आईपीएल 2025: विराट का बल्ला चला, आरसीबी ने केकेआर को 7 विकेट से हराया
कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान में शनिवार को इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल 2025 का पहला मैच खेला गया. इसमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने कोलकाता नाइट राइडर्स को सात विकेट से हरा दिया.
नागपुर हिंसा से जुड़े मामलों में 14 और गिरफ़्तार, पुलिस ने क्या बताया?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, नागपुर के महाल इलाके में सोमवार, 17 मार्च की रात दो गुटों के बीच झड़प और पत्थरबाज़ी की घटना हुई थी. (फ़ाइल फ़ोटो)
नागपुर हिंसा से जुड़े मामलों में कम से कम 14 और लोगों को पुलिस ने गिरफ़्तार किया है.
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि गिरफ़्तार किए गए लोगों की संख्या 105 हो गई है.
पुलिस के मुताबिक़, शुक्रवार को 14 लोगों को पुलिस ने पकड़ा है, जिसमें 10 किशोर भी शामिल हैं.
अधिकारियों ने बताया कि इन मामलों से जुड़े तीन और एफ़आईआर दर्ज किए गए हैं.
नागपुर के महाल इलाके में सोमवार, 17 मार्च की रात दो गुटों के बीच झड़प और पत्थरबाज़ी की घटना हुई थी.
इस घटना में पुलिसकर्मियों समेत कुछ लोग घायल हुए थे. नागपुर में हुई हिंसा के बाद गणेश पेठ पुलिस स्टेशन में सहायक पुलिस निरीक्षक जितेंद्र गाडगे ने इसकी एफ़आईआर दर्ज कराई थी.
बिहार दिवस पर पीएम मोदी और नीतीश कुमार ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, बिहार दिवस हर साल 22 मार्च को मनाया जाता है (फ़ाइल फोटो)
बिहार दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के लोगों को बधाई दी है.
आज से ठीक 113 साल पहले 22 मार्च को बंगाल से विभाजित होकर एक अलग प्रान्त के रूप में बिहार का गठन हुआ था.
सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पीएम मोदी ने एक पोस्ट में लिखा, "वीरों और महान विभूतियों की पावन धरती बिहार के अपने सभी भाई-बहनों को बिहार दिवस की ढेरों शुभकामनाएं."
उन्होंने लिखा, "भारतीय इतिहास को गौरवान्वित करने वाला हमारा यह प्रदेश आज अपनी विकास यात्रा के जिस महत्वपूर्ण दौर से गुज़र रहा है, उसमें यहां के परिश्रमी और प्रतिभाशाली बिहारवासियों की अहम भागीदारी है."
"हमारी संस्कृति और परंपरा के केंद्र-बिंदु रहे अपने इस राज्य के चौतरफा विकास के लिए हम कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे."
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक्स पर लिखा, "बिहार दिवस के अवसर पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. बिहार का इतिहास गौरवशाली है. विकसित बिहार के सपने को साकार करने में भागीदारी के लिए मैं आप सभी का आह्वान करता हूं. हम सब मिलकर बिहार के गौरव को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाएंगे."
परिसीमन को लेकर चेन्नई में हो रही बैठक में कौन-कौन शामिल, डीके शिवकुमार ने क्या बताया?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की ओर से परिसीमन पर पहली संयुक्त समिति की बैठक बुलाई गई है जिसमें डीके शिवकुमार भी पहुंचे हैं
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की ओर से परिसीमन पर बुलाई गई बैठक में भाग लेने के लिए चेन्नई पहुंचे हैं.
उपमुख्यमंत्री ने जानकारी दी है कि इस बैठक में तेलंगाना, पंजाब, केरल राज्यों से भी लोग शामिल हो रहे हैं.
डीके शिवकुमार ने पत्रकारों से बात करते हुए एमके स्टालिन को बधाई दी और कहा कि 'उन्होंने पहला कदम उठाया है. हमें गर्व है कि वह इस देश की संघीय संरचना और संविधान की रक्षा कर रहे हैं.'
उन्होंने कहा, “आज हम सभी मिलकर आगे की प्रगति पर चर्चा करेंगे और एकसाथ काम करेंगे. तेलंगाना, पंजाब, केरल के नेता यहां एक साथ हैं. हम किसी भी हालत में अपने देश और अपनी सीटों को नुकसान नहीं होने देंगे.”
शिवकुमार ने कहा, “हम एक प्रगतिशील राज्य हैं. हमने आर्थिक और शिक्षा के क्षेत्र में अच्छा काम किया है. हम एकजुट रहेंगे और हमारी सीटें बचाएंगे.”
साथ ही उन्होंने कहा कि 'मैं बीजेपी के काले झंडों का स्वागत करता हूं. अगर वे मुझे तिहाड़ जेल भेजते हैं तो भी मुझे डर नहीं है.'
शनिवार को चेन्नई में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की ओर से परिसीमन पर पहली संयुक्त समिति की बैठक बुलाई गई है.
इस बैठक में शामिल होने के लिए एमके स्टालिन ने जिन राज्यों में विपक्ष की सरकार है उन राज्यों के मुख्यमंत्रियों को आमंत्रित किया है.
इनमें केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और पंजाब के मुख्यमंत्री को न्योता भेजा गया है.
हालांकि, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस बैठक से खुद को किनारे कर लिया है.
तुर्की और दक्षिण कोरिया से करोड़ों अंडे लेने की योजना क्यों बना रहा है अमेरिका?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अमेरिका में पिछले साल के राष्ट्रपति चुनाव में अंडे की क़ीमतों को भी एक मुद्दे के तौर पर उठाया गया था.
अमेरिका में अंडे की क़ीमतों को कम करने के लिए ट्रंप प्रशासन तुर्की और दक्षिण कोरिया से अंडे आयात करने की योजना बना रहा है.
साथ ही ट्रंप प्रशासन दूसरे देशों से भी बातचीत कर रहा है, ताकि अमेरिकी उपभोक्ताओं के लिए अंडे की बढ़ती क़ीमतों को कम किया जा सके. अधिकारियों ने इस ख़बर की पुष्टि की है.
कृषि मंत्री ब्रुक रोलिंस ने व्हाइट हाउस में पत्रकारों को बताया, "हम कम समय के लिए करोड़ों अंडों की बात कर रहे हैं."
यह ख़बर ट्रंप प्रशासन की उस घोषणा के बाद आई है जिसमें उन्होंने बर्ड फ्लू महामारी से निपटने के लिए एक बिलियन डॉलर की योजना का एलान किया था.
अंडों की क़ीमतों को कम करने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के चुनावी वादे के बावजूद पिछले एक साल में अंडे की क़ीमत 65 फ़ीसदी से भी ज़्यादा बढ़ी है और माना जा रहा है कि साल 2025 में 41 फ़ीसदी और बढ़ेगा.
पिछले साल बर्ड फ्लू के प्रकोप के बीच बाइडन प्रशासन ने लाखों अंडा देने वाले पक्षियों को मारने का निर्देश दिया था, जिससे अंडे की क़ीमतें बढ़ गईं.
हालांकि ट्रंप के दूसरी राष्ट्रपति कार्यकाल की शुरुआत के शुरुआती दिनों में भी क़ीमतें बढ़ती रही हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़, दिग्गज बॉक्सर जॉर्ज फ़ॉरमैन का 76 साल की उम्र में निधन, परिवार ने दी जानकारी
इमेज स्रोत, Gett
इमेज कैप्शन, बॉक्सर जॉर्ज फ़ॉरमैन ने 1960 के दशक में बॉक्सिंग करियर की शुरुआत की
हैवीवेट दिग्गज बॉक्सर जॉर्ज फ़ॉरमैन का 76 साल की उम्र में निधन हो गया है. उनके परिवार ने इस ख़बर की पुष्टि की है.
फ़ॉरमैन को बॉक्सिंग रिंग के अंदर बिग जॉर्ज के नाम से जाना जाता था.
उन्होंने 1960 के दशक में बॉक्सिंग करियर की शुरुआत की, ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीता और कई टाइटल बेल्ट्स जीते, जिनमें दो बार विश्व हैवीवेट चैंपियनशिप भी शामिल है.
उनकी पहली पेशेवर हार एक और दिग्गज बॉक्सर मोहम्मद अली से हुई थी, जो 1974 में हुई एक ऐतिहासिक फ़ाइट थी.
सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर उनके परिवार की ओर से पोस्ट किए गए एक बयान में कहा गया कि 'हमारा दिल टूट गया है. उन्होंने अपनी जिंदगी अटूट विश्वास, विनम्रता और उद्देश्य से भरी हुई जी.'
ट्रंप ने 5 लाख 30 हज़ार प्रवासियों को लेकर लिया बड़ा फ़ैसला
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अमेरिका लैटिन अमेरिका के 5 लाख से ज़्यादा प्रवासियों की अस्थायी क़ानूनी स्थिति को रद्द कर देगा
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने कहा है कि वह क्यूबा, हैती, निकारागुआ और वेनेज़ुएला के 5 लाख से ज़्यादा प्रवासियों की अस्थायी क़ानूनी स्थिति को रद्द कर देगा.
संघीय सरकार की ओर से जारी किए गए एक नोटिस के मुताबिक़, अमेरिका में बिना क़ानूनी आधार के रह रहे प्रवासियों को चेतावनी दी गई है कि वे वर्क परमिट और निर्वासित न किए जाने से मिली सुरक्षा के रद्द होने से पहले देश छोड़ दें.
अमेरिका में 5 लाख 30 हज़ार प्रवासियों को बाइडन प्रशासन के तहत एक कार्यक्रम के ज़रिए लाया गया था, जिसे सीएचएनवी कहा जाता है.
यह कार्यक्रम क़ानूनी तरीके़ से प्रवासन के रास्ते खोलने के लिए था. लेकिन ट्रंप ने जब राष्ट्रपति पद संभाला, तो उन्होंने इस कार्यक्रम को निलंबित कर दिया.
हालांकि अभी तक साफ़ नहीं है कि इनमें से कितने प्रवासियों ने इस दौरान ऐसा कोई और क़ानूनी दर्जा हासिल किया है, जो उन्हें अमेरिका में वैध रूप से रहने की अनुमति देता हो.
साल 2022 में इस कार्यक्रम को पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन ने शुरू किया था, पहले इसे वेनेज़ुएला के लोगों के लिए तैयार किया गया था फिर बाद में इसमें और भी देश जुड़े.
लंदन: हीथ्रो एयरपोर्ट की सेवाएं 24 घंटे बाद फिर से शुरू, जानें बंद होने के क्या थे कारण
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, हीथ्रो ब्रिटेन का सबसे बड़ा एयरपोर्ट है, जहां हर रोज़ लगभग 1300 विमान उतरते और उड़ते हैं.
लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट को शुक्रवार को एक दिन के लिए बंद कर दिए जाने के बाद अब विमान दोबारा हीथ्रो एयरपोर्ट पर उतर रहे हैं और उड़ान भर रहे हैं.
हालांकि शनिवार से एयरपोर्ट की पूर्ण सेवाएं शुरू होने की उम्मीद है.
हीथ्रो एयरपोर्ट के पास एक इलेक्ट्रिक सब स्टेशन में शुक्रवार को आग लग गई थी. जिसकी वजह से एयरपोर्ट को पावर सप्लाई बंद करनी पड़ी थी.
हीथ्रो ने कहा है कि वह यूरोपीय एयरपोर्ट पर जाने वाले को प्राथमिकता दे रहा है और यात्रियों को यह सलाह दी है कि जब तक उनकी एयरलाइन की ओर से उन्हें जाने के लिए न कहा जाए, तब तक एयरपोर्ट पर न जाएं.
हीथ्रो के मुख्य कार्यकारी थॉमस वोल्डबाय ने यात्रियों से माफ़ी मांगी और इस घटना को एयरपोर्ट के लिए सबसे बड़ी घटना बताया.
आतंक रोधी पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. ये पता करने की कोशिश की जा रही है कि ये तोड़फोड़ की कार्रवाई तो नहीं है. हालांकि अभी तक जांच में पुलिस को ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है.