यूरेनियम सप्लाई के लिए भारत ने किया ऑस्ट्रेलिया से समझौता
इमेज स्रोत, @narendramodi
इमेज कैप्शन, पीएम मोदी और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़
ऑस्ट्रेलिया ने भारत के साथ यूरेनियम आपूर्ति समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसे बेहद अहम माना जा रहा है.
इस समझौते पर बातचीत एक दशक से भी अधिक समय से चल रही थी.
प्रधानमंत्री मोदी के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ ने कहा, "आज हम साल 2015 के ऑस्ट्रेलिया-भारत परमाणु सहयोग समझौते के तहत शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए भारत को यूरेनियम निर्यात करने की व्यवस्था पर हस्ताक्षर की पुष्टि कर सकते हैं."
इसमें रक्षा, सुरक्षा सहयोग, समुद्री सुरक्षा के लिए रोडमैप, ऊर्जा सुरक्षा, परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग भी शामिल है.
ईरानी मीडिया ने बताया- अमेरिकी हमले में तीन लोगों की मौत
इमेज स्रोत, CENTCOM
इमेज कैप्शन, सेंटकॉम ने ईरानी ठिकानों पर हमले के ड्रोन वीडियो जारी किए हैं
ईरान में खुज़ेस्तान प्रांत के गवर्नर कार्यालय ने गुरुवार सुबह अहवाज़ में हुए अमेरिकी हमलों में "तीन लोगों" की मौत की जानकारी दी है.
बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, उप सुरक्षा अधिकारी वलीउल्लाह हयाती ने कहा कि इन हमलों में कई लोग घायल हुए हैं.
उनके अनुसार, इन हमलों के दौरान हुए नुक़सान का आकलन किया जा रहा है.
ईरान की समाचार एजेंसी आईआरएनए ने यह भी बताया कि अहवाज़ शहर पर हुए हमलों के ख़िलाफ़ सशस्त्र बलों के रक्षात्मक अभियानों में रिवोल्यूशनरी गार्ड एयरोस्पेस फ़ोर्स के एक जवान की मौत हो गई.
इस बीच, ईरान रेलवे ने घोषणा की है कि गुरुवार सुबह तेहरान-मशहद रेलवे लाइन के एक प्वाइंट पर हुए हमले के बाद इस रूट पर यात्री ट्रेनों का संचालन निलंबित कर दिया गया है.
अमेरिकी सेना का कहना है कि उसने बीती रातों में दो चरणों में ईरान में 170 ठिकानों पर हमले किए हैं.
ईरान युद्ध: खाड़ी के कई देशों ने जारी की हमले की चेतावनी, लोगों से किया ये आग्रह
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, ईरान में कई जगहों पर विस्फोटों की आवाज़ें सुनाई दी हैं
ईरान पर अमेरिका की ओर से नए हवाई हमले शुरू करने के बाद, खाड़ी क्षेत्र के कई देशों से हमलों की ख़बरें सामने आई हैं.
ईरान के सैन्य जनसंपर्क विभाग ने घोषणा की है कि उसने अमेरिकी हमलों के जवाब में कुवैत, क़तर और बहरीन में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया है.
इससे पहले बहरीन के गृह मंत्रालय ने ऐसे हमले के बारे में एक्स पर कई पोस्ट किए. उसने लिखा, ''सुरक्षा की वजहों से अलार्म सक्रिय कर दिया गया है. हम देश के लोगों से आग्रह करते हैं कि वे शांत रहें और क़रीबी सुरक्षित ठिकानों में शरण लें.''
कुवैत आर्मी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "कुवैत का एयर डिफ़ेंस सिस्टम इस समय दुश्मन की मिसाइल और ड्रोन हमलों का जवाब दे रहा है. सेना के जनरल स्टाफ ने कहा है कि यदि विस्फोट की आवाज़ें सुनाई दें, तो वे एयर डिफ़ेंस सिस्टम की ओर से दुश्मन के हमलों को रोकने की कार्रवाई का हिस्सा हैं."
पोस्ट में कहा गया है, "सभी लोगों से अनुरोध है कि संबंधित अधिकारियों की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें."
कुवैत सेना के जनरल कमांड ने नागरिकों और देश में रहने वाले लोगों से अपील की है कि वे इंटरसेप्शन कार्रवाई के दौरान गिरे मलबे के पास न जाएं. साथ ही, मलबे की तस्वीरें या वीडियो न लें और उन्हें किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा या प्रसारित न करें, ताकि सार्वजनिक सुरक्षा बनी रहे.
जनरल कमांड ने यह भी कहा है कि सभी लोग संबंधित अधिकारियों की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और जानकारी केवल अधिकृत स्रोतों से लें.
ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बग़र ग़ालिबाफ़ ने अमेरिकी हमलों पर प्रतिक्रिया देते हुए एक्स पर लिखा, "अमेरिका ने अब तक यह नहीं सीखा है कि धमकाने और अपने वादे तोड़ने की क़ीमत अब चुकानी पड़ती है. मैं साफ़ शब्दों में कहता हूं- अगर आप हमला करेंगे, तो जवाबी हमला भी झेलेंगे.
इससे पहले अमेरिका ने कहा है कि उसने ईरान पर फिर से हमला किया है.
ईरानी मीडिया के अनुसार, देश के दक्षिणी तटीय इलाक़ों में विस्फोटों की आवाज़ें सुनी गई हैं और फ़ारस की खाड़ी में ईरान के नियंत्रण वाले द्वीपों को निशाना बनाया गया है.
अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का 'राम मंदिर चढ़ावा चोरी' मामले में सीएम योगी पर तंज़
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में बयान दिया है
उत्तराखंड के जोशीमठ स्थित ज्योतिर्मठ (ज्योतिष पीठ) के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले पर बयान दिया है.
उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "घोटाला किया है... मुख्यमंत्री क्या कार्रवाई कर रहे हैं. वो कह रहे हैं कि कार्रवाई होगी.''
''कार्रवाई तो होगी ही, जब आप मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे और जब नया मुख्यमंत्री आएगा तब कठोर कार्रवाई होगी. बिल्कुल सही कह रहे हैं मुख्यमंत्री जी… कार्रवाई तो होगी ही.''
इससे पहले उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से मुलाक़ात की.
अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले पर लगातार आरोपों का सिलसिला जारी है. इस मामले में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महामंत्री पद से वीएचपी नेता चंपत राय ने इस्तीफ़ा दे दिया है.
विपक्षी दल लगातार इस मामले में ''छोटे पदों पर बैठे लोगों को निशाना बनाने और बड़े लोगों को बचाने'' का आरोप लगा रहे हैं.
ईरानी राष्ट्रपति पेज़ेश्कियान ने शहबाज़ शरीफ़ को लेकर कहा, 'हम उनके समर्थन को नहीं भूलेंगे'
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, शहबाज़ शरीफ़ ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई के अंतिम संस्कार में पहुंचे थे
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ का शुक्रिया अदा किया है.
पेज़ेश्कियान ने एक बयान जारी कर कहा, "शहीद सर्वोच्च नेता की विदाई और राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ की सराहना करता हूं."
उन्होंने लिखा, "हम उनके समर्थन को नहीं भूलेंगे. ईरान और पाकिस्तान दोनों ही देश हमेशा एक-दूसरे के आंसू और खुशी के साझेदार रहे हैं."
उन्होंने इस बयान में उम्मीद जताई है कि दोनों देशों के बीच रिश्ते भविष्य में और बेहतर होंगे.
ईरान के सुप्रीम लीडर दिवंगत आयतुल्लाह को श्रद्धांजलि देने दुनिया भर के नेता पहुंचे थे. आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई साल 1989 से लेकर इस साल फ़रवरी में अपनी मौत तक इस्लामिक गणराज्य ईरान के सुप्रीम लीडर बने रहे.
दिवंगत सुप्रीम लीडर के आधिकारिक अंतिम संस्कार की रस्में शुक्रवार से शुरू हुई थीं.
इस साल भारत की आर्थिक वृद्धि दर 6.4% होने का आईएमएफ़ ने लगाया अनुमान
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, आईएमएफ़ ने इस साल वैश्विक आर्थिक वृद्धि दर 3.0 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया है (सांकेतिक तस्वीर)
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष यानी आईएमएफ़ ने साल 2026 में भारत की आर्थिक वृद्धि दर 6.4% रहने का अनुमान लगाया है. अमेरिका के लिए यह अनुमान 2.3% जबकि रूस के लिए 1.1% रखा गया है.
वहीं आईएमएफ़ के मुताबिक़, इस साल जर्मनी 0.7%, फ़्रांस 0.6% और जापान 0.6% की दर से आर्थिक वृद्धि कर सकता है.
आईएमएफ़ ने इस साल वैश्विक आर्थिक वृद्धि दर 3.0 प्रतिशत और साल 2027 में 3.4 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया है.
यह अप्रैल 2026 में जारी वर्ल्ड इकोनॉमिक आउटलुक के अनुमान के तकरीबन बराबर है. हालांकि इन अनुमानों में वैश्विक अर्थव्यवस्था की तस्वीर समान नहीं है.
आईएमएफ़ के मुताबिक़ (ईरान) युद्ध का असर ऊर्जा आयात करने वाले और कमजोर अर्थव्यवस्था वाले देशों पर पड़ रहा है, जबकि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से बढ़ती मांग का फायदा उन देशों को मिल रहा है, जो वैश्विक प्रौद्योगिकी वैल्यू चेन से जुड़े हैं.
आईएमएफ़ का कहना है कि वैश्विक स्तर पर महंगाई में आ रही गिरावट की रफ्तार थम गई है. अप्रैल की तुलना में जोखिम अब अधिक संतुलित हैं, लेकिन नए संघर्ष और वित्तीय बाजारों में कीमतों के दोबारा आकलन से जुड़े जोखिम अब भी बने हुए हैं.
अमेरिकी उप राष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा, ‘एच-1बी वीज़ा धोखेबाज़ों के लिए नहीं’
इमेज स्रोत, @RapidResponse47
इमेज कैप्शन, उप राष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा है कि अमेरिकी नौकरियां, अमेरिका के लोगों के लिए हैं
उप राष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा है कि अमेरिका का एच-1बी वीज़ा असाधारण प्रतिभा वाले लोगों के लिए है, धोखेबाज़ों के लिए नहीं.
अमेरिकी करदाताओं के पैसे की सुरक्षा से जुड़े एक कार्यक्रम में वेंस ने कहा, "हमारे पास एच-1बी वीज़ा कार्यक्रम है. हम यह सुनिश्चित करने के लिए काम कर रहे हैं कि करदाताओं के पैसे का सही इस्तेमाल हो और कोई धोखेबाज़ इस वीजा कार्यक्रम का ग़लत फ़ायदा न उठा सके."
उन्होंने कहा, "यह वीज़ा कार्यक्रम इसलिए बनाया गया था ताकि अगर कोई असाधारण प्रतिभा वाला प्रौद्योगिकी विशेषज्ञ, वैज्ञानिक या डॉक्टर हों, तो वह अमेरिका आकर इस वीज़ा कार्यक्रम का लाभ ले सके."
उन्होंने बताया कि उन दर्जनों विदेशी धोखेबाज़ों के ख़िलाफ़ समन जारी किए गए हैं और जांच शुरू की गई है, जो एच-1बी वीज़ा कार्यक्रम का ग़लत फ़ायदा उठाने की कोशिश कर रहे हैं.
वेंस ने कहा, "अमेरिकी नौकरियां अमेरिकी कामगारों को मिलनी चाहिए, न कि ऐसे विदेशी धोखेबाज़ों को जो इस व्यवस्था का दुरुपयोग करना चाहते हैं."
प्रधानमंत्री मोदी ने ऑस्ट्रेलिया में ऊर्जा संकट और अनिश्चितता को लेकर ये कहा
इमेज स्रोत, @narendramodi
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में मौजूदा दौर में ऊर्जा संकट, सप्लाई चेन में रुकावट और दुनियाभर में फ़ैली अनिश्चितता को लेकर बयान दिया है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "दुनिया इस समय अनिश्चितता, सप्लाई चेन में रुकावट और ऊर्जा संकट जैसे दौर से गुजर रही है. ऐसे समय में भारत और ऑस्ट्रेलिया का स्वाभाविक और भरोसेमंद साझेदार के रूप में आगे बढ़ना स्वाभाविक भी है, और ज़रूरी भी है."
उन्होंने कहा, "पिछले कुछ वर्षों में हमने दोनों देशों की क्षमताओं के साथ भावी साझेदारी का मजबूत ढांचा तैयार किया है. साल 2022 में रिकॉर्ड समय में किए गए ईसीटीए (आर्थिक सहयोग और व्यापार समझौता) से हमारी आर्थिक साझेदारी और मजबूत हुई है."
"इसके लागू होने के बाद भारत से ऑस्ट्रेलिया को होने वाला निर्यात दोगुना हो गया है और दोनों देशों के कारोबारियों को नए बाज़ारों तक पहुंच का लाभ मिला है."
पीएम मोदी फ़िलहाल ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर हैं. इस यात्रा में वे आपसी हितों के सभी क्षेत्रों में भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मज़बूत करने के लिए अलग-अलग स्टेकहोल्डर्स के साथ बातचीत करेंगे.
लापता पाकिस्तानी विमान का मलबा अरब सागर में मिला, चालक दल की तलाश जारी
इमेज स्रोत, @Pk_PAA_Official
इमेज कैप्शन, पाकिस्तानी नौसेना और पाकिस्तान समुद्री सुरक्षा ने समुद्र में 12 घंटे के अभियान में मलबे की तलाश की
शारजाह से कराची जा रहे पाकिस्तान के एक कार्गो विमान का मलबा मिल गया है. ये विमान पाकिस्तानी तट के पास लापता हो गया था, लेकिन विमान में सवार लोगों की तलाश अभी भी जारी है.
पाकिस्तानी नौसेना और पाकिस्तान समुद्री सुरक्षा ने समुद्र में 12 घंटे के अभियान में मलबे की तलाश की.
पाकिस्तान एयरपोर्ट अथॉरिटी (पीएए) का कहना है कि विमान के चालक दल को खोजने के लिए बचाव अभियान अभी भी जारी है.
पीएए के अनुसार, पाकिस्तानी नौसेना और वायु सेना खोज अभियान में लगी हुई है.
पाकिस्तानी अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार रात 9:21 बजे रडार पर विमान को तेजी से नीचे उतरते हुए देखा गया और उसकी दिशा अचानक बदल गई, जिसके बाद कराची से लगभग 155 समुद्री मील पश्चिम में विमान से रडार और संचार संपर्क टूट गया था.
लापता विमान एक बोइंग 737 है और यह पाकिस्तान के कराची स्थित एक निजी एयरलाइन के2 एयरवेज़ का है.
एयरलाइन का कहना है कि विमान में मोहम्मद रिज़वान इदरीस (पायलट इन कमांड), फ़ैसल महमूद (फर्स्ट ऑफिसर), मोहम्मद तौफीक़ ख़ान (लोड मास्टर), आरिफ़ सिद्दीकी (इंजीनियर) और मोहम्मद हामिद (इंजीनियर) सहित चालक दल के पांच सदस्य सवार थे.
संयुक्त राष्ट्र ने पाकिस्तान की किस बात को लेकर कहा, 'घोर अन्याय'
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, महरंग बलोच के पिता को साल 2009 में कथित तौर पर सुरक्षा कर्मियों ने अगवा कर लिया था, बाद में उनका शव मिला (फ़ाइल फ़ोटो)
संयुक्त राष्ट्र के विशेषज्ञों ने बलोच मानवाधिकार कार्यकर्ता डॉक्टर महरंग बलोच को सुनाई गई उम्रकैद की सज़ा की कड़ी निंदा की है.
उन्होंने इसे घोर अन्याय बताया है और कहा, "इस सज़ा से बलूचिस्तान में स्वतंत्र आवाज़ों के दबने और नागरिकों के लिए काम करने की संभावना कम होने का ख़तरा है."
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में कुछ लोगों को जबरन ग़ायब किए जाने के मामलों के ख़िलाफ़ लंबे समय से अभियान चलाने वाली प्रमुख मानवाधिकार कार्यकर्ता महरंग बलोच को उम्रक़ैद की सज़ा सुनाई गई है.
बलोच याकजेती कमेटी (बीवाईसी) की नेता डॉक्टर महरंग बलोच और उनके साथी कार्यकर्ता सिबग़तुल्लाह के साथ हत्या और चरमपंथ के आरोपों में दोषी ठहराया गया है.
अभियोजन पक्ष ने दोनों पर आरोप लगाया कि उन्होंने भीड़ को उकसाया, जिसने अर्द्धसैनिक बल के जवान शब्बीर अहमद पर जानलेवा हमला किया, जिससे उनकी मौत हो गई.
पीएम मोदी ऑस्ट्रेलिया दौरे पर पहुंचे, प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ से होगी मुलाक़ात
इमेज स्रोत, @narendramodi
इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न पहुंच गए हैं
पीएम मोदी अपने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर मेलबर्न पहुंच गए हैं. इस यात्रा में रक्षा सहयोग को लेकर बातचीत होने की उम्मीद है.
पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा कि ‘यह यात्रा भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मज़बूत करेगी.’
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर लिखा, "पीएम मोदी प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ के साथ तीसरे सालाना शिखर सम्मेलन की सह-अध्यक्षता करेंगे."
उन्होंने आगे लिखा है कि इस यात्रा में आपसी हितों के सभी क्षेत्रों में भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मज़बूत करने के लिए अलग-अलग स्टेकहोल्डर्स के साथ बातचीत होगी.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.
कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
बीबीसी हिन्दी की अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक करें.