बिहार विधानसभा चुनाव की सभी सीटों के नतीजे घोषित, जानिए किसे मिली कितनी सीटें

बिहार विधानसभा चुनाव में सभी 243 सीटों के नतीजे आ चुके हैं. इनमें से सबसे ज़्यादा बीजेपी ने 89 सीटें जीती हैं. वहीं सहयोगी दल जनता दल यूनाइटेड को 85 सीटें मिली हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह, संदीप राय

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, बिहार चुनाव नतीजे: शुरुआती रुझानों में जानिए कौन आगे

    नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, Santosh Kumar/Hindustan Times via Getty

    इमेज कैप्शन, (फ़ाइल फ़ोटो)

    बिहार में मतगणना शुरू होने के साथ ही रुझान आने लगे हैं. शुरुआती रुझानों के मुताबिक़, एनडीए बढ़त में हैं.

    सुबह 8:30 बजे के रुझानों के मुताबिक़, बिहार में सत्तारूढ़ गठबंधन एनडीए 32 सीटों पर आगे चल रहा है. वहीं महागठबंधन 21 सीटों पर आगे है.

    अब तक तीन सीटों पर जन सुराज आगे है.

    बिहार में 243 विधानसभा सीटें हैं. सरकार बनाने के लिए 122 सीटों का बहुमत चाहिए.

  2. बिहार चुनाव: मतगणना शुरू, पटना में पार्टियों के दफ़्तरों में ऐसा दिखा माहौल, अभिनव गोयल और दीपक जसरोटिया, बीबीसी संवाददाता, पटना से

    बिहार में मतगणना शुरू हो गई है. इससे पहले पटना में राजनीतिक दलों के दफ़्तरों में सन्नाटा दिखा.

    बीजेपी का दफ़्तर
    इमेज कैप्शन, बीजेपी ने राज्य की 101 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे
    आरजेडी का दफ़्तर
    इमेज कैप्शन, महागठबंधन की ओर से तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार हैं
    बीजेपी का दफ़्तर
    इमेज कैप्शन, मतगणना से पहले बीजेपी और आरजेडी ने अपनी-अपनी जीत के दावे किए
    जेडीयू का दफ़्तर
    इमेज कैप्शन, एनडीए ने नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ा है
  3. बिहार विधानसभा चुनाव के साथ आज इन राज्यों के उपचुनाव के भी आ रहे हैं रिज़ल्ट

    बिहार चुनाव

    बिहार विधानसभा चुनाव के परिणाम शुक्रवार, 14 नवंबर यानी आज आ रहे हैं. इसके साथ ही सात राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के उपचुनावों के भी परिणाम आएंगे.

    निर्वाचन आयोग के मुताबिक़, राजस्थान, तेलंगाना, ओडिशा, पंजाब, झारखंड और मिजोरम राज्यों की एक-एक विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के रिज़ल्ट आज घोषित होंगे.

    इसके अलावा जम्मू-कश्मीर की दो विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के भी परिणाम आएंगे.

    मतगणना सुबह आठ बजे शुरू होगी.

  4. बिहार: मतगणना से पहले बीजेपी और आरजेडी के नेता क्या बोले

    विजय सिन्हा और मृत्युंजय तिवारी

    इमेज स्रोत, ANI

    बिहार में शुक्रवार सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हो जाएगी. इससे पहले राज्य सरकार में सहयोगी दल बीजेपी और मुख्य विपक्षी पार्टी आरजेडी ने अपनी-अपनी जीत के दावे किए हैं.

    उप-मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता विजय सिन्हा ने कहा, "आज जो परिणाम आएगा वह बिहार ही नहीं, देश के लिए भी बड़ा शुभ होगा."

    उन्होंने कहा कि आज बिहार एक नज़ीर पेश करेगा और 21वीं सदी के भारत की मज़बूत नींव बनाने के लिए 'डबल इंजन की सरकार बनेगी'.

    वहीं आरजेडी नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा, "महागठबंधन की जीत निश्चित है. आज डबल इंजन की नीतीश सरकार की विदाई है. चाहे अनुमान जो भी लगाया गया हो, परिणाम हमारे पक्ष में होंगे. ये मुझे पूरा विश्वास है."

    बिहार में दो चरणों में चुनाव हुए हैं. पहले चरण का मतदान छह नवंबर और दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को हुआ है.

  5. ट्रंप से बीबीसी ने पैनोरामा एडिट के लिए मांगी माफ़ी, मुआवज़ा देने से किया इनकार

    डोनाल्ड ट्रंप और बीबीसी

    इमेज स्रोत, Reuters / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, बीबीसी ने इस मामले पर गुरुवार को एक बयान जारी किया

    बीबीसी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से 'पैनोरामा' कार्यक्रम के एक एपिसोड को लेकर माफ़ी मांगी है. इसमें ट्रंप की 6 जनवरी 2021 की स्पीच के अलग-अलग हिस्सों को जोड़कर दिखाया गया था.

    हालांकि, बीबीसी ने ट्रंप के मुआवज़े की मांग को ख़ारिज कर दिया है. संस्था ने अपने 'करेक्शन्स एंड क्लिएरीफ़िकेशन्स' सेक्शन में गुरुवार शाम को प्रकाशित एक बयान में यह बात कही है.

    बीबीसी ने कहा है कि वीडियो एडिट करने से "यह ग़लत राय बनी कि राष्ट्रपति ट्रंप ने सीधे हिंसक कार्रवाई की अपील की थी". इसके साथ ही बीबीसी ने कहा है कि वह 2024 वाले इस प्रोग्राम को दोबारा नहीं दिखाएगा.

    ट्रंप के वकीलों ने धमकी दी है कि अगर बीबीसी बयान वापस नहीं लेती, माफ़ी नहीं मांगती और मुआवज़ा नहीं देती, तो वे उस पर 1 अरब डॉलर के हर्जाने का मुक़दमा करेंगे.

    इस विवाद की वजह से रविवार को बीबीसी के डायरेक्टर जनरल टिम डेवी और हेड ऑफ़ न्यूज़ डेबोरा टर्नेस ने इस्तीफ़ा दे दिया था.

    बीबीसी न्यूज़ ने इस मामले पर व्हाइट हाउस से टिप्पणी मांगी है.

    द टेलीग्राफ़ ने सोमवार को एक लीक हुए आंतरिक बीबीसी मेमो का ब्यौरा प्रकाशित किया, जिसमें दावा किया गया कि 'पैनोरामा' कार्यक्रम ने अमेरिकी राष्ट्रपति के भाषण के दो हिस्सों को जोड़कर एडिट किया.

  6. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.