जम्मू-कश्मीर के हीरानगर में सुरक्षाबलों और चरमपंथियों के बीच मुठभेड़

अधिकारियों के अनुसार रविवार शाम जम्मू-कश्मीर के हीरानगर इलाके़ में चरमपंथियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हुई है.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली और कीर्ति रावत

  1. उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने के सवाल पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने क्या कहा?

    केशव प्रसाद मौर्य

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, बीजेपी विधायक श्याम प्रकाश के बयान पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उन्होंने अपनी भावना व्यक्त की.

    भारतीय जनता पार्टी के विधायक श्याम प्रकाश के 'केशव मौर्य को यूपी की कमान संभालनी चाहिए' वाले बयान पर उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने प्रतिक्रिया दी है.

    डिप्टी सीएम ने पत्रकारों से कहा, "उन्होंने अपनी भावना व्यक्त की. हमारे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी हैं और वही आगे रहेंगे."

    दरअसल, शनिवार को हरदोई में एक जनसभा को संबोधित करते हुए बीजेपी विधायक श्याम प्रकाश ने एक बयान दिया था.

    श्याम प्रकाश ने कहा, "केशव प्रसाद मौर्य सिर्फ़ मौर्य समाज के नेता ही नहीं हैं, बल्कि प्रदेश और देश के लाखों लोगों के दिलों पर राज करते हैं."

    उन्होंने कहा, "हम तो चाहते हैं कि बाबा दिल्ली चले जाए और केशव जी उत्तर प्रदेश संभालें और एक दिन ये ज़रूर आएगा."

    श्याम प्रकाश हरदोई ज़िले की गोपामऊ सीट से बीजेपी के विधायक हैं.

  2. तुर्की में लगातार विरोध प्रदर्शन जारी, अर्दोआन ने लगाए ये आरोप

    इस्तांबुल में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, इस्तांबुल में शनिवार रात पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई

    तुर्की में इस्तांबुल के मेयर इकराम इमामोअलु की गिरफ्तारी के बाद से विरोध प्रदर्शन जारी हैं.

    तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन के प्रतिद्वंद्वी इकराम इमामोअलु को बुधवार को हिरासत में लिया गया था.

    ये कार्रवाई इमामोअलु को 2028 के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के तौर पर चुने जाने से कुछ ही दिन पहले की गई.

    इसके बाद से ही इमामोअलु के समर्थक सड़कों पर उतर आए. गुरुवार से पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प जारी है.

    तुर्की के अधिकारियों ने बताया कि विरोध प्रदर्शन के तीसरे दिन शुक्रवार रात को देशभर में 343 लोगों को गिरफ्तार किया गया.

    इमामोअलु शनिवार को इस्तांबुल की एक अदालत में पेश हुए और अभियोक्ताओं ने आतंकवाद और भ्रष्टाचार के आरोपों में उनकी औपचारिक गिरफ़्तारी की अपील की.

    इमामोअलु ने ख़ुद पर लगे आरोपों से से इनकार किया है.

    वहीं अपने भाषण में अर्दोआन ने बढ़ते प्रदर्शनों की निंदा की है. उन्होंने इमामोअलु की विपक्षी रिपब्लिकन पीपल्स पार्टी (सीएचपी) पर 'शांति भंग करने और लोगों को ध्रुवीकृत करने' की कोशिश करने का आरोप लगाया है.

  3. ग़ज़ा में इसराइली हवाई हमले में हमास अधिकारी की मौत

    हमास अधिकारी की मौत

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि 7 अक्तूबर 2023 से ग़ज़ा में तक़रीबन 50 हज़ार फ़लस्तीनी मारे गए हैं.

    ग़ज़ा के दक्षिणी शहर ख़ान यूनिस में इसराइली हवाई हमले में हमास के शीर्ष राजनीतिक नेता सलाह अल-बर्दावील की मौत हो गई है.

    रविवार को हमास के एक अधिकारी ने बीबीसी को ये जानकारी दी है.

    स्थानीय लोगों का कहना है कि हवाई हमले में बर्दावील और उनकी पत्नी दोनों मारे गए हैं. हालांकि इसराइल के अधिकारियों की ओर से अब तक इस पर कोई टिप्पणी नहीं आई है.

    बीते मंगलवार को इसराइली सेना ने दोबारा से ग़ज़ा पर बड़े हमले शुरू कर दिए हैं, इन हमलों के लिए इसराइल ने हमास को ज़िम्मेदार ठहराया है.

    इन हमलों के बाद 19 जनवरी को शुरू हुआ युद्धविराम समझौता ख़त्म कर दिया गया, जिसने लगभग दो महीने तक शांति बनाए रखी.

    हमास ने इसराइल के आरोपों को ख़ारिज कर दिया और बदले में इसराइल पर युद्धविराम समझौते का उल्लंघन करने का आरोप लगाया.

    हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि पिछले 24 घंटों में ग़ज़ा पट्टी के अलग-अलग हिस्सों में 32 फ़लस्तीनी मारे गए हैं.

  4. ट्रंप के दूत ने यूक्रेन के लिए स्टार्मर की योजना को किया ख़ारिज, पुतिन की तारीफ़ में कही ये बात, जेम्स लैंडेल, कूटनीतिक मामलों के संवाददाता

    किएर स्टार्मर

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, किएर स्टार्मर ने रूस-यूक्रेन के बीच युद्धविराम के लिए अंतरराष्ट्रीय बल बनाने की योजना का प्रस्ताव दिया था

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर की यूक्रेन में युद्धविराम के लिए अंतरराष्ट्रीय बल बनाने की योजना को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ़ ने 'एक दिखावा' बताकर ख़ारिज कर दिया है.

    स्टीव विटकॉफ़ ने कहा है कि यह विचार ब्रिटेन के प्रधानमंत्री और अन्य यूरोपीय नेताओं की 'सरल' सोच पर आधारित है, जो सोचते हैं कि 'हम सभी को विंस्टन चर्चिल जैसा बनना है.'

    ट्रंप समर्थक पत्रकार टकर कार्लसन के साथ एक इंटरव्यू में विटकॉफ़ ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की प्रशंसा करते हुए कहा कि वह रूसी राष्ट्रपति को 'पसंद' करते हैं.

    उन्होंने कहा, "मैं पुतिन को बुरा आदमी नहीं मानता. वह बहुत होशियार हैं."

    विटकॉफ रूस और यूक्रेन दोनों के साथ अमेरिका की तरफ़ से युद्धविराम वार्ता का नेतृत्व कर रहे हैं, लेकिन वे यूक्रेन के उन पांच क्षेत्रों के नाम नहीं बता सके, जिन पर रूसी सेना ने कब्ज़ा कर लिया है या आंशिक रूप से उनके कब्ज़े में हैं.

    उन्होंने कहा, "उस संघर्ष में सबसे बड़ा मुद्दा ये तथाकथित चार क्षेत्र हैं, डोनबास, क्राइमिया, आप नाम जानते हैं और दो अन्य भी हैं."

  5. इसराइल का लेबनान पर हवाई हमला, हिज़बुल्लाह ने क्या कहा?

    इसराइल का लेबनान पर हमला

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, इसराइल के इन हमलों को नवंबर में हुए युद्धविराम के बाद से अब तक का सबसे भीषण हमला बताया जा रहा है.

    इसराइल में लेबनान की ओर से दागे गए कुछ रॉकेट के बाद इसराइल ने लेबनान पर कई हवाई हमले किए हैं.

    इसराइली सेना ने कहा है कि उसने दक्षिणी लेबनान में ईरान समर्थित हिज़बुल्लाह के दर्जनों रॉकेट लॉन्चरों और एक कमांड सेंटर को निशाना बनाया है.

    लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि इसराइली हमलों में 7 लोग मारे गए हैं, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं और 40 लोग घायल हुए हैं.

    लेबनान में हिज़बुल्लाह और फ़लस्तीनी गुटों सहित कई हथियारबंद समूह सक्रिय हैं और इसराइल पर दागे गए रॉकेट को लेकर किसी ने भी इस हमले की ज़िम्मेदारी नहीं ली है.

    शनिवार को लेबनान से किया गया रॉकेट हमला ऐसे समय में हुआ है जब कुछ दिन पहले ही इसराइल ने ग़ज़ा में हिज़बुल्लाह के सहयोगी हमास के ख़िलाफ़ अपना आक्रमण तेज़ कर दिया है.

    इसराइली सेना ने कहा कि उसने उत्तरी इसराइली शहर मेटुला में तीन रॉकेटों को रोक लिया है और इन हमलों में कोई हताहत नहीं हुआ है.

    हिज़बुल्लाह ने इन हमलों से खुद को किनारा करते हुए कहा है कि उसका इसमें कोई हाथ नहीं है और वह युद्धविराम के प्रति प्रतिबद्ध है.

  6. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.

    कल के लाइव पेज की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.