एशिया कप 2025 में रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच को लेकर बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा है कि अगर टीम इस मैच में हिस्सा नहीं लेगी, तो टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी
रूस के कमचटका में 7.1 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप, सुनामी की चेतावनी जारी
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, बीते महीने कमचटका के पास 8.8 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया था (सांकेतिक तस्वीर)
रूस के कमचटका क्षेत्र के पूर्वी तट के पास शनिवार को 7.1 तीव्रता का भूकंप आया. समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने जर्मन रिसर्च सेंटर फ़ॉर जियोसाइंसेस (जीएफ़ज़ेड) के हवाले से यह जानकारी दी है.
जीएफ़ज़ेड ने बताया कि भूकंप की गहराई 10 किलोमीटर थी.
वहीं अमेरिका के जियोलॉजिकल सर्वे ने भूकंप की तीव्रता 7.4 और गहराई 39.5 किलोमीटर बताई है.
इस भूकंप के बाद पैसिफ़िक सुनामी वॉर्निंग सिस्टम ने संभावित सुनामी का ख़तरा जताया है.
पिछले महीने के आख़िर में कमचटका के पास 8.8 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया था. जिसके बाद इस इलाक़े में कई जगहों पर सुनामी की लहरें उठी थीं.
इस भूकंप का असर जापान तक पहुंचा था.
प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल की अंतरिम पीएम सुशीला कार्की को दी शुभकामनाएं
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने नेपाल की नई सरकार के गठन पर प्रतिक्रिया दी है
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल की अंतरिम सरकार की प्रधानमंत्री सुशीला कार्की को शुभकामनाएं दी हैं.
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "मैं सुशीला कार्की को नेपाल की अंतरिम सरकार की प्रधानमंत्री के रूप में पद ग्रहण करने पर शुभकामनाएं देता हूं."
उन्होंने कहा, "भारत नेपाल के लोगों की शांति, तरक्की और समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध बना हुआ है."
शुक्रवार देर रात नेपाल की पहली महिला मुख्य न्यायाधीश रहीं सुशीला कार्की नेपाल की पहली अंतरिम महिला प्रधानमंत्री बन गई हैं.
सुशीला कार्की को नेपाल के राष्ट्रपति राम चंद्र पौडेल ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई.
भारत-अमेरिका रिश्तों पर बोले जॉन बोल्टन, ट्रंप को लेकर दी सलाह
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, जॉन बोल्टन ने हाल के दिनों में भारत पर टैरिफ़ का कड़ा विरोध किया था
भारत और अमेरिका संबंधों पर अमेरिका के पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जॉन बोल्टन ने फिर बयान दिया है.
उनका कहना है कि भारत और अमेरिका के बीच बढ़े तनाव का कारण अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का अनिश्चित अंदाज़ है.
उन्होंने कहा, "भारत की तरफ़ कई चिंताएं हैं, लेकिन सबसे बड़ी चिंता पिछले कुछ सालों में भारतीय कंपनियों की रूसी तेल और गैस ख़रीद पर लगाया गया 25 फ़ीसदी टैरिफ़ है."
दरअसल अमेरिका ने भारत के साथ व्यापार घाटे को कम करने के लिए 25 फ़ीसदी और रूस से तेल ख़रीदने के पेनल्टी के तौर पर भारत पर 25 फ़ीसदी का टैरिफ़ लगाया है.
पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जॉन बोल्टन ने इसी पर कहा, "यह दिखाता है कि ट्रंप कितने अस्थिर हो सकते हैं, क्योंकि उन्होंने रूस को प्रतिबंध तोड़ने पर न तो कोई टैरिफ़ लगाया, न ही चीन पर, जबकि चीन भारत से कहीं ज़्यादा बड़ा ख़रीदार है. इसके अलावा तुर्की, पाकिस्तान और अन्य देश भी ख़रीदार हैं."
उनके मुताबिक़, भारत और अमेरिका के रिश्ते अब भी पहले जैसे ही हैं.
उन्होंने कहा, "मैं कहूंगा कि रिश्ता अब भी वही है. भारत सरकार को ट्रंप को एक बार की स्थिति मानकर उनसे निपटना चाहिए और अपने राष्ट्रीय हित में जो भी क़दम उचित लगें, उठाने चाहिए."
चार्ली कर्क की हत्या के बाद पत्नी एरिका पहली बार बोलीं, हत्यारे को लेकर भी कही बात
इमेज स्रोत, Turning Point USA
इमेज कैप्शन, कंज़र्वेटिव कार्यकर्ता चार्ली कर्क की पत्नी एरिका कर्क
अमेरिका के हाई-प्रोफ़ाइल कंज़र्वेटिव कार्यकर्ता और मीडिया हस्ती चार्ली कर्क की हत्या के बाद पहली बार उनकी पत्नी एरिका कर्क ने सार्वजनिक टिप्पणी की है.
उन्होंने अपने बयान की शुरुआत में सबसे पहले पुलिस और आपातकर्मी का धन्यवाद किया, जिन्होंने गोली लगने के बाद उनकी (चार्ली कर्क) जान बचाने की कोशिश की.
इसके बाद उन्होंने कर्क की टीम, अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का भी आभार जताया.
उन्होंने सीधे ट्रंप को संबोधित करते हुए कहा, "आपने उन्हें जिस तरह समर्थन दिया, उसी तरह उन्होंने भी आपको समर्थन दिया."
एरिका कर्क ने वादा किया कि चार्ली कर्क का संदेश जारी रहेगा, उनका कैंपस टूर भी चलता रहेगा और उनका पॉडकास्ट भी जारी रहेगा.
चार्ली की हत्या करने वाले के बारे में उन्होंने कहा, "तुम्हें अंदाज़ा भी नहीं कि तुमने इस पत्नी के अंदर कैसी आग जलाई है. इस विधवा की पुकार पूरी दुनिया में युद्धघोष की तरह गूंजेगी."
आख़िर में पत्नी एरिका ने चार्ली से वादा किया कि वह उनकी विरासत को कभी ख़त्म नहीं होने देंगी.
उन्होंने कहा, "इस अराजकता, शक और अनिश्चितताओं से भरी दुनिया में मेरे पति की आवाज़ हमेशा बनी रहेगी."
चार्ली कर्क की हत्या के संदिग्ध को पकड़ लिया गया गया है.
बुधवार को यूटा के एक कॉलेज में कर्क की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.
31 साल के कर्क देश भर के कॉलेज कैंपसों में ओपन-एयर डिबेट्स आयोजित करने के लिए जाने जाते थे.
कर्क राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भरोसेमंद सहयोगी भी थे.
भारत ने नेपाल की नई अंतरिम सरकार को लेकर जारी किया बयान
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, भारत ने नेपाल की नई सरकार के गठन का स्वागत किया है
नेपाल में शुक्रवार को बनी नई अंतरिम सरकार पर भारत ने प्रतिक्रिया दी है.
भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत दोनों देशों और लोगों की भलाई और समृद्धि के लिए नेपाल के साथ मिलकर काम करना जारी रखेगा.
विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया, "हम सुशीला कार्की के नेतृत्व में नई अंतरिम सरकार के गठन का स्वागत करते हैं. हमें उम्मीद है कि इससे शांति और स्थिरता को बढ़ावा मिलेगा."
बयान में कहा गया, "एक क़रीबी पड़ोसी, साथी लोकतंत्र और लंबे समय से विकास सहयोगी के रूप में भारत नेपाल के साथ मिलकर दोनों देशों और नागरिकों की भलाई और समृद्धि के लिए काम करता रहेगा."
शुक्रवार देर रात नेपाल की पहली महिला मुख्य न्यायाधीश रहीं सुशीला कार्की नेपाल की पहली अंतरिम महिला प्रधानमंत्री बन गई हैं. सुशीला कार्की को राष्ट्रपति राम चंद्र पौडेल ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई.
कई दिनों तक 'जेन ज़ी' प्रदर्शनकारियों, नेताओं, राष्ट्रपति पौडेल और अन्य क़ानूनी विशेषज्ञों के साथ हुई चर्चाओं के बाद आख़िरकार शुक्रवार देर शाम अंतरिम प्रधानमंत्री के लिए सुशीला कार्की के नाम पर सहमति बनी थी.
सुशीला कार्की केपी शर्मा ओली की जगह लेंगी, जिन्होंने भ्रष्टाचार के आरोपों और सोशल मीडिया बैन के ख़िलाफ़ युवाओं के भारी विरोध के बीच मंगलवार को इस्तीफ़ा दे दिया था.
नेपाल में अंतरिम प्रधानमंत्री बनने के कुछ ही घंटे बाद चुनाव की तारीख़ का एलान
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, नेपाल में हुए 'जेन ज़ी' प्रोटेस्ट में देश की संसद से लेकर कई अहम सरकारी इमारतों में आग लगा दी गई थी
नेपाल के राष्ट्रपति राम चंद्र पौडेल ने देश में आम चुनाव कराने को लेकर तारीख़ की घोषणा की है.
जारी बयान के मुताबिक़, 5 मार्च 2026 को नेपाल में आम चुनाव कराए जाएंगे.
पौडेल की प्रेस सलाहकार किरण पोखरेल ने बीबीसी न्यूज़ नेपाली को बताया कि राष्ट्रपति ने नवनियुक्त प्रधानमंत्री सुशीला कार्की की सिफ़ारिश पर चुनाव की तारीख़ की घोषणा की.
कार्की के नेतृत्व वाली सरकार को छह महीने के भीतर चुनाव कराने होंगे.
इससे पहले शुक्रवार रात नेपाल की पहली महिला मुख्य न्यायाधीश रहीं सुशीला कार्की नेपाल की पहली अंतरिम महिला प्रधानमंत्री बनी थीं.
सुशीला कार्की को राष्ट्रपति राम चंद्र पौडेल ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई.
नेपाल में इस हफ़्ते हिंसक विरोध प्रदर्शन हुए. इस प्रदर्शन को 'जेन-ज़ी' का प्रदर्शन बताया गया.
इस विरोध प्रदर्शन में न केवल राजधानी काठमांडू की ज़्यादातर ऐतिहासिक और आधुनिक इमारतों को आग लगा दी गई बल्कि इसके कारण प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को अपना पद भी छोड़ना पड़ा.