पहले इंटरव्यू में ज़ोहरान ममदानी ने कहा- ट्रंप तो धमकियां देंगे ही

न्यूयॉर्क के मेयर पद का चुनाव जीतने के बाद अपने पहले इंटरव्यू में, ज़ोहरान ममदानी ने एबीसी न्यूज़ को बताया कि उनकी जीत एक "महत्वाकांक्षी एजेंडे" को आगे बढ़ाने का जनादेश है.

सारांश

लाइव कवरेज

दीपक मंडल और सुरभि गुप्ता

  1. कांग्रेस का मोदी पर तंज़, कहा- ट्रंप से ‘अक्सर बात’ करने की बात क्यों छिपा रहे

    जयराम रमेश

    इमेज स्रोत, Getty Images

    कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच ‘अक्सर होने वाली बात’ पर सवाल पूछा है.

    पिछले दिनों व्हाइट हाउस की ओर से कहा गया था कि ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी एक-दूसरे से ‘अक्सर बात करते’ हैं.

    अब जयराम रमेश ने सवाल उठाया है कि मोदी इसे सार्वजनिक रूप से स्वीकार क्यों नहीं करते. उन्होंने कहा, "वह किस बात से डर रहे हैं."

    जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री पर अमेरिका के साथ रिश्तों को लेकर तंज किया कि भारत के लोगों को यह बात केवल अमेरिकी विदेश मंत्री के 10 मई को शाम 5:37 बजे किए गए ऐलान से ही पता चली. जिसमें कहा गया था कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ रोक दिया गया है.

    रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, “अब व्हाइट हाउस की प्रवक्ता कैरोलाइन लेविट के बयान से भारत के लोगों को यह जानकारी मिली है कि राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी आपस में व्यापार (या समझौते) पर बार-बार बातचीत कर रहे हैं.”

  2. ममदानी का ट्रंप पर निशाना, कहा- ‘जो कामयाब बनाते हैं वही हरा भी सकते हैं’

    ज़ोहरान ममदानी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    न्यूयॉर्क का मेयर चुनाव जीतने के बाद ज़ोहरान ममदानी ने अपने आधे घंटे लंबे भाषण में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर निशाना साधा है.

    ममदानी ने ट्रंप की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘’जो लोग उन्हें कामयाब बना सकते हैं वही लोग उन्हें हरा भी सकते हैं.’’

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चुनाव से पहले ज़ोहरान ममदानी को वोट न देने की अपील की थी.

    ट्रंप ने कहा था कि ज़ोहरान ममदानी मेयर बने तो न्यूयॉर्क को फ़ंड देना उनके लिए मुश्किल होगा.

    ममदानी ने फ़्री बस सेवा, यूनिवर्सल चाइल्डकेयर और बढ़ती महंगाई को काबू करने समेत अपने सभी चुनावी वादों को पूरा करने की बात कही.

    ट्रंप ने कहा था कि अगर वामपंथी रुझान वाले ज़ोहरान ममदानी न्यूयॉर्क सिटी के मेयर चुने जाते हैं, तो उनके लिए न्यूयॉर्क को फ़ेडरल फ़ंड भेजना 'मुश्किल' होगा.

    टेलीविज़न इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा था, "राष्ट्रपति होने के नाते न्यूयॉर्क को बहुत ज़्यादा पैसा भेजना मेरे लिए मुश्किल होगा, क्योंकि अगर न्यूयॉर्क एक कम्युनिस्ट के हाथ में चला गया, तो वहां भेजा जाने वाला पैसा बेकार जाएगा."

    ट्रंप प्रशासन पहले भी कई बार डेमोक्रेट्स के नियंत्रण वाले इलाक़ों में चल रहे प्रोजेक्ट्स की फ़ेडरल फ़ंडिंग कम करने की कोशिश कर चुका है.

  3. राहुल गांधी आज करेंगे प्रेस कॉन्फ़्रेंस, ‘हाइड्रोजन बम फोड़ने’ का दावा

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, राहुल गांधी 'वोट चोरी' का आरोप लगाते रहे हैं. इसके लिए वो चुनाव आयोग को जिम्मेदार ठहराते हैं.

    लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी आज दोपहर 12 बजे एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस करने जा रहे हैं.

    माना जा रहा है कि कांग्रेस मुख्यालय में होने वाली इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में वह 'हाइड्रोजन बम' वाला दावा सामने ला सकते हैं.

    अपनी पिछली दो प्रेस कॉन्फ़्रेंस में उन्होंने चुनाव में ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाया था. इसके लिए उन्होंने चुनाव आयोग पर कई आरोप लगाए थे.

    राहुल गांधी ने 1 सितंबर को बीजेपी को चेतावनी दी थी कि वो एक बड़ा धमाका करने जा रहे हैं.

    राहुल ने इसे 'हाइड्रोजन बम' का नाम दिया था.

    उन्होंने कहा था कि वोट चोरी वाला 'हाइड्रोजन बम' बाद में फूटेगा.

    बिहार चुनाव के पहले चरण की वोटिंग से ठीक पहले राहुल की इस प्रेस कॉन्फ़्रेंस को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं कि आख़िर वो इसमें क्या बताएंगे.

  4. बिल और हिलेरी क्लिंटन ने ज़ोहरान ममदानी को दी बधाई

    बिल क्लिंटन और हिलेरी क्लिंटन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन ने ज़ोहरान ममदानी को न्यूयॉर्क का मेयर चुनाव जीतने पर बधाई दी है.

    क्लिंटन ने कहा, ‘’ ज़ोहरान ममदानी आपको न्यूयॉर्क का मेयर बनने पर बधाई. मैं आपको शुभकामनाएं देता हूं कि आप अपने अभियान के जोश और जुनून को एक बेहतर, अधिक न्यायपूर्ण और अधिक सुलभ न्यूयॉर्क बनाने की कोशिश में बदल दें.''

    बिल क्लिंटन की पत्नी और पूर्व अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने भी ज़ोहरान ममदानी को बधाई दी है.

    उन्होंने लिखा, ''इस साल न्यूयॉर्क सिटी के चुनाव में पिछले 50 वर्षों की तुलना में अधिक लोगों ने मतदान किया. यह लोकतंत्र की जीत है और ज़ोहरान ममदानी के प्रेरणादायक अभियान का सबूत भी. दुनिया के सबसे महान शहर के अगले मेयर को बधाई!''

    सीबीएस के मुताबिक, 34 साल के ममदानी 100 साल से भी अधिक समय में न्यूयॉर्क के सबसे युवा और पहले मुसलमान और दक्षिण एशियाई मूल के मेयर होंगे.

  5. नेपाल में हिमस्खलन: कम से कम सात पर्वतारोहियों की मौत, कई और लोगों के दबे होने की आशंका

    नेपाल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, मरने वालों में पांच विदेशी नागरिक हैं

    नेपाल में हिमस्खलन से कम से कम सात पर्वतारोहियों की मौत हो गई है. इनमें पांच विदेशी और दो नेपाली नागरिक शामिल हैं.

    ये हादसा पूर्वी नेपाल में हुआ, जहां हिमस्खलन की वजह से इन लोगों की मौत हुई. इस बात की पुष्टि सेवन समिट ट्रेक्स अभियान एजेंसी ने की है.

    यह हादसा सोमवार सुबह स्थानीय समयानुसार नौ बजे दोलखा ज़िले में स्थित यालुंग री पर्वत के बेस कैंप के पास हुआ.

    राहतकर्मियों ने दो शव बरामद कर लिए हैं, जबकि बाकी पांच पर्वतारोहियों की तलाश अब भी जारी है. माना जा रहा है कि वे बर्फ के नीचे दबे हो सकते हैं.

    आठ अन्य पर्वतारोहियों को बचा लिया गया है और उन्हें राजधानी काठमांडू ले जाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.

    ज़िला पुलिस प्रमुख ने बीबीसी नेपाली सेवा को बताया कि सभी पर्वतारोही उस समूह का हिस्सा थे, जो हिमस्खलन होने से करीब एक घंटे पहले चढ़ाई के लिए निकला था.

  6. अमेरिका के केंटकी में कार्गो विमान दुर्घटनाग्रस्त, तीन की मौत

    अमेरिका

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिका में केंटकी में यूपीएस कार्गो का जो विमान हादसे का शिकार हुआ उसमें 38 हजार गैलन ईंधन भरा हुआ था

    अमेरिका में केंटकी के लुईविल एयरपोर्ट पर उड़ान भरने के दौरान यूपीएस कार्गो का एक विमान हादसे का शिकार हो गया.

    इस दौरान विमान में आग लग गई. अब तक तीन लोगों के मौत की पुष्टि हो चुकी है. कम से कम 11 लोग घायल हैं और उनका इलाज चल रहा है, जबकि कई लोग लापता बताए जा रहे हैं.

    आग की लपटें दूर से देखी जा रही हैं. आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों को घरों के अंदर रहने की सलाह दी गई है.

    दुर्घटनाग्रस्त विमान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, दुर्घटनाग्रस्त विमान में 38 हजार गैलन ईंधन भरा हुआ था

    विमान में करीब 38,000 गैलन ईंधन भरा हुआ था, जो धमाके के बाद आग की लपटों में बदल गया और पास के कारोबारी प्रतिष्ठान भी इसकी चपेट में आ गए.

    यूपीएस ने बताया कि विमान में चालक दल के तीन सदस्य सवार थे.

    यूएस फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन मुताबिक़, हवाई जा रही फ़्लाइट 2976 स्थानीय समयानुसार शाम सवा बजे हादसे का शिकार हुई.

  7. फ़िलीपींस में कालमेगी तूफ़ान से अब तक 52 लोगों की मौत, लाखों लोगों का पलायन

    फ़िलीपींस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, फ़िलीपींस में कालमेगी तूफ़ान से आई बारिश के बाद घरों के डूबने से सुरक्षित जगहों की ओर जाते लोग

    फ़िलीपींस में तूफ़ान कालमेगी से अब तक 52 लोगों की मौत हो चुकी है. जबकि लाखों लोग अपने घरों से पलायन कर गए हैं. तेरह लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं.

    तूफ़ान कालमेगी से कई बड़े इलाकों में बाढ़ आ गई है. बाढ़ से सबसे ज्यादा तबाही बड़ी आबादी वाले मध्य द्वीप सेबू में हुई है. यहां सबसे ज़्यादा मौतें हुई हैं.

    कई वीडियो में लोग घरों की छतों पर पनाह लेते दिख रहे हैं. कारें और शिपिंग कंटेनर सड़कों पर बहते दिख रहे हैं.

    फ़िलीपींस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    आधिकारिक मृतक संख्या में सेना के उस हेलीकॉप्टर के चालक दल के छह सदस्यों को शामिल नहीं किया गया है, जो राहत कार्यों में मदद के दौरान दुर्घटना में मारे गए थे.

    ये हेलीकॉप्टर सेबू के दक्षिण में मिंडानाओ द्वीप पर हादसे का शिकार हो गया था.

    फ़िलीपींस में हर साल औसतन 20 तूफ़ान आते हैं. एक महीने पहले आए तूफ़ान में भी कई लोग मारे गए थे.

  8. न्यूयॉर्क के मेयर चुनाव के लिए वोटिंग जारी, ज़ोहरान ममदानी पर टिकी नज़रें

    जोहरान ममदानी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अमेरिका में कुछ राज्यों में गवर्नर पद के लिए और न्यूयॉर्क समेत कई शहरों में मेयर के चुनाव के लिए लाखों लोग वोटिंग कर रहे हैं.

    चुनाव नतीजों को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के शुरुआती दस महीने के कामकाज पर जनमत सर्वेक्षण माना जा रहा है.

    सबसे ज़्यादा चर्चा में न्यूयॉर्क का मेयर चुनाव है. यहां डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट उम्मीदवार ज़ोहरान ममदानी का नज़दीकी मुक़ाबला एंड्रयू कुओमो से है.

    34 साल के ममदानी अगर जीतते हैं तो वो न्यूयॉर्क के सबसे कम उम्र के मेयर होंगे. साथ ही वो न्यूयॉर्क के पहले मुस्लिम मेयर भी होंगे.

    न्यूयॉर्क मेयर चुनाव के साथ ही वर्जीनिया और न्यू जर्सी में भी लोग नया गवर्नर चुनने के लिए वोटिंग कर रहे हैं.

    ज़ोहरान ममदानी भारतीय फ़िल्म निर्देशक मीरा नायर और महमूद ममदानी के बेटे हैं. महमूद ममदानी का जन्म मुंबई में हुआ था. महमूद एकेडेमिशियन हैं.

  9. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

    तेज प्रताप से क्या आरजेडी को कुछ सीटों पर नुक़सान हो सकता है?

    स्वदेशी यात्री विमान की उड़ान कितनी दूर, रूस से क्यों है उम्मीद?

    तेहरान का 'डे ज़ीरो': शहर के एक करोड़ लोगों के पास बचा है सिर्फ़ दो हफ़्ते का पानी

    शाह बानो का परिवार तीन तलाक़ पर बनी फ़िल्म 'हक़' के ख़िलाफ़ क्यों?