You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

भारत और इंग्लैंड के बीच चौथा टेस्ट मैच ड्रॉ, जडेजा और सुंदर ने शतक लगाए

ड्रॉ के बावजूद सिरीज़ में इंग्लैंड 2-1 से आगे है. अब पाँचवां और निर्णायक टेस्ट 31 जुलाई से ओवल के मैदान में खेला जाएगा.

सारांश

लाइव कवरेज

सुरभि गुप्ता और इफ़्तेख़ार अली

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर में भगदड़, 6 लोगों की मौत की ख़बर

    उत्तराखंड के हरिद्वार में मनसा देवी मंदिर में रविवार को हुई भगदड़ में छह लोगों की मौत की ख़बर है.

    मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक़, भगदड़ की घटना में कई लोग घायल हुए हैं.

    वहीं राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पर पोस्ट करके इस घटना पर दुख जताया है.

    उन्होंने लिखा है, “हरिद्वार स्थित मनसा देवी मंदिर में भगदड़ मचने का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ है.”

    “उत्तराखंड एसडीआरएफ़, स्थानीय पुलिस और अन्य बचाव दल मौक़े पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं. इस संबंध में निरंतर स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हूं और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. माता रानी से सभी श्रद्धालुओं के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं.”

    समाचार एजेंसी एएनआई ने गढ़वाल डिवीज़न कमिश्नर विनय शंकर पांडे के हवाले से बताया है कि वह घटनास्थल के लिए रवाना हो चुके हैं और इसकी विस्तृत रिपोर्ट आना बाक़ी है.

  2. यूएई ने ग़ज़ा में हवाई सहायता तुरंत शुरू करने की घोषणा की

    संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने कहा है कि वह ग़ज़ा में हवाई सहायता पहुंचाना तुरंत शुरू कर रहा है.

    यूएई के विदेश मंत्री शेख अब्दुल्लाह बिन ज़ायद अल नाहयान ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "ग़ज़ा में मानवीय स्थिति नाज़ुक स्तर पर पहुंच गई है. संयुक्त अरब अमीरात फ़लस्तीनी लोगों तक जीवन रक्षक सहायता देने के प्रयासों में सबसे आगे है."

    "हम यह सुनिश्चित करेंगे कि आवश्यक सहायता सबसे ज़्यादा ज़रूरतमंद लोगों तक पहुँचे, चाहे वह ज़मीन, हवा या समुद्र के रास्ते हो. हवाई सहायता तुरंत फिर से शुरू हो रही है."

    बता दें कि इसराइल ने कहा है कि वो दूसरे देशों को ग़ज़ा में सहायता पहुंचाने की मंज़ूरी देगा.

  3. थाईलैंड के साथ युद्धविराम को लेकर ट्रंप के प्रस्ताव पर कंबोडिया ने क्या कहा, जोनाथन हेड और डियरबेल जॉर्डन, बीबीसी न्यूज़

    कंबोडिया ने थाईलैंड के साथ युद्धविराम के अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के प्रस्ताव का स्वागत किया है.

    कंबोडियाई प्रधानमंत्री हुन मानेत ने कहा कि उनके विदेश मंत्री अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से इस विषय पर बात करेंगे.

    वहीं थाईलैंड ने कहा कि वह युद्धविराम पर विचार करने के लिए तैयार है, लेकिन पहले बातचीत होनी चाहिए.

    इससे पहले, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा था कि उन्होंने दोनों देशों (कंबोडिया और थाईलैंड) के नेताओं से बात की है और दोनों देश 'युद्धविराम' पर सहमत हो गए हैं.

    दोनों देशों ने ट्रंप के इस प्रयास के लिए उनका आभार जताया है. हालांकि, ट्रंप के पोस्ट के बाद भी दोनों देशों के बीच सीमा पर रात भर गोलाबारी जारी रही.

    कंबोडिया और थाईलैंड के बीच लंबे समय से चल रहा सीमा विवाद इस हफ़्ते संघर्ष में बदल गया. तीन दिनों के संघर्ष में दोनों देशों के तीस से अधिक लोगों की मौत हुई है.

  4. अमेरिका: मिशिगन के सुपरमार्केट में चाक़ूबाज़ी की घटना, 11 लोग घायल, जेक लाफ़म, बीबीसी न्यूज़

    अमेरिका के मिशिगन में वॉलमार्ट सुपरमार्केट में हुई चाक़ूबाज़ी की घटना में कम से कम 11 लोग घायल हुए हैं. ये जानकारी अधिकारियों ने दी है.

    अधिकारियों ने पुष्टि की है कि ट्रैवर्स सिटी में हुई चाक़ूबाज़ी की इस घटना के बाद एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है.

    वहीं पास के मनसन मेडिकल सेंटर अस्पताल ने बताया कि वहां 11 घायलों का इलाज चल रहा है. अस्पताल के मुताबिक़ छह मरीज़ों की हालत नाज़ुक है.

    अधिकारियों ने कहा कि घटना की जांच जारी है.

  5. ग़ज़ा में मदद सामग्री गिराए जाने की इसराइल की घोषणा को नाकाफ़ी क्यों बताया जा रहा?, जो इनवुड, वर्ल्ड न्यूज़ संवाददाता

    सहायता एजेंसी के नेताओं ने ग़ज़ा में इसराइल की ओर से हवाई मार्ग से राहत सामग्री गिराए जाने को "ध्यान भटकाना" क़रार दिया है.

    इन नेताओं का कहना है कि इससे ग़ज़ा में गहराता भुखमरी का संकट दूर नहीं हो पाएगा.

    इंटरनेशनल रेस्क्यू कमिटी के किरॉन डोनेली ने कहा कि हवाई मार्ग से सहायता सामग्री गिराकर कभी भी ज़रूरी मात्रा या गुणवत्ता वाली सहायता मुहैया नहीं कराई जा सकती.

    इसराइली सेना ने रविवार को ग़ज़ा पट्टी में हवाई मार्ग से राहत सामग्री गिराए जाने की जानकारी दी थी.

    साथ ही, इसराइल डिफ़ेंस फ़ोर्सेज़ (आईडीएफ़) ने संयुक्त राष्ट्र सहायता काफिलों के लिए मानवीय गलियारों की भी घोषणा की है.

    संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और जॉर्डन की ओर से आने वाले दिनों में हवाई सहायता गिराए जाने की उम्मीद है.

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीएर स्टार्मर ने कहा है कि ब्रिटिश सरकार हवाई सहायता के ज़रिए ग़ज़ा में मदद पहुंचाने के लिए "हर संभव प्रयास" कर रही है.

    ग़ज़ा में भुखमरी

    बता दें कि 100 से अधिक अंतरराष्ट्रीय सहायता संगठनों और मानवाधिकार समूहों ने ग़ज़ा में बड़े पैमाने पर भुखमरी की चेतावनी दी है.

    हमास की ओर से संचालित ग़ज़ा स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को कुपोषण के कारण पाँच और मौतों की सूचना दी.

    स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि युद्ध शुरू होने के बाद से खाने की कमी के कारण ग़ज़ा में मरने वालों की संख्या 127 हो गई है. इनमें 85 बच्चे भी शामिल हैं.

  6. इसराइली सेना ने बताया- ग़ज़ा में हवाई मार्ग से सहायता सामग्री को गिराया जाना शुरू, रूथ कमरफ़ोर्ड, बीबीसी न्यूज़

    इसराइल की सेना ने बताया है कि उसने "हाल ही" में विमान के ज़रिए ग़ज़ा पट्टी में मानवीय मदद की आपूर्ति की है.

    इसराइली सेना का ये बयान कई हफ़्तों के अंतरराष्ट्रीय दबाव और फ़लस्तीनी क्षेत्र में बढ़ती भुखमरी की समस्या के बाद आया है.

    रविवार की सुबह एक बयान में, इसराइल डिफ़ेंस फ़ोर्सेज़ (आईडीएफ़) ने कहा कि हवाई मार्ग से पहुंचाई गई सहायता में "आटा, चीनी और डिब्बाबंद खाद्य सामग्री वाले सात पैकेज शामिल हैं."

    इससे पहले इसराइल ने कहा था कि वह ग़ज़ा में संयुक्त राष्ट्र (यूएन) के काफ़िलों को प्रवेश देने के लिए मानवीय गलियारा खोलने के लिए तैयार है.

    ग़ज़ा के 20 लाख लोगों को महीनों तक सीमित आपूर्ति के कारण यहां बड़े पैमाने पर भुखमरी की चेतावनी दी जा रही है. वहीं इसराइल ने "जानबूझकर भुखमरी फैलाने के दावों" का खंडन किया है.

    अपने एक एक्स पोस्ट में आईडीएफ़ ने ग़ज़ा में मानवीय सहायता में सुधार के लिए नए क़दम उठाए जाने की जानकारी दी है.

    आईडीएफ़ ने लिखा है, "खाद्य वितरण की ज़िम्मेदारी संयुक्त राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय सहायता संगठनों की है. इसलिए, संयुक्त राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय संगठनों से अपेक्षा की जाती है कि वे सहायता वितरण में सुधार करें और यह सुनिश्चित करें कि सहायता हमास तक न पहुँचे."

  7. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है.

    मैं बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगी.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.