You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

शेख़ हसीना के प्रत्यर्पण की मांग पर भारतीय विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?

शुक्रवार को भारतीय विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ढाका से बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना के प्रत्यर्पण के अनुरोध पर प्रतिक्रिया दी है.

सारांश

लाइव कवरेज

शिल्पा ठाकुर, इफ़्तेख़ार अली

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर से हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल के लिए हमारे पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें हैं, जिन्हें आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.

    बांग्लादेश के सेना प्रमुख ने क्या ऐसा कहकर भारत से संबंधों की सीमा तय कर दी है?

  2. बीपीएससी प्रदर्शन: आमरण अनशन पर बैठे प्रशांत किशोर ने क्या कहा?

    गुरुवार से बिहार पब्लिक सर्विस कमिशन (बीपीएससी)की प्रीलिम्स परीक्षा दोबारा कराने की मांग को लेकर जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर पटना के गांधी मैदान में आमरण अनशन पर बैठे गए हैं.

    पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा," प्रशासन के लोग आग्रह करने आए थे कि इस अनशन को ख़त्म कर दीजिए. मैंने अपनी बात उनके सामने रखी कि जब तक बच्चों का मामला सुलझेगा नहीं तक तक अनशन वापस लेने का सवाल ही नहीं है.

    उन्होंने कहा,"आगे के लिए हम लोगों ने रास्ता सुझाया है कि मुख्यमंत्री बच्चों से मिलकर कोई रास्ता निकाल लें, तो हम लोगों को अनशन खत्म करने में दिक्कत नहीं है."

    उन्होंने आगे कहा, "जो बच्चे मेरे भरोसे इस ठंड में यहां पर आए हैं, मैं उससे पीछे नहीं हट सकता हूं. इन बच्चों को जब तक न्याय नहीं मिलता है तब तक अनशन खत्म नहीं होगा."

    बीपीएससी की 70वीं संयुक्त (प्रारंभिक) परीक्षा को लेकर 18 दिसंबर से ही परीक्षार्थी विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं.

    छात्रों ने परीक्षा में अनियमितताओं, प्रश्न पत्र के स्तरहीन होने और कोचिंग संस्थानों के मॉडल पेपर से सवालों के मेल खाने का आरोप लगाया है.

    परीक्षार्थी पूरी परीक्षा रद्द कर इसे दोबारा आयोजित करने की मांग कर रहे हैं.

  3. शेख़ हसीना के प्रत्यर्पण की मांग पर भारतीय विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?

    शुक्रवार को भारतीय विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ढाका से बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना के प्रत्यर्पण के अनुरोध पर प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने कहा, “पिछले हफ्ते विदेश मंत्रालय ने इस बात की पुष्टि की थी कि बांग्लादेश से शेख़ हसीना के प्रत्यर्पण की मांग को लेकर एक चिट्ठी मिली है. इसके आगे मुझे कुछ नहीं कहना है.”

    बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना पांच अगस्त को हिंसक आंदोलनों की वजह से अपने पद से इस्तीफ़ा देकर देश छोड़ भारत आ गई थीं.

    साथ ही इस दौरान रणधीर जायसवाल ने बांग्लादेश में इस्कॉन मंदिर से जुड़े चिन्मय कृष्ण दास की रिहाई की मांग के मुद्दे पर भी प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने कहा, “बांग्लादेश में जिस प्रकार की कार्रवाई चल रही है. जिनको गिरफ्तार किया गया है उनको एक निष्पक्ष सुनवाई मिलेगी, यही हमारी अपेक्षा है.

    बतौर प्रधानमंत्री शेख़ हसीना का कार्यकाल 15 साल का रहा है. उनकी सरकार पर भ्रष्टाचार और सत्ता के दुरुपयोग के आरोप भी लगे.

    पांच अगस्त की उस घटना के तीन दिनों बाद नोबेल पुरस्कार से सम्मानित प्रोफ़ेसर डॉ. मोहम्मद यूनुस ने बांग्लादेश में अंतरिम सरकार के मुखिया के तौर पर शपथ ली थी.

  4. दिल्ली चुनाव 2025: सीएम आतिशी के ख़िलाफ़ कांग्रेस ने अलका लांबा को उतारा

    आगामी दिल्ली चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की तीसरी लिस्ट जारी कर दी है. इस लिस्ट में कालकाजी सीट से अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा को उम्मीदवार बनाया गया है.

    दिल्ली चुनाव में कालकाजी सीट इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि यहां से दिल्ली की मौजूदा सीएम आतिशी चुनाव लड़ रही हैं. आतिशी ने इस सीट पर 2020 में हुए विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की थी.

    न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बातचीत के दौरान अलका लांबा ने कहा, "अरविंद केजरीवाल जी ने आतिशी जी को 'तात्कालिक मुख्यमंत्री' कहकर संवैधानिक पद और उस संवैधानिक पद पर बैठी एक महिला मुख्यमंत्री का अपमान किया है.

    उन्होंने कहा, "मेरी लड़ाई किसी के खिलाफ नहीं है. मेरी लड़ाई दिल्ली की ज़हरीली हवाओं के ख़िलाफ़ है."

    आम आदमी पार्टी सरकार पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, "आपने बेरोज़गारी के लिए क्या किया, एक के साथ एक शराब की बोतल फ्री का एलान. पूरे दस साल में शासन और प्रशासन लड़ते रहे और दिल्ली बर्बाद होकर दर्द में रही.

  5. दिनभर- पूरा दिन,पूरी ख़बर: बीपीएससी परीक्षा को लेकर सड़कों पर क्यों उतरे छात्र

  6. पीएम मोदी के तंज़ पर अरविंद केजरीवाल का जवाब

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को राजधानी दिल्ली में झुग्गी-झोपड़ी क्लस्टर्स के लिए 1,675 फ्लैट्स और दो शहरी पुनर्विकास परियोजनाओं के उद्घाटन के मौक़े पर आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल और दिल्ली के मुख्यमंत्री आवास पर तंज़ कसा था. अब इस पर अरविंद केजरीवाल ने अपनी प्रतिक्रिया दी है.

    अरविंद केजरीवाल ने कहा, "आज प्रधानमंत्री ने अपने पूरे भाषण में दिल्ली के लोगों को और उनकी चुनी गई सरकार को गालियां देने का काम किया."

    उन्होंने कहा, "साल 2015 में दिल्ली के लोगों ने दो सरकारें चुनी थीं. केंद्र सरकार बीजेपी की और दिल्ली सरकार आम आदमी पार्टी की. इन 10 सालों में दिल्ली की आम आदमी पार्टी ने इतने काम किए कि मैं कई घंटों तक काम गिना सकता हूं."

    पीएम मोदी के बयान पर पलटवार करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा, "अगर उन्होंने 10 साल में काम किए होते तो आज उन्हें दिल्ली के लोगों को इतनी गाली देने की ज़रूरत नहीं होती, वह अपने काम गिनाते.

    उन्होंने कहा, "साल 2020 में बीजेपी ने दिल्ली के लोगों से कई वादे किए थे. इसमें (संकल्प पत्र) उन्होंने कहा था कि 2022 तक दिल्ली में सब लोगों को पक्के मकान दे दिए जाएंगे. पांच सालों में इन्होंने 4700 मकान बनाए हैं, दिल्ली में चार लाख झुग्गियां हैं. मुझे लगता है कि बीजेपी ने शायद दो सौ साल का प्रोग्राम बनाया है."

  7. यमन में केरल की नर्स निमिषा की सज़ा-ए-मौत पर भारतीय विदेश मंत्रालय ने क्या कहा

    शुक्रवार को भारत के विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने केरल की एक नर्स निमिषा प्रिया को यमन में मिली सज़ा-ए-मौत के मामले में पर प्रतिक्रिया दी है.

    इस मामले पर रणधीर जायसवाल ने कहा, "वहां के घटनाक्रम पर हम क़रीब से नज़र रख रहे हैं. सरकार इस मामले में जो भी कर सकती है वो कर रही है. हम देखेंगे कि अब यहां से कैसे आगे क्या बढ़ता है."

    यमन के राष्ट्रपति रशद मुहम्मद अल-अलीमी ने निमिषा प्रिया की मौत की सज़ा को मंजूरी दे दी है. निमिषा पर साल 2017 में उनके बिजनेस पार्टनर एक यमनी नागरिक तलाल अब्दो महदी की हत्या का आरोप है. तब से वह जेल में बंद हैं.

    निमिषा प्रिया केरल के पलक्कड़ की रहने वाली एक भारतीय नर्स हैं. उन्हें मौत की सज़ा से बचाने के लिए उनके गृह नगर में और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सेव निमिषा इंटरनेशनल एक्शन कमिटी के नाम से कैंपेन भी चलाया जा रहा है.

    इस दौरान रणधीर जायसवाल ने बांग्लादेश में इस्कॉन मंदिर से जुड़े चिन्मय कृष्ण दास की रिहाई की मांग को लेकर भी प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने कहा, “बांग्लादेश में जिस प्रकार की कार्रवाई चल रही है. जिनको गिरफ्तार किया गया है उनको एक निष्पक्ष सुनवाई मिलेगी, यही हमारी अपेक्षा है.

  8. ममता बनर्जी ने बीएसएफ़ पर लगाया था आरोप, अब गिरिराज सिंह ने दिया जवाब

    गुरुवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) पर बांग्लादेश से आए लोगों को अवैध रूप से सीमा पार कराने में मदद करने का आरोप लगाया था. अब इस पर बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का जवाब आया है.

    पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, “वो बंगाल को बांग्लादेश बनाना चाहती हैं, इसलिए अब बीएसएफ जैसी संस्था जो सीमा पर देश की रक्षा करती है, उसको गाली दे रही हैं.”

    गिरिराज सिंह ने कहा, “बंगाल में जो मुस्लिम बंगाल के हैं, उनसे ज़्यादा रोहिंग्या और बांग्लादेशी मुसलमानों को उन्होंने भर दिया है और उन्होंने डंके की चोट पर कहा था कि मेरे रहते कोई बांग्लादेशियों को निकाल नहीं सकता.”

    गिरिराज सिंह ने ममता बनर्जी को चुनौती देते हुए कहा, “अगर उनमें हिम्मत है, बांग्लादेशियों को निकालना चाहती हैं, तो वो एनआरसी-सीएए लागू करें.”

    ममता बनर्जी ने क्या आरोप लगाए थे?

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ गुरुवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) पर बांग्लादेश से आए लोगों को अवैध रूप से सीमा पार कराने में मदद करने का आरोप लगाया.

    उन्होंने दावा किया कि यह केंद्र सरकार की योजना थी जिससे राज्य को अस्थिर किया जाए. हालांकि बीएसएफ ने इस आरोप का खंडन करते हुए कहा वह देश की सीमा की रक्षा के लिए कड़ी मेहनत करती है.

  9. पीएम मोदी ने ‘आप’ को बताया ‘आपदा’, अरविंद केजरीवाल पर क्या कहा?

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में चुनावी अभियान की शुरुआत कर दी है. शुक्रवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार को आड़े हाथों लिया.

    उन्होंने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर तंज़ कसते हुए कहा, “देश जानता है कि मोदी ने कभी अपने लिए घर नहीं बनाया लेकिन बीते 10 वर्षों में चार करोड़ से भी अधिक गरीबों के घर का सपना पूरा किया है.''

    उन्होंने कहा, “मैं भी कोई शीशमहल बना सकता था लेकिन मेरे लिए तो मेरे देशवासियों को पक्का घर मिले यही एक सपना था.”

    दिल्ली की ‘आप’ सरकार पर आरोप लगाते हुए पीएम मोदी ने कहा, “दिल्ली में जो लोग राज्य सरकार में पिछले 10 सालों से हैं, उन्होंने यहां की स्कूली शिक्षा व्यवस्था को बहुत नुकसान पहुंचाया है. हालात ये हैं कि समग्र शिक्षा अभियान के तहत जो पैसे भारत सरकार ने दिए आधे पैसे भी पढ़ाई के लिए खर्च नहीं कर पाए.''

    उन्होंने दिल्ली सरकार पर कई घोटालों के आरोप लगाते हुए कहा, “शराब के ठेकों में घोटाला, बच्चों के स्कूल में घोटाला, ग़रीबों के इलाज में घोटाला, प्रदूषण से लड़ने के नाम पर घोटाला, भर्तियों में घोटाला. ये लोग दिल्ली के विकास की बात करते थे. लेकिन 'आप' आपदा बनकर दिल्ली पर टूट पड़ी है.”

    आम आदमी पार्टी ने क्या कहा?

    वहीं पत्रकारों से बात करते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा, “एक तरफ़ आम आदमी पार्टी है, अरविंद केजरीवाल जी हैं, जो दिल्ली के लोगों को अच्छी शिक्षा, अच्छी स्वास्थ्य व्यवस्था, बिजली पानी देना चाहते हैं. दूसरी तरफ़ भारतीय जनता पार्टी, जिसके पास चुनाव के लिए कोई एजेंडा ही नहीं है.”

    उन्होंने आगे कहा, “भारतीय जनता पार्टी बताए 10 साल से केंद्र में उनकी सरकार है, लाखों करोड़ों का उनका बजट है. केंद्र सरकार एक काम बता दे जो उन्होंने दिल्ली के लोगों के लिए किया.”

  10. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता शिल्पा ठाकुर इस लाइव पन्ने के ज़रिए आप तक ख़बरें पहुंचा रही थीं.

    अब बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे.

    इस समय बीबीसी हिंदी के पन्ने पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें आप नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं:

  11. अमेरिका में नए साल पर हुए हमलों के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने क्या कुछ कहा?

    अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका दुनिया में हंसी का पात्र बन गया है. उन्होंने इसके पीछे की वजह बॉर्डर पॉलिसी और कमज़ोर नेतृत्व को बताया.

    ट्रंप ने एक्स पर किए एक पोस्ट में राष्ट्रपति जो बाइडन को "अमेरिकी इतिहास का सबसे ख़राब राष्ट्रपति" भी कहा.

    उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "बाइडन की ओपन बॉर्डर पॉलिसी को लेकर मैंने कई बार अपनी रैलियों और अन्य स्थानों पर कहा है कि अमेरिका में कट्टरपंथी इस्लामिक आतंकवाद और हिंसक अपराध इतने होंगे कि इस पर विश्वास करना मुश्किल हो जाएगा. वो समय अब आ गया है, जो कभी कल्पना से भी अधिक बुरा था."

    ट्रंप ने ये बात ऐसे वक्त पर कही हैं, जब देश में नए साल के मौके पर दो बड़ी घटनाएं हुईं. लुइसियाना राज्य के न्यू ऑर्लिन्स में भीड़ पर एक व्यक्ति ने जानबूझकर ट्रक चला दिया. इसमें 15 लोगों की मौत हो गई और 35 लोग घायल हुए.

    कहा जा रहा है कि यह व्यक्ति चरमपंथी गुट इस्लामिक स्टेट (आईएस) से प्रभावित था. एक अन्य घटना लास वेगास में ट्रंप इंटरनेशनल होटल के बाहर हुई.

    यहां एक साइबर ट्रक में विस्फोट हो गया. इस घटना में एक शख़्स की मौत हुई और करीब 7 लोग घायल हुए.

    डोनाल्ड ट्रंप ने और क्या कहा?

    ट्रंप ने एक्स पर आगे लिखा, "न्याय मंत्रालय (डिपार्टमेंट ऑफ जस्टिस), एफबीआई (फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन), डेमोक्रेट्स के शासन वाले राज्य और स्थानीय अभियोजकों ने अपना काम नहीं किया है."

    ट्रंप ने लिखा, "वो सक्षम नहीं हैं और भ्रष्ट हैं. उन्होंने अपना सारा वक्त बाहरी और आंतरिक हिंसक तत्वों से अमेरिकियों की रक्षा पर ध्यान देने के बजाय, अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों और मुझ पर हमला करने में बिता दिया."

    डोनाल्ड ट्रंप ने पोस्ट में लिखा, "देश में जो हो रहा है, उसके लिए ड्रेमोक्रेट्स को खुद पर शर्म आनी चाहिए. इससे पहले कि बहुत देर हो जाए, सीआईए (सेंट्रल इंटेलिजेंस एजेंसी) को हस्तक्षेप करना चाहिए."

    उन्होंने लिखा, "अमेरिका टूट रहा है. ताक़तवर नेतृत्व ही इसे रोकेगा. 20 जनवरी को मिलते हैं."

    दरअसल 20 जनवरी को ट्रंप अमेरिका के राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे. उन्होंने अपने पोस्ट के आख़िर में अमेरिका को महान बनाने का अपना नारा "मेक अमेरिका ग्रेट अगेन" भी लिखा.

    अमेरिका के न्यू ऑर्लिन्स में हुई घटना के बारे में अधिक जानकारी के लिए आप ये रिपोर्ट पढ़ सकते हैं:

  12. ऑस्ट्रे्लिया के ख़िलाफ़ पांचवें टेस्ट में 185 रनों पर सिमटी भारत की पहली पारी

    ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ सिडनी में बॉर्डर-गावसकर ट्रॉफ़ी के लिए खेले जा रहे टेस्ट मैच में भारतीय टीम की पहली पारी 185 रनों पर सिमट गई है.

    दूसरी तरफ ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 3 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 9 रन बनाए हैं. इसी के साथ पहले दिन का मैच समाप्त हो गया है.

    इस सिरीज़ में अब तक कुल चार मैच खेले जा चुके हैं. इनमें से दो मैच ऑस्ट्रेलिया ने जीते हैं. और वो सिरीज में 2-1 से आगे है.

    भारत ने पहला मैच जीता था. ब्रिसबेन में हुआ मैच ड्रॉ हो गया था.

    कौन कितने रन पर आउट हुआ?

    जसप्रीत बुमराह 22, प्रसिद्ध कृष्णा 4, वॉशिंगटन सुंदर 14 , यशस्वी जायसवाल 10 , केएल राहुल 4, और शुभमन गिल 20 , विराट कोहली 17 , ऋषभ पंत 40 , रवींद्र जडेजा 26 रन बना कर आउट हुए. नीतीश कुमार रेड्डी बगैर कोई रन बनाए आउट हुए.

  13. बॉर्डर-गावसकर ट्रॉफ़ी: पाँचवें टेस्ट में भारत की पहली पारी लड़खड़ाई, गंवाए नौ विकेट

    बॉर्डर-गावसकर ट्रॉफ़ी के लिए सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ खेल रही भारतीय टीम के अब तक 9 विकेट गिर चुके हैं.

    शुरुआत से ही लड़खड़ाती दिखी भारतीय टीम के खिलाड़ी बल्लेबाज़ी के दौरान रनों के लिए जूझते दिख रहे हैं.

    अभी तक का स्कोर 67.3 ओवर पर 154 रनों का है. फिलहाल जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज मैदान पर हैं.

    इस मैच में भारतीय टीम की कप्तानी जसप्रीत बुमराह कर रहे हैं.

    कौन कितने रन पर आउट हुआ?

    प्रसिद्ध कृष्णा 4 रन, वॉशिंगटन सुंदर 14 रन, यशस्वी जायसवाल 10 रन, केएल राहुल 4 रन, शुभमन गिल 20 रन, विराट कोहली 17 रन, ऋषभ पंत 40 रन, रवींद्र जडेजा 26 रन और नीतीश कुमार रेड्डी बिना एक भी रन बनाए आउट हो गए.

    टॉस के बाद क्या बोले थे बुमराह?

    भारतीय टीम के टॉस जीतने के बाद जसप्रीत बुमराह ने कहा था, "हमने पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला लिया. इस सिरीज़ में टीम ने अच्छा क्रिकेट खेला है और पिछला मैच रोमांचक रहा. हम एक और अच्छी परफॉर्मेंस की उम्मीद कर रहे हैं."

    इसके साथ ही उन्होंने कहा था, "हमने दो बदलाव किए हैं. रोहित शर्मा को आराम दिया गया है और आकाशदीप इंजरी की वजह से बाहर हैं. प्रसिद्ध कृष्णा टीम का हिस्सा हैं."

    प्लेइंग-11 में कौन-कौन हैं?

    जसप्रीत बुमराह (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, शुभमन गिल, विराट कोहली, ऋषभ पंत, रवींद्र जडेजा, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा.

  14. राहुल गांधी एमपीपीएससी के ख़िलाफ़ धरने में शामिल लोगों की गिरफ़्तारी पर बोले

    मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) दफ़्तर के बाहर हुए धरना प्रदर्शन में शामिल दो लोगों की गिरफ़्तारी पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने एक्स पर किए एक पोस्ट में लिखा, "हाल ही में यूपी और बिहार की घटनाओं के बाद अब मध्य प्रदेश में एमपीपीएससी में हुई गड़बड़ी का विरोध कर रहे दो छात्रों को जेल में डाल दिया गया है. वो भी तब जब मुख्यमंत्री ने ख़ुद छात्रों से मुलाक़ात कर उनकी मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया था."

    दरअसल इन दो लोगों को बुधवार को गिरफ़्तार किया गया था. विरोध प्रदर्शन की वजह एमपीपीएससी की भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी बताई गई थी.

    राहुल गांधी ने पोस्ट में लिखा, "सरकारी भर्ती में विफलता बड़ा अन्याय है. पहले तो भर्ती नहीं निकलती. भर्ती निकल जाए तो एग्ज़ाम समय पर नहीं होते. एग्ज़ाम हों तो पेपर लीक करवा दिए जाते हैं. और जब युवा न्याय मांगते हैं तब उनकी आवाज़ को बेरहमी से कुचला जाता है."

    उन्होंने कांग्रेस के आधिकारिक एक्स हैंडल से किए एक पोस्ट को रिपोस्ट किया. इस पोस्ट में गिरफ़्तार किए गए दोनों लोगों की जेल के बाहर खड़े तस्वीर शेयर की गई है.

    राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में आगे लिखा, "छात्रों के अधिकार की लड़ाई में हम उनके साथ हैं. भाजपा को देश के युवाओं के हक़ की आवाज़ किसी क़ीमत पर दबाने नहीं देंगे."

    मुख्यमंत्री ने छात्रों से मुलाकात की थी

    राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में मुख्यमंत्री मोहन यादव की छात्रों से मुलाकात का भी ज़िक्र किया है.

    दरअसल 23 दिसंबर को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर जानकारी दी गई कि उन्होंने छात्रों से मुलाकात की है.

    एक्स पर किए गए इस पोस्ट में लिखा है, "मुख्यमंत्री मोहन यादव से समत्व भवन में एमपीपीएससी अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अभ्यर्थियों की मांगों पर सकारात्मक और सहयोगी दृष्टिकोण से विचार कर रही है. प्रतिनिधिमंडल की मांगों के निराकरण के लिए उचित निर्देश दिए गए हैं."

  15. दक्षिण कोरिया में भारी हंगामा, राष्ट्रपति को गिरफ़्तार करने उनके घर पहुंची पुलिस

    दक्षिण कोरिया में राष्ट्रपति यून सुक-योल को उनके आवास पर गिरफ़्तार करने पहुंची पुलिस टीम उन तक पहुंच नहीं पा रही है.

    उनके समर्थक बड़ी संख्या में इस गिरफ़्तारी का विरोध करने के लिए जुटे हुए हैं.

    प्रेसिडेंशियल सिक्योरिटी फोर्स पुलिस को राष्ट्रपति यून तक पहुंचने से रोक रही है.

    दरअसल यून ने 3 दिसंबर की रात अचानक से मार्शल लॉ की घोषणा कर दी थी. इसका देश भर में खूब विरोध हुआ.

    राष्ट्रपति पर महाभियोग चलाया गया और फिर उनके ख़िलाफ़ इस हफ्ते की शुरुआत में गिरफ़्तारी वारंट जारी हुआ.

    यून को राष्ट्रपति की शक्तियों का दुरुपयोग और विद्रोह को उकसाने के मामले में जांच कर रहे अधिकारियों के सामने पेश होने के लिए समन भेजा गया था. लेकिन उन्होंने इसका जवाब देने से इनकार कर दिया.

    अब करीब 20 पुलिस अधिकारियों की टीम यून सुक-योल को गिरफ़्तार करने उनके घर पहुंची है.

    राष्ट्रपति के वकील का कहना है कि वो इस "गैरक़ानूनी गिरफ़्तारी वारंट" को चुनौती देंगे.

    14 दिसंबर को सांसदों ने उन पर महाभियोग चलाने के लिए मतदान किया था. इसके बाद यून को उनके कर्तव्यों से निलंबित कर दिया गया.

    लेकिन उन्हें देश की संवैधानिक अदालत के फ़ैसले के बाद ही पद से हटाया जा सकता है.

    इस बीच उत्तर कोरिया की तरफ से भी प्रतिक्रिया आई है. वहां के सरकारी मीडिया ने कहा है कि दक्षिण कोरिया में 'राजनीतिक अराजकता' की स्थिति बनी हुई है.

    इस मामले में अधिक जानकारी के लिए आप ये ख़बर पढ़ सकते हैं-

  16. बॉर्डर-गावसकर ट्रॉफ़ी: लंच के बाद कोहली भी आउट, भारत के चार विकेट गिरे

    बॉर्डर-गावसकर ट्रॉफ़ी के लिए ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में खेले जा रहे मैच में भारतीय टीम के अब तक 4 विकेट गिर गए हैं.

    सिरीज़ के इस आख़िरी टेस्ट मैच में भारतीय टीम का अब तक का स्कोर 48.3 ओवर पर 4 विकेट के नुकसान पर 100 रनों का है.

    विराट कोहली 17 रन, शुभमन गिल 20 रन, यशस्वी जायसवाल 10 रन और केएल राहुल 4 रन बनाकर आउट हुए.

    फिलहाल ऋषभ पंत और रवींद्र जडेजा मैदान पर पारी संभाल रहे हैं. इस मैच की कप्तानी जसप्रीत बुमराह के हाथों में है.

    बुमराह ने बताया था कि रोहित शर्मा ने इस टेस्ट मैच में आराम करने का विकल्प चुना है.

    वहीं आकाशदीप इंजरी की वजह से बाहर हो गए थे. उनकी जगह प्रसिद्ध कृष्णा को टीम में लिया गया है.

  17. दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में छाया घना कोहरा, देरी से चल रही ट्रेनें और उड़ानों पर भी असर

    भारतीय मौसम विभाग ने कहा है कि अगले कुछ दिनों तक उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में घना कोहरा और शीत लहर की स्थिति बने रहने की संभावना है.

    दिल्ली एयरपोर्ट ने कोहरे के कारण यात्रियों के लिए अलर्ट जारी किया है.

    इसमें कहा गया है कि विज़िबिलिटी कम होने की वजह से कुछ फ्लाइट प्रभावित हो सकती हैं.

    एयरपोर्ट ने एक्स पर पोस्ट में लिखा कि फिलहाल सभी फ्लाइट अपने तय समय से उड़ रही हैं. लेकिन यात्री अपनी यात्रा के संबंध में एयरलाइन से जानकारी लेते रहें.

    एएनआई के मुताबिक, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर कई ट्रेनें कोहरे के कारण देरी से चल रही हैं.

    वहीं भारतीय मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली में शुक्रवार को घना कोहरा छाया रहेगा और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.

    इससे आने वाले दिनों में दिल्ली में ठंड और बढ़ सकती है.

    मौसम विभाग ने बताया है कि अगले कुछ दिनों में बारिश होने की भी संभावना है.

    मौसम विभाग ने एक दिन पहले एक्स पर एक पोस्ट में भी मौसम को लेकर जानकारी दी थी.

    इसमें कहा गया कि अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में घना कोहरा और शीत लहर की स्थिति की संभावना है.

  18. रोहित शर्मा बॉर्डर-गावसकर ट्रॉफ़ी के आख़िरी मुक़ाबले से बाहर, क्या बोले बुमराह?

    बॉर्डर-गावसकर ट्रॉफ़ी के लिए ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में आज आख़िरी टेस्ट मैच खेला जा रहा है.

    इसमें रोहित शर्मा की जगह जसप्रीत बुमराह टीम इंडिया की कप्तानी कर रहे हैं.

    उन्होंने भारत के टॉस जीतने के बाद लीडरशिप को लेकर भी बात की.

    जसप्रीत बुमराह ने कहा कि रोहित शर्मा ने एक अच्छी लीडरशिप निभाई लेकिन इस मैच में उन्होंने आराम करने का विकल्प चुना है.

    बुमराह ने कहा, "हमने दो बदलाव किए हैं. रोहित शर्मा को आराम दिया गया है और आकाशदीप इंजरी की वजह से बाहर हैं. प्रसिद्ध कृष्णा टीम का हिस्सा हैं."

    इसके साथ ही उन्होंने कहा, "हमने पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला लिया. इस सिरीज़ में टीम ने अच्छा क्रिकेट खेला है और पिछला मैच रोमांचक रहा. हम एक और अच्छी परफॉर्मेंस की उम्मीद कर रहे हैं."

    जसप्रीत बुमराह ने कहा, "पिच पर थोड़ी घास है लेकिन ये ज़्यादा चुनौतीपूर्ण नहीं लगता. हार से सबक लेना और जीत का जश्न मनाना ज़रूरी है."

    पाँचवें टेस्ट के पहले दिन भारत ने लंच तक तीन विकेट गंवा दिये हैं और टीम का स्कोर फिलहाल 57 रन है.

    प्लेइंग 11 में कौन-कौन हैं?

    जसप्रीत बुमराह (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, शुभमन गिल, विराट कोहली, ऋषभ पंत, रवींद्र जडेजा, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा.

  19. ऑस्ट्रेलिया के साथ टेस्ट मैच में भारत की ख़राब शुरुआत, लंच तक गंवाए 3 विकेट

    ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में बॉर्डर-गावसकर ट्रॉफ़ी के लिए भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच आख़िरी मुक़ाबला हो रहा है.

    भारत ने लंच तक 3 विकेट गंवा दिए हैं. भारतीय टीम का स्कोर 25 ओवर के बाद 57 रनों का है. शुभमन गिल 20 रन बनाकर आउट हो गए.

    उनसे पहले 17 रनों के स्कोर पर ही भारत के दो बल्लेबाज़ पवेलियन लौट गए थे.

    भारत को मैच में पहला झटका तब लगा जब केएल राहुल महज़ 4 रन बनाकर आउट हो गए.

    भारतीय टीम का पहला विकेट 11 रन के स्कोर पर ही गिर गया.

    उनके बाद यशस्वी जायसवाल भी 10 रन बनाकर आउट हो गए. फिलहाल विराट कोहली मैदान में डटे हुए हैं.

    अब तक कितने मैच हुए?

    इस सिरीज़ में अब तक चार मैच खेले जा चुके हैं. इनमें से दो मैच ऑस्ट्रेलिया ने जीते हैं.

    वहीं भारत ने पहला मैच जीता था. इसके अलावा ब्रिसबेन में हुआ मैच ड्रॉ हो गया था.

    ऐसे में दोनों ही टीमों के लिए ये मुक़ाबला काफी अहम है.

  20. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता शिल्पा ठाकुर दोपहर दो बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाउंगी.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    इस समय बीबीसी हिंदी के पन्ने पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें आप नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.