You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

हमास ने कहा- वो अगले नोटिस तक बंधकों की रिहाई रोक रहा है

इसराइल और हमास के बीच हुआ युद्धविराम समझौते को लेकर नई मुश्किल सामने आई है.

सारांश

लाइव कवरेज

हिमांशु दुबे और अश्वनी पासवान

  1. तिरुपति लड्डू प्रसाद मामलाः एसआईटी ने चार मुख्य अभियुक्तों को किया गिरफ़्तार

    तिरुपति मंदिर में प्रसाद के तौर पर मिलने वाले लड्डुओं में मिलावटी घी इस्तेमाल किए जाने से जुड़े मामले में एक विशेष जांच टीम ने चार मुख्य अभियुक्तों को गिरफ़्तार कर लिया है.

    सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद सीबीआई की देखरेख में एसआईटी का गठन किया गया था.

    बीबीसी तेलुगू के मुताबिक एसआईटी ने विपिन जैन (45) और पोमिल जैन (47) को गिरफ़्तार किया है. ये दोनों उत्तराखंड स्थित रुड़की में भोलेबाबा ऑर्गेनिक डेयरी के निदेशक हैं.

    इनके अलावा, तिरुपति जिले में वैष्णवी डेयरी स्पेशलिटिज़ लिमिटेड के सीईओ अपूर्व विनयकांत चावड़ा (47), और तमिलनाडू स्थित डिंडीगुल में एआर डेयरी के मैनेजिंग डायरेक्टर राजू राजशेखरन (69) को भी गिरफ़्तार किया गया है.

    रिमांड रिपोर्ट में कहा गया है कि विपिन जैन और पोमिल जैन वैष्णवी डेयरी के निदेशक थे, जिस समय घी में मिलावट की जा रही थी. सभी चार अभियुक्तों को रविवार दोपहर गिरफ़्तार किया गया, और अलिपिरी (तिरुपति) में एसआईटी ऑफ़िस लाया गया.

    रिमांड रिपोर्ट तैयार होने के बाद चारों अभियुक्तों को भारी सुरक्षा के बीच मेडिकल कराने के लिए रुइया हॉस्पिटल ले जाया गया.

    इसके बाद, इस केस के जांच अधिकारी एडिशनल एसपी वेंकट राव चारों अभियुक्तों को एडिशनल ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट प्रवीण कुमार के घर लेकर गए. ज्यूडिशियल ऑफ़िसर ने चारों अभियुक्तों को रिमांड पर भेजने का आदेश दिया.

  2. मणिपुर: सीएम बीरेन सिंह के इस्तीफ़े के बाद विधानसभा सत्र स्थगित, कांग्रेस लाने वाली थी अविश्वास प्रस्ताव

    मणिपुर विधानसभा का सातवां सत्र 10 फ़रवरी से शुरू होना था, जिसे अब स्थगित कर दिया गया है. गौरतलब है कि कांग्रेस ने मणिपुर में बीजेपी सरकार के ख़िलाफ़ अविश्वास प्रस्ताव पेश करने की योजना बनाई थी.

    रविवार देर रात विधानसभा सचिवालय की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि असेंबली के सत्र को तत्काल प्रभाव से स्थगित किया जाता है.

    इस नोटिस में कहा गया, “भारत के संविधान के आर्टिकल 174 के क्लॉज (1) के अनुसार, मणिपुर का राज्यपाल होने के नाते मैं अजय कुमार भल्ला यह आदेश देता हूं कि 12वीं मणिपुर विधानसभा का सातवां सत्र, जो 10 फ़रवरी से शुरू होना था, उसको तत्काल प्रभाव से स्थगित किया जाता है.”

    इससे पहले, रविवार शाम को मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया. उन्होंने राजभवन जाकर राज्यपाल अजय कुमार भल्ला से मुलाक़ात की और उन्हें अपना इस्तीफ़ा सौंपा.

    मुख्यमंत्री कार्यालय में तैनात बीरेन सिंह के एक निजी सहायक दीपक शिजागुरुमयुम ने बीबीसी से इस बात की पुष्टि की थी.

  3. एलन मस्क पर विपक्ष के हमलों के बाद बचाव में उतरे डोनाल्ड ट्रंप

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने डेमोक्रेटिक पार्टी के एलन मस्क पर हमलों का जवाब दिया है.

    उन्होंने कहा है कि मस्क अमेरिका में फ़िज़ूलख़र्ची पर लगाम लगाने के लिए काम कर रहे हैं और उनका कोई स्वार्थ नहीं है.

    इससे पहले अमेरिका में विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी ने आरोप लगाया कि ट्रंप प्रशासन के सुझाए बदलावों से एलन मस्क को फ़ायदा होगा.

    मस्क के बचाव में उतरे राष्ट्रपति ट्रंप ने अमेरिकी चैनल फॉक्स न्यूज़ को बताया, “उनको (मस्क) इससे कुछ भी नहीं मिल रहा है. बल्कि, मैं तो यह सोचकर हैरान रह जाता हूं कि वो इसके लिए समय कैसे निकालते हैं.”

    ट्रंप ने कहा कि मस्क का महकमा 'डिपार्टमेंट ऑफ़ गवर्नमेंट एफ़िशियंसी' मिलिटरी और शिक्षा विभाग के ख़र्चों की जांच करेगा. संभव है कि अगले ‘24 घंटों’ में यह काम हो जाए.

    ट्रंप ने कहा, “मिलिटरी में हम अरबों डॉलर के घोटालों का पता लगाने वाले हैं. इसी बात के लिए लोगों ने मुझे चुना है.”

  4. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता हिमांशु दुबे अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    फ़िलहाल बीबीसी हिंदी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.