सोनम वांगचुक के इलाज को लेकर पत्नी गीतांजलि ने खटखटाया हाई कोर्ट का दरवाजा

इमेज स्रोत, ANI
सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि जे अंगमों ने कहा है कि उन्होंने अपने पति के इलाज से जुड़े मामले में हाई कोर्ट का रुख़ किया है.
उन्होंने अदालत से सोनम वांगचुक की तबीयत और ख़राब होने से पहले किसी दूसरे अस्पताल में शिफ़्ट करने की अनुमति देने की मांग की है.
गीतांजलि ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए सफ़दरजंग सरकारी अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल उठाए.
गीतांजलि ने एक्स पर पोस्ट किया, "मेरा सफ़दरजंग सरकारी अस्पताल से भरोसा उठ गया है. अस्पताल ने हमें बताया कि वांगचुक का पोटैशियम लेवल गिरकर 2.9 हो गया है. उन्होंने इसे चिंता वाली और जान के लिए ख़तरा बताने वाली स्थिति बताया. लेकिन अपने पब्लिक हेल्थ बुलेटिन में उन्होंने असल लेवल नहीं बताया."
उन्होंने आगे लिखा, "10 घंटे बाद और बार-बार मांग करने के बाद, उन्होंने रात 10.30 बजे हमें उनके ब्लड सैंपल लेने की अनुमति दी. एक स्वतंत्र लैब की जांच में पोटैशियम का स्तर 3.5 आया, जो नॉर्मल लेवल के अंदर है."
"बार-बार अनुरोध करने के बावजूद, अस्पताल ने उन्हें छुट्टी देने या हमारी पसंद के निजी अस्पताल में ले जाने की अनुमति देने से मना कर दिया है. हमारे फ्लोर पर करीब 30 पुलिसकर्मी और पूरे अस्पताल में 100 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात हैं, जिससे हमारी आवाजाही बहुत सीमित हो गई है. यह इलाज नहीं है. यह ग़ैरकानूनी हिरासत है."
गीतांजलि ने लिखा, "अगर सोनम को कुछ भी होता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी अस्पताल प्रशासन और सरकार की होगी. इसलिए मैंने हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है और आज तुरंत सुनवाई की मांग की है. मैंने अपील की है कि सोनम की तबीयत और ख़राब होने से पहले उन्हें कहीं और ले जाने की अनुमति दी जाए. किसी भी परिवार को सिर्फ इस बात के लिए सिस्टम से लड़ाई नहीं लड़नी चाहिए कि उनके अपने व्यक्ति का इलाज कहां हो."
गौरतलब है कि सोनम वांगचुक को पुलिस शनिवार को दिल्ली स्थित जंतर-मंतर से उठाकर सफ़दरजंग अस्पताल लेकर गई थी. इसके बाद रविवार को एक संदेश में वांगचुक ने दावा किया कि वो अवैध हिरासत में हैं.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें.
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह.
(कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.)



















