ब्राज़ील में विमान दुर्घटनाग्रस्त, चार क्रू सदस्यों समेत 62 लोगों की मौत

ब्राजील के साओ पाउलो में 58 यात्रियों और चार चालक दल के सदस्यों को ले जा रहा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया.

सारांश

  • तिहाड़ जेल में बंद दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया जेल से बाहर आ गए हैं.
  • भारत सरकार ने बांग्लादेश के हालातों और वहां के हिंदुओं की सुरक्षा के लिए एक समिति बनाएगी.
  • एस जयशंकर ने बताया कि 91 भारतीय रूसी सेना में शामिल हुए थे, जिनमें आठ की मौत हो चुकी है.
  • पीआर श्रीजेश मनु भाकर के साथ भारत के फ्लैग बियरर यानी ध्वजवाहक बनेंगे.

लाइव कवरेज

अभिषेक पोद्दार

  1. ब्राज़ील में विमान दुर्घटनाग्रस्त, चार क्रू सदस्यों समेत 62 लोगों की मौत, एमिली एटकिंसन, बीबीसी न्यूज़

    ऐसा ही वाएपास एटीआर72 विमान क्रैश हुआ है. (फ़ाइल)

    इमेज स्रोत, Alamy

    इमेज कैप्शन, ऐसा ही वोएपास एटीआर72 विमान क्रैश हुआ है. (फ़ाइल)

    ब्राजील के साओ पाउलो में 58 यात्रियों और चार चालक दल के सदस्यों को ले जा रहा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया.

    विन्हेडो शहर के पास वैलिनहोस के स्थानीय अधिकारियों ने कहा है कि विमान में सवार सभी लोगों की मौत हो गई है.

    वोएपास एयरलाइन का कहना है कि ट्विन-इंजन टर्बोप्रॉप विमान ने दक्षिणी राज्य पराना के कास्केवेल से साओ पाउलो शहर के मुख्य हवाई अड्डे के लिए उड़ान भरी थी.

    लेकिन यह विन्हेडो शहर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया.

    साओ पाउलो के अग्निशमन विभाग ने कहा है कि मौके पर सात अग्निशमन दल पहुंचे हैं और इसके अलावा कोई जानकारी नहीं है.

    लेकिन स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि इस दुर्घटना में कोई भी नहीं बचा है. साथ ही अधिकारियों ने कहा कि जिस रिहाइशी इलाके में विमान गिरा वहां स्थानीय लोगों में से कोई घायल नहीं हुआ है.

    सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई कई वीडियो फुटेज में दिख रहा है कि एक विमान चक्कर लगाते हुए सीधे नीचे गिर रहा है.

    स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि विमान एक रिहाइशी इलाक़े में गिरा है.

    पुलिस और अग्निशमन सेवाएं घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और स्थानीय अस्पतालों को सतर्क कर दिया गया है.

    ब्राजील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा ने दुर्घटना की खबर सुनने के बाद एक कार्यक्रम में एक मिनट का मौन रखा.

    सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि यह दुर्घटना "बहुत दुखद है. पीड़ितों के परिवारों और दोस्तों के प्रति मेरी पूरी संवेदना है."

  2. पेरिस ओलंपिकः अमन सहरावत ने कुश्ती में कांस्य पदक जीता

    अमन सहरावत

    इमेज स्रोत, gett

    भारतीय रेसलर अमन सहरावत ने मेंस फ़्रीस्टाइल 57 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीत लिया है.

    इसी के साथ इस ओलंपिक में भारत के लिए पदकों की संख्या छह हो गई है.

    कांस्य पदक के लिए ज़रूरी मुक़ाबले में उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी प्यूर्टो रिको के डेरियन टोई क्रूज़ को 13-5 से हराया.

    इससे पहले गुरुवार को हुए सेमीफ़ाइनल मुक़ाबले में अमन सहरावत को हार का सामना करना पड़ा था.

    सेमीफ़ाइनल में अमन का मुक़ाबला जापान के रेई हिगुची के साथ था.

    इस मैच में अमन को 10-0 से हार का सामना करना पड़ा.

    अमन ने क्वार्टर फ़ाइनल मुक़ाबले में अल्बानिया के अबकारोव को 12-0 से हराकर सेमीफ़ाइनल में जगह बनाई थी.

    अमन ने पहले राउंड में पूर्व यूरोपीय चैम्पियन व्लादिमीर एगोरोव को 10-0 से मात दी थी.

    इस ओलंपिक में भारत को कुश्ती में अभी तक कोई पदक नहीं मिला था.

    महिला कुश्ती में विनेश फोगाट से पदक की उम्मीद थी, लेकिन उन्हें फ़ाइनल से पहले 100 ग्राम अधिक वज़न के चलते अयोग्य घोषित कर दिया गया था.

    अमन सहरावत

    इमेज स्रोत, Getty Images

    पेरिस ओलंपिक में शानदार शुरुआत

    21 साल के अमन ने अपने पेरिस ओलंपिक अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए, राउंड ऑफ़ 16 में 2022 के यूरोपीय चैंपियन व्लादिमीर एगारोव को 10-0 से हरा दिया था.

    दूसरी जीत, क्वार्टर फ़ाइनल में उन्होंने अल्बानिया की ओर से लड़ रहे 2022 के वर्ल्ड चैंपियन चेचेन पहलवान अबकारोव के मुकाबले में हासिल की थी. उन्होंने अबकारोव को 12-0 से हराया.

    अमन ने अपनी पहचान तब बनाई जब भारतीय कुश्ती मुश्किलों के दौर से गुजर रही थी. देश के पहलवान सुशील कुमार को जेल हो गई थी. पिछले साल प्रदर्शनों के चलते लगभग पूरी गतिविधि ठप हो गई थी.

    और इसी बीच टोक्यो ओलंपिक के सिल्वर मेडल विजेता रवि दहिया गंभीर रूप से घायल गए थे.

    इन परिस्थितियों में पुरुष कुश्ती में अमन सहरावत भारतीय कुश्ती की उम्मीद के रूप में उभरे.

    यह भी दिलचस्प है कि भारतीय ओलंपिक खिलाड़ियों में वो सबसे कम उम्र के खिलाड़ी हैं, जिन्होंने पेरिस ओलंपिक में पुरुष कुश्ती में भारत की ओर से किसी खिलाड़ी के न जाने की शर्मिंदगी से बचाया.

  3. बांग्लादेश: ढाका में हिंदुओं ने हिंसा के ख़िलाफ़ किया प्रदर्शन, शनिवार को भी करेंगे रैली

    ढाका में हिंदुओं का प्रदर्शन

    इमेज स्रोत, Reuters

    बांग्लादेश की राजधानी ढाका के शाहबाग इलाक़े में हिंदू समुदाय पर हुए हमले के विरोध में कई संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया है.

    बीबीसी बांग्ला के अनुसार शुक्रवार दोपहर हज़ारों हिंदुओं ने शाहबाग में प्रदर्शन किया.

    प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बांग्लादेश के विभिन्न हिस्सों में हिंदुओं के घरों और अन्य संपत्तियों पर हमलों का विरोध किया.

    प्रदर्शन कर रहे संगठनों ने हिंदू समुदाय की सुरक्षा की मांग की.

    ढाका में हिंदुओं का प्रदर्शन

    इमेज स्रोत, Reuters

    जातीय हिंदू महाजोत समेत सनातन धर्म के कई संगठनों ने शनिवार दोपहर तीन बजे उसी स्थान पर एक और रैली का आह्वान किया है.

    बांग्लादेश हिंदू बौद्ध ईसाई एकता परिषद के अनुसार पाँच अगस्त के बाद तीन दिनों में खुलना, बागेरहाट, पटुआखाली, शरीयतपुर, फरीदपुर समेत बांग्लादेश के कम से कम 29 ज़िलों में अल्पसंख्यक समुदाय के घरों, व्यवसायों और पूजा स्थलों में तोड़फोड़ और लूटपाट की गई है.

    संगठनों का कहना है कि हिंदू समुदाय के ख़िलाफ़ हुए इन हमलों में कई लोग घायल हुए हैं.

  4. ओलंपिक समापन समारोह में मनु भाकर के साथ भारत का झंडा थामेंगे पीआर श्रीजेश

    पीआर श्रीजेश (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पीआर श्रीजेश (फ़ाइल फ़ोटो)

    पेरिस ओलंपिक के समापन समारोह में हॉकी टीम के गोलकीपर पीआर श्रीजेश, शूटर मनु भाकर के साथ भारत के फ्लैग बियरर यानी ध्वजवाहक बनेंगे.

    भारतीय ओलंपिक संघ ने इस बारे में एक ट्वीट करते हुए लिखा कि एसोसिएशन को पीआर श्रीजेश को नॉमिनेट करते हुए खुशी हो रही है.

    ओलंपिक के समापन समारोह में भारत का झंडा थामने के लिए मनु भाकर को पहले ही नॉमिनेट किया जा चुका था.

    आईओए अध्यक्ष उषा ने कहा कि श्रीजेश इस सम्मान के लिए एक भावनात्मक और फ़ेमस विकल्प थे. श्रीजेश ने दो दशकों से अधिक समय तक विशेष रूप से भारतीय हॉकी और भारतीय खेलों की सराहनीय रूप से सेवा की है.

    हालांकि श्रीजेश से पहले भारतीय ओलंपिक संघ ने मनु भाकर का जोड़ीदार बनने के लिए नीरज चोपड़ा से बात की थी.

    पीटी उषा ने कहा, “मैंने नीरज चोपड़ा से बात की और जिस सहजता और शालीनता के साथ उन्होंने सहमति जताई कि समापन समारोह में श्रीजेश ध्वजवाहक होना चाहिए, उसकी मैं सराहना करती हूं.”

    पीटी उषा ने बताया कि नीरज ने मुझसे कहा, “मैडम, अगर आपने मुझसे नहीं पूछा होता, तो भी मैं श्री भाई का नाम सुझाता.”

    पीटी उषा ने कहा कि यह श्रीजेश और भारतीय खेल में उनके योगदान के लिए नीरज के अपार सम्मान को दर्शाता है.

  5. बीजेपी सांसद ने प्रधानमंत्री के हवाले से एससी एसटी में क्रीमी लेयर पर क्या कहा

    बीजेपी सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बीजेपी सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते (फाइल फोटो)

    बीजेपी सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा है कि एससी एसटी वर्ग के सांसदों ने संयुक्त रूप से पीएम को एक ज्ञापन दिया है.

    उन्होंने कहा, “हमने प्रधानमंत्री से कहा है कि यह क्रीमी लेयर का जो विषय है एससी एसटी पर नहीं लागू होना चाहिए. प्रधानमंत्री ने भी इसे स्वीकार किया है कि एससी एसटी पर क्रीमी लेयर नहीं लागू होना चाहिए.”

    कुलस्ते ने कहा है, “यह कोई फैसला नहीं है. यह हमारे चार जजों की व्यक्तिगत राय है. इसलिए प्रधानमंत्री जी ने साफ तौर पर कहा है कि एससी एसटी पर क्रीमी लेयर नहीं लागू होगा.”

    बीजेपी सांसद भोला सिंह ने भी इस बारे में जानकारी दी.

    उन्होंने कहा कि आज हमारे एससी-एसटी समुदाय के सभी लोकसभा और राज्यसभा के सांसदों ने प्रधानमंत्री से मुलाकात की और एक ज्ञापन सौंपा है.

    भोला सिंह ने बताया कि ज्ञापन में सुप्रीम कोर्ट के कुछ जज व्यक्तिगत राय के रूप में एससी रिजर्वेशन के क्रीमी लेयर का विषय लाए हैं, वो हम प्रधानमंत्री के संज्ञान में लाए.

    उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री ने आश्वासन दिया है कि जो जजों की राय है वो व्यक्तिगत है. इसका एससी समुदाय के क्रीमी लेयर या रिजर्वेशन पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा. उनका रिजर्वेशन जैसा था वैसा ही रहेगा.”

  6. एयर इंडिया ने तेल अवीव से आने और जाने वाली उड़ानों को क्यों किया रद्द

    एयर इंडिया ने तेल अवीव की उड़ानों को रद्द कर दिया है

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, एयर इंडिया ने तेल अवीव की उड़ानों को रद्द कर दिया है

    एयर इंडिया ने इसराइल की राजधानी तेल अवीव की उड़ानों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का फ़ैसला किया है.

    एयर इंडिया ने एक ट्वीट करते हुए लिखा है, “मिडिल ईस्ट के कुछ हिस्सों में मौजूदा हालात को देखते हुए, तेल अवीव से आने-जाने वाली हमारी उड़ानों का निर्धारित संचालन तत्काल प्रभाव से अगले नोटिस तक निलंबित कर दिया गया है.”

    एयर इंडिया ने बताया कि हम लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और तेल अवीव से आने-जाने के लिए कन्फर्म बुकिंग वाले अपने यात्रियों को पूरा रिफंड दे रहे हैं. हमारे मेहमानों और चालक दल की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है.

    मिडिल ईस्ट में इसराइल और हमास के बीच जारी लाड़ाई की वजह से लोगों के लिए सुरक्षा संबंधी चिंताएं बनी हुई हैं.

  7. दिनभर- पूरा दिन पूरी ख़बर, मानसी दाश और संदीप सोनी से..

    बीबीसी
    इमेज कैप्शन, बीबीसी

    पूरा पॉडकास्ट सुनने के लिए यहां क्लिक करें.

  8. मनीष सिसोदिया ने कहा, दिल्ली के स्कूलों का एक-एक बच्चा मेरे साथ था

    मनीष सिसोदिया

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, मनीष सिसोदिया

    दिल्ली शराब नीति से जुड़े कथित घोटाले के आरोप में 17 महीनों से तिहाड़ जेल में बंद दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया जेल से बाहर आ गए हैं.

    जेल से बाहर आते ही मनीष सिसोदिया ने अपने समर्थकों का शुक्रिया अदा करते हुए केंद्र सरकार पर हमला भी बोला.

    मनीष सिसोदिया ने कहा, 17 महीने मैंने कष्ट नहीं उठाया है, बल्कि आप सब ने कष्ट उठाया है. पिछले 17 महीनों से मैं जेल में नहीं था बल्कि आप सब, दिल्ली का एक-एक आदमी ख़ास तौर से दिल्ली के स्कूलों का एक-एक बच्चा,देश के स्कूलों का एक-एक बच्चा दिल से मेरे साथ रहा है.

    मनीष ने कहा कि मैं आज सुप्रीम का कोर्ट का तहे दिल से धन्यवाद करता हूं, कि उन्होंने संविधान की ताकत का इस्तेमाल करते हुए तानाशाही के मुंह पर तमाचा मारा है.

    बाबा साहब भीमराव आंबेडकर का ज़िक्र करते हुए मनीष सिसोदिया ने कहा, “मेरा रोम-रोम बाबा साहब के प्रति ऋणी हो रहा है. उन्होंने उस वक़्त तय कर लिया था कि अगर कोई तानाशाही सरकार आकर निर्दोष लोगों को जेल में डालेगी तो संविधान उनको बचाएगा.”

    शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट ने मनीष सिसोदिया की ज़मानत का फ़ैसला सुनाया. सिसोदिया को पिछले साल 26 फ़रवरी को सीबीआई ने और फिर 9 मार्च को प्रवर्तन निदेशालय ने गिरफ़्तार किया था.

  9. मनीष सिसोदिया 17 महीनों बाद जेल से आए बाहर, सुप्रीम कोर्ट से मिली है ज़मानत

    मनीष सिसोदिया (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, मनीष सिसोदिया (फ़ाइल फ़ोटो)

    आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया 17 महीने बाद जेल से बाहर आ गए हैं. समाचार एजेंसी पीटीआई ने इसकी पुष्टि भी कर दी है. साथ ही एएनआई ने भी इस ख़बर की पुष्टि कर दी है.

    जेल से बाहर आने पर मनीष सिसोदिया अपने समर्थकों के बीच घिरे नज़र आए. उनसे साथ आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह और आतिशी भी दिखीं.

    दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को सुप्रीम कोर्ट से ज़मानत मिल गई है.

    बीबीसी संवाददाता उमंग पोद्दार के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने सिसोदिया से पासपोर्ट सरेंडर करने को कहा है. साथ ही 10 लाख का बॉन्ड जमा करने को कहा है.

    इससे पहले ट्रायल कोर्ट, हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में मनीष सिसोदिया की ज़मानत याचिकाएं कई बार ख़ारिज हो चुकी हैं.

    सिसोदिया को पिछले साल 26 फ़रवरी को सीबीआई ने और फिर 9 मार्च को प्रवर्तन निदेशालय ने गिरफ़्तार किया था.

  10. जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव पर क्या बोले मुख्य चुनाव आयुक्त

    चीफ़ इलेक्शन कमीश्नर राजीव कुमार (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, चीफ़ इलेक्शन कमीश्नर राजीव कुमार (फ़ाइल फ़ोटो)

    जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव को लेकर चीफ़ इलेक्शन कमीश्नर राजीव कुमार ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया है.

    उन्होंने कहा है, “मई 2022 में जम्मू कश्मीर का परिसीमन होने के बाद दिसंबर 2023 में 'जम्मू कश्मीर रिऑर्गनाइजेशन एक्ट' संसद में पारित हुआ. उसके बाद ही यह तय हुआ कि यहां चुनाव कराने के लिए सारी कानूनी कार्यवाही पूरी हो चुकी है.”

    रजीव कुमार ने बयान दिया कि हम यहां इसलिए आए हैं कि जम्मू कश्मीर का चुनाव कब कराया जाना चाहिए.

    उन्होंने कहा, “कोई भी अंदरूनी या बाहरी ताक़त अगर दखल के ज़रिए यह सोचती है कि वे चुनावों को बाधित कर सकते हैं तो वे नहीं कर सकते. हम जल्द से जल्द चुनाव कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं."

    उन्होने कहा है कि हमने नौ राजनीतिक दलों से मुलाक़ात की है और सभी का यह कहना है कि यहां पर जल्द से जल्द चुनाव कराए जाएं, ताकि लोग अपने प्रतिनिधियों को चुन सकें.

    जम्मू कश्मीर विधानसभा को जून 2018 में ही भंग कर दिया गया था. उसके बाद से राज्य में पहले राज्यपाल साशन और फ़िर राष्ट्रपति साशन लगाया गया.

  11. सुप्रीम कोर्ट ने हिजाब बैन को लेकर कौन से नए फ़ैसले पर लगाई रोक

    सुप्रीम कोर्ट ने हिजाब पर बैन के फ़ैसले पर स्टे लगा दिया है (सांकेतिक तस्वीर)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सुप्रीम कोर्ट ने हिजाब पर बैन के फ़ैसले पर रोक लगा दी है (सांकेतिक तस्वीर)

    मुंबई के एनजी आचार्य एंड डीके मराठे कॉलेज ने हिजाब पर जो पाबंदी लगाई थी, उस पर अब सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा दी है.

    सुप्रीम कोर्ट ने उस क्लॉज़ पर अंतरिम रोक लगा दी है, जिसमें कहा गया है कि छात्रों को ऐसा ड्रेस पहनना होगा जिससे कोई धर्म उजागर ना होता हो. जैसे कि छात्र बुर्क़ा, नक़ाब, हिजाब, टोपी, बैज और स्टॉल जैसी चीजें नहीं पहन सकते.

    26 जून को बॉम्बे हाई कोर्ट ने इस नियम को बरक़रार रखते हुए कहा था कि ड्रेस कोड अभिव्यक्ति या धर्म के किसी भी मौलिक अधिकार का हनन नहीं करता है.

    हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने इन नियमों के आधार पर ही सवाल खड़े किए. न्यायमूर्ति संजीव खन्ना ने पूछा कि किसी धर्म को उजागर ना करने से आपका क्या मतलब है? नाम का भी एक धर्म होता है. अब इस मामले की अगली सुनवाई नवंबर में होगी.

  12. अमेरिका, मिस्र और क़तर ने कहा फिर से बातचीत शुरू करें हमास और इसराइल

    इसराइली सेना का एक टैंक

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसराइली सेना का एक टैंक

    अमेरिका, मिस्र और क़तर ने संयुक्त रूप से बयान जारी कर कहा है कि इसराइल और हमास को युद्धविराम और बंदियों की रिहाई के बारे में फिर से बातचीत शुरू करनी चाहिए.

    तीनों देशों ने कहा है कि उन्होंने समझौते का एक फ्रेमवर्क तैयार किया है जिसमें थोड़ा और विवरण जोड़ना बाक़ी है.

    इसराइल ने कहा है कि वह 15 अगस्त को दोहा और काहिरा में प्रस्तावित वार्ता के लिए अपने एक दल को भेजेगा. हमास की तरफ से तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है.

    तीनों देशों की ओर से जारी किए गए संयुक्त बयान में इसराइल और हमास को 15 अगस्त को दोबारा वार्ता शुरू करने के लिए आमंत्रित किया गया है ताकि दोनों पक्षों के बीच मतभेदों को समाप्त किया जा सके और समझौते को बिना किसी देरी के लागू किया जा सके.

    जारी किए संयुक्त बयान पर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन, मिस्र के राष्ट्रपति अब्दुल फ़तह अल सीसी और क़तर के अमीर शेख़ तमीम बिन हमद अल थानी ने हस्ताक्षर किए हैं.

  13. जया बच्चन की जगदीप धनखड़ के 'टोन' पर टिप्पणी, राज्यसभा में हंगामा

    राज्यसभा में सभापति धनखड़ और जया बच्चन के बीच बहस

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, राज्यसभा में सभापति धनखड़ और एसपी सांसद जया बच्चन के बीच बहस

    राज्यसभा में शुक्रवार को सभापति जगदीप धनखड़ पर सांसद जया बच्चन की टिप्पणी के बाद जमकर हंगामा हुआ.

    जगदीप धनखड़ ने जया बच्चन से कहा कि सम्मान आपका ही नहीं दूसरों का भी है. इस बीच सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के सांसदों ने भी जमकर हंगामा किया और शोर मचाया.

    सदन में जया बच्चन ने सभापति जगदीप धनखड़ को संबोधित करते हुए कहा, “सर मैं कलाकार हूं. बॉडी लैंग्वेज समझती हूं, भाव समझती हूं. मगर माफ़ कीजिएगा, आपका लहजा स्वीकार करने लायक नहीं है.

    जया बच्चन ने कहा,“सर हम लोग साथी हैं. आप भले ही वहाँ कुर्सी पर बैठे हों और मुझे याद है कि जब मैं स्कूल गई थी...”

    जया बच्चन को यहीं रोकते हुए जगदीप धनखड़ ने कहा, “जया जी आपने बड़ा सम्मान कमाया है. आप जानती होंगी कि एक एक्टर, एक डायरेक्टर के अधीन होता है. आपने वह नहीं देखा जो हर रोज़ मैं यहां से देखता हूं."

    उन्होंने कहा, "मैं उन बातों को दोहराना नहीं चाहता हूं. मुझे स्कूलिंग नहीं चाहिए. मैं वह इंसान हूं जो दायरे से बाहर तक गया और आप कहती हैं मेरा टोन...”

    धनकड़ की इस बात पर विपक्ष की तरफ से शोर होने लगा और इस पर एक बार फिर से जगदीप धनखड़ को गुस्से में देखा गया.

    धनखड़ ने कहा, "आप कोई भी हों, आप सेलिब्रिटी हो सकती हैं. लेकिन आपको मर्यादा समझनी होगी. ऐसी पहचान मत बनाइए कि केवल आप ही का सम्मान है."

  14. बांग्लादेश में हिंदुओं सहित अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के लिए मोदी सरकार का नया कदम क्या है?

    गृह मंत्री अमित शाह (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, गृह मंत्री अमित शाह (फ़ाइल फ़ोटो)

    बांग्लादेश में जारी हालातों पर नज़र रखने के लिए एक समिति बनाने का फ़ैसला किया है. यह समिति बांग्लादेशी हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने का प्रयास करेगी.

    गृह मंत्री अमित शाह ने एक ट्वीट करते हुए इस बारे में बताया, “बांग्लादेश में जारी हालात के मद्देनजर मोदी सरकार ने भारत-बांग्लादेश सीमा (आईबीबी) पर मौजूदा हालात पर नजर रखने के लिए एक समिति गठित की है.”

    उन्होंने लिखा कि यह समिति बांग्लादेश में अपने समकक्ष अधिकारियों के साथ संवाद बनाए रखेगी ताकि वहां रहने वाले भारतीय नागरिकों, हिंदुओं और अन्य अल्पसंख्यक समुदायों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके. इस समिति की अध्यक्षता एडीजी, सीमा सुरक्षा बल, पूर्वी कमान करेंगे.

    बांग्लादेश में शेख़ हसीना के देश छोड़कर जाने के बाद सोशल मीडिया में हिंदुओं की संपत्ति और मंदिरों पर हमले से जुड़ी ख़बरों सामने आ रही हैं.

    भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने छह अगस्त को संसद में बताया था, "जो बात सबसे अधिक परेशान करने वाली है वो वहां रह रहे अल्पसंख्यक हैं. उनकी दुकानों और मंदिरों पर कई जगह हमले की जानकारी मिली है. हालांकि, अभी इस बारे में पूरी जानकारी नहीं मिली है."

  15. एस जयशंकर ने संसद में बताया, रूसी सेना में कितने भारतीय हुए थे शामिल

    विदेश मंत्री एस जयशंकर (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, विदेश मंत्री एस जयशंकर (फ़ाइल फ़ोटो)

    लोकसभा में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने रूसी सेना में भर्ती किए गए भारतीयों को लेकर बयान दिया है.

    जयशंकर के मुताबिक़, “91 भारतीय नागरिक रूसी सेना में शामिल हुए थे. इनमें से आठ नागरिकों की मौत भी हो चुकी है.”

    विदेश मंत्री जयशंकर ने बताया कि 14 भारतीयों को सरकारी सहायता से रूसी सेना से बाहर निकाल लिया गया है. जबकि 69 भारतीय अभी भी रूस से वापस भारत आने का इंतज़ार कर रहे हैं.

    जयशंकर ने अपने बयान में यह भी कहा कि हम इस मामले को बहुत गंभीरता से ले रहे हैं. मैंने खुद रूसी विदेश मंत्री के सामने कई बार इस मुद्दे को उठाया है.

    "पिछले महीने अपने रूस दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के सामने इस मुद्दे को उठाया था. उनको ऐसा आश्वासन मिला है कि रूसी सेना में भर्ती किसी भी भारतीय को वहां से आज़ाद कर दिया जाएगा."

    जयशंकर ने बताया कि समस्या यह है कि रूसी अधिकारी यह मानते हैं कि इन भारतीय नागरिकों ने रूसी सेना के साथ सर्विस के लिए क़रार किया था.

    "लेकिन हम ऐसा नहीं मानते, मुझे लगता है कि हमारे नागरिकों को गुमराह किया गया था, उन्हें बताया गया था कि वे किसी अन्य नौकरी के लिए जा रहे हैं और फिर उन्हें रूसी सेना में तैनात किया गया."

    विदेश मंत्री ने बताया कि सीबीआई ने 19 व्यक्तियों और संस्थाओं के ख़िलाफ़ आपराधिक मामला दर्ज किया है. उन 14 लोगों की जांच भी हुई है, जो रूस से लौटे हैं. 10 मानव तस्करों के ख़िलाफ़ पर्याप्त सबूत सामने आए हैं.

    इस मामले की जांच के दौरान, 24 अप्रैल को दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया और 7 मई को दो और लोगों को गिरफ्तार किया गया. सभी चार अभियुक्त अभी में न्यायिक हिरासत में हैं.

  16. अरशद नदीम की माँ ने कहा 'हार और जीत किस्मत से होती है, नीरज भी मेरा बेटा है...'

    अरशद नदीम और नीरज चोपड़ा

    इमेज स्रोत, EPA-EFE/REX/Shutterstock

    पेरिस ओलंपिक में जैवलिन थ्रो का गोल्ड मेडल जीतने वाले अरशद नदीम की मां रज़िया परवीन ने नीरज चोपड़ा को अपना बेटा कहा है.

    रज़िया परवीन ने पाकिस्तानी मीडिया से है, “वो मेरे बेटे जैसा है. वो नदीम का दोस्त भी है और भाई भी है.”

    उन्होंने कहा, “हार और जीत तो किस्मत का खेल है. वो भी मेरा बेटा है और अल्लाह उसे भी क़ामयाब करें. उसे भी मेडल जीतने की तौफ़ीक अदा करें.”

    इससे पहले नीरज चोपड़ा की मां सरोज देवी ने भी अरशद नदीम पर कहा था, "हम बहुत खुश हैं. हमारे लिए तो सिल्वर भी गोल्ड के ही बराबर है. गोल्ड जीतने वाला भी हमारा ही लड़का है. मेहनत करता है."

    बीती रात पेरिस ओलंपिक खेलों के जैवलिन थ्रो के फ़ाइनल में 92.97 मीटर दूर भाला फेंक कर पाकिस्तान के अरशद नदीम ने गोल्ड मेडल जीता था.

    जबकि टोक्यो में हुए पिछले ओलंपिक खेलों में गोल्ड मेडल जीतने वाले भारत के नीरज चोपड़ा इस बार 89.45 मीटर के साथ दूसरे स्थान पर रहे थे.

    अरशद नदीम की मां रजिया परवीन

    उनके इस बयान की पाकिस्तान में काफ़ी चर्चा है.

    पूर्व क्रिकेटर शोएब अख़्तर ने सोशल मीडिया पर लिखा- ''गोल्ड जिसका है, वो भी हमारा ही लड़का है. ये बात सिर्फ़ एक मां ही कह सकती है. कमाल है.''

    पाकिस्तानी पत्रकार एहतिशाम उल हक ने नीरज चोपड़ा की मां का वीडियो शेयर कर कैप्शन में लिखा कि कैसे उन्होंने अरशद की जीत के लिए खुशी ज़ाहिर की.

    एहतिशाम ने लिखा- "इस ख़ूबसूरत मैसेज के लिए धन्यवाद मां."

  17. पाकिस्तान के पीएम ने बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस से क्या कहा

    शहबाज़ शरीफ़

    इमेज स्रोत, getty

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़

    बांग्लादेश में अंतरिम सरकार के प्रधान सलाहकार के रूप में नोबेल पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस ने शपथ ली है.

    इस मौके पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने उनको बधाई दी.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, "पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ बांग्लादेश की सरकार के मुख्य सलाहकार के रूप में शपथ लेने के लिए प्रोफेसर मोहम्मद यूनुस को बधाई."

    शहबाज़ शरीफ़ ने लिखा, "बांग्लादेश के समृद्ध भविष्य की दिशा में मार्ग दर्शन करने में उनकी सफलता के लिए दुआ करता हूं. आने वाले दिनों में मैं पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच सहयोग को गहरा करने के लिए उनके साथ काम करने को उत्सुक हूं."

    बांग्लादेश में कई हफ़्तों से चल रही अशांति और राजनीतिक उथल पुथल का एक अध्याय पांच अगस्त को ख़त्म हुआ जब तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख़ हसीना ने अपने पद से इस्तीफ़ा देकर देश छोड़ दिया और भारत में शरण ली.

    इस घटनाक्रम के बाद बांग्लादेश सेना के अध्यक्ष जनरल वक़ार-उज़-ज़मान ने देश में एक अंतरिम सरकार बनाए जाने की घोषणा की थी.

    विरोध प्रदर्शन की अगुवाई करने वाले छात्रों ने अंतरिम सरकार में प्रधान सलाहकार के तौर पर मोहम्मद यूनुस का नाम प्रस्तावित किया था.

  18. शेख़ हसीना के बेटे ने कहा- 'मेरी मां की जान बचाने के लिए पीएम मोदी का शुक्रिया'

    बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना (फाइल फोटो)

    बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना के बेटे सजीब वाजिद जॉय ने कहा है कि उनकी मां वापस बांग्लादेश जाएंगी.

    शेख़ हसीना के बेटे सजीब ने टाइम्स ऑफ इंडिया को फोन पर दिए इंटरव्यू में कहा, “उनकी मां शेख़ हसीना का किसी भी देश में शरण लेने का कोई इरादा नहीं है.”

    उन्होंने कहा, “अभी उनकी मां कुछ वक्त के लिए भारत में हैं.”

    सजीब ने कहा है कि जैसे ही अंतरिम सरकार चुनाव कराने का फैसला करेगी, उनकी मां शेख़ हसीना वापस बांग्लादेश जाएंगी.

    उन्होंने कहा, "मैं प्रधानमंत्री मोदी का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं कि इतने कम समय में भी उन्होंने मेरी मां की जान बचाई."

    टाइम्स ऑफ इंडिया से बात करते हुए सजीब ने कहा, “मैं अपनी पार्टी और कार्यकर्ताओं को बचाने के लिए कुछ भी करूंगा. अगर इसके लिए मुझे राजनीति में भी आना पड़े तो मैं पीछे नहीं हटूंगा.”

    सजीब बोले, “मुझे पूरा भरोसा है कि आवामी लीग चुनावों में भाग लेगी और हो सकता है कि हम जीत भी जाएं. हमारे पास बांग्लादेश में सबसे ज्यादा लोगों का समर्थन है.”

  19. सिसोदिया को ज़मानत मिलने पर आतिशी और केजरीवाल की पत्नी क्या बोलीं?

    आतिशी मार्लेना

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, दिल्ली की शिक्षा मंत्री आतिशी

    दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को सुप्रीम कोर्ट से ज़मानत मिल गई है.

    इस मुद्दे पर शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दिल्ली की शिक्षा मंत्री आतिशी भावुक हो गईं.

    उन्होंने कहा, "मनीष सिसोदिया जी को उसी दिन बेल मिली, जिस दिन उस स्कूल का उद्घाटन हो रहा है, जिसका शिलान्यास उन्होंने किया था. एक ज़ोरदार जयकारा उनके नाम से लगाएंगे."

    उन्होंने कहा, "मनीष जी को जेल में क्यों डाला गया? इसलिए डाला क्योंकि वो दिल्ली के गरीब बच्चों को अच्छी शिक्षा दे रहे थे, वो एक ऐसे शिक्षा मंत्री और उप मुख्यमंत्री थे जिन्होंने दिल्ली का 25 फ़ीसदी बजट दिल्ली के बच्चों के नाम किया."

    आतिशी ने कहा, "वो एक ऐसे शिक्षा मंत्री थे जिन्होंने दिल्ली के बच्चों का भविष्य बदल दिया."

    वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने एक्स पर लिखा, "भगवान के घर देर है अंधेर नहीं."

  20. मनीष सिसोदिया को मिली राहत पर बीजेपी बोली- ज़मानत मिलने का मतलब बरी होना नहीं

    मनीष सिसोदिया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, मनीष सिसोदिया की ज़मानत पर बीजेपी ने प्रतिक्रिया दी है

    आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को ज़मानत मिल गई है.

    सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को ये फैसला सुनाया.

    सिसोदिया को पिछले साल 26 फ़रवरी को सीबीआई ने और फिर 9 मार्च को प्रवर्तन निदेशालय ने गिरफ़्तार किया था.

    सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले पर बीजेपी की प्रतिक्रिया आई है.

    बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत कुमार गौतम ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "ज़मानत मिलने का मतलब बरी होना नहीं है. आज भी वो गुनहगार हैं."

    उन्होंने कहा, "इसकी सज़ा उन्हें (मनीष सिसोदिया) मिलेगी. उत्साहित होकर देश, दिल्ली और कोर्ट को गुमराह करने की ज़रूरत नहीं है."