बिहार विधानसभा चुनाव की सभी सीटों के नतीजे घोषित, जानिए किसे मिली कितनी सीटें

बिहार विधानसभा चुनाव में सभी 243 सीटों के नतीजे आ चुके हैं. इनमें से सबसे ज़्यादा बीजेपी ने 89 सीटें जीती हैं. वहीं सहयोगी दल जनता दल यूनाइटेड को 85 सीटें मिली हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह, संदीप राय

  1. बिहार विधानसभा चुनाव नतीजे: जेडीयू, बीजेपी, आरजेडी कितनी सीटों पर आगे?

    बिहार मतगणना

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पटना में जेडीयू कार्यालय के बाहर जश्न का माहौल है.

    बिहार चुनावों में एनडीए भारी बढ़त बनाए हुए है और 206 सीटों पर आगे है.

    जबकि महागठबंधन बहुत पीछे है और महज 30 सीटों पर आगे है.

    अब तक के रुझान

    एनडीए

    बीजेपी- 95 सीटें

    जेडीयू- 82 सीटें,

    एलजेपी- (आरवी) 20 सीटें

    हम- 5 सीटें

    राष्ट्रीय लोक मोर्चा- 5

    एआईएमआईएम- 6

    महागठबंधन

    आरजेडी- 25

    कांग्रेस-3

    सीपीएम-1

    सीपीआई एमएल-1

    अन्य

    बहुजन समाज पार्टी -1चुनाव आयोग की वेबसाइट के अनुसार ये आंकड़े तीन बजे तक के हैं.

    राज्य की 243 सीटों के लिए 6 और 11 नवंबर को दो चरणों में मतदान हुआ था.

  2. बीजेपी नेता ने कहा- 'बिहार तो एक झांकी है, बंगाल अभी बाकी है'

    प्रेम कुमार

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, प्रेम कुमार गया टाउन विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार हैं.

    बिहार के मंत्री प्रेम कुमार ने कहा है कि बिहार में चुनाव संपन्न होने के बाद अगली चढ़ाई बंगाल पर होगी.

    समाचार एजेंसी एएनआई से उन्होंने कहा, "बिहार तो एक झांकी है और आगे बंगाल बाकी है. अगला पड़ाव बीजेपी का बंगाल में होगा और वहां पर हम सरकार बनाएंगे और वहां पर हम ममता बनर्जी को सत्ता से बाहर करेंगे. वहां पर जो जंगलराज आ गया है उससे वहां की जनता को मुक्त कराकर राम राज लाने का काम करेंगे."

    बिहार के एक और मंत्री अशोक चौधरी ने कहा, "हमें उम्मीद थी कि 170-175 सीट आएगी. हमें ये नहीं पता था कि कहां जाकर रुकेंगे. 2/3 से अधिक बहुमत हमें मिला है जनता को इसके लिए बहुत-बहुत धन्यवाद है. आने वाले समय में महादेव इतनी ताकत दें कि जो हमने वादा किया है उसको हम पूरा करें."

    201 सीटों पर बीजेपी, जेडीयू और एलजेपी के गठबंधन वाला एनडीए आगे चल रहा है जबकि आरजेडी-कांग्रेस वाला महागठबंधन सिर्फ़ 36 सीटों पर आगे चल रहा है.

  3. शेख़ हसीना सज़ा सुनाए जाने से पहले बीबीसी से क्या बोलीं, एनबरसन एथिराजन, ग्लोबल अफ़ेयर्स संवाददाता

    शेख़ हसीना

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सरकार विरोधी आंदोलन की वजह से शेख़ हसीना ने देश छोड़ दिया और भारत में रह रही हैं.

    बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना ने मानवता के ख़िलाफ़ अपराध करने के आरोपों को मानने से इनकार कर दिया है.

    उनका यह बयान इस मामले में ट्राइब्यूनल की ओर से फ़ैसला सुनाने से कुछ दिन पहले आया है.

    बीबीसी को दिए इंटरव्यू में शेख़ हसीना ने कहा कि उनकी ग़ैर-हाज़िरी में उनके ख़िलाफ़ चल रहा ट्रायल एक "मज़ाक" है, जिसे राजनीतिक विरोधियों के नियंत्रण वाली अदालत में चलाया जा रहा है.

    अभियोजन पक्ष ने मांग की है कि अगर शेख़ हसीना दोषी पाई जाती हैं तो उन्हें सज़ा-ए-मौत दी जाए. वहीं, हसीना ने दावा किया है कि यह ट्रायल "पहले से तय फ़ैसले" की ओर बढ़ रहा है.

    राजधानी ढाका स्थित टाइब्यूनल अपना फ़ैसला सोमवार को सुनाएगा. उससे पहले टाइब्यूनल के अंदर और उसके आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी गई है.

    दरअसल, पिछले साल बांग्लादेश में हुए सरकार विरोधी आंदोलन के दौरान कई हिंसक घटनाएं सामने आई थीं, जिनमें कई लोग मारे गए थे.

    इस आंदोलन ने शेख़ हसीना को सत्ता से बेदखल कर दिया और उन्हें देश छोड़कर भागना पड़ा.

    इसके बाद बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने मानवता के ख़िलाफ़ अपराध करने के आरोप में शेख़ हसीना पर मुक़दमा चलाया है. हालांकि, उन्होंने इन आरोपों से इनकार किया है.

  4. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता संदीप राय आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  5. बिहार चुनाव नतीजे 2025: फिर पिछड़े तेजस्वी यादव, इतने वोटों से पीछे

    तेजस्वी यादव

    इमेज स्रोत, Getty Images

    राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के तेजस्वी यादव राघोपुर सीट से अपने क़रीबी प्रतिद्वंद्वी भारतीय जनता पार्टी के सतीश कुमार से 10 राउंड की काउंटिंग के बाद क़रीब तीन हज़ार वोटों से पीछे चल रहे हैं.

    इस सीट से जनसुराज पार्टी के चंचल कुमार तीसरे नंबर पर चल रहे हैं.

    बिहार विधानसभा की 243 सीटों पर हुए चुनाव की आज मतगणना चल रही है और एनडीए भारी बहुमत से आगे चल रहा है.

    201 सीटों पर बीजेपी, जेडीयू और एलजेपी के गठबंधन वाला एनडीए आगे चल रहा है जबकि आरजेडी-कांग्रेस वाला महागठबंधन सिर्फ़ 36 सीटों पर आगे चल रहा है.

  6. बिहार चुनाव नतीजे: रुझानों में महागठबंधन के पिछड़ने के बाद आरजेडी सांसद ने लगाया ये आरोप

    मनोज झा

    इमेज स्रोत, ANI

    बिहार में मतगणना के बीच आरजेडी सांसद मनोज झा ने आरोप लगाया कि मतगणना की प्रक्रिया धीमी है.

    उन्होंने यह भी दावा किया कि निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर समय से अपडेट नहीं किया जा रहा है.

    मनोज झा ने कहा, "क़रीब 60 से 70 सीटें बहुत ही लो मार्जिन में हैं. इनमें हमारा पूरा भरोसा है, यहां परिस्थितियां बदल सकती हैं. इसकी पूरी संभावना है."

    रुझानों में एनडीए की बढ़त पर उन्होंने कहा, "बीजेपी जल्दबाज़ी में जश्न मना रही है. हमने शुरुआती रुझानों को बदलते और पलटते भी देखा है."

    बिहार चुनाव के रुझानों में एनडीए को भारी बहुमत मिलता दिखाई दे रहा है. ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक़, एनडीए 198 सीटों पर आगे है. वहीं महागठबंधन महज़ 39 सीटों पर आगे है.

  7. बिहार चुनाव नतीजों में कौन आगे, कौन पीछे? देखिए बीबीसी न्यूज़ हिन्दी का ख़ास शो

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  8. विधानसभा उपचुनाव 2025: जम्मू-कश्मीर की ये सीट बीजेपी ने जीती, जानिए कौन कहां से आगे

    देवयानी राणा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, देवयानी राणा, जम्मू-कश्मीर की नगरोटा सीट से जीती हैं

    बिहार विधानसभा चुनाव के साथ-साथ आज कई अन्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के विधानसभा उपचुनाव के नतीजे भी घोषित हो रहे हैं.

    चुनाव आयोग के मुताबिक़ पंजाब के तरन तारन से आम आदमी पार्टी के हरमीत सिंह संधु आगे चल रहे हैं. वहीं तेलंगाना की जुबली हिल्स सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार नवीन यादव आगे चल रहे हैं.

    जम्मू-कश्मीर की दो सीटों पर उपचुनाव हुए जिसमें से नगरोटा सीट पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की देवयानी राणा जीत गई हैं.

    वहीं बड़गाम सीट पर जम्मू-कश्मीर पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार आगे हैं.

    मिज़ोरम की डंपा सीट पर मिज़ो नेशनल फ्रंट के उम्मीदवार ने जीत हासिल कर ली है.

    राजस्थान के अंता से कांग्रेस, झारखंड के घाटशिला से झारखंड मुक्ति मोर्चा और ओडिशा की नुआपाड़ा से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार आगे चल रहे हैं.

  9. बिहार चुनाव नतीजे 2025: भारी बढ़त मिलने के बाद ये बोलीं मैथिली ठाकुर

    मैथिली ठाकुर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन भारी जीत की तरफ़ बढ़ रहा है. अब तक के रुझानों में एनडीए 196 और महागठबंधन सिर्फ़ 42 सीटों पर आगे है.

    अलीनगर से भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार और लोकप्रिय गायिका मैथिली ठाकुर 6,800 वोटों से आगे चल रही हैं.

    रुझानों के बाद समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए मैथिली ठाकुर ने कहा, "बहुत अच्छा लग रहा है. जिस दिन से मैंने राजनीति में क़दम रखा है उस दिन से ही मन में कोई संशय आया ही नहीं."

    उन्होंने कहा, "मुझे अपने क्षेत्र के लोगों का बहुत प्यार मिला. मैं अब अगले पांच साल के लिए भी बिल्कुल रेडी हूं."

  10. बिहार चुनाव नतीजे: अखिलेश यादव ने एनडीए की जीत को 'चुनावी साज़िश' करार दिया

    अखिलेश यादव

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, अखिलेश यादव ने कहा कि 'बीजेपी दल नहीं छल है'

    बिहार विधानसभा चुनाव के रुझानों पर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी है.

    अखिलेश यादव ने बिहार में एनडीए को मिल रही बढ़त का कारण एसआईआर को बताया है. इसके साथ ही उन्होंने इसे 'चुनावी साजिश' कहा है.

    अखिलेश यादव ने कहा, "बिहार में जो खेल एसआईआर ने किया है वो पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, यूपी और बाक़ी जगह पर अब नहीं हो पाएगा, क्योंकि इस चुनावी साजिश का अब भांडाफोड़ हो चुका है."

    उन्होंने कहा, "अब आगे हम ये खेल इनको नहीं खेलने देंगे. सीसीटीवी की तरह हमारा 'पीपीटीवी' मतलब 'पीडीए प्रहरी' चौकन्ना रहकर भाजपाई मंसूबों को नाकाम करेगा."

    सपा अध्यक्ष ने कहा कि बीजेपी 'दल नहीं छल' है.

    बिहार में सामने आ रहे रुझानों में एनडीए को भारी बढ़त मिलती दिख रही है. ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक़, एनडीए क़रीब 190 सीटों पर आगे है. राज्य में सरकार बनाने के लिए 122 सीटें चाहिए.

  11. बिहार चुनाव नतीजे: लालू यादव के घर और जेडीयू दफ़्तर के बाहर कैसा है माहौल

    बिहार चुनाव के रुझानों में एनडीए को भारी बढ़त मिलती दिख रही है. वहीं महागठबंधन के पिछड़ने की वजह से आरजेडी के खेमे में मायूसी नज़र आ रही है.

    पटना में लालू यादव के निवास के बाहर सन्नाटा छाया हुआ है. दूसरी तरफ़ एनडीए के खेमे में जश्न का माहौल है.

    लालू यादव का घर
    इमेज कैप्शन, लालू यादव के घर के बाहर सन्नाटा है
    जेडीयू दफ़्तर के बाहर जश्न
    इमेज कैप्शन, पटना में जेडीयू दफ़्तर में कार्यकर्ता जश्न मना रहे हैं
    अनंत सिंह का घर
    इमेज कैप्शन, पटना स्थित अनंत सिंह के आवास में भी जश्न की तैयारी है
    नीतीश कुमार का घर
    इमेज कैप्शन, नीतीश कुमार के आवास के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है
    बिहार में जश्न
    इमेज कैप्शन, रुझानों में एनडीए की बढ़त के बाद मिठाइयां बांटी जा रही हैं

    पटना से बीबीसी संवाददाता सीटू तिवारी, अभिनव गोयल, शाहनवाज़ अहमद और दीपक जसरोटिया के इनपुट के साथ.

  12. बिहार चुनाव नतीजे: छपरा से खेसारी लाल यादव पीछे

    खेसारी लाल यादव

    बिहार के छपरा से आरजेडी के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़े खेसारी लाल यादव पीछे चल रहे हैं. शुरुआती रुझानों में वह 1627 वोट से पीछे हैं.

    दूसरे राउंड की काउंटिंग के बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की छोटी कुमारी पहले नंबर पर हैं. वहीं जन सुराज पार्टी के जय प्रकाश सिंह तीसरे नंबर पर हैं.

    अभी तक आए रुझानों के मुताबिक़, एनडीए की बढ़त क़रीब 189 सीटों पर है, जबकि महागठबंधन काफ़ी पिछड़ती नज़र आ रही है.

    महागठबंधन मात्र 50 सीटों पर आगे है. बिहार में सरकार बनाने के लिए 122 सीटों पर बहुमत की ज़रूरत है.

  13. बिहार चुनाव नतीजे: मोकामा से अनंत सिंह आगे

    अनंत सिंह

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, मोकामा में नौ राउंड की काउंटिंग हो चुकी है

    बिहार की मोकामा सीट से जेडीयू के अनंत सिंह क़रीब साढ़े नौ हज़ार वोटों से आगे चल रहे हैं. वह दुलारचंद यादव की हत्या के आरोप में जेल में हैं.

    निर्वाचन आयोग के ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक़, नौ राउंड की काउंटिंग के बाद अनंत सिंह 9600 वोट से आगे हैं.

    वहीं दूसरे नंबर पर आरजेडी की वीणा देवी हैं, जबकि तीसरे नंबर पर जन सुराज पार्टी के प्रियदर्शी पीयूष हैं.

    चुनाव प्रचार के दौरान मोकामा में दुलारचंद यादव की हत्या कर दी गई थी. इस हत्या का आरोप अनंत सिंह पर लगा, जिसके बाद उन्हें गिरफ़्तार कर लिया गया.

  14. बिहार चुनाव नतीजे: एनडीए की भारी बढ़त पर ये बोले जीतनराम मांझी

    जीतनराम मांझी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    बिहार चुनाव नतीजों के रुझानों में एनडीए की भारी बढ़त पर उसके घटक दल हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) के अध्यक्ष जीतनराम मांझी ने कहा कि एनडीए को 160 सीटें मिलेंगी और नीतीश कुमार फिर से मुख्यमंत्री बनेंगे.

    जीतनराम मांझी ने कहा, "इसमें कुछ भी अप्रत्याशित नहीं है. हम तो शुरुआत से कह रहे थे कि एनडीए ही भारी बहुमत से सरकार बनाएगा और नीतीश कुमार फिर से मुख्यमंत्री बनेंगे."

    उन्होंने कहा, "हम ट्रेंड के मुताबिक़ उसी तरफ़ बढ़ रहे हैं. हमारी 160 सीटें आएंगी और महागठबंधन को 70-80 सीटों से ज़्यादा नहीं मिलेंगी. नीतीश कुमार ही अगले मुख्यमंत्री बनेंगे."

    अब तक के रुझानों के मुताबिक़ जनता दल यूनाइटेड और भारतीय जनता पार्टी वाला एनडीए 184 और महागठबंधन 55 सीटों पर आगे चल रहा है.

  15. बिहार चुनाव नतीजे: जन सुराज पार्टी की कितनी सीटों पर बढ़त?

    प्रशांत किशोर

    इमेज स्रोत, Santosh Kumar/Hindustan Times via Getty

    इमेज कैप्शन, जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर कई बार बिहार चुनाव जीतने का दावा कर चुके हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों के लिए मतगणना जारी है. शुरुआती रुझानों में एनडीए को भारी बढ़त मिलती दिख रही है.

    एनडीए को 174 सीटों पर, जबकि महागठबंधन को 64 सीटों पर बढ़त हासिल है. वहीं पहली बार चुनावी मैदान में उतरी जन सुराज पार्टी महज़ एक सीट पर आगे है.

    जन सुराज पार्टी ने राज्य की सभी 243 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे.

    बिहार में सरकार बनाने के लिए कम से कम 122 सीटों की ज़रूरत है.

  16. बिहार चुनाव के नतीजों का दिन, पटना में कैसा है माहौल

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  17. बिहार चुनाव नतीजे: महुआ से तेज प्रताप यादव पीछे

    तेज प्रताप यादव

    इमेज स्रोत, ANI

    बिहार की महुआ विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने वाले जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव पीछे चल रहे हैं.

    निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के मुताबिक़, दो राउंड की गिनती के बाद लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के संजय कुमार सिंह सबसे आगे चल रहे हैं.

    उन्हें 2294 वोटों की बढ़त हासिल है. दूसरे नंबर पर आरजेडी के मुकेश कुमार रौशन हैं और तीसरे नंबर पर एआईएमआईएम के अमित कुमार हैं, जबकि चौथे नंबर पर तेज प्रताप यादव हैं.

    आरजेडी से बाहर किए जाने के बाद तेज प्रताप ने जनशक्ति जनता दल की स्थापना की और चुनाव लड़ने का एलान किया था.

  18. बिहार चुनाव नतीजे: अलीनगर सीट पर बीजेपी की मैथिली ठाकुर आगे

    मैथिली ठाकुर

    इमेज स्रोत, Santosh Kumar/Hindustan Times via Getty

    बिहार की अलीनगर विधानसभा सीट से बीजेपी की मैथिली ठाकुर आगे चल रही हैं.

    मैथिली का मुक़ाबला आरजेडी के बिनोद मिश्रा से है. वहीं जन सुराज पार्टी से इस सीट पर बिप्लव कुमार चौधरी चुनावी मैदान में हैं.

    ताज़ा रुझानों के मुताबिक़, एनडीए 151 सीटों पर आगे है. वहीं महागठबंधन को 84 सीटों पर बढ़त है, जबकि जन सुराज महज़ तीन सीटों पर आगे है.

    बिहार में 243 विधानसभा सीटें हैं. सरकार बनाने के लिए 122 सीटों की ज़रूरत है.

  19. पीएम मोदी ने जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, Kiyoshi Ota/Bloomberg via Getty

    इमेज कैप्शन, (फ़ाइल फ़ोटो)

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को उनकी जन्मतिथि के मौक़े पर श्रद्धांजलि दी है.

    पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, "पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू जी को उनकी जन्मतिथि पर श्रद्धांजलि."

    कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी पूर्व प्रधानमंत्री नेहरू को श्रद्धांजलि दी है.

    उन्होंने कहा कि जवाहरलाल नेहरू की विरासत हर युग में बनी हुई है, जो उनके मूल्यों- स्वतंत्रता, लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को आगे बढ़ा रही है.

    इसके अलावा खड़गे ने बाल दिवस पर भी शुभकामनाएं दीं.

  20. बिहार चुनाव नतीजे 2025: राघोपुर से तेजस्वी यादव आगे

    तेजस्वी यादव

    इमेज स्रोत, Getty Images

    बिहार की राघोपुर सीट से राष्ट्रीय जनता दल के तेजस्वी यादव आगे चल रहे हैं.

    उनके मुक़ाबले में हैं भारतीय जनता पार्टी के सतीश कुमार और जन सुराज के चंचल कुमार.

    बिहार विधानसभा चुनाव की 243 सीटों के नतीजे आज आएंगे. फ़िलहाल भारतीय जनता पार्टी और जनता दल यूनाइटेड वाला एनडीए गठबंधन 92 और राष्ट्रीय जनता दल-कांग्रेस वाला महागठबंधन 62 सीटों पर आगे चल रहा है.

    अभी पोस्टल बैलेट की गिनती चल रही है.