You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

सीरिया के दमिश्क एयरपोर्ट से फिर शुरू होंगी अंतरराष्ट्रीय उड़ानें

सीरिया में बशर अल-असद सरकार के पतन के बाद दमिश्क एयपोर्ट से पहली बार अंतरराष्ट्रीय विमान सेवाएं शुरू होंगी.

सारांश

लाइव कवरेज

संदीप राय, चंदन कुमार जजवाड़े

  1. उत्तर भारत में घना कोहरा, कई उड़ानें रद्द और देरी से चल रही हैं ट्रेनें

    उत्तर भारत में घने कोहरे के कारण जन जीवन प्रभावित हुआ है और सैकड़ों उड़ानें और रेल गाड़ियां प्रभावित हुई हैं.

    समचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ उत्तर भारत इस समय शीतलहर के प्रकोप में है और घने कोहरे के कारण कई सवारी और मालगाड़ियां देरी से चल रही हैं.

    एजेंसी के अनुसार, शनिवार सुबह दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में दृश्यता लगभग शून्य हो गई और तापमान और गिर गया है.

    दिल्ली, नोएडा, ग़ाज़ियाबाद, गुरुग्राम समेत उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कई हिस्से घने कोहरे से प्रभावित हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, शनिवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर कई उड़ानें प्रभावित हुई हैं. इंडिगो एयरलाइंस ने अपनी सभी उड़ानों को अस्थाई तौर पर निलंबित कर दिया है.

    दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) ने एक्स पर लिखा कि घने कोहरे के कारण कई उड़ानें रद्द करनी पड़ी हैं.

    साथ ही यात्रियों को उड़ानों से संबंधित जानकारी के लिए एयरलाइंस से संपर्क करने की सलाह दी गयी है.

    इंडिगो ने शुक्रवार रात को ही अपने एक्स हैंडल पर उड़ानों के रद्द होने की जानकारी दी थी. एयरलाइंस ने कहा है कि एक बार संचालन फिर से शुरू होने के बाद भी सेवाओं के सामान्य होने में वक़्त लगेगा.

    एयर इंडिया ने रात में ही अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि घने कोहरे के कारण राजधानी क्षेत्र में कम दृश्यता होने से दिल्ली और उत्तर भारत के कुछ इलाक़ों में उसका संचालन प्रभावित हुआ है.

    पीटीआई के अनुसार, शुक्रवार को भी घने कोहरे के कारण 400 उड़ानें प्रभावित हुईं.

    भारतीय मौसम केंद्र के अनुसार, शनिवार सुबह दिल्ली में न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और हवा की गुणवत्ता बहुत ख़राब श्रेणी में दर्ज की गई. बीते 24 घंटे में दिल्ली में एक्यूआई 371 था.

    उधर लखनऊ में 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

    मौसम विभाग के अनुसार, सेंट्रल हिमालयी क्षेत्र में बारिश और बर्फबारी की संभावना है.

  2. बुमराह ने सिडनी टेस्ट मैच बीच में ही छोड़ा, जांच के लिए स्टेडियम के बाहर ले जाए गए

    ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच सिडनी में खेले जा रहे पांचवें टेस्ट मैच के बीच में ही तेज़ भारतीय गेंदजबाज़ जसप्रीत बुमराह स्टेडियम से बाहर चले गए.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, भारतीय कप्तान जसप्रीत बुमराह को स्टेडियम से बाहर स्कैन के लिए ले जाया गया है. उनकी ग़ैर मौजूदगी में विराट कोहली टीम की अगुवाई करेंगे.

    सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो भी सामने आए हैं जिसमें वह गाड़ी में बैठकर बाहर जाते दिख रहे हैं.

    आईसीसी ने एक्स हैंडल पर भी जसप्रीत बुमराह के स्डेडियम से जाने की बात लिखी है.

    लंच के बाद दूसरे सत्र में भारतीय गेंदबाज़ ने सिर्फ़ एक ओवर गेंदबाज़ी की थी और इसके बाद मैदान से हट गए.

    इससे पहले उन्हें चोट की आशंका थी और उनकी गेंदबाज़ी की रफ़्तार भी धीमी थी.

    ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ पांच मैचों की सिरीज़ में भारत 1-2 से पिछड़ गया है. मेलबर्न में चौथे टेस्ट मैच के दौरान दिग्गज बल्लेबाज़ों के सस्ते में आउट हो जाने से भारतीय टीम की काफ़ी आलोचना हुई थी.

    इसके बाद तीन मैचों में कप्तानी करने वाले रोहित शर्मा ने सिडनी टेस्ट के लिए अपना नाम वापस ले लिया था और उनकी जगह जसप्रीत बुमराह को कप्तान बनाया गया था.

  3. सिडनी टेस्टः लंच तक 101 रनों पर ऑस्ट्रेलिया के पांच विकेट गिरे

    भारत के ख़िलाफ़ सिडनी में बॉर्डर-गावसकर ट्रॉफ़ी के लिए खेले जा रहे टेस्ट मैच की पहली पारी में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने लंच तक 29 ओवरों में पांच विकेट खोकर 101 रन बना लिए हैं.

    पांच मैचों की टेस्ट सिरीज़ में यह पांचवां और आख़िरी मैच है.

    ऑस्ट्रेलिया की ओर से सर्वाधिक 33 रन स्टीवन स्मिथ ने बनाए. जबकि सैम कोंस्टास ने 23 रनन बनाए.

    उस्मान ख़्वाजा और मार्नस लाबुशेन दो दो रन बनाकर पवेलियन लौट गए.

    भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज ने दो दो विकेट लिए जबकि प्रसिद्ध कृष्णा ने एक विकेट लिया.

    अभी क्रीज़ पर वेबस्टर और एलेक्स कैरे मौजूद हैं.

    इससे पहले भारतीय टीम अपनी पहली पारी में 185 रनों पर सिमट गई.

    इस सिरीज़ में अब तक कुल चार मैच खेले जा चुके हैं. इनमें से दो मैच ऑस्ट्रेलिया ने जीते हैं. और वो सिरीज में 2-1 से आगे है.

    भारत ने पहला मैच जीता था. ब्रिसबेन में हुआ मैच ड्रॉ हो गया था.

    मेलबर्न में हुए चौथे टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया से भारत की हार के बाद रोहित शर्मा इस मैच में नहीं खेल रहे हैं.

  4. मणिपुर में एसपी ऑफ़िस पर भीड़ का हमला, पुलिस अधिकारी समेत कई लोग घायल

    मणिपुर के कांगपोकपी ज़िले में एसपी ऑफ़िस पर भीड़ ने शुक्रवार शाम को हमला कर दिया जिसमें एसपी मनोज प्रभाकर समेत कई लोग घायल हुए हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, इम्फाल ईस्ट ज़िले की सीमा से लगे साइबोल गांव में केंद्रीय सुरक्षा बलों को हटाने में कथित रूप से नाकाम रहने पर विवाद को लेकर यह हमला हुआ.

    पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा बलों और हमलावरों के बीच हुए हमले में कुछ पुलिसकर्मी और प्रदर्शनकारी घायल हुए हैं.

    साईबोल गांव में 31 दिसंबर को सुरक्षा बलों द्वारा महिलाओं पर कथित लाठीचार्ज को लेकर कुकी संगठन लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं.

    कुकी बहुल ज़िले में 24 घंटे के बंद का आह्वान किया गया था और उसी दौरान यह हिंसा हुई.

    शुक्रवार को दिन में एक बड़ा प्रदर्शन आयोजित हुआ था, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग एसपी ऑफ़िस पर इकट्ठा हो गए थे. उनकी मांग थी कि साइबोल में तैनात किए गए केंद्रीय सुरक्षा बलों को हटाया जाए.

    शुक्रवार को जारी किए गए बयान में मणिपुर पुलिस ने कहा, “सुरक्षा बलों ने हमले को नाकाम करने की कोशिश की और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए बल का इस्तेमाल किया. हालात नियंत्रण में हैं. कांगपोकपी के एसपी का इलाज किया गया है और अब वो ठीक हैं और अब वह संयुक्त सुरक्षा बल की अगुवाई कर रहे हैं. बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है.”

    स्थानीय लोगों का कहना है कि इस हिंसा में 15 प्रदर्शनकारी घायल हुए हैं.

    तीन मई 2023 को राज्य में कुकी और मैतेई समुदायों के बीच हिंसा शुरू हुई थी.

  5. ट्रंप को हश मनी मामले में सुनाई जाएगी सज़ा, जेल भेजने को लेकर जज ने दिए संकेत

    अमेरिका के राष्ट्रपति के तौर पर शपथ लेने से दो सप्ताह पहले डोनाल्ड ट्रंप को हश मनी मामले में सज़ा सुनाई जाएगी.

    न्यूयॉर्क के एक जज 10 जनवरी को इस मामले में सज़ा सुनाएंगे.

    न्यूयॉर्क जस्टिस जुआन मर्चान ने संकेत दिया है कि वह उन्हें जेल की बजाय प्रोबेशन या जुर्माना करेंगे या सशर्त रिहा कर देंगे. नव निर्वाचित राष्ट्रपति सज़ा सुनाए जाने के दौरान व्यक्तिगत रूप से या वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के ज़रिए कोर्ट के सामने पेश हो सकते हैं.

    ट्रंप ने अपने ख़िलाफ़ इस मामले को ख़ारिज करने के लिए अपनी चुनावी जीत का इस्तेमाल करने की कोशिश की थी.

    सज़ा सुनाए जाने को लेकर उनकी टीम ने जज के फ़ैसले की आलोचना की है और कहा है कि इस ‘अराजक’ मामले को तुरंत ‘ख़ारिज’ किया जाना चाहिए.

    पिछले साल मई में ट्रंप को एक अडल्ट फ़िल्म स्टार स्टॉर्मी डैनियल्स को चुप रहने के लिए 1.30 लाख डॉलर दिए जाने के मामले में दोषी ठहराया गया था.

    यह राशि ट्रंप के पूर्व वकील माइकल कोहेन को दी गई थी जिन्होंने 2016 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनावों के दौरान अडल्ट फ़िल्म स्टार को चुप रहने के लिए ये पैसे दिये थे.

    ट्रंप 20 जनवरी को राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ग्रहण करने वाले हैं.

  6. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता संदीप राय दोपहर दो बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    इस समय बीबीसी हिंदी के पन्ने पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें आप नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.

    मालदीव में मोदी सरकार को लेकर वॉशिंगटन पोस्ट ने किया था सनसनीखेज़ दावा, भारत ने दिया जवाब. पूरी ख़बर पढ़ने के लिए क्लिक करें.

    नीतीश कुमार को लेकर बिहार में फिर से क्यों है हलचल, क्या करवट बदलेगी राजनीति. पूरी ख़बर पढ़ने के लिए क्लिक करें.

    पीथमपुर में भोपाल गैस त्रासदी के कचरे को लेकर बवाल, आत्मदाह की कोशिश. पूरी ख़बर पढ़ने के लिए क्लिक करें.

    रोहित शर्मा सिडनी टेस्ट से ख़ुद हटे या हटाए गए, रिटायरमेंट पर तेज़ हुई चर्चा. पूरी ख़बर पढ़ने के लिए क्लिक करें.