पटना में कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक शुरू, इन मुद्दों पर होगी बात, सीटू तिवारी, बीबीसी संवाददाता

बिहार की राजधानी पटना में देश की आज़ादी के बाद पहली बार कांग्रेस वर्किंग कमेटी (सीडब्ल्यूसी) की विस्तारित बैठक हो रही है.
पटना स्थित कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय सदाकत आश्रम में तक़रीबन सुबह 10 बजे यह मीटिंग शुरू हुई. यह सीडब्ल्यूसी की विस्तारित बैठक है, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मौजूद हैं.
इनके अलावा देशभर में प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य, सीएलपी और आमंत्रित सदस्य बैठक में हिस्सा ले रहे हैं, जिनकी संख्या 135 है. इससे पहले इसी साल अप्रैल में सीडब्ल्यूसी की बैठक अहमदाबाद में हुई थी.
पटना में हो रही इस बैठक में पेपर लीक, बेरोजगारी, महिलाओं के प्रति हिंसा, किसानों की स्थिति, महंगाई जैसे गंभीर मुद्दों पर बात होगी और प्रस्ताव पारित होगा.
बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए यह बैठक अहम मानी जा रही है. माना जा रहा है कि इस बैठक में बिहार चुनाव में पार्टी की रणनीति पर भी विचार होगा.
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा, "नीतीश-मोदी की सरकारें गंभीर मुद्दों पर कोई ठोस क़दम नहीं उठा रही हैं. ये लोग वोट की राजनीति कर रहे हैं. हम लोग बिहार से सारे मुद्दों को उठाएगें, जिसकी गूंज पूरे देश में होगी. ये बैठक सिर्फ़ कांग्रेस की आंतरिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि राष्ट्रीय विमर्श का केंद्र बनेगी."
इस बैठक में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी को भी शामिल होना था, लेकिन वे इसमें शामिल नहीं हुईं. आगामी 26 सितंबर को सदाकत आश्रम में ही महिला संवाद का आयोजन होना है, जिसमें प्रियंका गांधी के शामिल होने की संभावना है.






