ब्राज़ील में विमान दुर्घटनाग्रस्त, चार क्रू सदस्यों समेत 62 लोगों की मौत

ब्राजील के साओ पाउलो में 58 यात्रियों और चार चालक दल के सदस्यों को ले जा रहा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया.

सारांश

  • तिहाड़ जेल में बंद दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया जेल से बाहर आ गए हैं.
  • भारत सरकार ने बांग्लादेश के हालातों और वहां के हिंदुओं की सुरक्षा के लिए एक समिति बनाएगी.
  • एस जयशंकर ने बताया कि 91 भारतीय रूसी सेना में शामिल हुए थे, जिनमें आठ की मौत हो चुकी है.
  • पीआर श्रीजेश मनु भाकर के साथ भारत के फ्लैग बियरर यानी ध्वजवाहक बनेंगे.

लाइव कवरेज

अभिषेक पोद्दार

  1. मनीष सिसोदिया को सुप्रीम कोर्ट से मिली ज़मानत, संजय सिंह और स्वाति मालीवाल ने क्या कहा?

    मनीष सिसोदिया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, मनीष सिसोदिया (फाइल फोटो)

    सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को ज़मानत दे दी है.

    इस पर प्रतिक्रिया देते हुए आम आदमी पार्टी ने एक्स पर लिखा, "सत्यमेव जयते. दिल्ली वालों की दुआएं हुईं कामयाब, तमाम झूठ और षड्यंत्रों का जाल तोड़कर 1.5 साल बाद जेल से बाहर आएंगे शिक्षा क्रांति के जनक मनीष सिसोदिया."

    आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने एक्स पर लिखा, "मनीष जी की बेल से बहुत ख़ुशी है. उम्मीद है अब वो लीड लेकर सरकार को सही दिशा में लेकर चलेंगे."

    सांसद संजय सिंह ने एएनआई से कहा, "सत्य की जीत हुई है. मैंने पहले ही कहा था कि इस मामले में कोई भी तथ्य-सत्यता नहीं थी. जबरन हमारे नेताओं को जेल में रखा गया."

    उन्होंने कहा, "मनीष सिसोदिया को 17 महीने जेल में रखा गया. क्या भारत के प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी उनके जीवन के इन 17 महीनों का हिसाब देंगे?"

    संजय सिंह ने कहा, "सर्वोच्च न्यायलय को धन्यवाद कि लंबे इंतज़ार के बाद न्याय मिला. आम आदमी पार्टी और मनीष सिसोदिया के पक्ष में फैसला आया. दिल्ली का हर नागरिक इस फ़ैसले से खुश है."

    उन्होंने आगे कहा, "हमारे मुखिया अरविंद केजरीवाल और सत्येंद्र जैन को अब भी जेल में रखा गया है. मैं उम्मीद करता हूं कि उन्हें जल्द न्याय मिलेगा. आज का फ़ैसला केंद्र की तानाशाही पर ज़ोरदार तमाचा है."

  2. ब्रेकिंग न्यूज़, मनीष सिसोदिया को सुप्रीम कोर्ट से मिली ज़मानत

    मनीष सिसोदिया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया

    दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को ज़मानत दे दी है.

    बीबीसी संवाददाता उमंग पोद्दार के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने सिसोदिया से पासपोर्ट सरेंडर करने को कहा है. साथ ही 10 लाख का बॉन्ड जमा करने को कहा है.

    इससे पहले ट्रायल कोर्ट, हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में मनीष सिसोदिया की ज़मानत याचिकाएं कई बार ख़ारिज हो चुकी हैं.

    सिसोदिया को पिछले साल 26 फ़रवरी को सीबीआई ने और फिर 9 मार्च को प्रवर्तन निदेशालय ने गिरफ़्तार किया था.

    सीबीआई ने बयान जारी कर कहा था कि दिल्ली की शराब नीति के अनुपालन में हुई गड़बड़ी की जांच के दौरान सिसोदिया को गिरफ़्तार किया गया था.

  3. पेरिस ओलंपिक: गोल्ड मेडल जीतने के बाद अरशद नदीम नीरज पर क्या बोले

    स्वर्ण पदक जीतने के बाद अरशद नदीम

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, स्वर्ण पदक जीतने के बाद अरशद नदीम

    पेरिस ओलंपिक में रिकॉर्ड बनाते हुए पाकिस्तान के खिलाड़ी अरशद नदीम ने गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया है.

    गोल्ड मेडल जीतने के बाद अरशद नदीम ने गुरुवार को मीडिया से कहा है, "जैसा कि नीरज चोपड़ा भाई ने बताया कि गांव लेवल से शुरुआत की. मैंने भी गांव लेवल से शुरुआत की है."

    उन्होंने कहा- बेसिकली मैंने ऑल पंजाब क्रिकेट खेली है. मेरी क्रिकेट की बड़ी अच्छी गेम थी. मैं बॉलिंग करता था.

    वो बोले, ''मुझे क्रिकेट छोड़नी पड़ी. इसके साथ मेरी फुटबॉल की भी बड़ी अच्छी गेम थी और कबड्डी की भी बड़ी अच्छी गेम थी, बैडमिंटन भी मैंने खेली. फिर ये सब छोड़कर स्कूल लेवल पर मैंने एथलेटिक की शुरुआत की.''

    अरशद ने कहा कि एथलेटिक में भी मैंने जैवलिन थ्रो, डिस्कस थ्रो, हैमर थ्रो, लॉन्ग जंप, हाई जंप, ट्रिपल जंप, शॉर्ट पुट इसके साथ-साथ मैंने और भी इवेंट किए हैं.

    उन्होंने कहा- मैं अपने पाकिस्तान में बेस्ट एथलीट रहा 100 डिविजन लेवल पर. उसके बाद मेरे कोच ने कहा यार सारा कुछ छोड़ दें. आप जैवलिन की तरफ आएं आपकी फिजीक अच्छी है. उस वक्त मेरा शौक था कि मैं क्रिकेट में जाऊं. क्रिकेट में आगे आना बड़ा मुश्किल था.

    वो बोले- मेरे बड़े भाई ने भी कहा कि मैं एथलेटिक करूं. इसी तरह मैंने एथलेटिक का आगाज किया.

    नीरज के बारे में अरशद बताते हैं- 2015 में मैंने अपनी जॉब ज्वॉइन की वहां से मेरा इंटरनेशनल आगाज हुआ और पहला कंपटिशन नीरज चोपड़ा भाई के साथ खेला मैंने, 2016 में गुवाहाटी में. तब से पता चला नीरज चोपड़ा भाई जीतते आ रहे हैं. वहां पर पहली बार मैंने अपने पाकिस्तान का रिकॉर्ड ब्रेक किया, 78.33 किया. वहां से मुझे और शौक हुआ कि मेहनत करूं तो आगे जा सकता हूं.

  4. नीरज चोपड़ा के सिल्वर जीतने पर पीएम मोदी, राहुल और अखिलेश क्या बोले?

    नीरज चोपड़ा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, नीरज चोपड़ा

    नीरज चोपड़ा ने पेरिस ओलंपिक में 89.45 मीटर के स्कोर के साथ रजत पदक अपने नाम कर लिया है.

    नीरज चोपड़ा के रजत पदक जीतने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई देते हुए एक पोस्ट डाला है.

    प्रधानमंत्री ने लिखा है, “नीरज चोपड़ा उत्कृष्ट व्यक्तित्व के धनी हैं. नीरज ने बार-बार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है.”

    पीएम ने कहा- नीरज की एक और ओलंपिक सफलता से भारतीय खुश हैं. मैं उन्हें रजत पदक जीतने के लिए शुभकामनाएं देता हूं.

    पीएम मोदी ने लिखा है कि नीरज आने वाले अनगिनत एथलीटों को उनके सपने को पूरा करने के लिए और देश को गौरवान्वित करने के लिए प्रेरित करते रहेंगे.

    नीरज चोपड़ा के रजत पदक जीतने पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी उन्हें बधाई देते हुए एक पोस्ट डाला है.

    राहुल गांधी ने लिखा, “नीरज आप एक शानदार खिलाड़ी हैं. पूरे पेरिस ओलंपिक के दौरान शानदार प्रदर्शन के बाद रजत पदक जीतने पर आपको शुभकामनाएं”

    राहुल गांधी ने लिखा- “आपने भारत को एक बार फिर गौरवान्वित किया है.”

    उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि देश का मान बढ़ाने के लिए नीरज चोपड़ा के साथ समस्त सच्चे खेल प्रेमियों को ‘रजत पदक’ की जीत की रुपहली बधाई!

  5. अरशद नदीम और विनेश फोगाट पर बीबीसी से क्या बोले नीरज चोपड़ा के पिता?

    नीरज चोपड़ा के पिता सतीश चोपड़ा
    इमेज कैप्शन, नीरज चोपड़ा के पिता सतीश चोपड़ा

    पेरिस ओलंपिक में 89.45 मीटर के स्कोर के साथ नीरज चोपड़ा ने सिल्वर मेडल अपने नाम कर लिया है. इससे पहले उन्होंने टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीता था.

    नीरज चोपड़ा के सिल्वर मेडल जीतने पर उनके पिता सतीश चोपड़ा ने बीबीसी संवाददाता अभिनव गोयल से कहा है कि वहां पर मौजूद सभी 12 खिलाड़ियों की गोल्ड के लिए ही फाइट थी. लेकिन हम सिल्वर जीत पाए यह हमारे लिए बड़े सौभाग्य की बात है.

    उन्होंने कहा, "इस बार गोल्ड मेडल पाकिस्तान के अरशद नदीम ने जीता. उसने काफी मेहनत की है जो इतना स्कोर तय किया कि कोई खिलाड़ी उसको पार नहीं कर पाया."

    नीरज के पिता ने कहा, "हमें खुशी है कि हम सिल्वर जीत पाए और संतुष्ट भी हैं कि जितना हमारा प्रदर्शन था उतना हमें मिला."

    उन्होंने कहा- सभी खिलाड़ी स्टेडियम में दोस्त होते हैं. फाइट अपने आप से होती है. हमें अपना बेहतर करना होता है. लड़ाई अपने आप से होती है.

    सतीश चोपड़ा ने कहा- वहां मौजूद चार से पांच खिलाड़ी 90 प्लस फेंकने वाले थे लेकिन हम लकी हैं कि सिल्वर जीत पाए हैं.

    विनेश फोगाट को लेकर नीरज चोपड़ा के पिता ने कहा कि जो मायूसी उस बच्ची के साथ हुई, उसे कोई भर नहीं सकता.

    उन्होंने कहा- जो एक बात चली है कि फेडरेशन ने बात रखी है कि विनेश को सिल्वर मेडल मिलेगा अगर विनेश को सिल्वर मिलता है तो यह और खुशी की बात है कि हमारे मेडल टैली में बढ़ोतरी होगी.

  6. पेरिस ओलंपिक: रजत पदक जीतकर बोले नीरज चोपड़ा- आज अरशद नदीम का दिन था

    नीरज चोपड़ा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, नीरज चोपड़ा

    पेरिस ओलंपिक के जैवलिन थ्रो इवेंट में नीरज चोपड़ा ने रजत पदक अपने नाम कर लिया है.

    रजत पदक जीतने के बाद नीरज चोपड़ा ने कहा है कि देश के लिए पदक जीतना हमेशा ही खुशी की बात होती है.

    उन्होंने कहा, ''मेडल की बात अलग है, अब ज़रूरत है गेम में सुधार करने की. जो इंजरी चल रही हैं उन पर काम करना है. टीम के साथ बात करके जो कमियां हैं उनको सुधारेंगे.''

    नीरज ने कहा, "टोक्यो ओलंपिक के साथ हमें इस ओलंपिक की तुलना नहीं करनी चाहिए. जो भी एथलीट खेल रहे हैं, अच्छे से खेल रहे हैं. ओवर ऑल हमारा प्रदर्शन अच्छा रहा है. ज़रूरी नहीं कि हर बार हमारे मेडल बढ़ते ही जाएं. कई बार हम चूक भी जाते हैं. आने वाले समय में और भी मेडल बढ़ेंगे हमारे."

    उन्होंंने कहा, "किसी दिन किसी खिलाड़ी का दिन होता है. आज अरशद का दिन था. खिलाड़ी का शरीर उस दिन अलग ही होता है. हर चीज़ परफेक्ट होती है जैसे आज अरशद की थी. टोक्यो, बुडापेस्ट और एशियन गेम्स में अपना दिन था."

    नीरज चोपड़ा ने कहा- मेरा भी काफी अच्छा रहा है लेकिन कुछ चीज़ें हैं, थोड़ी इंजरी है. इसको ठीक करना है. जो फोकस खेलते समय इंजरी की तरफ रहता है वो उस पर ना होकर प्रदर्शन पर हो.

    उन्होंने कहा, "मेरे अंदर एक अच्छा थ्रो है पर वो निकलेगा तभी जब सब तरह फिट हो जाऊंगा और मानसिक रूप से भी पूरी तरह से तैयार हो जाऊंगा."

    नीरज ने कहा- मुझे यह बात माननी पड़ेगी आज मेरा दिन नहीं था. मन में था कि राष्ट्रगान बजे. सबकी उम्मीदें थी. उम्मीदों पर खरे भी उतरे हैं. आज अपना दिन नहीं था. आज राष्ट्रगान नहीं बजवा पाए.

    उन्होंने कहा, “आगे फिर मौका मिलेगा. हमारा राष्ट्रगान बजेगा पेरिस में नहीं तो कहीं और सही.”

  7. अरशद नदीम के गोल्ड जीतने पर नीरज चोपड़ा की मां बोलीं- वो भी हमारा ही लड़का है

    नीरज चोपड़ा की मां

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, नीरज चोपड़ा की मां

    जैवलिन थ्रो में नीरज चोपड़ा ने पेरिस ओलंपिक में रजत पदक अपने नाम कर लिया है.

    यह ओलंपिक में नीरज चोपड़ा का दूसरा पदक है. इससे पहले उन्होंने टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीता था.

    89.45 मीटर के स्कोर के साथ नीरज चोपड़ा ने सिल्वर मेडल जीता. जबकि 92.97 मीटर स्कोर के साथ अरशद नदीम गोल्ड मेडल जीतने में कामयाब रहे.

    नीरज चोपड़ा का पहला राउंड अच्छा नहीं गया और वो फ़ाउल हुए. पहले राउंड में पाकिस्तान के अरशद नदीम का भी फ़ाउल हुआ.

    नीरज चोपड़ा के रजत पदक जीतने पर उनकी मां ने कहा, “हम बहुत खुश हैं. हमारे लिए तो सिल्वर भी गोल्ड के ही बराबर है.”

    अरशद नदीम को लेकर नीरज चोपड़ा की मां ने कहा- “गोल्ड जीतने वाला भी हमारा ही लड़का है. मेहनत करता है.”

  8. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है.

    8 अगस्त की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें