावट का दौर है. सरकार सवालों से घिरी हुई है. जनता तमाम सवालों को लेकर नाराज़ है. ऐसे में इस तरीके का चुनाव परिणाम समझ से परे है."
बिहार में सीपीआई(एमएल) ने महागठबंधन के तहत आरजेडी के साथ मिलकर चुनाव लड़ा. महागठबंधन को सिर्फ़ 35 सीटों पर ही जीत मिल पाई. इसमें सीपीआई (एमएल) ने दो सीटें जीती हैं.
जम्मू-कश्मीर के एलजी ने नौगाम धमाके में आतंकी साज़िश का एंगल किया ख़ारिज
इमेज स्रोत, X/@OfficeOfLGJandK
इमेज कैप्शन, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा है कि नौगाम पुलिस स्टेशन की घटना दुर्भाग्यपूर्ण हादसा है
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा है कि नौगाम पुलिस थाने के अंदर हुए धमाके में किसी आतंकी साज़िश का कोई एंगल नहीं है.
जम्मू-कश्मीर के नौगाम पुलिस थाने के अंदर शुक्रवार देर रात एक ज़ोरदार धमाका हुआ था, जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई और 32 अन्य घायल हुए हैं.
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने रविवार को कहा, "14 तारीख़ की रात को श्रीनगर के नौगाम पुलिस स्टेशन में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई."
"एफ़एसएल की टीम दिल्ली के लाल क़िले के पास हुए आतंकी हमले में शामिल आतंकवादी और उनके सहयोगी आतंकियों के घर से बरामद विस्फोटकों का सैंपल ले रही थी. उसी दौरान रात के क़रीब 11 बजकर 20 मिनट पर धमाका हुआ."
मनोज सिन्हा ने कहा, "विस्फोटक के सैंपलिंग की प्रक्रिया पिछले दो दिनों से चल रही थी. नौगाम पुलिस स्टेशन की घटना दुर्भाग्यपूर्ण हादसा है. इसमें किसी तरह की आतंकी साज़िश या बाहरी हस्तक्षेप का कोई एंगल नहीं है."
बिहार चुनाव में एनडीए की जीत पर क्या बोले नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, निशांत कुमार ने कहा कि चुनाव के नतीजे उम्मीद से बेहतर रहे
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए की प्रचंड जीत पर प्रतिक्रिया दी है.
निशांत कुमार ने कहा, "मैं बिहार की जनता का एनडीओ को इतनी बड़ी जीत दिलाने के लिए शुक्रिया अदा करता हूं. हमारी सरकार बनने जा रही है. जनता का बहुत-बहुत धन्यवाद."
उन्होंने कहा, "हमें (जीत की) उम्मीद थी, लेकिन नतीजे उम्मीद से कुछ ज़्यादा ही बेहतर रहे. लेकिन इसका सारा श्रेय जनता को जाता है. उन्होंने उन्हें (नीतीश कुमार) उनके 20 साल के काम का इनाम दिया है."
निशांत कुमार ने कहा, "मुझे पूरी उम्मीद है कि मेरे पिता इस भरोसे को कायम रखेंगे और विकास की प्रक्रिया को जारी रखेंगे."
बिहार में नई सरकार के गठन और सीएम के चेहरे पर क्या बोले उपेंद्र कुशवाहा?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, उपेंद्र कुशवाहा ने बताया है कि उनकी पार्टी की विधायक दल की बैठक कल देर शाम हो चुकी है
राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने कहा है कि बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर दो-चार दिनों में स्थिति स्पष्ट हो जाएगी.
उन्होंने कहा, "नया चुनाव हुआ है, तो फिर से नई सरकार के गठन की औपचारिकता पूरी की जाएगी. इसके लिए आपको थोड़ा इंतज़ार करना पड़ेगा."
"अगले दो-चार दिनों में बिल्कुल स्पष्ट रूप से बात सामने आ जाएगी कि कैसे क्या होना है या क्या कैसे हुआ. दो-चार दिन में हम सब लोग उस परिणाम तक पहुंच जाएंगे."
उपेंद्र कुशवाहा ने बताया कि उनकी पार्टी की विधायक दल की बैठक कल देर शाम हो चुकी है, बाक़ी अलग-अलग पार्टी अपने-अपने विधायक दल की बैठक करेगी और उसके बाद जो चीज़ें तय होंगी, उसके आधार पर आगे की प्रक्रिया होगी.
सीएम फ़ेस के सवाल पर उन्होंने कहा, "हमने बार-बार कहा है कि नीतीश कुमार सीएम थे, सीएम हैं और सीएम रहेंगे."
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए ने 202 सीटें जीती हैं, इस गठबंधन का हिस्सा राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने चार सीटों पर जीत हासिल की है.
रोहिणी आचार्य मामले में डिप्टी सीएम विजय सिन्हा बोले- 'पहले भाई, अब बहन...'
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, विजय सिन्हा ने कहा है कि आरजेडी की अराजकता घर के अंदर भी दिख रही है (फ़ाइल फ़ोटो)
रोहिणी आचार्य के राजनीति छोड़ने के फ़ैसले और लालू परिवार और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) पर लगाए गए आरोपों पर बिहार के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने प्रतिक्रिया दी है.
उन्होंने कहा, "आरजेडी की अराजकता बाहर जो दिखती थी, अब घर के अंदर भी दिख रही है. इस मानसिकता के लोग जो अपने परिवार को समेट कर नहीं रख सकते, वो बिहार को कैसे चला सकते हैं?"
विजय सिन्हा ने आगे कहा, "पहले भाई, अब बहन... ये मानसिकता उनके भविष्य को तय करेगी."
रोहिणी आचार्य ने शनिवार को एलान किया कि वह राजनीति छोड़ रही हैं. इसके साथ ही उन्होंने तेजस्वी यादव के क़रीबी संजय यादव और रमीज़ पर आरोप लगाए कि वह ऐसा उनकी वजह से कर रही हैं.
एक अन्य बयान में रोहिणी ने तेजस्वी यादव पर भी आरोप लगाया.
इस मामले में लालू परिवार की ओर से कोई भी बयान नहीं आया है. वहीं, आरजेडी के मृत्युंजय तिवारी का कहना है कि यह पारिवारिक मामला है और इस पर परिवार के लोग ही जवाब देंगे.
इससे पहले मई महीने में लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को पार्टी से निकाल दिया गया था.
ब्रेकिंग न्यूज़, कोलकाता टेस्ट: भारत के सात विकेट गिरे, जीत से अब भी दूर
इमेज स्रोत, Prakash Singh/Getty
इमेज कैप्शन, वाशिंगटन सुंदर सबसे ज़्यादा 31 रन बनाकर आउट हुए
कोलकाता टेस्ट में 124 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी भारत की आधी से ज़्यादा टीम पवेलियन लौट चुकी है. भारत ने 87 रन के स्कोर पर अपना सातवां विकेट गंवाया.
इससे पहले दक्षिण अफ़्रीकी टीम दूसरी पारी में 153 रन पर सिमट गई. उसने भारत के सामने 124 रन का लक्ष्य रखा.
भारत की शुरुआत बेहद ख़राब रही. टीम ने अपना पहला विकेट शून्य रन पर, और दूसरा विकेट महज़ दो रन के स्कोर पर गंवा दिया.
ख़बर लिखे जाने तक भारत का स्कोर सात विकेट के नुक़सान पर 87 रन है.
गर्दन में चोट के कारण भारतीय कप्तान शुभमन गिल इस मैच से बाहर हो गए हैं.
दक्षिण अफ़्रीकी टीम पहली पारी में 159 रन बनाकर ऑल आउट हो गई थी. इसके जवाब में भारतीय टीम 189 रन ही बना पाई थी.
योगी सरकार ने अख़लाक़ की हत्या के अभियुक्तों पर लगे केस को वापस लेने की अर्ज़ी दी
इमेज स्रोत, AFP
इमेज कैप्शन, अख़लाक़ अहमद के घर पर भीड़ ने 28 सितंबर 2015 को हमला किया था
उत्तर प्रदेश के दादरी के बिसाहड़ा गांव में क़रीब 10 साल पहले गोमांस की अफ़वाह के कारण अख़लाक़ अहमद की हत्या कर दी गई थी.
अब इस मामले में उत्तर प्रदेश सरकार ने अभियुक्तों के ख़िलाफ़ दर्ज मामला वापस लेने की अर्ज़ी दी है.
गौतम बुद्ध नगर के अपर ज़िला सरकारी अधिवक्ता (एडीजीसी) भाग सिंह ने बीबीसी संवाददाता सैय्यद मोज़िज़ इमाम से बातचीत में इसकी पुष्टि की है.
उन्होंने बताया कि उन्हें इस संबंध में पिछले महीने (अक्तूबर) पत्र मिला था और उन्होंने केस वापसी के लिए आवेदन दाखिल कर दिया है.
यह मामला एडीजे सौरभ द्विवेदी की अदालत में है, जिसकी सुनवाई 12 दिसंबर को होगी.
बिसाहड़ा गांव में गोमांस खाने की अफ़वाह पर अख़लाक़ को भीड़ ने पीट-पीट कर मार डाला था, जबकि इस दौरान उनके भाई दानिश घायल हो गए थे.
रोहिणी आचार्य के बयान पर चिराग पासवान ने कहा, 'तेजस्वी मेरे भाई और रोहिणी बहन की तरह हैं'
इमेज स्रोत, Sanchit Khanna/Hindustan Times via Getty
केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने रोहिणी यादव के राजनीति छोड़ने और परिवार से नाता तोड़ने के फ़ैसले पर प्रतिक्रिया दी है.
चिराग पासवान ने मीडिया से बातचीत में कहा, "मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं करूंगा, क्योंकि जब एक परिवार ऐसी कठिन परिस्थितियों से गुज़रता है तो वो किस मानसिक दबाव से गुज़र रहा है, इसका अंदाज़ा मुझे है."
"हम लोगों के राजनीतिक मतभेद ज़रूर रहे हैं, पर मैंने हमेशा लालू जी के परिवार को अपना परिवार माना है. मैंने हमेशा तेजस्वी, तेज, मीसा दी, रोहिणी जी, सबको अपना भाई-बहन ही माना है. ऐसे में बस मैं इतनी प्रार्थना करता हूं कि जल्द से जल्द ये पारिवारिक विवाद सुलझे."
उन्होंने आगे कहा, "घर में एकता बनी रहती है तो इंसान बाहर कठिन परिस्थितियों से लड़ लेता है. लेकिन, आज के तारीख़ में उनकी पार्टी जिस दौर से गुज़र रही है और उसके बाद ऐसी कलह... मैं समझ सकता हूं कि परिवार काफ़ी कठिन परिस्थितियों से गुज़र रहा होगा."
लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने शनिवार को एलान किया कि वह राजनीति छोड़ रही हैं. इसके साथ ही उन्होंने तेजस्वी यादव, उनके क़रीबी संजय यादव और रमीज़ पर आरोप भी लगाए.
उन्होंने कहा, "मैं राजनीति छोड़ रही हूं और अपने परिवार से नाता तोड़ रही हूं. संजय यादव और रमीज़ ने मुझसे यही करने को कहा था और मैं सारा दोष ख़ुद पर ले रही हूं."
अब तक इस मामले में संजय यादव और रमीज़ की तरफ़ से कोई भी प्रतिक्रिया नहीं आई है. इसके साथ ही लालू परिवार की तरफ़ से भी अब तक कोई बयान नहीं आया है.
आरजेडी नेता मृत्युंजय तिवारी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि यह एक पारिवारिक मामला है. इस पर परिवार के लोग या पार्टी का शीर्ष नेतृत्व की जवाब देगा.
मेक्सिको में सरकार के ख़िलाफ़ हज़ारों लोगों का प्रदर्शन, झड़पों में 120 घायल
इमेज स्रोत, EPA
इमेज कैप्शन, मेक्सिको में 'जेन ज़ी' समूह के युवाओं ने सरकार विरोध प्रदर्शन किए
मेक्सिको की पुलिस के मुताबिक़, मेक्सिको सिटी में सरकार-विरोधी प्रदर्शनों के दौरान हुई झड़पों में कम से कम 120 लोग घायल हुए हैं. इनमें 100 पुलिसकर्मी शामिल हैं.
ये प्रदर्शनकारी शनिवार को मेक्सिको की राजधानी में हिंसक अपराध और राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम की सरकार के ख़िलाफ़ मार्च करने उतरे. ये प्रदर्शन दूसरे शहरों में भी हुए.
प्रदर्शनकारियों ने नेशनल पैलेस की सुरक्षा बैरिकेड का हिस्सा तोड़ दिया, जहां शीनबाम रहती हैं. परिसर की सुरक्षा कर रही पुलिस ने भीड़ पर आंसू गैस का इस्तेमाल किया.
मेक्सिको सिटी के सुरक्षा प्रमुख पाब्लो वाज़केज़ ने पत्रकारों से कहा कि अधिकारियों ने लूट और हमले सहित कई अपराधों में 20 लोगों को गिरफ़्तार किया है.
राष्ट्रपति शीनबाम ने कहा कि यह मार्च दक्षिणपंथी नेताओं ने फंड किए थे, जो उनकी सरकार का विरोध करते हैं.
यह रैली 'जेन ज़ी' युवा समूहों ने आयोजित की थी और इसे उन लोगों का समर्थन मिला जो हाई-प्रोफ़ाइल हत्याओं के ख़िलाफ़ प्रदर्शन कर रहे थे. इसमें उरुआपान के मेयर कार्लोस मंज़ो की हत्या भी शामिल है.
मंज़ो को 1 नवंबर को 'डे ऑफ़ द डेड' फ़ेस्टिवल में गोली मार दी गई थी.