भारत और इंग्लैंड के बीच चौथा टेस्ट मैच ड्रॉ, जडेजा और सुंदर ने शतक लगाए
भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही पाँच टेस्ट मैचों की सिरीज़ का चौथा मुकाबला ड्रॉ हो गया है.
मैनचेस्टर में खेले गए इस टेस्ट मैच के आख़िरी दिन इंग्लैंड ने जीत के लिए पूरी कोशिश की लेकिन भारतीय बल्लेबाज़ मैच को ड्रॉ कराने में सफल रहे.
भारत ने पहली पारी में 358/10 रन बनाए थे, जिसमें यशस्वी जायसवाल ने 58 और साई सुदर्शन ने 61 रनों का योगदान दिया था. इंग्लैंड के लिए बेन स्टोक्स ने सबसे ज़्यादा पाँच विकेट झटके.
भारत की पहली पारी के जवाब में इंग्लैंड ने 669/10 रन बनाकर 311 रनों की बढ़त हासिल की. इंग्लैंड की तरफ़ से जो रूट (150) और बेन स्टोक्स (141) ने शतक जड़े थे.
आख़िरी दिन इंग्लैंड को जीत के लिए भारत की दूसरी पारी को जल्द से जल्द समेटना था लेकिन ऐसा नहीं हो सका.
रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर के बीच हुई साझेदारी ने भारत को मैच में हार के साथ सिरीज़ हारने से भी बचा लिया. इस साझेदारी में जडेजा ने 107* और सुंदर ने 101* रन बनाए.
इससे पहले केएल राहुल ने 90 रन और कप्तान शुभमन गिल ने 103 रन बनाए थे.
इस ड्रॉ के बावजूद सिरीज़ में इंग्लैंड 2-1 से आगे है. अब पाँचवां और निर्णायक टेस्ट 31 जुलाई से ओवल के मैदान में खेला जाएगा.