बिहार: पूरा हुआ पहले चरण का मतदान, चुनाव आयोग ने बताया कितने प्रतिशत वोटिंग हुई?

चुनाव आयोग की ओर से जारी प्रेस नोट में बताया गया है कि पहले चरण में बिहार में कुल 64.66 प्रतिशत वोटिंग हुई है.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली और सुरभि गुप्ता

  1. बिहार: पटना में अब तक सबसे कम वोटिंग, जानिए कहां पर सबसे ज़्यादा हुआ मतदान

    बिहार विधानसभा चुनाव

    बिहार में विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग जारी है. चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक़, सुबह 11 बजे तक बिहार में 27.65 फ़ीसदी मतदान हुआ है.

    जारी आंकड़ों के मुताबिक़, बिहार के बेगूसराय में सबसे ज़्यादा 30.37 मतदान हुआ.

    वहीं राजधानी इस सूची में सबसे पीछे है. 11 बजे तक पटना में 23.71 फ़ीसदी मतदान हुआ.

    बिहार में आज यानी गुरुवार को पहले चरण में 18 ज़िलों की 121 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं.

    20 ज़िलों के 122 विधानसभा क्षेत्रों में दूसरे चरण के लिए 11 नवंबर को वोट डाले जाएंगे. 14 नवंबर को नतीजों का एलान होगा.

  2. आरजेडी ने लगाया 'स्लो वोटिंग' का आरोप, चुनाव आयोग ने दिया यह जवाब

    तेजस्वी यादव

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, आरजेडी के आरोपों पर चुनाव आयोग ने प्रतिक्रिया दी है

    राष्ट्रीय जनता दल ने बिहार विधानसभा चुनाव में कई बूथों पर बिजली काटने का आरोप लगाया है.

    हालांकि चुनाव आयोग ने आरजेडी के आरोपों को 'भ्रामक' बताया है.

    आरजेडी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर कहा, "पहले चरण की वोटिंग के मध्य में महागठबंधन के मज़बूत बूथों पर धीमा मतदान करने के उद्देश्य से बीच-बीच में बिजली काट दी जा रही है. जानबूझकर स्लो वोटिंग कराई जा रही है."

    आरजेडी ने कहा, "कृपया चुनाव आयोग ऐसी धांधली, बुरी नीयत और दुर्भावनापूर्ण इरादों का अविलंब संज्ञान लेकर त्वरित कार्रवाई करे."

    इस पर चुनाव आयोग ने क्या जवाब दिया?

    चुनाव आयोग ने आरजेडी के आरोप पर जवाब देते हुए कहा, "यह आरोप पूरी तरह निराधार और भ्रामक है. बिहार में सभी मतदान केन्द्रों पर सुचारू रूप से मतदान चल रहा है."

    बयान में आगे कहा गया, "भारत निर्वाचन आयोग मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और निर्बाध बनाने के लिए सभी मानक प्रोटोकॉल का पालन कर रहा है. ऐसे भ्रामक प्रचार का कोई आधार नहीं है."

  3. ज़ोहरान ममदानी पर बोले ट्रंप- 'वो ख़राब शुरुआत कर रहे हैं'

    डोनाल्ड ट्रंप और ज़ोहरान ममदानी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चुनाव से पहले ज़ोहरान ममदानी को वोट न देने की अपील की थी

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने न्यूयॉर्क सिटी के नवनिर्वाचित मेयर ज़ोहरान ममदानी के जीत के बाद दिए गए भाषण को 'बहुत गुस्से वाला' बताया है.

    ट्रंप का कहना है कि ममदानी शुरुआत से ही ग़लत दिशा में जा रहे हैं और अगर वो वॉशिंगटन के प्रति सम्मान नहीं रखेंगे, तो उनके सफल होने की कोई संभावना नहीं है.

    फॉक्स न्यूज़ से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, "मुझे लगा उनका भाषण बहुत गुस्से वाला था, ख़ासकर मेरे ख़िलाफ़."

    उन्होंने कहा, "उन्हें मेरे साथ अच्छा व्यवहार करना चाहिए, क्योंकि कई चीज़ों को मंज़ूरी देने की ज़िम्मेदारी मेरी है. वो एक ख़राब शुरुआत करने की ओर हैं."

    न्यूयॉर्क का मेयर चुनाव जीतने के बाद ज़ोहरान ममदानी ने ट्रंप की ओर इशारा करते हुए कहा था, "जो लोग उन्हें कामयाब बना सकते हैं वही लोग उन्हें हरा भी सकते हैं."

    ट्रंप ने कहा था कि ज़ोहरान ममदानी मेयर बने तो न्यूयॉर्क को फ़ंड देना उनके लिए मुश्किल होगा.

  4. बिहार: खेसारी लाल यादव ने कहा, 'राम मंदिर ही नहीं वो सब बने जिसकी लोगों को ज़रूरत'

    खेसारी लाल यादव

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, खेसारी लाल यादव छपरा विधानसभा से आरजेडी के उम्मीदवार हैं

    छपरा विधानसभा से राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के उम्मीदवार खेसारी लाल यादव ने बिहार विधानसभा चुनाव को अपनी ज़िंदगी की दूसरी पारी बताया है.

    पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा, "यह मेरे जीवन की दूसरी पारी है, और मेरे ऊपर लोगों का प्यार है, तो शायद बेहतर ही होगा.

    खेसारी लाल यादव ने कहा, "मैं चाहता हूं कि सिर्फ़ राम मंदिर ही नहीं, सब कुछ बनना चाहिए जो लोगों की ज़रूरत है."

    सारण लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली छपरा विधानसभा सीट को बीजेपी का मज़बूत गढ़ माना जाता है.

    पिछले तीन विधानसभा चुनावों 2010, 2015 और 2020 में यहां बीजेपी ने जीत दर्ज की थी. बीजेपी के सी. एन. गुप्ता 2015 और 2020 में छपरा से विधायक रहे.

    इस बार मुक़ाबला दो नए चेहरों के बीच है. बीजेपी ने छोटी कुमारी को उम्मीदवार बनाया है, जो पहले ज़िला परिषद की अध्यक्ष रह चुकी हैं. उनके पति धर्मेंद्र साह बीजेपी के ज़िला महामंत्री हैं.

    वहीं आरजेडी ने इस सीट से भोजपुरी अभिनेता और गायक खेसारी लाल यादव को मैदान में उतारा है.

    पहले इस सीट से खेसारी की पत्नी चंदा देवी को उम्मीदवार बनाया जाना तय माना जा रहा था, लेकिन आख़िरी पलों में पार्टी ने टिकट खेसारी को दे दिया.

  5. बिहार चुनाव: राबड़ी देवी ने तेज प्रताप और तेजस्वी यादव के बारे में क्या कहा?

    राबड़ी देवी

    इमेज स्रोत, ANI

    आरजेडी नेता और बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने अपने दोनों बेटों (तेज प्रताप यादव और तेजस्वी यादव) को चुनाव के लिए आशीर्वाद दिया है.

    राबड़ी देवी ने कहा, "दोनों बेटों को मां की शुभकामना है. वे (तेज प्रताप यादव) अपने पैर पर खड़ा होकर लड़ रहे हैं, दोनों को आशीर्वाद है."

    मतदान केंद्र पर पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, "सभी मतदाताओं से अपील है कि वोट डालें."

    दरअसल, आरजेडी से बाहर किए जाने के बाद तेज प्रताप यादव ने अपनी नई पार्टी बना ली है. उनकी पार्टी का नाम 'जनशक्ति जनता दल' है.

    तेज प्रताप महुआ सीट से चुनाव लड़ रहे हैं और उनके सामने मुकेश रौशन आरजेडी के उम्मीदवार हैं, जो पिछली बार इस सीट से जीते थे.

    चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक़ सुबह 9 बजे तक बिहार में 13.13 फ़ीसदी मतदान हुआ है.

    राजधानी पटना में सबसे कम 11.22 प्रतिशत मतदान हुआ.

  6. वोट डालने के बाद तेजस्वी यादव और ललन सिंह ने क्या कहा?

    तेजस्वी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, तेजस्वी राघोपुर से चुनाव लड़ रहे हैं और उनके सामने बीजेपी के सतीश कुमार सिंह हैं

    राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) नेता और महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत मतदान किया.

    मतदान करने के बाद उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "हम तो यही कहेंगे कि बदलाव कीजिए, नया बिहार बनाएं, नई सरकार बनाएं."

    वहीं केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन उर्फ़ ललन सिंह ने मतदान करने के बाद कहा, "यह लोकतंत्र का महापर्व है और हम सभी को मतदान करना चाहिए, पहले मतदान फिर जलपान."

    उन्होंने कहा, "कहीं कोई दिक्कत नहीं है. बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में पूरी मज़बूती के साथ फिर से एनडीए की सरकार बनेगी."

  7. बिहार चुनाव: वोटिंग का पहला चरण, देखिए तस्वीरें

    बिहार विधानसभा चुनाव

    इमेज स्रोत, Shahnawaz Ahmad/BBC

    इमेज कैप्शन, बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत आज वोट डाले जा रहे हैं
    बिहार विधानसभा चुनाव

    इमेज स्रोत, Shahnawaz Ahmad/BBC

    इमेज कैप्शन, पहले चरण में 6 नवंबर को 18 ज़िलों की 121 विधानसभा सीटों पर वोटिंग हो रही है
    बिहार विधानसभा चुनाव

    इमेज स्रोत, Shahnawaz Ahmad/BBC

    इमेज कैप्शन, इस चरण में 1,314 उम्मीदवारों के लिए वोटर वोट डालेंगे
    बिहार विधानसभा चुनाव

    इमेज स्रोत, Shahnawaz Ahmad/BBC

    इमेज कैप्शन, ज़्यादातर बड़े चेहरों की सीटें पहले चरण की वोटिंग में ही कवर हो रही हैं
    बिहार विधानसभा चुनाव

    इमेज स्रोत, Shahnawaz Ahmad/BBC

    इमेज कैप्शन, बिहार में इस बार के विधानसभा चुनावों में भी सीधा मुक़ाबला एनडीए और विपक्षी महागठबंधन के बीच माना जा रहा है
    बिहार विधानसभा चुनाव

    इमेज स्रोत, Shahnawaz Ahmad/BBC

    इमेज कैप्शन, शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए चुनाव आयोग ने कड़े सुरक्षा इंतज़ाम किए हैं
    बिहार विधानसभा चुनाव
    इमेज कैप्शन, राजधानी पटना में भी वोट डाले जा रहे हैं (तस्वीर: बांकीपुर विधानसभा)
    बिहार विधानसभा चुनाव
    इमेज कैप्शन, इस चरण में बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा, और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी यादव जैसे बड़े चेहरे शामिल हैं (तस्वीर: बख्तियारपुर विधानसभा क्षेत्र)
  8. बिहार में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान शुरू, उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने क्या कहा?

    बिहार विधानसभा चुनाव

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, विधानसभा चुनाव के पहले चरण में वोट डालने पहुंची एक बुजु़र्ग महिला

    बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में 18 ज़िलों की 121 सीटों पर कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू हो चुका है.

    इस चरण में एक हज़ार 314 उम्मीदवारों के लिए वोटर वोट डाल रहे हैं. सुबह से ही लोग मतदान के लिए पोलिंग बूथों पर पहुंच रहे हैं.

    विजय कुमार सिन्हा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, बिहार के उपमुख्यमंत्री और लखीसराय सीट से बीजेपी उम्मीदवार विजय कुमार सिन्हा

    विजय सिन्हा ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, "हर बिहारी सब पर भारी बने, ये भाव से हमें लोकतंत्र के महापर्व में भागीदारी करनी चाहिए."

    बिहार

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, वोट डालने के लिए वैशाली में एक बुजु़र्ग महिला को मतदान केंद्र पर ले जाते हुए उनका परिवार
    बुजु़र्ग दंपति

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पहले चरण में मतदान के बाद एक बुजु़र्ग दंपति
  9. न्यूयॉर्क में 'यहूदी विरोधी' घटना पर ज़ोहरान ममदानी ने ये कहा

    ज़ोहरान ममदानी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ज़ोहरान ममदानी ने ब्रुकलिन में हुई घटना पर प्रतिक्रिया दी है

    अमेरिका में न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन में एक यहूदी धार्मिक स्कूल (येशिवा) की दीवार पर एक धार्मिक चिह्न को लेकर विवाद पैदा हो गया है.

    ये घटना ज़ोहरान ममदानी के न्यूयॉर्क सिटी के मेयर चुने जाने के बाद हुई. इस घटना पर ममदानी ने भी प्रतिक्रिया दी है.

    न्यूयॉर्क पोस्ट के मुताबिक़, सुरक्षा कर्मियों ने जब मैकडॉनल्ड एवेन्यू स्थित मैगन डेविड येशिवा की खिड़की और पिलर्स पर लाल रंग से बने चिह्न देखे, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को बुला लिया.

    इसी घटना पर ज़ोहरान ममदानी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "यह एक बेहद घृणित और दिल तोड़ देने वाली यहूदी-विरोधी हरकत है, और हमारे खूबसूरत शहर में इसकी कोई जगह नहीं है."

    उन्होंने कहा, "मेयर के तौर पर, मैं हमेशा अपने यहूदी समुदाय के साथ मज़बूती से खड़ा रहूंगा, ताकि शहर से इस तरह की नफ़रत को पूरी तरह ख़त्म किया जा सके."

    पुलिस ने इस मामले में अब तक किसी की गिरफ़्तारी नहीं की है.

  10. बिहार विधानसभा चुनाव: पहले चरण की वोटिंग आज

    बिहार

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बिहार में दो चरणों में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं

    बिहार में विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान आज यानी गुरुवार (6 नवंबर) को होने जा रहा है. अब से कुछ ही देर में वोटिंग शुरू होगी.

    पहले चरण में 18 ज़िलों की 121 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जाएंगे. राजधानी पटना में भी इसी चरण में चुनाव होने हैं.

    इस चरण में बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा, और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी यादव जैसे बड़े चेहरे शामिल हैं.

    शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए चुनाव आयोग ने कड़े सुरक्षा इंतज़ाम किए हैं. वहीं संवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है.

    20 ज़िलों के 122 विधानसभा क्षेत्रों में दूसरे चरण के लिए 11 नवंबर को वोट डाले जाएंगे. 14 नवंबर को नतीजों का एलान होगा.

    ये भी पढ़ें:

  11. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.