चैंपियंस ट्रॉफी: इंग्लैंड को हराकर ऑस्ट्रेलिया ने रचा इतिहास, इंगलिस चमके

ऑस्ट्रेलियाई टीम ने चैंपियंस ट्रॉफी में अभी तक का सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल करके इतिहास रचा है.

सारांश

लाइव कवरेज

हिमांशु दुबे और अश्वनी पासवान

  1. चैंपियंस ट्रॉफ़ीः भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर क्या बोले पूर्व क्रिकेटर यूसुफ़ पठान?

    पूर्व भारतीय क्रिकेटर यूसुफ़ पठान

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पूर्व भारतीय क्रिकेटर यूसुफ़ पठान ने कहा है कि जब भी इंडिया-पाकिस्तान का मैच होता है, तो प्रेशर पाकिस्तान पर रहता है

    चैंपियंस ट्रॉफ़ी 2025 में रविवार 23 फ़रवरी को भारत और पाकिस्तान की क्रिकेट टीमें आमने-सामने होंगी. इस मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में हर बार ख़ासा उत्साह देखने को मिलता है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, पूर्व भारतीय क्रिकेटर यूसुफ़ पठान ने कहा, “देखिए, इंडिया ने जो शुरुआत की है, उसमें हम लोग टेबल पर एक मैच जीत चुके हैं. जबकि पाकिस्तान एक मैच हारा है, तो प्रेशर उन पर रहेगा.”

    उन्होंने कहा, “हमेशा जब भी इंडिया-पाकिस्तान का मैच होता है, तो ज़्यादातर प्रेशर पाकिस्तान पर रहता है.”

    पठान ने कहा, “इंडिया ने आईसीसी ट्रॉफ़ी में काफ़ी बार उनको (पाकिस्तान) हराया है. जब भी मैच हुए हैं, तो हमने (भारत) ज़्यादा मैच जीते हैं. प्रतिद्वंदी टीम पर एक प्रेशर तो रहता है कि आपने कितनी बार उनको हराया है.”

    उन्होंने कहा, “इंडिया ने अच्छी शुरुआत की है. सारे लड़के अच्छा परफ़ॉर्म कर रहे हैं, तो निश्चित तौर पर मैच अच्छा होगा.”

    भारत ने अपना पहला मुक़ाबला बांग्लादेश के ख़िलाफ़ खेला था, जिसमें टीम इंडिया को जीत मिली थी. जबकि, पाकिस्तान ने अपना पहला मैच न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ खेला था, जिसमें पाकिस्तान हार गया था.

  2. मॉरीशस के प्रधानमंत्री ने बताया राष्ट्रीय दिवस समारोह में आएंगे पीएम मोदी

    मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीन रामगुलाम

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीन रामगुलाम ने प्रधानमंत्री मोदी को भेजा था निमंत्रण

    मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉक्टर नवीन रामगुलाम ने नेशनल असेंबली में बताया है कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मॉरीशस के स्वतंत्रता दिवस समारोह में बतौर गेस्ट ऑफ़ ऑनर शामिल होंगे.

    मॉरीशस का स्वतंत्रता दिवस 12 मार्च को मनाया जाता है. मॉरीशस को साल 1968 में ब्रिटेन से आज़ादी मिली थी.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, मॉरिशस के प्रधानमंत्री डॉक्टर नवीन रामगुलाम ने बताया कि उन्होंने मॉरीशस के स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री मोदी को निमंत्रण भेजा था, जिसे पीएम मोदी ने स्वीकार कर लिया है.

    प्रधानमंत्री डॉक्टर नवीन रामगुलाम ने कहा, “मुझे सदन को यह बताते हुए अत्यंत प्रसन्नता हो रही है कि हमारे देश की आज़ादी की 57वीं वर्षगांठ के मौके़ पर होने वाले राष्ट्रीय दिवस समारोह में गेस्ट ऑफ़ ऑनर के रूप में मैंने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित किया था, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है.”

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, मॉरीशस के प्रधानमंत्री ने कहा है कि पीएम मोदी की मेज़बानी करना सौभाग्य की बात है

    उन्होंने कहा, “एक प्रतिष्ठित हस्ती की मेज़बानी करना हमारे लिए सचमुच सौभाग्य की बात है. उनकी पेरिस और अमेरिका की यात्रा के बीच उनका शेड्यूल बहुत टाइट रहा है. बावजूद इसके उन्होंने हमारा विशेष अतिथि बनने का निमंत्रण स्वीकार किया, यह हमारे लिए सम्मान की बात है. प्रधानमंत्री मोदी का मॉरिशस आना यह दिखाता है कि हम दोनों राष्ट्रों के बीच क़रीबी संबंध हैं”

  3. हमास का दावा- रेड क्रॉस को सौंपा गया नया शव शिरी बिबास का, इसराइल ने शुरू की जांच

    शिरी बिबास

    इमेज स्रोत, PA Media

    इमेज कैप्शन, हमास ने 7 अक्तूबर 2023 को शिरी बिबास को उनके दो बच्चों एरियल और कफ़ीर के साथ बंधक बना लिया था.

    हमास ने दावा किया है कि शुक्रवार शाम रेड क्रॉस को सौंपा गया नया शव इसराइली बंधक शिरी बिबास का है. इसराइली मेडिकल अथॉरिटीज़ शव की जांच में जुटी है.

    इससे पहले, गुरुवार को हमास ने इसराइल को चार शव सौंपे थे. हमास का दावा था कि उनमें शामिल एक शव शिरी बिबास का था.

    हालांकि, इसराइल ने इस शव की फ़ॉरेंसिक जांच करने के बाद कहा था कि वो शव शिरी बिबास का नहीं, बल्कि एक अज्ञात महिला का था.

    अब एक बार फिर हमास ने नया शव इसराइल को सौंपा है. हमास के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बीबीसी से इस बात की पुष्टि की है.

    दरअसल, हमास ने 7 अक्तूबर 2023 को 33 साल की शिरी बिबास को उनके दो बच्चों 5 साल के एरियल और दो साल के कफ़ीर के साथ बंधक बना लिया था.

    इन लोगों की मौत की ख़बर से इसराइल में काफ़ी नाराज़गी और शोक की लहर देखी गई थी.

    आईडीएफ़ ने कहा कि इंटेलिजेंस और फ़ॉरेंसिक जांच के मुताबिक़, नवंबर 2023 में दोनों बच्चों को ‘‘आतंकवादियों ने बर्बरतापूर्वक मार दिया’’ था.

    हालांकि, हमास का कहना था कि दोनों बच्चे और उनकी मां इसराइल की बमबारी में मारे गए थे.

    इससे पहले, इसराइल ने कहा था कि हमास ने गुरुवार को इसराइली बंधक शिरी बिबास का शव नहीं लौटाया. इसराइल की फ़ॉरेंसिंक जांच में इस बात का दावा किया गया था कि वो शव शिरी बिबास का नहीं है.

    इसे लेकर, इसराइल ने हमास पर युद्ध विराम समझौते की शर्तों को तोड़ने का आरोप लगाया था.

  4. ट्रंप ने ब्रिटिश पीएम और फ़्रांस के राष्ट्रपति पर अब क्या आरोप लगाया?, मैक्स माट्ज़ा, बीबीसी न्यूज़

    राष्ट्रपति ट्रंप के साथ फ़्रांस राष्ट्रपति मैक्रों और यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की

    इमेज स्रोत, EPA

    इमेज कैप्शन, राष्ट्रपति ट्रंप के साथ फ़्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों और यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने यूक्रेन में युद्ध को ख़त्म करने के लिए ‘कुछ नहीं किया’ है.

    राष्ट्रपति ट्रंप ने यह बात ऐसे वक़्त कही है, जब ये दोनों नेता अगले सप्ताह व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति ट्रंप से मिलने आने वाले हैं.

    ट्रंप ने कहा कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की के पास शांति समझौते को लेकर ‘कोई तरीक़ा’ नहीं है. उन्होंने कहा, “मुझे नहीं लगता है कि वो इतने महत्वपूर्ण हैं कि वो मीटिंग में मौजूद रहें.”

    रूस ने साल 2022 में यूक्रेन पर हमला किया था. तब से ब्रिटेन, फ़्रांस समेत अन्य सहयोगी देश यूक्रेन को हथियार और अन्य मदद भेजते आ रहे हैं.

    सोमवार को यूरोपीय नेताओं ने यूक्रेन को लेकर पेरिस में एक आपातकालीन बैठक की थी. यह बैठक अगले दिन सऊदी अरब में अमेरिका और रूस के बीच होने वाली बैठक से ठीक एक दिन पहले की गई थी.

    यूरोपीय नेताओं को इस बात की आशंका थी कि इस शांति समझौते से यूक्रेन और यूरोप को अलग रखा जा सकता है.

    ब्रिटिश पीएम स्टार्मर और फ़्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों की आलोचना करने के बावजूद, फ़ॉक्स न्यूज़ को दिए एक साक्षात्कार में अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने यूरोपीय नेताओं की तारीफ़ की.

    उन्होंने राष्ट्रपति मैक्रों को एक ‘दोस्त’ बताया जबकि पीएम स्टार्मर को ‘एक अच्छा व्यक्ति’ बताया.

    राष्ट्रपति मैक्रों सोमवार को वॉशिंगटन डीसी पहुंच सकते हैं जबकि पीएम स्टार्मर के गुरुवार को व्हाइट हाउस पहुंचने की संभावना है.

  5. सलमान रुश्दी पर हमला करने वाला दोषी साबित, कितने साल की सज़ा मिली?

    लेखक सलमान रुश्दी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, लेखक सलमान रुश्दी

    ब्रिटिश-भारतीय मूल के लेखक सर सलमान रुश्दी पर न्यूयॉर्क में एक कार्यक्रम में हुए हमले के मामले में न्यू जर्सी के रहने वाले 27 वर्षीय हादी मातार को जानलेवा हमले का दोषी पाया गया है.

    अगस्त 2022 में हुई इस घटना में लेखक सलमान रुश्दी गंभीर रूप से घायल हो गए थे. उनको इस दौरान एक आंख, एक बांह और लिवर में चोटें आई थीं.

    अब अदालत ने 27 वर्षीय हादी मातार को सलमान रुश्दी पर हमला करने और उनकी हत्या करने के प्रयास का दोषी पाया है.

    अदालत ने शुक्रवार को हादी मातार को 30 साल से ज़्यादा समय तक जेल में रहने की सज़ा सुनाई है.

    वेस्टर्न न्यूयॉर्क स्टेट में शटॉकुआ काउंटी कोर्ट में दोषी हादी मातार पर दो हफ़्ते तक ट्रायल चला. इसमें मातार को दोषी पाया गया.

    इसके अलावा, अदालत ने हादी मातार को सर सलमान रुश्दी का साक्षात्कार लेने वाले हेनरी रीज़ को भी हमले में घायल करने का दोषी पाया. दरअसल, हेनरी रीज़ हमले के वक़्त लेखक रुश्दी के साथ मंच पर मौजूद थे.

    हेनरी रीज़ को सिर में हल्की चोट आई थी. 77 वर्षीय सलमान रुश्दी ने इस बात की पुष्टि की कि जब वो ऐतिहासिक शटॉकुआ इंस्टीट्यूशन में थे, तब उन्होंने हादी मातार को उनकी ओर दौड़ते हुए आते देखा था.

    उन्होंने बताया, “पहले मुझे लगा था कि यह मुझे मुक्का मारेगा, लेकिन जब तक वो कुछ समझ पाते, तब तक यह व्यक्ति उनको कुल 15 बार चाकू मार चुका था. इस हमले में उनकी आंख, गाल, गर्दन, सीना, जांघ पर चोट लग चुकी थी.”

  6. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता हिमांशु दुबे अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.