You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

भारत ने इंग्लैंड को 5 विकेट से हराया, दूसरे वनडे में रोहित, शुभमन गिल ने जोड़े 179 रन

भारत और इंग्लैंड के बीच रविवार को खेले गए दूसरे वनडे मैच में भारत ने इंग्लैंड को 5 विकेट से शिकस्त दे दी है.

सारांश

लाइव कवरेज

हिमांशु दुबे, इफ़्तेख़ार अली

  1. दिल्ली चुनाव में बीजेपी नेता प्रवेश वर्मा ने पार्टी की जीत को लेकर अब क्या कहा

    दिल्ली विधानसभा चुनाव में जीत के बाद बीजेपी नेता प्रवेश वर्मा ने एक बार फिर बयान दिया है.

    उन्होंने रविवार को कहा, “भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुझे मौका दिया कि मैं नई दिल्ली से चुनाव लड़ूं. हमारे दिल्ली के सारे विधायक जो बने हैं, उनको बहुत-बहुत बधाई.”

    दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे 8 फ़रवरी को घोषित हो गए. इसमें भाजपा ने 48 सीटें जीतीं जबकि आम आदमी पार्टी 22 सीटें जीत पाई. 27 साल बाद दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को पूर्ण बहुमत मिला है.

    प्रवेश वर्मा ने नई दिल्ली विधानसभा सीट पर आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल और कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित को हराकर यहां जीत दर्ज की है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, प्रवेश वर्मा ने कहा, “बाहरी दिल्ली की सारी सीटें बीजेपी की झोली में गई हैं. एक बार फिर से 1993 की याद ताज़ा हो गई है. मैं पूरी बाहरी दिल्ली को, गांव-देहात को हाथ जोड़कर धन्यवाद करता हूं कि आपने एक-एक सीटें भारतीय जनता पार्टी को जिताई और हमारी सरकार बनी.”

    उन्होंने कहा, “ये सरकार दिल्ली देहात के लिए अच्छा काम करेगी. पूरी दिल्ली के लिए अच्छा काम करेगी. जो भी काम हमारे नेता डॉ. साहिब सिंह वर्मा के अधूरे रह गए थे, जो उनके सपने थे, वो सारे कामों को पूरा करेंगे.”

    “हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विज़न को आगे बढ़ाएंगे. दिल्ली में लेकर आएंगे. बहुत सारे काम करने हैं. बहुत सारी चुनौतियां हैं. मेरे गांव का हमेशा बहुत आशीर्वाद रहता है. आपने मेरे चुनाव में आकर काम किया. उसका भी बहुत-बहुत धन्यवाद.”

  2. दिल्ली चुनाव में आप की हार पर गोवा पार्टी चीफ़ ने कांग्रेस को लेकर ये बात कही

    दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे 8 फ़रवरी को घोषित हुए. इसमें भाजपा ने 48 सीटें जीतीं जबकि आम आदमी पार्टी केवल 22 सीटें जीत पाई.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, आम आदमी पार्टी गोवा के अध्यक्ष अमित पालेकर ने कहा कि ‘आप’ और कांग्रेस को मिलकर चुनाव लड़ना था.

    पालेकर ने कहा कि नतीजे अप्रत्याशित थे, मगर आम आदमी पार्टी ने जनता का फ़ैसला स्वीकार किया है.

    उन्होंने कहा, “कुछ विधानसभाओं में हार के अंतर को देखें, तो लगता है कि यदि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी साथ मिलकर चुनाव लड़ते, तो इससे मदद मिल सकती थी.”

    इससे पहले, बीजेपी नेता प्रदीप भंडारी ने भी कांग्रेस और ‘आप’ को लेकर टिप्पणी की थी. उन्होंने कहा था, “यह साबित हो चुका है कि जिसने थामा कांग्रेस का हाथ, उसका हुआ सर्वनाश.”

  3. दिल्ली के चुनावी नतीजों के बाद बीजेपी नेता कांग्रेस और ‘आप’ पर क्या बोले?

    दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में बीजेपी को मिली जीत के बाद बीजेपी नेता प्रदीप भंडारी ने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधा है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, उन्होंने कहा कि यह साबित हो चुका है कि जो भी कांग्रेस से हाथ मिलाएगा, उसका अंत हो जाएगा.

    भंडारी ने कहा, “यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के गुड गवर्नेंस और विकास की जीत है. साथ ही यह साबित हो चुका है कि जिसने थामा कांग्रेस का हाथ, उसका हुआ सर्वनाश."

    "कांग्रेस पार्टी, जैसा प्रधानमंत्री मोदी जी ने कहा था कि एक परजीवी पार्टी बन चुकी है, जो अपने इंडी अलायंस के पार्टनर की लकीर छोटी करने में लगी पड़ी है. ये तथाकथित इंडी अलायंस, जो आपस में ही लड़ता है, जिसमें देश का सर्वनाश करने के अलावा कोई कॉमन एजेंडा नहीं है.”

    “आज देश की जनता ने भले ही लोकसभा चुनाव हो, हरियाणा हो, महाराष्ट्र हो, और अब दिल्ली हो, ये साबित कर दिया है कि उसका प्रधानमंत्री मोदी की गुड गवर्नेंस पॉलिसी चाहिए.”

    दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे 8 फ़रवरी को घोषित हुए. इसमें भाजपा ने 48 जबकि आम आदमी पार्टी ने 22 सीटें जीतीं. कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत पाई.

  4. आरजी कर बलात्कार-हत्या मामला: पीड़िता के पिता ने मोहन भागवत से की मुलाक़ात

    आरजी कर बलात्कार-हत्या मामले की पीड़िता के पिता ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत से मुलाक़ात की है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, पीड़िता के पिता ने बताया कि मोहन भागवत ने कहा है कि वो न्याय दिलाने के लिए कोशिश करेंगे.

    पीड़िता के पिता ने बताया, “हम सुबह ग्यारह बजे उनसे मिले थे. हमारी मुलाक़ात आधा घंटा चली. उन्होंने (भागवत) बताया कि वो इस केस के बारे में थोड़ा-थोड़ा जानते थे. लेकिन, इसके अंदर क्या है, यह उनको नहीं मालूम था.

    उन्होंने बताया, “हम देखेंगे कि आपको कैसे न्याय मिले? हम कोशिश करेंगे आपको न्याय दिलाने के लिए. हमने उनको एक ख़त दिया है, और जिनको हम संदेह के नज़रिए से देखते हैं, उन नामों की एक लिस्ट भी उनको दिया है.

    “उन्होंने (भागवत) कहा है कि हम देखेंगे. छानबीन करेंगे और आपको न्याय मिले, हम कोशिश करेंगे. उन्होंने बोला है, तो भरोसा तो रखना ही पड़ेगा. हम न्याय के लिए हर संभव अपील करेंगे.”

    क्या है आरजी कर केस?

    9 अगस्त, 2024 को 31 साल की एक महिला ट्रेनी डॉक्टर का शव आरजी कर अस्पताल के कॉन्फ़्रेंस रूम में मिला था. जांच में पता चला था कि इस डॉक्टर का पहले बलात्कार किया गया और फिर उनकी हत्या कर दी गई थी.

    इस घटना के बाद कोलकाता में प्रदर्शन शुरू हो गए थे. दो महीने से भी ज़्यादा समय तक राज्य में स्वास्थ्य सेवाएं ठप रहीं थीं. 18 जनवरी को कोलकाता के सियालदह कोर्ट ने इस मामले में फ़ैसला सुनाया था.

    अदालत ने दोषी संजय रॉय को भारतीय न्याय संहिता की धारा 64 और 103 (1) के तहत दोषी ठहराया था.

    अदालत ने कहा था कि दोषी संजय रॉय को उसकी मौत होने तक जेल में ही रहना होगा. संजय रॉय पर 50 हज़ार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया.

    जज ने राज्य सरकार को पीड़िता के परिवार को 17 लाख रुपये बतौर मुआवज़ा देने के आदेश भी दिए.

  5. ट्रंप सरकार में मंत्रालय संभाल रहे एलन मस्क को जज ने कैसे दिया झटका?

    अमेरिका में अदालती दस्तावेज़ों के अनुसार, एक फ़ेडरल जज ने एलन मस्क के डिपार्टमेंट ऑफ़ गवर्नमेंट एफ़िशियेंसी को ट्रेज़री विभाग के रिकॉर्ड में मौजूद लाखों अमेरिकियों के पर्सनल फाइनेंस डाटा तक पहुंचने से रोक दिया है.

    अमेरिका के डिस्ट्रिक्ट जज पॉल ए. एंगेलमेयर ने शनिवार को इस संबंध में प्रारंभिक आदेश जारी किया. इसमें एलन मस्क और उनकी टीम को यह आदेश दिया गया कि रिकॉर्ड की किसी भी प्रति को तुरंत नष्ट करें.

    दरअसल, ट्रंप प्रशासन ने एलन मस्क के नेतृत्व में चलाए जा रहे डिपार्टमेंट ऑफ़ गवर्नमेंट एफ़िशियेंसी को ट्रेज़री विभाग से जुड़े रिकॉर्ड तक पहुंचने की अनुमति दे दी थी. मस्क का विभाग 'कॉस्ट कटिंग' पर काम कर रहा है.

    इस मामले में 19 स्टेट अटॉर्नी जनरल ने ट्रंप प्रशासन पर मुक़दमा दायर किया था, जिसके बाद जज की ओर से यह आदेश दिया गया है.

    जज ने यह तर्क दिया कि मस्क एक 'विशेष सरकारी कर्मचारी' और 'डिपार्टमेंट ऑफ़ गवर्नमेंट एफ़िशियेंसी' एक आधिकारिक सरकारी विभाग नहीं है. ऐसे में ट्रेज़री विभाग तक उनकी पहुंच संघीय क़ानून का उल्लंघन है.

    हालांकि, एक्स पर लिखी एक पोस्ट में एलन मस्क ने इस फ़ैसले को लेकर लिखा कि यह बिल्कुल अक़्लमंदी वाली बात नहीं है.

  6. हमास ने तीन इसराइली बंधकों को छोड़ा, इसराइल ने 183 फ़लस्तीनियों को किया रिहा

    हमास ने शनिवार को ग़ज़ा में तीन इसराइली बंधकों को रिहा कर दिया. इसके बदले में इसराइल ने 183 फ़लस्तीनी क़ैदियों को रिहा किया.

    इन तीन बंधकों में एली शराबी, ऑर लेवी और ओहद बिन अमी शामिल हैं. इन तीनों को शनिवार सुबह रेड क्रॉस को सौंपा गया.

    इस साल 19 जनवरी को युद्ध विराम की शुरुआत हुई थी. तब से लेकर अब तक 21 बंधकों के बदले 566 क़ैदियों को रिहा किया जा चुका है.

    तीन सप्ताह में युद्ध विराम के पहले चरण के अंत तक 33 बंधकों और 1900 क़ैदियों को रिहा किए जाने की संभावना है.

    इसराइल का कहना है कि 33 बंधकों में से आठ की मौत हो चुकी है.

  7. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता हिमांशु दुबे अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    फ़िलहाल बीबीसी हिंदी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.

    केजरीवाल को हराने वाले प्रवेश वर्मा के अलावा और कौन हो सकते हैं सीएम पद के दावेदार

    दिल्ली में बीजेपी का 27 साल का 'वनवास' ख़त्म, ये रहीं जीत की वजहें

    अरविंद केजरीवाल को दिल्ली के लोगों ने दिल से क्यों निकाला, बीजेपी कैसे पड़ी भारी

    मुस्तफ़ाबाद सीट पर ओवैसी की पार्टी ने कैसे बिगाड़े आम आदमी पार्टी के समीकरण?