चैंपियंस ट्रॉफ़ी: पाकिस्तान के ख़िलाफ़ जीत के बाद क्या बोले विराट कोहली?

रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच हुए मुक़ाबले में भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने शतकीय पारी खेली है.

सारांश

लाइव कवरेज

हिमांशु दुबे, इफ़्तेख़ार अली

  1. तेलंगानाः निर्माणाधीन एसएलबीसी सुरंग में हादसे के बाद अब कैसे हैं हालात?, बाला सतीश, बीबीसी संवाददाता

    सुरंग की तस्वीर
    इमेज कैप्शन, सुरंग में फंसे लोगों को निकालने के लिए बचावकार्य शुरू किए गए हैं

    तेलंगाना में श्रीशैलम लेफ्ट बैंक कनाल (एसएलबीसी) सुरंग में फंसे मज़ूदरों को निकालने के लिए रविवार सुबह तीन बजे रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया.

    रेस्क्यू टीम ने सबसे पहले टनल से मिट्टी हटाने का काम शुरू किया. हालांकि, सुरंग में मज़दूर वास्तव में किस हिस्से में फंसे हैं, यह अभी पता नहीं लग पाया है.

    दरअसल, तेलंगाना में शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे एसएलबीसी टनल में बड़ा हादसा हो गया था. इस हादसे में कई मज़दूर घायल हो गए, जबकि आठ लोग सुरंग के भीतर फंसे हुए हैं.

    बचावकार्यों के लिए केंद्र और राज्य सरकार की कई टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं. इनमें एनडीआरएफ़, एसडीआरएफ़ और फ़ायर विभाग के कर्मचारी शामिल हैं.

    अधिकारियों ने लोकोमोटिव के ज़रिए सुरंग में प्रवेश किया था, ताकि उसका मुआयना किया जा सके. लोकोमोटिव एक तरह की ट्रेन होती है, जिसका इस्तेमाल सुरंग में जाने के लिए किया जाता है.

    भारतीय सेना की टीम रविवार सुबह तीन बजे घटनास्थल पर पहुंच गई थी. एनडीआरएफ़, एसडीआरएफ़, फ़ायर, हाइड्रा और अन्य विभाग के सीनियर अधिकारियों ने आगे की कार्रवाई को लेकर बैठक भी की.

  2. फ़्रांस के एक शहर में चाकूबाज़ी में एक शख़्स की हुई मौत, ल्यूसी क्लार्क-बिलिंग्स/ह्यूज़ स्कोफ़ील्ड, बीबीसी न्यूज़

    फ़्रांस के शहर में चाकूबाज़ी की घटना हुई, जिसमें दो पुलिसकर्मी गंभीर घायल हो गए

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, फ़्रांस के शहर में चाकूबाज़ी की घटना हुई, जिसमें दो पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं

    फ़्रांस के पूर्व में स्थित एक शहर मिलूज़ में हुई चाकूबाज़ी में एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि दो पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए.

    घटनास्थल से 37 वर्षीय अल्जीरियाई व्यक्ति को गिरफ़्तार किया गया है. उसके ख़िलाफ़ आतंकवाद मामले की जांच शुरू की गई है.

    ऐसा बताया गया है कि इस संदिग्ध व्यक्ति ने कथित तौर पर चिल्लाकर कहा था ‘अल्लाहू अकबर’ या ‘भगवान महान है.’

    इस संदिग्ध आदमी ने दो पुलिसकर्मियों को गंभीर रूप से घायल कर दिया. एक पुलिसकर्मी को गर्दन में, और दूसरे पुलिसकर्मी को सीने में चोट आई है.

    इस दौरान, 69 वर्षीय पुर्तगाली व्यक्ति ने बीच-बचाव की कोशिश की थी, जिनकी मौत चाकू लगने के कारण हो गई.

    स्थानीय वकील के मुताबिक, संदिग्ध व्यक्ति को निर्वासन का आदेश दिया गया था, क्योंकि वह टेररिज़्म वॉच लिस्ट में था.

    राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा कि इसमें ‘‘कोई संदेह नहीं था कि यह एक इस्लामिस्ट आतंकी हमला’’ था.

    पीड़ित के परिवार को श्रद्धांजलि देने के बाद मैक्रों ने कहा, “मैं सरकार और मेरे उस संकल्प को दोहराना चाहता हूं, जिसमें हम हमारी धरती से आतंकवाद को ख़त्म करने के लिए काम करते रहेंगे.”

    यह घटना डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ़ कॉन्गो के समर्थन में किए जा रहे प्रदर्शन के पास हुई, वहां पुलिस अधिकारी गश्त पर थे.

    मिलूज़ के मेयर माइकल लुट्ज़ ने फ़ेसबुक पर लिखा, “हमारे शहर पर दहशत ने क़ब्ज़ा कर लिया था.”

  3. फ़लस्तीनी क़ैदियों की रिहाई में होगी देरी, इसराइली पीएम नेतन्याहू ने कही ये बात, सेबेस्टियन अशर/ल्यूसी क्लार्क-बिलिंग्स, बीबीसी न्यूज़

    ताल शोहम को शनिवार को छोड़ा गया, जिन्हें हमास ने 7 अक्तूबर 2023 को किडनैप कर लिया था

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, ताल शोहम को शनिवार को छोड़ा गया, जिन्हें हमास ने 7 अक्तूबर 2023 को बंधक बना लिया था

    इसराइल ने कहा है कि 600 से ज़्यादा फ़लस्तीनी क़ैदियों की रिहाई में अनिश्चितकाल के लिए देरी होगी.

    इसराइल के इस क़दम को युद्ध विराम प्रक्रिया में एक बड़े झटके के तौर पर देखा जा रहा है.

    इसराइल ने यह बयान ऐसे वक़्त में दिया है, जब ग़ज़ा में इसराइल और हमास के बीच हुए युद्धविराम के तहत हमास ने शनिवार को छह बंधकों को रिहा कर दिया है.

    इन छह बंधकों के नाम हिशाम अल-सैयद, एलिया कोहेन, ओमर शेम टोव, ओमर वेंकर्ट, अवेरा मंगिस्टू और ताल शोहम हैं.

    इन सभी इसराइली बंधकों को हमास ने 7 अक्तूबर 2023 को किडनैप कर लिया था. यह वो दिन था, जब हमास ने इसराइल पर हमला किया था.

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा है कि फ़लस्तीन के क़ैदियों की रिहाई में अब देरी होगी, और यह तब तक होगी जब तक हमास की ओर से अगली बार इसराइली बंधकों को सौंपे जाने की गारंटी नहीं दी जाती.

    युद्धविराम के पहले चरण में इसराइली बंधकों की रिहाई का एक दौर अभी बाकी है.

    नेतन्याहू ने हमास पर युद्धविराम से जुड़े नियमों का ‘लगातार उल्लंघन’ करने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा, "हमास प्रचार पाने के लिए इसराइली बंधकों का ग़लत इस्तेमाल कर रहा है."

    इसराइल और हमास का समझौता तीन चरणों में लागू होना है.

    पहले चरण में इसराइल की जेलों में बंद फ़लस्तीनी कैदियों के बदले हमास के कब्ज़े में मौजूद बंधकों को रिहा किया जाएगा.

    इसके बाद ग़ज़ा से इसराइली सेना धीरे-धीरे पीछे हटेगी और फिर आख़िरी चरण में ग़ज़ा के पुनर्निर्माण का काम होना है.

  4. धर्म गुरु पोप फ़्रांसिस की हालत ‘गंभीर’, वेटिकन ने दी जानकारी, डॉज फ़ॉकनर/सारा रेंसफ़ोर्ड, बीबीसी न्यूज़

    धर्म गुरु पोप फ़्रांसिस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पोप फ़्रांसिस ‘लंबे समय से अस्थमा’ से जूझ रहे हैं.

    ईसाई धर्म गुरु पोप फ़्रांसिस की हालत ‘गंभीर’ बनी हुई है. यह जानकारी वेटिकन ने बयान जारी कर दी है.

    पोप फ़्रांसिस ‘लंबे समय से अस्थमा’ से जूझ रहे हैं. उनके दोनों फेफड़ों में निमोनिया हो गया है.

    वेटिकन की ओर से जारी किए गए बयान में कहा गया कि “पोप की हालत ख़तरे से बाहर नहीं है”.

    88 वर्षीय पोप फ़्रांसिस को सांस संबंधी संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था. शनिवार से उनको सांस लेने में ज़्यादा दिक्कत हो रही है.

    वेटिकन की ओर से जारी किए गए बयान में कहा गया कि “उनकी तबीयत कल की तुलना में ज़्यादा ख़राब” है. उनको ख़ून भी चढ़ाया गया है.

    दरअसल, 88 वर्षीय पोप फ़्रांसिस अपने स्वास्थ्य को लेकर सतर्कता बरत रहे थे, लेकिन उनके शरीर को ऑक्सीजन के ‘बेहतर फ्लो’ की ज़रूरत थी.

    रोम स्थित जेमिली अस्पताल में पोप फ़्रांसिस का इलाज चल रहा है.

    वेटिकन से जुड़े एक एसोसिएट ने बताया कि उनके शरीर में एनीमिया से जुड़े प्लेटलेट्स की संख्या कम होने के कारण उनको ख़ून चढ़ाया जाना ज़रूरी हो गया था.

  5. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता हिमांशु दुबे अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.