इस्लामाबाद के कोर्ट पर आत्मघाती हमले को लेकर अफ़ग़ान तालिबान ने जारी किया बयान

अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सरकार ने पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में एक कोर्ट के बाहर हुए आत्मघाती धमाके पर बयान जारी किया है.

सारांश

  • छत्तीसगढ़ पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ में छह माओवादी मारे गए
  • बिहार चुनावः दूसरे चरण में 68.79 प्रतिशत मतदान, कुल मतदान 66.90 प्रतिशत
  • निठारी कांड: सुप्रीम कोर्ट ने सुरेंद्र कोली को बरी किया
  • दिल्ली में 10 नवंबर को लाल क़िला मेट्रो स्टेशन के पास एक कार में हुए विस्फोट के मामले में मुकदमा दर्ज

लाइव कवरेज

सुरभि गुप्ता, संदीप राय

  1. बिहार में दोपहर 1 बजे तक 47.62 प्रतिशत मतदान

    बिहार चुनाव

    इमेज स्रोत, X/@CEOBihar

    इमेज कैप्शन, कटिहार में मतदान के लिए लाइन में लगे वोटर्स

    बिहार में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 20 ज़िलों की 122 सीटों पर दोपहर 1 बजे तक 47.62 प्रतिशत वोटिंग हुई है.

    बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के ऑफ़िस की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक अब तक सबसे अधिक वोटिंग किशनगंज में हुई है. यहां 51.86 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई है.

    वहीं सबसे कम 43.39 प्रतिशत वोटिंग मधुबनी में दर्ज की गई है.

    बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को हुआ था. पहले चरण में 121 सीटों पर रिकॉर्ड 64.66% वोटिंग हुई थी.

  2. बिहार में सुबह 11 बजे तक कितने प्रतिशत वोटिंग हुई है?

    बिहार चुनाव

    इमेज स्रोत, BBC/Shahnawaz

    इमेज कैप्शन, जमुई में सुबह 11 बजे तक 33.69 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई है

    बिहार में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 20 ज़िलों की 122 सीटों पर सुबह 11 बजे तक 31.38 प्रतिशत वोटिंग हुई है.

    बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के ऑफ़िस की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक अब तक सबसे अधिक वोटिंग किशनगंज में हुई है. यहां 34.74 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई है.

    वहीं सबसे कम 28.66 प्रतिशत वोटिंग मधुबनी में दर्ज की गई है.

    बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को हुआ था. पहले चरण में 121 सीटों पर रिकॉर्ड 64.66% वोटिंग हुई थी.

  3. निठारी कांड: सुप्रीम कोर्ट ने सुरेंद्र कोली को बरी किया

    सुरेंद्र कोली

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कोर्ट ने सुरेंद्र कोली को तुरंत रिहा करने को कहा (फ़ाइल फ़ोटो)

    सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को नोएडा में 2005-06 में हुए निठारी कांड से जुड़े हत्या और रेप के एक मामले में सुरेंद्र कोली को बरी कर दिया है.

    बार एंड बेंच की रिपोर्ट के मुताबिक़ सुप्रीम कोर्ट ने सुरेंद्र कोली की दोषसिद्धि के ख़िलाफ़ दायर की गई क्यूरेटिव पिटीशन यानी फ़ैसले की समीक्षा वाली याचिका को स्वीकार कर लिया था.

    15 साल की एक लड़की की हत्या के मामले में फरवरी 2011 में सुप्रीम कोर्ट ने कोली की दोषसिद्धि को बरकरार रखा था. हालांकि, इलाहाबाद हाई कोर्ट की ओर से कोली को 12 मामलों में बरी किए जाने के बाद, कोली ने इस साल फिर से क्यूरेटिव पिटीशन के साथ सुप्रीम कोर्ट का रुख़ किया था.

    भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) बीआर गवई, जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस विक्रम नाथ की बेंच ने मंगलवार को कोली को बरी कर दिया और अंतिम मामले में कोली की दोषसिद्धि को रद्द कर दिया.

    जस्टिस नाथ ने फ़ैसला सुनाते हुए कहा, "याचिकाकर्ता को आरोपों से बरी किया जाता है. याचिकाकर्ता को तुरंत रिहा किया जाए."

    सुरेंद्र कोली के वकील एडवोकेट युग मोहित चौधरी ने न्यूज़ एजेंसी पीटीआई को बताया, "19 साल के बाद कोली को जो 13 मामलों में फ़ांसी की सजा दी गई थी, उनमें से 12 मामलों में पहले ही कोली निर्दोष साबित हो गए थे. एक मामला बचा था. उस मामले में कई अदालतों ने कोली को दोषी ठहरा कर फ़ांसी की सजा दी थी."

    "आज सुप्रीम कोर्ट ने पहले के फ़ैसले वापस ले लिए और माना कि हमारी गलती थी और कोली को निर्दोष करार दिया."

    कोली को किस आधार पर बरी किया गया, ये पूछे जाने पर युग मोहित चौधरी ने कहा, "सारे सबूत बनावटी थे. किसी बड़े आदमी को बचाने के लिए ग़रीब आदमी को फ़ंसाया गया था. एक भी सबूत ऐसा नहीं था, जिसके आधार पर किसी को सजा दी जाए."

  4. दिल्ली धमाके पर पीएम मोदी ने कहा- षड्यंत्रकारियों को बख़्शा नहीं जाएगा

    पीएम मोदी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी दो दिन की भूटान यात्रा पर हैं

    भूटान पहुंचे भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि दिल्ली धमाके के षड्यंत्रकारियों को बख़्शा नहीं जाएगा.

    पीएम मोदी ने कहा कि वो बहुत भारी मन से भूटान आए हैं.

    उन्होंने कहा, "कल शाम दिल्ली में हुई भयावह घटना ने सभी के मन को व्यथित कर दिया है. मैं पीड़ित परिवारों का दुःख समझता हूं. आज पूरा देश उनके साथ खड़ा है."

    "मैं कल रात भर इस घटना की जांच में जुटी सभी एजेंसियों के साथ, सभी महत्वपूर्ण लोगों के साथ संपर्क में था. विचार-विमर्श चल रहा था. जानकारियों के तार जोड़े जा रहे थे."

    पीएम मोदी ने कहा, "हमारी एजेंसियां इस षड्यंत्र की तह तक जाएंगी. इसके पीछे के षड्यंत्रकारियों को बख़्शा नहीं जाएगा."

    वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी नई दिल्ली में कहा कि दिल्ली धमाके के जिम्मेदार लोगों को बख़्शा नहीं जाएगा.

    रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

    इमेज स्रोत, X/@rajnathsingh

    इमेज कैप्शन, नई दिल्ली में 'दिल्ली डिफ़ेंस डायलॉग' के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

    'दिल्ली डिफ़ेंस डायलॉग' के दौरान राजनाथ सिंह ने लाल क़िला मेट्रो स्टेशन पर हुई दुःखद घटना में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदना ज़ाहिर की.

    उन्होंने कहा, "मैं अपने नागरिकों को भरोसा देता हूं कि देश की अग्रणी एजेंसियां ​​गहन जांच कर रही हैं और इस त्रासदी के लिए जिम्मेदार लोगों को इंसाफ़ के कटघरे में लाया जाएगा."

    राजनाथ सिंह ने ये भी कहा कि जांच के नतीज़े जल्द ही सार्वजनिक किए जाएंगे.

  5. दिल्ली धमाके पर नेपाल की प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने ये कहा

    नेपाल की प्रधानमंत्री सुशीला कार्की

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, नेपाल की प्रधानमंत्री सुशीला कार्की (फ़ाइल फ़ोटो)

    नेपाल की प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने सोमवार को दिल्ली में लाल क़िला मेट्रो के पास एक कार में हुए धमाके पर दु:ख जताया है.

    पीएम कार्की ने एक्स पर पोस्ट किया, "कल शाम दिल्ली में हुए दुखद विस्फोट से मैं स्तब्ध और दुखी हूं. शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं."

    उन्होंने लिखा, "नेपाल इस दुःख की घड़ी में भारत के साथ है."

    सोमवार शाम को पुरानी दिल्ली स्थित लाल क़िला मेट्रो स्टेशन के पास एक धमाका हुआ जिसमें आठ लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है.

  6. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन के दौरे पर भूटान पहुंचे

    पीएम मोदी का भूटान दौरा

    इमेज स्रोत, X/@narendramodi

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी और भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे

    भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन के दौरे पर मंगलवार को भूटान पहुंचे हैं. भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे ने हवाई अड्डे पर पीएम मोदी का स्वागत किया.

    पीएम मोदी का भूटान दौरा

    इमेज स्रोत, X/@narendramodi

    पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया, "भूटान पहुंच गया हूं. स्वागत के लिए प्रधानमंत्री तोबगे का आभारी हूं. यह यात्रा दोनों देशों के बीच मैत्री और सहयोग के गहरे संबंधों को दिखाती है."

    पीएम मोदी ने उम्मीद जताई कि उनका ये दौरा दोनों देशों के बीच घनिष्ठ संबंधों को और मज़बूत करेगा.

  7. दिल्ली धमाके पर महुआ मोइत्रा का पोस्ट- हर मोर्चे पर इतनी बुरी तरह विफल क्यों हो रहे हैं अमित शाह?

    टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा

    इमेज स्रोत, ANI

    दिल्ली धमाके को लेकर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की सांसद महुआ मोइत्रा ने देश के गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा है.

    महुआ मोइत्रा ने एक्स पर पोस्ट किया, "भारत को एक सक्षम गृह मंत्री की ज़रूरत है, न कि एक फ़ुल टाइम नफ़रत फैलाने वाले मंत्री की."

    "क्या यह अमित शाह की ड्यूटी नहीं है कि वे हमारी सीमाओं और हमारे शहरों, दोनों की रक्षा करें? वह हर मोर्चे पर इतनी बुरी तरह विफल क्यों हो रहे हैं?"

    वहीं बीजेपी नेता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा, "गृह मंत्री ने घटनास्थल का दौरा किया है और इस संबंध में बैठक भी की जा रही है...इस बात की भी कोशिश की जा रही है कि इसके पीछे की वजह पता की जाए. सभी एजेंसियां जांच कर रही हैं. जब तक कोई रिपोर्ट ना आए तब तक विपक्ष के लोगों को कोई बयानबाज़ी नहीं करनी चाहिए."

  8. धर्मेंद्र को लेकर आई मीडिया रिपोर्ट्स पर हेमा मालिनी ने जताई नाराज़गी, कहा- यह बेहद अपमानजनक है

    हेमा मालिनी

    इमेज स्रोत, ANI

    बॉलीवुड अभिनेत्री और बीजेपी सांसद हेमा मालिनी ने उनके पति और अभिनेता धर्मेंद्र को लेकर चल रही ख़बरों पर नाराज़गी जताई है.

    दरअसल, धर्मेंद्र इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती हैं. वहीं कई मीडिया रिपोर्ट्स में उन्हें लेकर कुछ ऐसी ख़बरें चलाईं जिनका हेमा मालिनी ने खंडन किया है.

    हेमा मालिनी ने एक्स पर पोस्ट किया, "जो हो रहा है उसे माफ़ नहीं किया जा सकता है! ज़िम्मेदार चैनल ऐसे व्यक्ति के बारे में झूठी ख़बर कैसे फ़ैला सकते हैं जिस पर इलाज का असर दिख रहा है और वह ठीक हो रहा है?"

    उन्होंने लिखा, "यह बेहद अपमानजनक और गैर ज़िम्मेदाराना है. कृपया परिवार और उसकी प्राइवेसी का सम्मान करें."

  9. लाल क़िला मेट्रो स्टेशन अब भी बंद, डीएमआरसी ने दी ये जानकारी

    लाल क़िला मेट्रो स्टेशन

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, लाल क़िला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 पर सुरक्षाकर्मी

    दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) की ओर से जानकारी दी गई है कि लाल क़िला मेट्रो स्टेशन बंद है.

    डीएमआरसी ने एक्स पर मेट्रो सर्विस पर अपडेट देते हुए पोस्ट किया, "लाल क़िला मेट्रो स्टेशन सुरक्षा कारणों से बंद है. बाकी सभी स्टेशन सामान्य रूप से चल रहे हैं."

    दिल्ली में 10 नवंबर को लाल क़िला मेट्रो स्टेशन के पास एक कार में विस्फोट हुआ, जिसमें आठ लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है.

    पुलिस के मुताबिक़ इस मामले में यूएपीए, विस्फोटक अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है.

  10. बिहार विधानसभा चुनाव 2025: तस्वीरों में देखें दूसरे चरण का मतदान

    बिहार विधानसभा चुनाव 2025

    इमेज स्रोत, BBC/Shahnawaz

    बिहार में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 20 ज़िलों की 122 सीटों पर मतदान जारी है.

    बिहार विधानसभा चुनाव 2025

    इमेज स्रोत, BBC/Shahnawaz

    इमेज कैप्शन, जमुई में मतदान के लिए पहुंचे वोटर्स

    दूसरे चरण की 122 सीटों में से 101 सीटें सामान्य श्रेणी, 19 सीटें अनुसूचित जाति और 2 सीटें अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं.

    किशनगंज विधानसभा

    इमेज स्रोत, BBC/Abhinav

    इमेज कैप्शन, किशनगंज में वोट देने वाली महिलाएं

    मतदाताओं में पुरुषों और महिलाओं की संख्या में बहुत अंतर नहीं है. कुल मतदाताओं में 1,95,44,041 पुरुष और 1,74,68,572 महिला हैं.

    किशनगंज विधानसभा

    इमेज स्रोत, BBC/Deepak Jasrotia

    इमेज कैप्शन, किशनगंज में वोट देने के लिए लाइन में लगे मतदाता

    उम्र के हिसाब से मतदाताओं की बात करें तो 41 से 60 की उम्र के मतदाताओं की संख्या सबसे ज़्यादा 1,24,19,445 है. उनके बाद 30 से 40 साल के वोटर 1,04,97,629 हैं.

    बिहार विधानसभा चुनाव

    इमेज स्रोत, BBC/Shahnawaz

    20 से 29 साल के 84,84,641 वोटर हैं तो 60 साल से ऊपर के 48,42,485 वोटर हैं. 18 से 19 साल के नए वोटर या फ़र्स्ट टाइम वोटर्स की संख्या 7,69,356 है.

  11. दिल्ली धमाका: यूएपीए, विस्फोटक अधिनियम और बीएनएस की धाराओं के तहत केस दर्ज

    दिल्ली धमाका

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सोमवार की शाम दिल्ली के लाल क़िला मेट्रो स्टेशन के पास हुए धमाके में कई लोग हताहत हुए हैं

    दिल्ली में 10 नवंबर को लाल क़िला मेट्रो स्टेशन के पास एक कार में हुए विस्फोट के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.

    ये जानकारी डीसीपी नॉर्थ राजा बांठिया ने दी है.

    उन्होंने कहा, "एफ़आईआर दर्ज कर ली गई है. यूएपीए, विस्फोटक अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है."

    उन्होंने ये भी कहा कि अभी जांच चल रही है और ज़रूरी सबूत जुटाए जा रहे हैं. जांच में कुछ तथ्य सामने आने के बाद उसकी जानकारी दी जाएगी.

  12. बिहार विधानसभा चुनाव: दूसरे और अंतिम चरण की वोटिंग शुरू

    बिहार चुनाव 2025

    इमेज स्रोत, BBC/Shahnawaz

    इमेज कैप्शन, जमुई में मतदान के लिए पहुंचे वोटर्स

    बिहार चुनाव 2025 के दूसरे और अंतिम चरण के लिए राज्य की 243 विधानसभा सीटों में से 122 सीटों पर मतदान शुरू हो गया है.

    बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को हुआ था. पहले चरण में 121 सीटों पर रिकॉर्ड 64.66% वोटिंग हुई थी.

    बिहार की 122 सीटों के अलावा 6 राज्यों और 1 केंद्र शासित प्रदेश की 8 विधानसभा सीटों पर भी आज उपचुनाव है.

    जम्मू-कश्मीर में बडगाम और नगरोटा, राजस्थान में अंता, झारखंड में घाटशिला, तेलंगाना में जुबली हिल्स, पंजाब में तरनतारन, मिज़ोरम में डम्पा और ओडिशा में नुआपाड़ा में वोटिंग हो रही है.

  13. ट्रंप ने कहा- अमेरिका भारत के साथ व्यापार समझौते के काफ़ी करीब

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Craig Hudson/Politico/Bloomberg via Getty Images

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को दावा किया कि अमेरिका भारत के साथ एक व्यापार समझौते के 'करीब' है.

    ये बात उन्होंने सोमवार को भारत में अपने राजदूत सर्जियो गोर के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान कही.

    पत्रकारों के साथ बातचीत में ट्रंप ने कहा, "हम भारत के साथ एक समझौता कर रहे हैं, जो पहले किए गए समझौतों से काफ़ी अलग है. अभी वे मुझे पसंद नहीं करते, लेकिन वे हमें फिर से पसंद करेंगे. हमें एक सही समझौता मिल रहा है, एक सही व्यापार समझौता."

    ट्रंप ने कहा, "हमारे बीच (अमेरिका और भारत) काफ़ी गलत व्यापार समझौते हुए थे. वहां (भारत) बहुत अच्छे से मोल-तोल करने वाले लोग हैं...मुझे लगता है कि हम एक ऐसे समझौते के बहुत करीब हैं जो सभी के लिए अच्छा है."

  14. दिल्ली ब्लास्ट: अमेरिकी दूतावास ने जारी की सुरक्षा चेतावनी, क्या कहा

    लाल क़िला मेट्रो स्टेशन के पास एक कार में विस्फोट की घटना

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, लाल क़िला मेट्रो स्टेशन के पास एक कार में विस्फोट के बाद घटनास्थल पर पुलिस

    भारत में अमेरिकी दूतावास ने 10 नवंबर को दिल्ली में लाल क़िला मेट्रो स्टेशन के पास एक कार में हुए विस्फोट के बाद सुरक्षा चेतावनी जारी की है.

    इसमें कहा गया है, "10 नवंबर, 2025 को दिल्ली के लाल क़िला मेट्रो स्टेशन के पास एक कार में विस्फोट हुआ, जिसमें स्थानीय मीडिया ने कई लोगों के हताहत होने की सूचना दी. हालांकि, अभी विस्फोट का कारण पता नहीं है, भारत सरकार ने कई राज्यों में हाई अलर्ट का एलान किया है."

    अमेरिकी दूतावास ने उपाय के तौर पर दिल्ली में लाल क़िला और चांदनी चौक के आसपास के इलाकों में ना जाने और भीड़भाड़ से बचने की सलाह दी है.

    इसके अलावा, अपडेट के लिए लोकल मीडिया पर नज़र रखने, अपने आस-पास के माहौल के प्रति सचेत रहने की सलाह दी है.

  15. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगी.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.