दिल्ली दंगा मामले में अभियुक्त उमर ख़ालिद, शरजील इमाम, गुलफ़िशां फ़ातिमा और मीरान हैदर की ज़मानत याचिकाओं पर अब सुप्रीम कोर्ट में 19 सितंबर को सुनवाई होगी
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में बाढ़ की वजह से 20 लाख से ज़्यादा लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है. अधिकारियों ने बताया कि देश के पूर्वी हिस्से में बाढ़ का असर सबसे ज़्यादा है
अमेरिका में 'वॉशिंग मशीन को लेकर' भारतीय मूल के एक मोटेल मैनेजर की हत्या
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर
अमेरिका के टेक्सस में 50 साल के भारतीय मूल के एक मोटेल मैनेजर की हत्या कर दी गई. न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, उनकी हत्या पत्नी और बेटे के सामने की गई है.
भारतीय अधिकारियों ने मैनेजर का नाम चंद्र नागमल्लैया बताया है.
एजेंसी के अनुसार, पुलिस ने बताया कि यह वॉशिंग मशीन को लेकर हुए विवाद के बाद हुई.
संदिग्ध मोटेल मैनेजर का सहकर्मी है और उसके आपराधिक रिकॉर्ड भी है. फ़िलहाल उसे गिरफ़्तार कर लिया गया है और उस पर हत्या का आरोप लगाया गया है.
यह घटना बुधवार सुबह डलास के डाउनटाउन सुइट्स मोटेल में हुई.
इस पर ह्युस्टन में मौजूद भारतीय वाणिज्य दूतावास ने नागमल्लैया की "दुखद" मौत पर शोक जताया और कहा कि उनकी "निर्ममता से" कार्यस्थल पर हत्या कर दी गई.
वाणिज्य दूतावास ने एक्स पर लिखा, "हम परिवार के संपर्क में हैं और हर संभव मदद कर रहे हैं. आरोपी डलास पुलिस की गिरफ़्त में है. हम इस मामले पर क़रीबी नज़र रख रहे हैं."
इस देश के पूर्व राष्ट्रपति को 27 साल से ज़्यादा की सज़ा सुनाई गई
इमेज स्रोत, EVARISTO SA/AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, जाएर बोल्सोनारो को पांच आरोपों में दोषी पाया गया है
ब्राज़ील के पूर्व राष्ट्रपति जाएर बोलसोनारो को सैन्य तख़्तापलट की साज़िश रचने का दोषी पाए जाने के बाद 27 साल और तीन महीने की जेल की सज़ा सुनाई गई है.
पांच सुप्रीम कोर्ट जजों के पैनल ने उन्हें दोषी ठहराने के कुछ घंटों बाद ही यह सज़ा सुनाई है.
कोर्ट ने कहा कि बोल्सोनारो ने 2022 के चुनाव में वामपंथी प्रतिद्वंद्वी लुइज़ इनासियो लूला डा सिल्वा से हारने के बाद सत्ता में बने रहने के लिए साज़िश का नेतृत्व किया.
पांच में से चार जजों ने उन्हें दोषी ठहराया, जबकि एक ने बरी करने के पक्ष में वोट दिया.
बोल्सोनारो के वकीलों ने सज़ा को 'बेहद ज़्यादा' बताया है और कहा है कि वे इस फ़ैसले के ख़िलाफ़ अपील करेंगे.
एस जयशंकर ने पोलैंड के विदेश मंत्री से की बातचीत, यूक्रेन संघर्ष पर चर्चा
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, एस जयशंकर ने कहा है कि 'भारत चाहता है कि यूक्रेन संघर्ष जल्द से जल्द ख़त्म हो'
भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने गुरुवार को पोलैंड के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री रादोस्वाफ़ सिकोर्स्की से बातचीत की.
दोनों नेताओं की बातचीत में पोलैंड की हाल की सुरक्षा चिंताओं पर चर्चा हुई.
जयशंकर ने दोहराया कि भारत चाहता है कि यूक्रेन संघर्ष जल्द ख़त्म हो और इसका एक स्थायी समाधान निकले.
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "आज मैंने पोलैंड के विदेश मंत्री रादोस्वाफ़ सिकोर्स्की से बातचीत की. उन्होंने पोलैंड की सुरक्षा से जुड़ी हाल की घटनाओं पर चिंता जताई."
विदेश मंत्री ने कहा, "मैंने दोहराया कि भारत चाहता है कि यूक्रेन संघर्ष जल्द से जल्द ख़त्म हो और इसका स्थायी समाधान निकले."
इससे पहले बुधवार को पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने ससंद को बताया था कि पोलैंड की सेना ने रात भर में देश के हवाई क्षेत्र में 19 बार ड्रोन घुसने से जुड़ी घटनाएं दर्ज कीं.
उन्होंने कहा कि ख़तरे से निपटने के लिए पोलैंड और नेटो विमानों ने तीन से चार ड्रोन मार गिराए.
इससे पहले पोलैंड की सेना ने कहा था कि यूक्रेन में रूसी हमलों के दौरान "ड्रोन जैसी अज्ञात वस्तुओं से बार-बार देश की हवाई सीमा का उल्लंघन" हुआ है.
पोलैंड के इस आरोप में रूसी सरकार के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने पत्रकारों के साथ अपने दैनिक कॉन्फ्रेंस कॉल में कहा, "हम इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहेंगे. ऐसा करना हमारा काम नहीं है. यह रक्षा मंत्रालय का मामला है."
नेपाल: पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की पर बनी ये सहमति
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, सुशीला कार्की को अंतरिम सरकार का नेतृत्व करने का अवसर मिल सकता है (फ़ाइल फ़ोटो)
नेपाल में 'जेन-ज़ी' प्रदर्शन के बाद हालात तनावपूर्ण हैं. बीबीसी नेपाली के मुताबिक़, इस बीच पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की को नई सरकार का मुखिया नियुक्त करने पर सहमति बन गई है.
हालांकि, बीबीसी अभी तक इस फै़सले की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर पाया है.
कई न्यूज़ रिपोर्टों के मुताबिक़, यह निर्णय गुरुवार रात के बाद राष्ट्रपति राम चंद्र पौडेल और सेना प्रमुख अशोक राज सिगडेल की उपस्थिति में लिया गया.
बीबीसी नेपाली के मुताबिक इस दौरान वहां कार्की भी मौजूद थीं. लेकिन शुक्रवार सुबह सात बजे तक इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है.
अगर नेपाल इस फ़ैसले के मुताबिक़ आगे बढ़ता है, तो पहली महिला मुख्य न्यायाधीश कार्की को सरकार की पहली महिला प्रमुख बनने का मौका मिलेगा.
चार्ली कर्क की हत्या मामले में संदिग्ध की नई तस्वीरें जारी, अब तक क्या पता चला?
इमेज स्रोत, FBI
इमेज कैप्शन, बुधवार को यूटा के एक कॉलेज में चार्ली कर्क की गोली मारकर हत्या कर दी गई
अमेरिका में चार्ली कर्क की मौत मामले में गुरुवार रात एफ़बीआई ने एक संदिग्ध व्यक्ति की तस्वीरें जारी की हैं.
इस मामले में अभी तक कोई संदिग्ध हिरासत में नहीं है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि पुलिस को उस व्यक्ति का नाम मिल गया है, जिसकी तस्वीर सामने आई है.
इससे पहले एफ़बीआई ने इस मामले से जुड़ी जानकारी देने पर एक लाख डॉलर का इनाम घोषित किया था.
जहां गोलीबारी हुई उसके पास वाले जंगल में एक राइफल मिली है.
अधिकारियों ने कहा कि संदिग्ध किसी कॉलेज स्टूडेंट की उम्र का लगता है. और वो गोली चलाने के बाद छत से नीचे घास वाले इलाक़े में कूदकर भाग गया, फिर एक कार पार्क के रास्ते बाहर निकल गया.
इमेज स्रोत, Utah Public Safety
चार्ली कर्क अमेरिका के हाई-प्रोफाइल कंज़र्वेटिव कार्यकर्ताओं और मीडिया हस्तियों में से एक थे.
कर्क अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भरोसेमंद सहयोगी भी थे.
31 साल के कर्क देश भर के कॉलेज कैंपसों में ओपन-एयर डिबेट्स आयोजित करने के लिए जाने जाते थे.
बुधवार को यूटा के एक कॉलेज में उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई.